पीलीभीत से भाजपा ने वरुण गांधी की जगह जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। प्रधानमंत्री ने तराई के इस जिले से आसपास की लोकसभा सीटों का भी चुनावी गणित साधने का प्रयास किया। पीलीभीत के आसपास वाली सीटों में बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और लखीमपुर व धौरहरा सीटें शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 65 मिनट तक शहर में रहे। प्रधानमंत्री की सभा को लेकर टनकपुर हाईवे पर अभी से पुलिस का पहरा लगा दिया गया। सभा स्थल से हेलीपैड तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई।
प्रधानमंत्री की सभा में जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री मोदी की सभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गजब का उत्साह देखा गया। सभा स्थल पर सुबह सात बजे ही समर्थक पहुंचने लगे थे।
सुरक्षा में पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल तैनात
प्रधानमंत्री की चुनावी सभा को लेकर हेलीपैड से सभास्थल तक सुरक्षा के चाक चौबंद रही। 45 राजपत्रित अधिकारी, 80 निरीक्षक, 12 महिला निरीक्षक, 255 उपनिरीक्षक और 45 महिला उपनिरीक्षकों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा पांच कंपनी पीएसी, अर्धसैनिक बल की एक कंपनी, 1320 मुख्य आरक्षी व सिपाही, 70 यातायात पुलिस कर्मी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए गए।
मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के प्रत्याशी
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, पीलीभीत से लोकसभा प्रत्याशी जितिन प्रसाद, बरेली लोकसभा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार सभा के मंच पर पहुंचे।
काले कपड़े पहने लोगों को नहीं मिला प्रवेश
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री की सभा में काले कपड़े पहनकर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों को प्रवेश नहीं दिया गया। उन्हें सभा स्थल से बाहर ही रोक दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब चुनावी सभा के मंच पर पहुंचे तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी प्रत्याशियों ने उनका स्वागत किया।
राज्यमंत्री संजय गंगवार
- फोटो : अमर उजाला
राज्यमंत्री संजय गंगवार ने सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को राम लक्ष्मण बताया। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि सपा मुखिया अयोध्या में जाने पर संकोच करते हैं, जबकि दूसरी जगह जाकर फूल चढ़ाते हैं।
बरेली से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार ने अपने सजातीय बंधुओं से जितिन प्रसाद को जिताने की अपील की। बोले, कहा जा रहा कि कुर्मी समाज किसी दूसरे को समर्थन करेगा, लेकिन मेरा भरोसा है कि लोग जातिवाद में न फंसकर भाजपा को जिताएंगे।
बरेली के सांसद संतोष गंगवार ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन की अपील की। हालांकि उन्होंने किसी भी प्रत्याशी का नाम नहीं लिया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने जनसभा को संबोधित किया।
जिले के सांसद वरुण गांधी की पीलीभीत से दूरी बरकरार है। वह प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी सभा में नहीं पहुंचे। इससे पहले वह प्रबुद्ध सम्मेलन में भी शामिल नहीं हुए थे। प्रबुद्ध सम्मेलन को मुख्यमंत्री ने संबोधित किया था।
भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंत्री बीएल वर्मा, सांसद संतोष गंगवार व अन्य का स्वागत किया। कहा कि मोदी के नाम की दुनिया में धूम है।
नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
मंच संचालन का जिम्मा नवरात्र की शुरुआत के कारण नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल को दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11:15 बजे पीलीभीत पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भूपेंद्र चौधरी ने बांसुरी भेंट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। जितिन प्रसाद और छत्रपाल गंगवार ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। महिला मंडली ने चुनरी ओढ़ाई।
मंच पर भाषण देने के लिए जब सीएम योगी पीछे से पोडियम की तरफ जाने लगे तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनका हाथ पकड़ लिया और अपने सामने से जाने लिए इशारा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गंगा गोमती के उद्गम स्थल पीलीभीत में वासंतिक नवरात्र के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री का स्वागत है। नवरात्र की सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
भारत ग्लोबल पावर बनने की ओर अग्रसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि स्वतंत्र भारत एक ग्लोबल पावर बनने की ओर अग्रसर है। कहा कि गुरुनानक देव का जन्म जिस भूमि पर हुआ, उस करतार पुर कॉरिडोर का निर्माण मोदी के नेतृत्व में हुआ।
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई सोचता था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संभव हुआ है। आज यहां सुरक्षा है तो समृद्धि भी है। आजीविका है तो आस्था का सम्मान भी हो रहा है।
योगी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही समय से गन्ना मूल्य का भुगतान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार का नारा दिया।
प्रधानमंत्री ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कहा कि आज से चैत्र नवरात्रि भी शुरू हो गई है। देशभर में शक्ति उपासना की धूम मची है। हर कोई भक्ति में डूबा हुआ है, शक्ति उपासना में जुटा हुआ है। कुछ ही दिन में बैसाखी भी आने वाली है, मैं आपको बैसाखी की भी शुभकामनाएं देता हूं।
चंद्रयान ने चांद पर फहराया तिरंगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है।
दुनिया में बज रहा भारत का डंका
मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से काम नहीं है। जब नीयत सही होती है। हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।
भारत के लिए कुछ भी असंभव नहीं- मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित निकाला है।
किसानों के खातों में पहुंचाया पैसा
उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र खेती किसानी के लिए भी जाना जाता है। 10 वर्ष पहले किसानों की क्या हालत थी। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आज यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यूरिया की बोरी दुनिया में तीन हजार रुपये में मिलती है, लेकिन हमारी सरकार तीन सौ रुपये से कम में देती है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। किसानों के बैंक खातों में 70 करोड़ हजार रुपये मोदी सरकार ने पहुंचाया है। 850 करोड़ रुपये पीलीभीत के किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं।
भाजपा सरकार ने कम की गन्ना किसानों की परेशानी
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को कैसे अपने ही पैस के लिए तरसाया जाता है। यह आपसे अच्छा कौन जातना है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं है, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है।
विपक्ष पर बरसे मोदी
विपक्षी गठबंधन पर पीएम मोदी जमकर बरसे। कहा कि राम मंदिर का आमंत्रण ठुकराकर इन लोगों ने भगवान श्रीराम का अपमान किया है। विपक्ष के जो लोग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए थे, उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लग रहा है। सपा और कांग्रेस सीएए का विरोध कर रही है। विपक्षी गठबंधन भारत को बांटने की साजिश में जुटा है।
कांग्रेस ने शक्ति का किया घोर अपमान
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं, उस शक्ति को उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।
कांग्रेस ने किया श्रीराम का अपमान
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने लाख कोशिश की, लेकिन जब देश की जनता ने पाई-पाई देकर इतना भव्य मंदिर बना दिया और जब मंदिर वालों ने आपके सारे गुनाह माफ करके प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रित किया। लेकिन कांग्रेस ने आमंत्रण को ठुकरा कर भगवान राम का अपमान किया और जो नेता प्राण प्रतिष्ठा में गए, उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया।