फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh 2025 Live: महाकुंभ स्नान के बाद प्रयागराज से रवाना हुईं राष्ट्रपति, श्रद्धालुओं का उमड़ा हुजूम

Mon, 10 Feb 2025 07:03 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Mahakumbh 2025 Live: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इससे पहले, उन्होंने प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। महाकुंभ में आज भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। प्रयागराज में सभी सड़कें जाम हैं। यहां पढ़ें पल-पल का अपडेट।   
 
विज्ञापन
स्नान के लिए जाते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:01 PM, 10-Feb-2025

भीड़ के चलते संगम तक नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस
भीड़ के चलते संगम तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पा रही। सभी एंबुलेंस वीआईपी ड्यूटीज में लगा दी गईं। महिला श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ने के बावजूद दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस पर एक श्रद्धालु ने बताया कि फोन किया तो कहते हैं आवाज नहीं आ रही।

06:35 PM, 10-Feb-2025

संगम नोज तक पहुंचने में लोगों को हो रही परेशानी
जाम के कारण संगम नोज तक पानी पहुंचाने में परेशानी हो रही। वाटर कूलर भी कई जगह बंद मिले। कड़ी धूप में पानी के लिए श्रद्धाल परेशान होते दिखे।

06:12 PM, 10-Feb-2025

महाकुंभ के पलट प्रवाह के चलते रामनगरी में भी उमड़ा आस्था का जनसैलाब
महाकुंभ के पलट प्रवाह के चलते रामनगरी अयोध्या में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। प्रयागराज महाकुंभ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं। अयोध्या में श्रद्धालु सरयू स्नान करने के बाद रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती तादाद में अयोध्या को चारों तरफ से जाम कर दिया है।

विज्ञापन
05:59 PM, 10-Feb-2025

महाकुंभ में स्नान के बाद प्रयागराज से रवाना हुईं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ मेला में पवित्र डुबकी लगाने के बाद प्रयागराज से रवाना हुईं। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। 

05:54 PM, 10-Feb-2025

'प्रयागराज के लोग पहली बार हाउस अरेस्ट': अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाकुंभ की ओर आने वाले रास्तों पर भयंकर जाम को लेकर कहा, भारी यातायात के कारण प्रयागराज में प्रवेश करने या बाहर निकलने की सभी सड़कें जाम हैं। पहली बार, प्रयागराज के लोग 'हाउस अरेस्ट' में हैं क्योंकि वे बाहर नहीं जा सकते। अगर 10,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं और केंद्र सरकार भी मदद कर रही है, तो लोगों को समस्याओं का सामना क्यों करना पड़ रहा है? सेना से मदद लेनी चाहिए थी।

विज्ञापन
05:50 PM, 10-Feb-2025

प्रयागराज में इन जगहों पर जाम से हालात बदतर
प्रयागराज में यातायात व्यवस्था ध्वस्त होने से हाहाकार मचा हुआ है। शहर के लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। अल्लापुर, छोटा बघाड़ा, हासिमपुर रोड, चौक, जानसेनगंज से लेकर कटरा, चौक, सुलेमसराय, अलोपीबाग, दारागंज, रामबाग, बैरहना, सोहबतियाबाग, कीडगंज, मुट्ठीगंज, लाउदर रोड, एएन झा मार्ग, मेडिकल कॉलेज रोड आदि मुहल्लों में रहने वाले लोग परेशान हैं। घर से निकलते ही वाहनों की कतार लगी है और कई घंटे बाद भी गाड़ियां सौ मीटर आगे नहीं बढ़ पा रही है। वाहनों के हार्न और धुएं के चलते लोगों का घरों में रहने भी दूभर हो गया है।

05:17 PM, 10-Feb-2025

ममता कुलकर्णी ने छोड़ा किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर का पद
पूर्व बॉलीवुड अदाकारा ममता कुलकर्णी को बीते दिनों किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाया गया। उन्होंने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में जाकर अपना पिंडदान किया था। उनकी पट्टाभिषेक प्रक्रिया के बाद उन्हें यह पद दिया गया। मगर, ममता के महामंडलेश्वर नियुक्त किए जाने के बाद से ही, उनकी नियुक्ति पर सवाल उठ रहे थे। आज सोमवार को ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर के पद से इस्तीफा दे दिया है।
 

04:03 PM, 10-Feb-2025

ये दो किलोमीटर खत्म क्यों नहीं होता भैया?

जयपुर, महाराष्ट्र, जम्मू, कर्नाटक, वेस्ट बंगाल से संगम में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बुजुर्गों में भी गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं राष्ट्रपति के दौरे को लेकर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई जिसके चलते कई किलोमीटर श्रद्धालुओं को घूमकर जाना पड़ रहा है। श्रद्धालु बोले कि ये दो किलोमीटर खत्म क्यों नहीं होता भैया?

03:18 PM, 10-Feb-2025

डाफी हाइवे के किनारे पर भारी जाम

महाकुंभ के पलट प्रवाह का असर वाराणसी की ओर आने वाले हाइवे पर देखने को मिल रहा है। डाफी हाइवे के किनारे पर भारी जाम है। वहीं बाहरी नम्बर की गाड़ियों को पुलिस के जवान बाहर की ओर भेज रहे हैं। इसके अलावा अगर कोई बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने जाना चाहता है तो उसके लिए हाइवे के किनारे पर पार्किंग के इंतजाम हैं। यहां से ऑटो लेकर आप शहर के भीतर दर्शन के लिए जा सकते हैं।

03:17 PM, 10-Feb-2025

नैनी में रीवा रोड पर लगा भीषण जाम

03:16 PM, 10-Feb-2025

रेलवे ट्रैक पर लोगों की जान जोखिम में

प्रयागराज जंक्शन के निकट दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेलवे ट्रैक से जान जोखिम में डालकर लोग नीचे उतर रहे हैं।

03:14 PM, 10-Feb-2025

आज दोपहर 2 बजे तक 92.97 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ में 10 फरवरी 2025 को दोपहर 2 बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 82.97 लाख यात्री पहुंचे। आज दोपहर 2 बजे तक 92.97 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। वहीं बीती 9 फरवरी तक 43.57 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।

03:13 PM, 10-Feb-2025

कार्यकर्ताओं के लिये भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आदेश

भाजपा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिये भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आदेश जारी किया है। प्रशासन के साथ मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था में मदद करें। कुंभ में श्रद्धालुओं को भोजन और स्वास्थ्य संबंधी मदद करें।

02:58 PM, 10-Feb-2025

सेंट्रल रेलवे चला रहा महाकुंभ के यात्रियों के लिए कई विशेष ट्रेनें

सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने कहा कि सेंट्रल रेलवे कुंभ मेले में भाग लेने वाले यात्रियों के लिए कई विशेष ट्रेनें चला रहा है। आज चेन्नई से बनारस जाने वाली ट्रेन सेंट्रल रेलवे से होकर जाएगी। इससे कई यात्रियों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही प्रयागराज और उस क्षेत्र में जाने वाली 16 ट्रेनें सेंट्रल रेलवे द्वारा चलाई जा रही हैं। इन सभी स्टेशनों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। हम सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि कृपया किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें। इन चीजों की सही जानकारी के लिए सेंट्रल रेलवे और भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के संपर्क में रहें। 

02:47 PM, 10-Feb-2025

अमेठी से प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर रोक-रोककर छोड़े जा रहे वाहन

यूपी के अमेठी से अयोध्या जाने वाले बैरियर पर वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जा रहा है। प्रयागराज- अयोध्या हाईवे पर सुबह 6 बजे से 9 बजे तक काफी जाम रहा। इसके बाद अयोध्या जाने वाले वाहनों को लंभुआ मार्ग से गुजारा गया। इससे जाम की समस्या कम हुई। इसकी अतिरिक्त रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर आम घाट के पास बैरियर लगाकर वाहनों को कुछ देर में छोड़ा जा रहा है।
 

02:38 PM, 10-Feb-2025

राष्ट्रपति ने लेटे हनुमानजी मंदिर में की पूजा-अर्चना

प्रयागराज में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लेटे हनुमानजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं।
 

02:27 PM, 10-Feb-2025

तेलंगाना के मंत्री वेंकट रेड्डी ने संगम में लगाई पवित्र डुबकी

तेलंगाना के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने सोमवार को महाकुंभ में स्नान किया है। स्नान के बाद उन्होंने राज्य के लोगों और उसकी सरकार के कल्याण के लिए प्रार्थना की। वेंकट रेड्डी ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि तेलंगाना प्रदेश के लोगों की खुशी, समृद्धि और कल्याण तथा गरीबों की सेवा करने के लिए हमारी सरकार की शक्ति के लिए गंगा मैया से प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया। बीती 6 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और उन्हें महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

12:54 PM, 10-Feb-2025

'बहुत अच्छा आयोजन है और करोड़ों लोग आ रहे हैं'

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "बहुत अच्छा आयोजन है और करोड़ों लोग आ रहे हैं। अच्छी व्यवस्थाएं हैं और देशभर से लोग यहां से अच्छा अनुभव लेकर जा रहे हैं..."

12:12 PM, 10-Feb-2025

प्रयागराज राज संगम स्टेशन 9 से 14 फरवरी तक बंद 

प्रयागराज जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का प्रयागराज राज संगम स्टेशन 9 फरवरी की दोपहर 1:30 बजे से 14 फरवरी की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक यात्रियों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। महाकुंभ क्षेत्र में पड़ने वाले अन्य 8 स्टेशनों प्रयागराज छिवकी, नैनी, प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग और झूसी से नियमित और विशेष ट्रेनें चल रही हैं।
 
 

11:38 AM, 10-Feb-2025

'प्रयागराज जंक्शन से 330 ट्रेनें रवाना हुईं'

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 12 फरवरी माघी पूर्णिमा स्नान से पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि "रेलवे ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए आठ रेलवे स्टेशनों पर सभी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा है। राज्य प्रशासन के साथ मिलकर सब कुछ बहुत ही समन्वित तरीके से किया जा रहा है। कल प्रयागराज जंक्शन से 330 ट्रेनें रवाना हुईं और आज भी ट्रेनें व्यवस्थित तरीके से चल रही हैं। अगर कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो हम उनकी बात नहीं सुनना चाहते। सब कुछ व्यवस्थित तरीके से चल रहा है।"

 

11:16 AM, 10-Feb-2025

श्री बड़े हनुमान मंदिर जाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति के पहुंचने के पहले श्री बड़े हनुमान मंदिर को खाली कराया गया है। 

10:57 AM, 10-Feb-2025

त्रिवेणी संगम में राष्ट्रपति ने किया पवित्र स्नान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकुंभ मेले के दौरान त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। पवित्र स्नान के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना की।
 

10:51 AM, 10-Feb-2025

राष्ट्रपति ने संगम में किया स्नान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इससे पहले, भारत की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीर्थराज कुंभ नगरी प्रयाग में आगमन पर प्रयागराज के प्रथम नागरिक महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने प्रयागराज महानगर की चाबी भेंट कर उनका स्वागत किया ।

10:44 AM, 10-Feb-2025

कुछ देर में संगम में डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगी। इसके बाद पूजा-अर्चना करेंगी।

10:31 AM, 10-Feb-2025

'उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं'

प्रयागराज में पवित्र स्नान करने के बाद तेलंगाना के मंत्री और कांग्रेस नेता कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा कि "...मैं यहां आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। यह अवसर 144 साल बाद आया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं। भगदड़ में कुछ लोगों की मौत हो गई, मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले..."
 

10:27 AM, 10-Feb-2025

राष्ट्रपति ने संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद हैं। 
 

10:06 AM, 10-Feb-2025

प्रयागराज पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रयागराज पहुंच चुकी हैं। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम है।आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्नान करेंगी।

10:03 AM, 10-Feb-2025

संगम पर लंबी लाइन

सुबह से ही बड़ी संख्या में महाकुंभ में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। संगम की ओर जाने के लिए लंबी लाइन लगी हैं। तो वहीं सुबह 3 बजे से स्नान जारी है। श्रद्धालु बोले कि एक घंटे में लेटे हनुमान जी के दर्शन हो रहे हैं। 

 

09:24 AM, 10-Feb-2025

9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ में बीती 9 फरवरी 2025 को रात आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 1.47 करोड़ यात्री पहुंचे। बीते रविवार को रात आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। 9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।

09:22 AM, 10-Feb-2025

आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ में 10 फरवरी 2025 को सुबह आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 36.19 लाख यात्री पहुंचे। आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। वहीं बीती 9 फरवरी तक 43.57 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।

09:07 AM, 10-Feb-2025

महाकुंभ में लोगों की फिर से भीड़ बढ़ रही

प्रयागराज में संगम स्नान के लिए श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं। आज भी सुबह तीन बजे से ही स्नान जारी है। वहीं प्रयागराज आने और जाने वाले रास्तों पर जाम की समस्या है। लोगों को मिनटों की दूरी घंटों में तय करनी पड़ रही है।



 

08:46 AM, 10-Feb-2025

संगम तट पर परिवार संग पहुंचे सीएम धामी, किया स्नान

08:36 AM, 10-Feb-2025

सीएम धामी ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई।
 

04:30 AM, 10-Feb-2025

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी पवित्र स्नान

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आस्था के उमड़ते सैलाब के बीच देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पवित्र स्नान करने आ रही हैं। राष्ट्रपति अक्षयवट एवं बड़े हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगी। उनकी यात्रा को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण, जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 

04:03 AM, 10-Feb-2025

त्रिवेणी संगम के घाटों से ड्रोन से ली गई तस्वीरें, जहां लोग पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार, अब तक 41 करोड़ से अधिक लोग पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। 

03:14 AM, 10-Feb-2025

डुबकी लगाने के बाद मैं धन्य महसूस कर रही हूं-मालिनी अवस्थी

लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के बाद मैं धन्य महसूस कर रही हूं। महाकुंभ में शामिल होने के लिए दुनिया भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं, यह क्षण दिव्य है। 

03:14 AM, 10-Feb-2025

मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक आठ करोड़ लोगों ने लगाई डुबकी

महाकुंभ में अब तक मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक आठ करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जबकि 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति पर अमृत स्नान किया। एक फरवरी और 30 जनवरी को 2-2 करोड़ से ज्यादा और पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य डुबकी लगाई, इसके अलावा वसंत पंचमी पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई।

03:14 AM, 10-Feb-2025

प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं

महाकुंभ के तीनों अमृत स्नान यानी मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी बीत चुके हैं। श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। पूरे देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पवित्र त्रिवेणी में श्रद्धा और आस्था की डुबकी लगाने के लिए प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हालात यह हैं कि रेल और रोडवेज को अतिरिक्त ट्रेनों और बसों का संचालन करना पड़ा रहा है। वसंत पंचमी के बाद भी यातायात डायवर्जन लागू करना पड़ा। बृहस्पतिवार को शहर में इस कदर श्रद्धालु उमड़े कि एक से आठ तक के स्कूलों को 12 फरवरी तक ऑनलाइन चलाने का आदेश जारी करना पड़ा।

03:13 AM, 10-Feb-2025

50 करोड़ पार कर सकती है स्नानार्थियों की संख्या 

मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। महाकुंभ के अभी 17 दिन शेष हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ पार कर जाएगी। शुक्रवार को स्नानार्थियों का आंकड़ा 40 करोड़ पार कर गया।

03:10 AM, 10-Feb-2025

Mahakumbh 2025 Live: महाकुंभ स्नान के बाद प्रयागराज से रवाना हुईं राष्ट्रपति, श्रद्धालुओं का उमड़ा हुजूम

Mahakumbh 2025 Live: माघ शुक्ल द्वादशी पर रविवार को डेढ़ करोड़ (एक करोड़ 57 लाख) से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। इसमें एक करोड़ 47 लाख श्रद्धालु और दस लाख कल्पवासी शामिल हैं। देश के कोने कोने से श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण आस्था का रेला उमड़ पड़ा। महाकुंक्ष क्षेत्र के साथ पूरे जिले में जाम की स्थिति बनी रही। जाम और भीड़ से गुजरते हुए लोग संगम पहुंचे और पुण्य की डुबकी लगाकर साधु-संन्यासियों का आशीर्वाद लिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें