फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPPSC Protest in Prayagraj Live: प्रतियोगी छात्रों की मांग के आगे झुका UPPSC, कुछ मांगों को लेकर आंदोलन जारी

Thu, 14 Nov 2024 07:03 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

पीसीएस और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन में होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) छात्रों के आंदोलन के आगे झुक गया है। आयोग ने छात्रों की वन डे वन शिफ्ट की मांग मान ली है। इसके लिए छात्र चार दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बवाल काफी बढ़ने के बाद आयोग को यह फैसला करना पड़ा। यहां जानिए प्रदर्शन से जुड़े चौथे दिन के अपडेट...
विज्ञापन
UPPSC Protest - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:59 PM, 14-Nov-2024

RO,ARO को लेकर छात्रों का अभी भी प्रदर्शन जारी

RO,ARO को लेकर छात्रों का प्रदर्शन अभी भी जारी है। छात्रों का कहना है कि जिस प्रकार से  UPPCS की परीक्षा में बदलाव को स्वीकार किया है उसी प्रकार इसके लिए भी होना चाहिए। इसके साथ ही छात्र परीक्षा की स्पष्ठ तारीखों की भी मांग कर रहे हैं।

06:00 PM, 14-Nov-2024

'शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने में जुटी भाजपा सरकार'

राहुल गांधई ने एक्स पर लिखा, प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों के साथ यूपी सरकार और उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग का रवैया बेहद असंवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण है। नॉर्मलाइजेशन के नाम पर गैर-पारदर्शी व्यवस्था अस्वीकार्य है और एक पाली में परीक्षा की छात्रों की मांग बिल्कुल न्यायपूर्ण है। 

शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने में जुटी भाजपा सरकार की अक्षमता की कीमत आख़िर छात्र क्यों चुकायें? ‘पढ़ाई’ करने वाले छात्रों को सड़क पर ‘लड़ाई’ करने को मजबूर कर दिया गया है और अब उनका पुलिस के जरिए उत्पीड़न किया जा रहा है। 

अपने और अपने परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए घर से दूर रहकर साधना कर रहे युवाओं के साथ ये अन्याय हम स्वीकार नहीं करेंगे। हम प्रतियोगी छात्रों की मांग का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को तानाशाही से नहीं दबाया जा सकता।

05:37 PM, 14-Nov-2024

'चुनाव में हार ही भाजपा का असली इलाज है'

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, भाजपा सरकार को चुनावी गणित समझ आते ही जब अपनी हार सामने दिखाई दी तो वो पीछे तो हटी पर उसका घमंड बीच में आ गया है, इसीलिए वो आधी मांग ही मान रही है। अभ्यर्थियों की जीत होगी। ये आज के समझदार युवा है, सरकार इन्हें झुनझुना नहीं पकड़ा सकती। जब एक परीक्षा हो सकती है तो दूसरी क्यों नहीं। चुनाव में हार ही भाजपा का असली इलाज है। जब भाजपा जाएगी तब ‘नौकरी’ आएगी।

विज्ञापन
04:24 PM, 14-Nov-2024

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एक दिन में कराएगा प्रारंभिक परीक्षा

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में छात्रों की मांग का संज्ञान लिया और आयोग को एक दिन में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2024 के संबंध में छात्रों से संवाद और समन्वय कर आवश्यक निर्णय लेने को कहा। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर जारी बयान में कहा गया है कि आरओ/एआरओ (प्री.) परीक्षा-2023 के लिए आयोग द्वारा एक समिति गठित की गई है। समिति सभी पहलुओं पर विचार कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करेगी।
 
 

04:15 PM, 14-Nov-2024

पीसीएस प्री के लिए ही फिलहाल मानी गई मांग

पीसीएस प्री के लिए ही फिलहाल मांग मानी गई है। समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के लिए बाद में निर्णय लिया जाएगा। उच्च स्तरीय कमेटी का गठन होगा। समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के संबंध में कमेटी ही अगला निर्णय लेगी। 

विज्ञापन
04:15 PM, 14-Nov-2024

सात व आठ दिसंबर 2024 को होनी वाली परीक्षा स्थगित

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) छात्रों के आंदोलन के आगे झुक गया है। आयोग ने छात्रों की वन डे वन शिफ्ट की मांग मान ली है। इसके लिए छात्र चार दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बवाल काफी बढ़ने के बाद आयोग को यह फैसला करना पड़ा। आयोग के भीतर हुई बैठक में जिलाधिकारी, कमिश्नर समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। कई घंटे चली बैठक के बाद आयोग ने छात्रों के पक्ष में फैसला लिया। छात्रों की मांग मानने के अलावा आयोग के पास कोई रास्ता नहीं था। छात्र एक ही मांग पर अड़े थे कि परीक्षा एक दिन एक ही शिफ्ट में कराई जाए। सात व आठ दिसंबर 2024 को होनी वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2024 स्थगित कर दी गई है। 

04:09 PM, 14-Nov-2024

अमर उजाला की खबर पर लगी मुहर

अमर उजाला की खबर सच हुई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव ने घोषणा कर दी है। वन शिफ्ट वन डे एग्जाम की मांग मान ली गई है।

03:51 PM, 14-Nov-2024

प्रतियोगी छात्रों की मांग के आगे झुका यूपी लोक सेवा आयोग

प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों की मांग के आगे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग झुक गया है। वन शिफ्ट वन डे एग्जाम की मांग पर सहमति बन गई है। आयोग के सचिव कुछ ही देर में घोषणा कर सकते हैं। परीक्षा की तिथियां नए सिरे से निर्धारित हो सकती है। गेट नंबर 2 पर जल्द ही छात्रों को संबोधित किया जाएगा।

03:09 PM, 14-Nov-2024

बैठक में कई अधिकारी मौजूद

यूपीपीएससी के अंदर बैठक हो रही है। जिलाधिकारी, कमिश्नर और आयोग के सचिव सहित तमाम अधिकारी बैठक में मौजूद हैं। कुछ देर में कोई फैसला आने की उम्मीद जताई जा रही है।

02:26 PM, 14-Nov-2024

भाजपा दहाई के अंक में सिमट जाएगी: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक और पोस्ट करते हुए लिखा है कि भाजपा अगर केवल चुनाव का गणित समझती है तो सुन ले कि PCS/RO/ARO/LOWER SUBORDINATE जैसी अन्य प्रतियोगी छात्रों और उनके परिवार के लोगों को मिला लिया जाए तो ये संख्या लगभग 1 करोड़ होती है। अगर इस ‘महा-संख्या’ को लगभग 400 विधानसभा सीटों से भाग दें तो भाजपा के लगभग 25000 वोट हर विधानसभा सीट पर कम होंगे मतलब भाजपा दहाई के अंक में सिमट जाएगी। 
उम्मीद है, इस गणित को ही समझ कर आज ही भाजपा की हृदयहीन सरकार अत्याचार बंद करेगी और आंदोलनकारी युवाओं की लोकतांत्रिक जायज़ मांग को पूरा करेगी।
भाजपा को एक आदत पड़ गई है, जनाक्रोश से डरकर आखिरकार बात तो वो मानने पर मजबूर होती है, लेकिन तभी जब उसके सारे हिंसक तरीके नाकाम हो जाते हैं और जब उसकी नौकरी विरोधी नकारात्मक राजनीति पूरी तरह फेल हो जाती है। 

भाजपा हमेशा के लिए खत्म होनेवाली है।
अभ्यर्थी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
 

01:54 PM, 14-Nov-2024

आंदोलनकारी दिव्यांग छात्रा की बैसाखी ले गई पुलिस: अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक और पोस्ट की है। इसमें लिखा है कि इलाहाबाद में एक आंदोलनकारी दिव्यांग छात्रा की बैसाखी पुलिस ले गई है। ये खबर बताती है कि भाजपाई और उनकी सरकार कितनी निर्दयी और संवेदनहीन है। ऐसी सरकार को बने रहने का कोई हक नहीं है। भाजपा घमंड के हिमालय पर चढ़ी हुई है। जो जितनी ऊंचाई पर होता है, उसका पतन भी उतना ही नीचे और तेजी से होता है। दिव्यांग कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!
 

01:25 PM, 14-Nov-2024

आम आदमी पार्टी सांसद भी छात्रों के समर्थन में

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी छात्रों के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन की बात करने वाले पीसीएस, आरओ और एआरओ परीक्षा एक दिन में कराये जाने की मांग पर बेरोजगारों को पीट-घसीट रहे हैं। अंधभक्त आपको गालियां देते हैं वो भूल जाते हैं ये बेरोजगारी की मार झेलने वाले बेटे-बेटियां भी हिंदू हैं। भाजपा का नफरती जहर आपकी जिंदगी बर्बाद कर देगा।

01:19 PM, 14-Nov-2024

नौजवान छात्र जो मांग लेकर गए उन्हें लाठी मारी गई, दबाया गया: अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि "ये जो लाठी चला रहे हो जैसी सेवा कर रहे हो वैसी सेवा आपको भी कभी कभी मिलेगी, नौजवान छात्र जो मांग लेकर गए उन्हें लाठी मारी गई, दबाया गया, इनके पास अब अधिकारियों के अलावा कोई नहीं बचा है।" -

01:13 PM, 14-Nov-2024

भाजपा की ये उसकी ‘महा-भूल’ है: अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि भाजपा की अहंकारी सरकार अगर ये सोच रही है कि वो इलाहाबाद में UPPSC के सामने से आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को हटाकर, युवाओं के अपने हक़ के लिए लड़े जा रहे लोकतांत्रिक आंदोलन को खत्म कर देगी, तो ये उसकी ‘महा-भूल’ है। आंदोलन तन से नहीं मन से लड़े जाते हैं और अभी तक वो ताकत दुनिया में नहीं बनी जो मन को हिरासत में ले सके। जुड़ेंगे तो जीतेंगे।

01:12 PM, 14-Nov-2024

आयोग की ओर जाने वाले तीनों रास्तों पर कड़ी बैरिकेडिंग

प्रयागराज में आयोग की ओर जाने वाले तीनों रास्तों पर कड़ी बैरिकेडिंग की हुई है। बवाल के बाद हजारों की संख्या में छात्र बैरिकेडिंग लांघकर आयोग के दो नंबर गेट पर जुट गए हैं और प्रतियोगी छात्रों के पहुंचने की संख्या लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में छात्रों का धरना लगातार चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी है। 

12:44 PM, 14-Nov-2024

जबरदस्ती उठाने के बाद छात्राएं नाराज

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के गेट नंबर 2 के सामने प्रतियोगी छात्रों को जबरदस्ती उठाने के बाद नाराज छात्राएं गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों से अपनी नाराजगी व्यक्त कर रही हैं। दिव्यांग गौरी के पैर में चोट आई है।

12:40 PM, 14-Nov-2024

छात्रों और पुलिस फोर्स के बीच तीखी नोकझोंक

प्रयागराज में छात्रों और पुलिस फोर्स के बीच तीखी नोकझोंक जारी है। आयोग के सामने से छात्र हटने के लिए तैयार नहीं है।

12:38 PM, 14-Nov-2024

बाराबंकी में भी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

पीसीएस और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन में कराने की मांग को लेकर प्रयागराज में जारी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की चिंगारी अब अन्य शहरों में भी फैलने लगी है। बृहस्पतिवार दोपहर को अभ्यर्थियों ने बाराबंकी शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। शहर से गुजरे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर एकत्र छात्र, बैनर, पोस्टर और तख्ती लिए छात्र एकता जिंदाबाद और एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के जोरदार नारे लगा रहे थे। कई छात्रों ने बताया कि प्रयागराज में इसे लेकर संघर्ष हो रहा है और वह भी इस आंदोलन में अपनी पूरी भागीदारी करेंगे। छात्रों द्वारा शहर के पटेल तिराहे से बस अड्डा होते हुए स्टेशन रोड की ओर निकाले गए जुलूस के कारण सड़क पर जाम के हालात पैदा हो गए। करीब एक घंटे तक सैकड़ों वाहन बाराबंकी शहर में ही फंसे रहे। इससे बस स्टेशन पर संचालित बसों का आवागमन व संचालन भी प्रभावित हुआ। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी व अन्य पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में लग रहे।

12:35 PM, 14-Nov-2024

लोक सेवा आयोग के दफ्तर में बड़ी बैठक

सूत्रों के हवाले से खबर है कि यूपी लोक सेवा आयोग के दफ्तर में बड़ी बैठक चल रही है। यह बैठक चेयरमैन संजय श्रीनेत की अध्यक्षता में हो रही है। बताया जा रहा है कि एक घंटे में आयोग कोई बड़ा फैसला ले सकता है। 

12:26 PM, 14-Nov-2024

यह है छात्रों की मांग

प्रतियोगी छात्र एक ही मांग पर अड़े हैं कि पीसीएस और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन में कराई जाए। पीसीएस और आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा दो दिन कराने के यूपीपीएससी के फैसले के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू कर दिए हैं। वहीं आयोग दो दिन परीक्षा कराने पर अड़ गया है।

12:21 PM, 14-Nov-2024

एक समान मूल्यांकन पर स्पष्ट नहीं नॉर्मलाइजेशन

दो दिन की परीक्षा में अलग-अलग शिफ्ट में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के एक समान मूल्यांकन के लिए आयोग ने नॉर्मलाइजेशन (मानकीकरण) को लागू कर दिया लेकिन आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह फॉर्मूला काम कैसे करेगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग ने पसेंटाइल स्कोर निकालने का फॉर्मूला तो चता दिया लेकिन नॉर्मलाइजेशन कैसे करेंगे। यह फॉर्मूला वैज्ञानिक रूप से कारगर है या नहीं, इस भी संदेह है। जिन परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन लागू किया गया, ये परीक्षाएं हमेशा विवादों में रहीं हैं।

11:44 AM, 14-Nov-2024

सुबह से ही पुलिस और छात्रों के बीच माहौल गरमाया

प्रयागराज में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन चौथे दिन भी लगातार जारी है। सुबह से ही पुलिस और छात्रों के बीच माहौल गरमाया है। अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद भड़के छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आयोग के दफ्तर के बाहर पहुंच गए। इस वजह से मौके पर अफरा-तफरी मची। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

11:41 AM, 14-Nov-2024

प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व घुसे: पुलिस

प्रयागराज के डीसीपी अभिषेक भारती का कहना है कि छात्र राज्य पीएससी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे संवैधानिक तरीके से अपना विरोध जारी रखें और उनकी मांगों को अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बुधवार को असामाजिक तत्वों द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। वे छात्र नहीं बल्कि असामाजिक तत्व हैं, जिनका आपराधिक इतिहास है। ऐसे असामाजिक तत्व विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बन रहे हैं और छात्रों को भड़का रहे हैं। उनकी पहचान की जा रही है और उनसे पूछताछ की जा रही है। 

11:28 AM, 14-Nov-2024

पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं छात्र

छात्राओं का कहना है कि उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। छात्राओं के साथ अभद्रता भी हुई है। अब छात्राओं ने ही मोर्चा संभाल लिया है और धरने का खुद नेतृत्व कर रही हैं। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। धरना स्थल के चारों तरफ बैरिकेडिंग और ज्यादा कर दी गई है। छात्र पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उधर, अखिलेश यादव आज प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात कर सकते हैं।

11:17 AM, 14-Nov-2024

कुछ छात्रों को घसीट कर ले गई पुलिस

आज सुबह 8:00 बजे धरनास्थल पर अचानक पुलिस फोर्स पहुंची और कुछ छात्रों को घसीट कर ले गई। इनमें छात्र नेता आशुतोष पांडे भी शामिल हैं जो उसे वक्त धरने का नेतृत्व कर रहे थे। इस खींचतान में धरने पर बैठी कई छात्राएं चोटिल भी हो गईं। तमाम पुलिस कर्मी बिना वर्दी के थे। 

11:03 AM, 14-Nov-2024

UPPSC Protest in Prayagraj Live: प्रतियोगी छात्रों की मांग के आगे झुका UPPSC, कुछ मांगों को लेकर आंदोलन जारी

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सामने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और छात्रों के बीच जबरदस्त नोकझोंक और हाथापाई हो रही है। स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। मौके पर भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई है।

प्रयागराज में अभ्यर्थियों का चौथे दिन भी प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बैरिकेड तोड़ दिए हैं। बबैरिकेड तोड़कर अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के गेट पर पहुंच गए हैं। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें