फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Paris Olympics Day-7 Live: लक्ष्य ने जीता बैडमिंटन पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, तूर फाइनल में पहुंचने से चूके

Sat, 03 Aug 2024 12:37 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

India at Paris 2024 Olympics Games Day 7 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक का सातवां दिन है। मनु भाकर महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा जीतकर इस ओलंपिक में पदक की हैट्रिक लगाना चाहेंगी। वह फाइनल में पहुंच गई हैं। आज क्वालिफिकेशन राउंड में दूसरे स्थान पर रहीं।
विज्ञापन
तजिंदरपाल सिंह तूर - फोटो : @India_AllSports
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:34 AM, 03-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : तजिंदरपाल सिंह तूर क्वालिफाई करने से चूके

तजिंदरपाल सिंह तूर 18.05 मीटर के थ्रो के साथ पुरुषों की शॉटपुट फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूक गए। वह ग्रुप ए में 15वें स्थान पर रहे।

12:20 AM, 03-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : तजिंदर ने फाउल किया

तजिंदरपाल सिंह तूर ने अपने दूसरे प्रयास में फाउल थ्रो किया। उनका शॉटपुट के फाइनल में पहुंचना मुश्किल माना जा रहा है।

12:13 AM, 03-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : सीएम योगी ने दी लक्ष्य सेन को बधाई

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लक्ष्य सेन को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बधाई दी है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "पेरिस ओलंपिक-2024 के बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में विजय प्राप्त कर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन जी को हार्दिक बधाई! देश वासियों को हर्षित करने वाली आपकी यह सफलता अनेक खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा सिद्ध होगी। विजय का क्रम ऐसे ही अविराम चलता रहे, यही कामना है। जय हिंद!"

विज्ञापन
12:11 AM, 03-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : तजिंदर ने 18.05 मीटर भाला फेंका

तजिंदरपाल सिंह तूर ने 18.05 मीटर भाला फेंका और 14वें स्थान पर रहे। तजिंदर को फाइनल में पहुंचने के लिए शीर्ष 12 में जगह बनाने की जरूरत है।

11:41 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा शुरू हुई

तजिंदरपाल सिंह तूर अब एथलेटिक्स में पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में भाग लेंगे। विश्व में 24वें स्थान पर काबिज तूर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 21.77 मीटर और इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ 20.38 मीटर है।

विज्ञापन
10:50 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : पारुल 14वें स्थान पर रहीं

पारुल चौधरी महिलाओं की 5000 मीटर राउंड 1 की हीट में 14वें स्थान पर रहीं। उन्होंने 15:10:68 का अपना सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन उनके हाथ निराशा लगी।

10:28 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : लक्ष्य सेन सेमीफाइनल में पहुंचे

लक्ष्य सेन बैडमिंटन में पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं, ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय हैं। लक्ष्य ने ताइवान के चू टिन चेन को 19-21, 21-15, 21-12 से हराया। लक्ष्य सेन ने भारतीय बैडमिंटन में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के चू टिन चेन के खिलाफ तीन गेम की रोमांचक जीत के साथ सेन उस मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां कोई भी भारतीय पुरुष शटलर पहले नहीं पहुंच पाया है। लक्ष्य अब ओलंपिक में बैडमिंटन पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष शटलर बन गए। अब वह पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं। लक्ष्य से पहले किदांबी श्रीकांत (2016) और पारुपल्ली कश्यप (2012) क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। सेन पेरिस से बैडमिंटन पदक के लिए भारत की एकमात्र उम्मीद हैं।

10:07 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : अंकिता अंतिम स्थान पर रहीं

अंकिता ध्यानी महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ के पहले राउंड में 16:19:38 के समय के साथ अंतिम स्थान पर रहीं और 20वें स्थान पर रहीं। अब अगली रेस में पारुल चौधरी का नाम शामिल है।

09:37 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : लक्ष्य सेन दे रहे चू टिन चेन को चुनौती

बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य सेन ताइवान के चू टिन चेन को चुनौती दे रहे हैं।

09:34 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : विष्णु सरवनन रेस तीन और चार में 20वें और 19वें स्थान पर रहे

भारत के विष्णु सरवनन सेलिंग पुरुष डिंगी इवेंट की रेस 3 में 51:40 के समय के साथ 20वें स्थान पर रहे। वह ऑस्ट्रेलिया के मैट वेयरन से 2.17 सेकंड पीछे रहे। वहीं, रेस चार में विष्णु 46:44 के समय के साथ 19वें स्थान पर रहे। वह फिलिप ज्यूरिसिक से 1.15 सेकंड पीछे रहे। वर्तमान में विष्णु समग्र स्टैंडिंग में 22वें स्थान पर हैं।

08:17 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : धीरज-अंकिता की जोड़ी कांस्य पदक से चूकी

धीरज बोम्मादेवरा और अंकिता भकत की मिश्रित युगल तीरंदाजी जोड़ी का कांस्य पदक मुकाबले में अमेरिका से सामना हुआ, लेकिन भारतीय जोड़ी को 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह धीरज और अंकिता ऐतिसाहिक कांस्य पदक से चूक गए।

07:49 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : कांस्य पदक के लिए उतरेगी भारतीय जोड़ी

अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा की भारतीय मिश्रित युगल तीरंदाजी जोड़ी का कांस्य पदक के मुकाबले में अब अमेरिका से सामना होगा। अमेरिका को एक अन्य सेमीफाइनल में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी के सामने अब कैसी कोउफहोल्ड और ब्रैडी एलिसन की अमेरिकी जोड़ी की चुनौती होगी। अगर भारतीय जोड़ी कांस्य पदक जीतने में सफल रही तो इतिहास रच देगी क्योंकि तीरंदाजी में अब तक भारत को कभी कोई ओलंपिक पदक नहीं मिला है।

अंकिता और धीरज की जोड़ी ने चौथी सेट के शुरुआती दो शॉट में 18 का स्कोर किया। दूसरी ओर, शियोन लिम और वूजिन किम की जोड़ी ने शुरुआती दो शॉट में परेफेक्ट 10 का स्कोर कर 20 का स्कोर किया और दो अंक की बढ़त ले ली। भारतीय जोड़ी ने अगले दो शॉट में परेफेक्ट 10 का स्कोर किया जिससे उसका कुल स्कोर 38 रहा। कोरियाई जोड़ी ने हालांकि, अगले दोनों शॉट में 10, 10 का स्कोर किया और 39 अंक लेकर इस मुकाबले को जीता। भारत यह मैच 2-6 से हार गया। भारतीय जोड़ी के पास हालांकि, अभी कांस्य पदक जीतने का मौका है। वहीं, कोरिया की टीम फाइनल में पहुंच गई है और उसने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। 

06:00 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : भारत सेमीफाइनल में पहुंचा

तीरंदाजी मिश्रित क्वार्टर फाइनल में भारत ने 5-3 से जीत दर्ज की है। अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा ने दमदार प्रदर्शन के साथ स्पेन के इलिया कैनल्स और पाबलो गोन्जालेज आका को हराया। पहले सेट में भारत ने 38 का स्कोर बनाया जबकि स्पेन ने 37 का स्कोर किया। दूसरे सेट में दोनों टीमों का स्कोर 38-38 रहा। तीसरे सेट में भारत का स्कोर 36 ही रहा जबकि स्पेन ने 37 का स्कोर लेकर बढ़त बनाई। चौथे सेट में भारत ने 37 का स्कोर किया और स्पेन ने 36 का स्कोर किया। इसी के साथ भारत ने 5-3 से क्वार्टर फाइनल जीत लिया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।

05:55 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : भारत ने स्पेन के खिलाफ 3-1 की बढ़त ली

भारत और स्पेन ने दूसरे सेट में 38-38 अंक के साथ बराबरी हासिल की। भारत ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, जिसमें 10, 9, 9 और 10 अंक शामिल हैं। वहीं, स्पेन ने 9, 10, 10 और 9 ने भी इतने ही अंक बनाए।। इस सेट में बराबरी के बावजूद भारत 3-1 की बढ़त लेने में सफल रहा।

भारत: 10, 9, 9, 10 = 38 अंक

स्पेन: 9, 10, 10, 9 = 38 अंक

05:47 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : भारत ने क्वार्टरफाइनल में पहला सेट जीता

तीरंदाजी के मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल में भारत ने पहला सेट जीत लिया। 

05:03 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : मनु भाकर फाइनल में

भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वह क्वालिफिकेशन राउंड में दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने प्रिसीजन राउंड में 294 और रैपिड राउंड में 296 का स्कोर बनाया। कुल स्कोर मनु का 590 का रहा और उन्होंने 24 एक्स लगाए। पहले स्थान पर हंगरी की मेजर वेरोनिका रहीं। उन्होंने प्रिसीजन राउंड में 294 और रैपिड राउंड में 298 का स्कोर बनाया। वेरोनिका का कुल स्कोर 592 का रहा और उन्होंने 27 एक्स यानी परफेक्ट 10 लगाए। मनु ने अपने लगातार तीसरे इवेंट के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। इससे पहले वह महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में पहुंची थीं। दोनों में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। मनु के पास पदकों की हैट्रिक लगाने का मौका है। वह एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय भी हैं। मनु कल यानी शनिवार को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का फाइनल खेलेंगी। मनु प्रिसीजन राउंड के बाद तीसरे स्थान पर थीं। वहीं, इसी स्पर्धा में भारत की एक और शूटर ईशा सिंह 581 के स्कोर के साथ 18वें स्थान पर रहीं। उन्होंने प्रिसीजन राउंड में 291 का स्कोर बनाया, जबकि रैपिड राउंड में ईशा का स्कोर 290 रहा। मनु का फाइनल मुकाबला शनिवार को दोपहर एक बजे से खेला जाएगा।

04:29 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : ईशा का रैपिड राउंड खत्म

ईशा का रैपिड राउंड खत्म हो चुका है। उन्होंने इस राउंड की तीन सीरीज में 290 का स्कोर किया। पहली सीरीज में ईशा ने 97, दूसरी सीरीज में 96 और तीसरी सीरज में 97 का स्कोर बनाया। वह फिलहाल 15वें स्थान पर चल रही हैं। अब मनु भाकर रैपिड राउंड में उतरेंगी।

03:25 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : जुडोका तूलिका मान बाहर

भारतीय जूडो खिलाड़ी तूलिका मान पेरिस ओलंपिक की महिलाओं की 78 किग्रा से अधिक स्पर्धा के पहले दौर में शुक्रवार को यहां लंदन ओलंपिक की चैंपियन क्यूबा की इडेलिस ओर्टिज के खिलाफ शिकस्त के साथ बाहर हो गईं।

02:43 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : प्रिसीजन राउंड में मनु-ईशा का स्कोर

प्रिसीजन राउंड में मनु भाकर ने 10-10 शॉट की तीन सीरीज में 97, 98 और 99 के स्कोर के साथ कुल 294 का स्कोर बनाया। वह फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, भारत की एक और शूटर ईशा सिंह 291 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर हैं। प्रिसीजन राउंड के बाद रैपिड राउंड खेला जाएगा। इनमें तीन सीरीज का खेल होगा।

02:33 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : प्रिसीजन में मनु का मुकाबला जारी

प्रिसीजन राउंड में दूसरी सीरीज में मनु ने 100 में से 98 का स्कोर बनाया। उन्होंने पहली सीरीज में 97 स्कोर किया था। फिलहाल वह तीसरी सीरीज का शूट कर रही हैं।

02:19 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : प्रिसीजन में मनु का मुकाबला जारी

निशानेबाजी में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर का मुकाबला जारी है। पहली सीरीज में उन्होंने 100 में से 97 स्कोर किया। फिलहाल दूसरी सीरीज जारी है। भारत की एक और शूटर ईशा सिंह ने प्रिसीजन में 291 का स्कोर बनाया है। इसके बाद साढ़े तीन बजे से रैपिड राउंड की शुरुआत होगी।

01:33 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : तीरंदाजी में मिश्रित टीम का कमाल

तीरंदाजी में भारत की अंकिता भकत और धीरज की मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। टीम ने इंडोनिशिया को 5-1 से हरा दिया। 

01:11 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : ईशा ने किया कमाल

भारत की दो स्टार शूटर ईशा सिंह और मनु भाकर आज महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में उतरी हैं। ईशा प्रिसीजन राउंड के बाद 291 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। इस स्पर्धा में दो राउंड में तीन सीरीज में 10-10 शॉट लगाने होते हैं। शीर्ष स्कोर करने वाली आठ एथलीट्स फाइनल के लिए क्वालिफाई करती हैं। ईशा ने प्रिसीजन में पहली सीरीज में 100 में से 95, दूसरी सीरज में 100 में 96 और तीसरी सीरीज में 100 में से 100 स्कोर किया। फिलहाल सिंगापुर की तेह जियू होंग 293 के स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं, हंगरी की फैबियन सारा राहेल 291 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। फैबियन ने ईशा से ज्यादा एक्स शॉट लगाए हैं। यानी परफेक्ट 10 स्कोर किया है। मनु भाकर ने अब तक शूटिंग शुरू नहीं की है। उन पर सभी की नजरें होंगी।

12:34 PM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : मनु भाकर का क्वालिफिकेशन मुकाबला शुरू

मनु भाकर महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में चुनौती पेश कर रही हैं। उनका क्वालिफिकेशन मुकाबला शुरू हो चुका है। शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे। इस स्पर्धा में भारत की एक और निशानेबाज ईशा सिंह भी हैं। पहले कुछ शॉट्स के बाद ईशा फिलहाल 17वें नंबर पर चल रही हैं।

11:57 AM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : पेरिस ओलंपिक के सातवें दिन भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है...

गोल्फ
- पुरुष व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले दूसरा दौर: शुभंकर शर्मा, गगनजीत भुल्लर (दोपहर 12.30 बजे से)

निशानेबाजी
- 25 मीटर पिस्टल महिला क्वालिफिकेशन: ईशा सिंह, मनु भाकर (दोपहर 12.30 बजे से)
- स्कीट पुरुष क्वालिफिकेशन-पहला दिन: अनंतजीत सिंह नारुका (दोपहर 1.00 बजे से) 

तीरंदाजी
- मिक्स्ड टीम 1/8 एलिमिनेशन दौर: भारत बनाम इंडोनेशिया (अंकिता भकत/धीरज बोम्मादेवरा बनाम डियांडा कोरुनिसा/आरिफ पांगेस्तू) (दोपहर 1.20 बजे से)

जूडो
- महिला +78 किग्रा एलिमिनेशन राउंड ऑफ-32: तुलिका मान बनाम इडालिस ओरटिड्ज (दोपहर 1.30 बजे से)

सेलिंग 
- महिला डिंघी रेस-3: नेत्रा कुमानन (दोपहर 3.45 बजे से) 
- पुरुष डिंघी रेस-3: विष्णु सरवानेन (शाम 7.05 बजे से) 

हॉकी
- ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत ग्रुप चरण मुकाबला (शाम 4.45 बजे से) 

बैडमिंटन
- पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल: लक्ष्य सेन बनाम चू टिन चेन (शाम 6.30 बजे से) 

एथलेटिक्स
- महिला 5000 मीटर हीट-1: अंकिता ध्यानी (रात 9.40 बजे से)
- महिला 5000 मीटर हीट-2: पारुल चौधरी ( रात 10.06 बजे से) 
- पुरुष गोला फेंक क्वालिफिकेशन: तजिंदरपाल सिंह तूर (रात 11.40 बजे से)

11:57 AM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : वापसी करना चाहेगी भारतीय हॉकी टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम पेरिस ओलंपिक में अब तक अजेय चल रही थी, लेकिन बेल्जियम ने पूल बी में उसका यह अभियान थाम दिया। भारत पहले ही क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुका है और नॉकआउट दौर से पहले टीम वापसी करना चाहेगी। भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी गलतियों में सुधार करने का मौका रहेगा। 

11:57 AM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : पदक के करीब पहुंचने उतरेंगे लक्ष्य

भारत की बैडमिंटन में सबसे बड़ी उम्मीद में से एक लक्ष्य सेन की नजरें सेमीफाइनल में पहुंचने पर टिकी होंगी। लक्ष्य अगर क्वार्टर फाइनल की चुनौती पार करने में सफल रहे तो वह पदक के करीब पहुंच जाएंगे। लक्ष्य अगर इस मैच के बाद अगला मुकाबला भी जीतने में सफल रहे तो कम से कम रजत पदक पक्का कर लेंगे। अगर उनका सफर सेमीफाइनल में समाप्त हुआ तो उन्हें कांस्य पदक के लिए खेलना होगा। 

11:54 AM, 02-Aug-2024

Paris 2024 Olympics Live Updates : पेरिस ओलंपिक में आज

पेरिस ओलंपिक में अब तक दो पदक जीत चुकीं महिला निशानेबाज मनु भाकर पेरिस खेलों के सातवें दिन शुक्रवार को 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन में उतरेंगी। मनु से एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन की आस रहेगी, जबकि एचएस प्रणय को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन की नजरें सेमीफाइनल में पहुंचने पर टिकी होंगी। वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम भी अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना करने उतरेगी। 

11:50 AM, 02-Aug-2024

Paris Olympics Day-7 Live: लक्ष्य ने जीता बैडमिंटन पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, तूर फाइनल में पहुंचने से चूके

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक का सातवां दिन है। आज मनु भाकर महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन मुकाबले में उतरेंगी। अगर वह क्वालिफाई कर जाती हैं तो पदक की हैट्रिक लगाना चाहेंगी। इसके अलावा हॉकी में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें