फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh Live: मौनी अमावस्या से पहले 5 करोड़ लोगों ने संगम में किया स्नान, अब तक 20 करोड़ लोग लगा चुके डुबकी

Tue, 28 Jan 2025 11:28 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Maha Kumbh Mela, Mauni Amavasya 2025 Date And Time: मौनी अमावस्या का महास्नान बुधवार को है, लेकिन दो दिन पहले ही स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ी। अभी तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान कर लिया है।
विज्ञापन
सेक्टर छह में जमा लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:57 PM, 28-Jan-2025

रेलवे ने बनाए क्लर कोडेड आश्रय स्थल
प्रयागराज में बुधवार को मौनी अमावस्या के लिए श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य के लिए सही ट्रेनों में चढ़ने में मदद करने के लिए रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर क्लर कोडेड आश्रय स्थल बनाए हैं। अनुमान के मुताबिक इस अवसर पर लगभग 10 करोड़ श्रद्धालु पवित्र संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे। 

बुधवार को लाखों की संख्या में ट्रेनों से रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने भीड़ प्रबंधन के लिए एक व्यापक क्लर कोडेड आश्रय प्रणाली विकसित की है, जो कुशल स्टेशन संचालन और श्रद्धालुओं की परेशानी मुक्त आवाजाही पर केंद्रित रहेगी।

10:47 PM, 28-Jan-2025

महाकुंभ के मद्देनजर प्रयागराज के गेट, जेम केंद्र लखनऊ स्थानांतरित
प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले के मद्देनजर ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) और ज्वाइंट एडमिशन टेस्ट फॉर मास्टर्स (जेएएम) परीक्षा के केंद्रों को लखनऊ में स्थानांतरित कर दिया गया है। गेट की परीक्षा 1 और 2 फरवरी को तथा जनवरी 2025 की परीक्षा 2 फरवरी को निर्धारित है। गेट की परीक्षा 1 और 2 फरवरी और जेम 2025 की परीक्षा 2 फरवरी को निर्धारित है।

गेट आयोजन संस्थान आईआईटी रुड़की और जेम आयोजन संस्थान आईआईटी दिल्ली ने एक संयुक्त बयान में कहा कि कई अभ्यर्थियों ने अनुरोध किया है कि उन्हें प्रयागराज में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है, क्योंकि 1 और 2 फरवरी को महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने वाली है।

10:37 PM, 28-Jan-2025

मौनी अमावस्या से पहले ही पांच करोड़ लोगों ने संगम में किया स्नान
मौनी अमावस्या से पहले ही लगभग 5 करोड़ लोगों ने संगम में स्नान किया। अब तक करीब 20 करोड़ लोग महाकुंभ में डुबकी लगा चुके हैं।सीएम योगी ने संतों, साधकों और श्रद्धालुओं को मौनी अमावस्या की बधाई और शुभकामनाएं दी। मौनी अमावस्या से पहले ही करोड़ों की संख्या में संगम तट पर श्रद्धालु पहुंचे। रविवार और सोमवार को भी 3.3 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया।

विज्ञापन
09:24 PM, 28-Jan-2025

मौनी अमावस्या की पूर्व संध्या पर महाकुंभ नगर में छाया कोहरा
मौनी अमावस्या की पूर्व संध्या पर महाकुंभ नगर कोहरे की सफेद चादर में चिपटा नजर आया। लेकिन ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के यहां आने का सिलसिला जारी है। 

08:55 PM, 28-Jan-2025

सेक्टर छह में संगम जाने वाले लोग रोके गए
प्रयागराज के महाकुंभ नगर में सेक्टर नंबर 6 के पास लोगों को संगम जाने के लिए रोक दिया गया है। इसलिए लोगों की भीड़ एकत्र हो रही है।

विज्ञापन
07:57 PM, 28-Jan-2025

सबसे बड़े अमृत स्नान की शुरुआत कल सुबह 6.15 बजे से 
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मौनी अमावस्या पर सबसे बड़ा अमृत स्नान संगम तट पर बुधवार की सुबह 6:15 बजे आरंभ होगा। इसके लिए अखाड़ों की सवारियां सज गई हैं। आधी रात के बाद तक जूना अखाड़े के माईबाड़ा से लेकर नागा संन्यासियों के धूने तक संन्यासिनियों और नागाओं का भस्म, चंदन शृंगार होता रहा। देर रात सवारियां भी सजा दी गईं। रथों, बग्घियोें, हाथी, ऊंट, घोड़ों की सवारियों के साथ अखाड़ों के पीठाधीश्वर, महंत, महामंडलेश्वर सज धज कर अमृत स्नान के लिए निकलेंगे।

07:08 PM, 28-Jan-2025

अखिलेश यादव ने महाकुंभ से जुड़ा एक वीडियो एक्स पर किया साझा
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें लोगों की भारी भीड़ दिख रही है। अखिलेश ने वीडियो को कैप्शन दिया है 'आस्था के सहारे… रैन बसेरा!'

06:34 PM, 28-Jan-2025
सेक्टर 6 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ - फोटो : अमर उजाला

महाकुंभ नगर के सेक्टर-6 की ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ 
महाकुंभ नगर के सेक्टर-6 स्थित नागवासुकी द्वार के पास श्रद्धालुओं का रेला संगम में स्नान के लिए जा रहा है। इस रास्ते पर अधिक भीड़ होने का कारण यह भी है कि गंगा के उस पार स्थित सेक्टर 18, 19 , 20 आदि की तरफ से आने के लिए 17 नंबर पुल को खोला गया है, जो सेक्टर-6 होते हुए रोड की तरफ जाता है।

05:49 PM, 28-Jan-2025
नागवासुकी मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ - फोटो : अमर उजाला

नागवासुकी मंदिर में श्रद्धालुओं का लगा तांता
संगम में स्नान को आने वाले लोग नागवासुकी मंदिर दर्शन को पहुंच रहे हैं, यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ हैं। नागवासुकी भगवान के दर्शन के बिना संगम स्नान अधूरा माना जाता है। ऐसे में यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

05:40 PM, 28-Jan-2025
त्रिवेणी मार्ग पर उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला

भीड़ से बचने के लिए संगम की जगह अन्य घाटों पर कर सकते हैं स्नान
त्रिवेणी मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। ऐसे में भीड़ से बचने के लिए संगम में स्नान करने बचें। श्रद्धालु स्नान के लिए अन्य घाटों का रुख कर सकते हैं, जिससे समय की बर्बादी और भीड़ दोनों से वह बच सकते हैं।  

05:34 PM, 28-Jan-2025

शटल बसें कहां से कहां तक चलेंगी

हबूसा मोड़- अंदावा

फूलपुर- अंदावा

सरस्वती हाईटेक सिटी- लेप्रोसी

धनुहा ग्राम- लेप्रोसी

गोहनिया- लेप्रोसी

चाकघाट- लेप्रोसी

बेेला कछार- भारत स्काउट-गाइड

शिवगढ़- भारत स्काउट-गाइड

नवाबगंज- भारत स्काउट-गाइड

नेहरू पार्क- हिंदू हॉस्टल

पूरामुफ्ती- हिंदू हॉस्टल

एयरपोर्ट- हिंदू हॉस्टल

05:31 PM, 28-Jan-2025

आज से 30 जनवरी तक शटल बसों में करें मुफ्त सफर
महाकुंभ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या के मौके पर यूपी रोडवेज और नगरीय परिवहन सेवा के तहत चल रहीं शटल बसों में 30 जनवरी तक श्रद्धालु मुफ्त सफर कर सकेंगे। इन बसों का संचालन 28 से 30 जनवरी तक 13 रूटों पर होगा। इस दौरान इसमें सफर करने वाले किसी भी यात्री से किराया नहीं लिया जाएगा।

05:21 PM, 28-Jan-2025

मौनी अमावस्या पर रेलवे कई विशेष ट्रेनें चला रहा है
प्रयागराज एसएसपी जीआरपी अभिषेक का कहना है, मौनी अमावस्या के अवसर पर रेलवे द्वारा बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल के दस्ते, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और अन्य कई टीमें तैनात की गई हैं, जो कुंभ की शुरुआत से ही सभी रेलवे स्टेशनों पर लगातार ड्यूटी पर हैं। 

05:08 PM, 28-Jan-2025

यहां जानें मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए अखाड़ों के लिए तय अवधि और समय
अखाड़े का नाम शिविर से प्रस्थान (समय) संगम पहुंचने का समय स्नान की अवधि (मिनट)
महानिर्वाणी एवं अटल  4:00 5:00 40
निरंजनी एवं आनंद 4:50 5:50 40
जूना, आवाहन एवं पंचाग्नि 5:45 6:45 40
निर्वाणी 8:25 9:25 30
दिगंबर 9:05 10:05 50
निर्मोही 10:05 11:05 30
नया पंचायती 11:00 12:00 55
बड़ा पंचायती 12:05 1:05 60
निर्मल पंचायती 1:25 2:25 40

05:03 PM, 28-Jan-2025

कल अखाड़े और नागा साधु 10 घंटे से अधिक समय तक करेंगे अमृत स्नान
मौनी अमावस्या पर्व पर बुधवार को अखाड़ों के संत एवं नागा संन्यासी 10 घंटे से अधिक समय तक अमृत स्नान करेंगे। सबसे पहले संन्यासी परंपरा के महानिर्वाणी एवं शंभू पंचायती अटल अखाड़ा के संत सुबह 5.00 बजे स्नान करेंगे। इसके लिए संत अपने शिविर से चार बजे प्रस्थान कर जाएंगे। वहीं, आखिरी में निर्मल अखाड़ा के संत दिन में 2.25 बजे से 2.45 बजे तक स्नान करेंगे।

04:53 PM, 28-Jan-2025

आप सांसद राघव चड्ढा ने प्रयागराज के लिए हवाई टिकटों की बढ़ी हुई कीमतों पर उठाया सवाल
आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि प्रयागराज के लिए हवाई टिकटों की कीमतें आम दिनों की तुलना में असामान्य रूप से बहुत ज्यादा हो गई हैं। महाकुंभ की तीर्थयात्रा करने के इच्छुक सभी श्रद्धालुओं की ओर से मैं केंद्र सरकार से आग्रह करता हूं कि वह हस्तक्षेप करे और एयरलाइनों को श्रद्धालुओं का फायदा उठाकर अधिक शुल्क वसूलने से रोके। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि महाकुंभ में आने वाले सभी लोगों के लिए उड़ान की कीमतें और अधिक किफायती बनाई जाएं।

04:16 PM, 28-Jan-2025

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने संगम में किया स्नान
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद बोले, 'मैंने परमार्थ निकेतन आश्रम के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती और हमारे सभी शिष्यों के साथ संगम में डुबकी लगाई। हमारे साथ करीब 40-50 विदेशी श्रद्धालुओं ने भी स्नान किया। मेरी पहली डुबकी हिंदू राष्ट्र के लिए थी, दूसरी बागेश्वर धाम के लिए थी, तीसरी बागेश्वर धाम के अनुयायियों के लिए थी, चौथी डुबकी हमारे सभी संतों और साधुओं की भलाई के लिए थी, और पांचवीं उन सभी लोगों की लंबी उम्र के लिए थी जो हमारे धर्म और दुनिया की भलाई के लिए प्रार्थना करते हैं।'

मौनी अमावस्या से पहले महाकुंभ पहुंचे बाबा बागेश्वर-

03:57 PM, 28-Jan-2025

महाकुंभ पहुंचे मंत्री एके शर्मा
महाकुंभ पहुंचे उत्तर प्रदेश के मंत्री एके शर्मा ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि कल प्रयागराज में 10-12 करोड़ लोग आएंगे। हमने सभी व्यवस्थाएं की हैं। ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एआई-सक्षम कैमरे, वाटर एटीएम, शौचालय आदि सहित सभी व्यवस्थाएं की हैं।'
 

03:28 PM, 28-Jan-2025

15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई

मौनी अमावस्या के अवसर पर कल होने वाले दूसरे अमृत स्नान से पहले महाकुंभ मेला क्षेत्र, त्रिवेणी संगम के ड्रोन दृश्य लिया गया। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से शुरू हुए महाकुंभ 2025 के पहले 15 दिनों में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है।
 

02:27 PM, 28-Jan-2025

'सरकार और प्रशासन भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार'

कल मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "तैयारियां अच्छी हैं। सरकार और प्रशासन भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है। मैं सभी विपक्षी नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे जहरीले बयानों से बचें, जिससे लोगों की आस्था और विश्वास को ठेस पहुंचे।"

02:25 PM, 28-Jan-2025

'ऐसा मेला विश्व में कहीं नहीं लगता है'

श्री पंचायती अखाड़ा ( बड़ा उदासीन) के मुखिया दुर्गादास ने कहा कि महाकुम्भ 2025, प्रयागराज को संपूर्ण विश्व की धरोहर में अंकित किया गया है, ऐसा मेला विश्व में कहीं नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि यह मेला संपूर्ण भारत को एकत्र करने वाला मेला है। यहां समस्त भारतवासी सभी भेद-भाव भूलकर एकत्रित होते हैं और विश्व बधुत्व का संदेश देते हैं।

02:14 PM, 28-Jan-2025

मौनी अमावस्या स्नान को लेकर लगेंगे पांच हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी

महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान को देखते हुए मंगलवार से पांच हजार अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। यह पुलिस बल विभिन्न चौराहों के अलावा शहर की सीमाओं पर तैनात रहेगा। इसमें यातायात पुलिस से लेकर सिविल पुलिसकर्मी शामिल हैं। बता दें कि शहर की सीमाओं पर लगभग 10 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु दो दिन पहले से ही मेले में पहुंच रहे हैं। पिछले दो दिन के मुकाबले सोमवार को शाम से अचानक भीड़ बढ़ गई। भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि पुलिस असमर्थ दिखी।

 

02:11 PM, 28-Jan-2025

मेला क्षेत्र बना नो व्हीकल जोन, व्यापक तैयारियां

मेला प्रशासन और कुंभ पुलिस ने अमृत स्नान पर्व को देखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। संगम तटों पर बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए हर सेक्टर और जोन में विशेष व्यवस्था की गई है। इस दौरान किसी भी तरह का प्रोटोकॉल लागू नहीं होगा।
 

01:56 PM, 28-Jan-2025

आई ट्रिपलसी से भीड़ प्रबंधन पर नजर

संगम नोज पर अत्यधिक भीड़ जमा न हो, इसके लिए (इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर) मॉनिटरिंग करेगा। भीड़ वाले इलाकों में त्वरित कदम उठाने के लिए विशेष दल तैनात किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर खास निगरानी की जा रही है। साथ ही, अराजक और संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।

01:39 PM, 28-Jan-2025

बड़े वाहनों को शहर के बाहर रोका

बड़े वाहनों को शहर के बाहर रोक दिया गया है। 13 जनवरी पौष पूर्णिमा से लेकर मौनी अमावस्या के एक दिन पहले 28 जनवरी तक 15 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। स्थिति यह है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक करीब एक करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। 

01:20 PM, 28-Jan-2025

सभी मार्गों पर भयंकर भीड़

महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है। संगम जाने वाले सभी मार्ग भीड़ से पट गए हैं। मौनी अमावस्या पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी बढ़ गई है कि पैदल चलने वाले भी रेंग रहे हैं। वह पैर तक पूरी तरह आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। त्रिवेणी मार्ग, काली मार्ग के साथ शास्त्री ब्रिज, नाग वासुकि रोड, झूंसी रोड सभी मार्गों पर भयंकर भीड़ संगम की ओर बढ़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
 

01:07 PM, 28-Jan-2025

दोपहिया वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं

वाराणसी से प्रयागराज आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को अंदावां रिंग रोड के पास ही रोक दिया जा रहा है। इसी तरह कानपुर से आने वालों को नेहरू पार्क और लखनऊ, प्रतापगढ़ और गोरखपुर से आने वाले वाहनों को शांतिपुरम से पहले ही रोक दिया जा रहा है। बड़े वाहनों के साथ ही दोपहिया वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। सिविल लाइंस सुभाष चौराहा, रोडवेज चौराहा के बाद मेडिकल चौराहा, सीएमपी डॉट पुल के सामने बैरिकेडिंग की गई है। 

12:52 PM, 28-Jan-2025

मौनी से एक दिन पहले 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है। संगम जाने वाले सभी मार्ग भीड़ से पट गए हैं। मौनी अमावस्या पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी बढ़ गई है कि पैदल चलने वाले भी रेंग रहे हैं। वह पैर तक पूरी तरह आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। त्रिवेणी मार्ग, काली मार्ग के साथ शास्त्री ब्रिज, नाग वासुकि रोड, झूंसी रोड सभी मार्गों पर भयंकर भीड़ संगम की ओर बढ़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।

बड़े वाहनों को शहर के बाहर रोक दिया गया है। 13 जनवरी पौष पूर्णिमा से लेकर मौनी अमावस्या के एक दिन पहले 28 जनवरी तक 15 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। स्थिति यह है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक करीब एक करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। 

12:35 PM, 28-Jan-2025

सांसद अरुण गोविल ने किया भक्तों को प्रसाद वितरण

मेरठ से लोकसभा सांसद अरुण गोविल भी महाकुंभ में पहुंचे हैं। उन्होंने महाकुंभ प्रयागराज के पावन संगम तट पर भक्तों को प्रसाद वितरण किया।

 

12:24 PM, 28-Jan-2025

'आत्मग्लानि की परंपरा को तोड़ते हुए गर्व के साथ कहा है कि वे हिंदू हैं'

योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाकुंभ में आकर अपने अंदर छिपे हिंदुत्व को प्रकट किया है। पहले लोग झिझकते थे। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आत्मग्लानि की परंपरा को तोड़ते हुए गर्व के साथ कहा है कि वे हिंदू हैं, संतानी हैं और ऋषियों के वंशज हैं, सभी वर्ण भीतर विद्यमान हैं, जो लोग जातियों की बात कर रहे हैं उच्च और निम्न की वे सनातन धर्मी नहीं बल्कि विधर्मी हैं।
 

12:22 PM, 28-Jan-2025

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना जारी

प्रयागराज में महाकुंभ 2025 में कल 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर होने वाले दूसरे अमृत स्नान से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना जारी है।
 

12:21 PM, 28-Jan-2025

प्रयागराज रेलवे स्टेशन का दृश्य

कल 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर महाकुंभ 2025 के दूसरे अमृत स्नान से पहले श्रद्धालुओं का प्रयागराज पहुंचना जारी है। प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। 
 

11:45 AM, 28-Jan-2025

अब तक 15 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालु कर चुके स्नान

प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का पवित्र स्नान जारी है, दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम में अब तक 15 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालु आ चुके हैं। कल, 29 जनवरी - मौनी अमावस्या महाकुंभ 2025 का दूसरा अमृत स्नान है। 
 

11:03 AM, 28-Jan-2025

मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी पर 10 टोल रहेंगे कर मुक्त
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर 10 टोल 27 से 30 जनवरी तक कर मुक्त रहेंगे। इसके अलावा वसंत पंचमी के लिए भी एक फरवरी रात आठ बजे से चार फरवरी रात 7.59 बजे तक तक टोलों पर टैक्स नहीं लगेगा। यह व्यवस्था कोखराज, नवाबगंज, सोरांव, सहसों, हंडिया, लालानगर, रामनगर घसियारी, उमापुर, मुंगारी, व हररो टोल प्लाजा पर लागू रहेगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के मुख्य परियोजना प्रबंधक पंकज मिश्रा ने इस बात की पुष्टि की है। 
 

10:20 AM, 28-Jan-2025

सुबह आठ बजे तक 55 लाख से अधिक ने किया स्नान

महाकुंभ में आज सुबह आठ बजे तक 55 लाख से अधिक स्नान कर चुके हैं। अब तक 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार, सुबह आठ बजे ही कुल 15 करोड़ स्नानार्थियों की संख्या पार हो गई। 

10:03 AM, 28-Jan-2025

नैनी जंक्शन : प्रवेश केवल स्टेशन रोड से और निकास केवल मालगोदाम की ओर (द्वितीय प्रवेश द्वार) से दिया जाएगा। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाएगा।
सूबेदारगंज स्टेशन : प्रवेश केवल झलवा (कौशाम्बी रोड) की ओर से और निकास केवल जीटी रोड सुलेमसराय की ओर दिया जाएगा। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को गेट नंबर तीन से प्रवेश दिया जाएगा।
फाफामऊ स्टेशन : प्रवेश केवल प्लेटफॉर्म नंबर चार की ओर से (रंगपुरा की ओर से टाटा मोटर्स वर्कशॉप की ढलान से) और निकास केवल एक नंबर की ओर से बनारस रोड की ओर दिया जाएगा। आरक्षित यात्रियों के लिए भी प्रवेश वैशाली गेस्ट हाउस के सामने फ्लाईओवर के माध्यम से चार नंबर की ओर होगा।
प्रयाग स्टेशन : प्रवेश केवल यूनिवर्सिटी रोड की ओर से दिया जाएगा। निकास केवल रामप्रिया रोड (आईईआरटी के पहले से) की ओर दिया जाएगा। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को गेट नंबर एक से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रयागराज रामबाग स्टेशन : प्रवेश केवल स्टेशन रोड लल्लू जी एंड संस और निकास केवल लाउदर रोड से गेट नंबर एक, दो, तीन की ओर से होगा। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को आश्रय स्थल संख्या चार में जाना होगा।
झूंसी स्टेशन : प्रवेश व निकास दोनों ओर से होगा। यहां दोनों ओर यात्री आश्रय स्थल बनाए गए हैं।

09:56 AM, 28-Jan-2025

स्टेशन वार यह की गई है व्यवस्था

प्रयागराज जंक्शन : प्रवेश केवल सिटी साइड (प्लेटफार्म नंबर-1 की ओर) से दिया जाएगा। निकासी सिविल लाइंस साइड की ओर से होगी। आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को सिटी साइड स्थित गेट नंबर पांच से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रयागराज छिवकी : प्रवेश प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग को जोड़ने वाले सीओडी मार्ग से दिया जाएगा और निकास केवल जीईसी नैनी रोड (प्रथम प्रवेश द्वार) की ओर से दिया जाएगा। आरक्षित यात्रियों को गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाएगा।

09:30 AM, 28-Jan-2025

यात्रियों का क्रॉस मूवमेंट न हो इसके लिए यह व्यवस्था लागू की

उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का क्रॉस मूवमेंट न हो इसके लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके अलावा जंक्शन, नैनी, छिवकी और सूबेदारगंज स्टेशनों से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाल, नीले, हरे और पीले रंग का यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है। कलर कोडिंग व्यवस्था से यात्रियों को आसानी से उचित प्लेटफार्म पर भेजा जा सकेगा।

08:53 AM, 28-Jan-2025

यह व्यवस्था 31 जनवरी की रात 12 बजे तक लागू

प्रयागराज जंक्शन पर वनवे सोमवार से ही लागू हो गया। अब आधी रात के बाद प्रयागराज छिवकी, नैनी जंक्शन, प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ, सूबेदारगंज, झूंसी और प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को एक ओर से प्रवेश तो दूसरी ओर से निकास दिया जाएगा। इन सभी स्टेशनों पर यह व्यवस्था 31 जनवरी की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। उधर, जंक्शन पर सिविल लाइंस साइड से यात्रियों का प्रवेश रोकने के लिए फायर ब्रिगेड चौराहे पर टिन शेड की दीवार भी बना दी गई है।

08:38 AM, 28-Jan-2025

भीड़ बढ़ी तो पहले ही लागू हो गया वनवे

मौनी अमावस्या के पहले ही अनुमान से ज्यादा भीड़ आ जाने के चलते प्रयागराज जंक्शन पर तय समय के पहले ही वनवे लागू कर दिया गया है। यहां यात्रियों को सिटी साइड से प्रवेश और सिविल लाइंस साइड से निकास दिया जा रहा है। 31 जनवरी की रात 12 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। अगर भीड़ कम न हुई तो वनवे को बढ़ाया भी जा सकता है।

08:24 AM, 28-Jan-2025

मौनी से पहले ही 15 करोड़ से अधिक लोग कर लेंगे स्नान

सरकार की ओर से महाकुंभ में 40 से 45 करोड़ लोगों के स्नान करने की उम्मीद है। यह आंकड़ा छूता भी दिख रहा है। मेला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार मौनी अमावस्या से एक दिन पहले ही स्नानार्थियों की कुल संख्या 15 करोड़ को पार कर जाने की उम्मीद है। रविवार तक 13.21 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। सोमवार को भी एक करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। मौनी अमावस्या से पहले मंगलवार को भी एक करोड़ से अधिक लोगों के स्नान की संभावना है। ऐसे में मौनी अमावस्या से एक दिन पहले ही स्नानार्थियों की कुल संख्या 15 करोड़ को पार कर जाने की उम्मीद है।
 

08:00 AM, 28-Jan-2025

दो दिनों में तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान

मौनी अमावस्या स्नान पर्व के पहले से ही स्नानार्थियों में उत्साह दिखने लगा। रविवार और सोमवार को तो जनसैलाब उमड़ा। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार इन दो दिनों में करीब तीन करोड़ लोगों ने स्नान किया। इनमें से एक करोड़ 74 लाख श्रद्धालुओं ने रविवार को स्नान किया था। सोमवार को भी शाम छह बजे तक 1.18 लोगों ने स्नान कर लिया था। महाकुंभ में सोमवार चौथा दिन रहा जब एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा लोगों ने स्नान किया। मकर संक्रांति के दिन तो स्नानार्थियों का आंकड़ा साढ़े तीन करोड़ पार रहा।

07:43 AM, 28-Jan-2025

हर मार्ग पर स्नानार्थियों की भीड़

मेला क्षेत्र तो पूरी तरह से भरा हुआ था। काली एवं त्रिवेणी मार्ग, बांध पर लोग एक दूसरे के पीछे चले जा रहे थे। संगम, नागवासुकि तथा झूंसी तीनों जोन के हर मार्ग पर स्नानार्थियों की भीड़ रही। यहां तक झूंसी की तरफ बने रिवर फ्रंट रोड पर भी पैदल चलना मुश्किल था। जबकि, आम दिनों में लोग अपने वाहनों से भी आ-जा रहे थे। झूंसी की तरफ से आने वाले ज्यादातर श्रद्धालुओं को शास्त्री ब्रिज से पहले ही मेला क्षेत्र में उतार दिया गया। इनमें से ज्यादातर लोग संगम जाना चाहते थे लेकिन पांटून पुल पर आवागमन प्रतिबंधित रहने से निराशा हुई। इसे लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी भी रही।

07:38 AM, 28-Jan-2025

Mahakumbh Live: मौनी अमावस्या से पहले 5 करोड़ लोगों ने संगम में किया स्नान, अब तक 20 करोड़ लोग लगा चुके डुबकी

मौनी अमावस्या का महास्नान बुधवार को है लेकिन दो दिन पहले ही स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार को संगम से लेकर सड़क तक श्रद्धा का रेला उमड़ा। भीड़ बढ़ने पर पांटून पुलों से पैदल भी आवागमन रोक दिया गया। इस वजह से संगम के अलावा झूंसी जोन में ऐरावत घाट पर श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ रही।

शास्त्री पुल श्रद्धालुओं से भरा रहा। पैदल चलना भी भारी था। यह स्थिति अंदावा चौराहे तक रही। शहर में लोक सेवा आयोग चौराहे से संगम तक स्नानार्थियों का रेला चला आ रहा था। यह क्रम टूटने का नाम नहीं ले रहा था। इसी तरह की स्थिति संगम की तरफ जाने वाली अन्य सड़कों का भी रहा।

भीड़ बढ़ने की वजह से दिन में बालसन चौराहे से जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया था। स्नानार्थियों को जार्जटाउन, अल्लापुर, बक्शी बांध होते हुए संगम की तरफ भेजा गया। इस तरह के डायवर्जन जगह-जगह किए गए थे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें