भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को पांच टी20 मैचों की सीरीज मे ंहरा दिया। उसने शनिवार (छह अगस्त) को अमेरिका के फ्लोरिडा में खेले गए चौथे टी20 मैच में 59 रनों से जीत हासिल की। इस तरह टीम ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला रविवार (सात अगस्त) को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। भारत के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए।
भारतीय टीम जीत के करीब है। उसे सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के लिए एक विकेट की तलाश है। वेस्टइंडीज को नौवां झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने डोमिनिक ड्रैक्स (पांच रन) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
वेस्टइंडीज को सातवां झटका रवि बिश्नोई ने दिया। बिश्नोई ने अकील हुसैन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अकील 10 गेंद पर तीन रन ही बना सके। उनके बाद शिमरॉन हेटमायर भी आउट हो गए। हेटमायर को रवि बिश्नोई ने क्लीन बोल्ड कर दिया। वह 19 गेंद पर 19 रन ही बना सके।
वेस्टइंडीज को छठा झटका अनुभवी जेसन होल्डर के रूप में लगा। वह नौ गेंद पर 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। होल्डर को अर्शदीप ने संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 91 रन और बनाने हैं।
भारत को पांचवीं सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने कायेल मेयर्स के बाद रोवमन पॉवेल को भी पवेलियन भेज दिया। पॉवेल 16 गेंद पर 24 रन बनाकर दीपक हुड्डा को कैच थमा बैठे। उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। वेस्टइंडीज ने नौ ओवर में पांच विकेट पर 82 रन बना लिए हैं।
भारत को चौथी सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने कायेल मेयर्स को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। मेयर्स 16 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने दो चौके लगाए। मेयर्स के आउट होने के बाद शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर आए हैं। वेस्टइंडीज ने सात ओवर में चार विकेट पर 64 रन बना लिए हैं।
वेस्टइंडीज को तीसरा झटका लगा है। कप्तान निकोलस पूरन रनआउट हो गए हैं। उन्होंने आठ गेंद पर 24 रन बनाए। संजू सैमसन के थ्रो पर ऋषभ पंत ने उन्हें रनआउट कर दिया। पूरन ने अपनी पारी में एक चौका और तीन छक्के लगाए। उन्होंने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वेस्टइंडीज ने छह ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बना लिए हैं।
चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 27 रन है। फिलहाल निकोलस पूरन दो रन और काइल मेयर्स 9 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से आवेश खान ने दो विकेट लिए हैं। उन्होंने ब्रैंडन किंग और डेवोन थॉमस को पवेलियन भेजा।
भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 191 रन बनाए हैं। वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य है। भारत के लिए सबसे ज्यादा 44 रन विकेटकीपर ऋषभ पंत ने बनाए। अंत में अक्षर पटेल ने आठ गेंदों में 20 रन की पारी खेली। कप्तान रोहित ने 33 और संजू सैमसन ने 30 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए ओबेड मैकॉय और अल्जारी जोशेप ने दो-दो विकेट लिए।
164 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ओबेड मैकॉय ने छह रन के स्कोर पर दिनेश कार्तिक को क्लीन बोल्ड कर भारत को पांचवां झटका दिया।
146 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। ऋषभ पंत 31 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए। ओबेड मैकॉय ने उन्हें ड्रेक्स के हाथों कैच आउट कराया। संजू सैमसन और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 151 रन है।
भारत का तीसरा विकेट गिर चुका है। दीपक हुड्डा 19 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए हैं। अल्जारी जोशेप ने उन्हें ब्रैंडन किंग के हाथों कैच कराया। भारत को 108 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा है। अब पंत के साथ संजू सैमसन क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 123 रन है। सैमसन सात और पंत 33 रन बनाकर खेल रहे हैं।
दो विकेट के नुकसान पर भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद ऋषभ पंत और दीपक हुड्डा शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 42 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम बडे़ स्कोर की तरफ बढ़ रही है।
पांचवें ओवर में 53 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 16 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अकील हुसैन ने बोल्ड किया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 54 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 11 गेंदों में 25 रन और सूर्यकुमार यादव 13 रन बनाकर क्रीज पर हैं। ओबेड मैकॉय के तीसरे ओवर में रोहित और सूर्यकुमार ने मिलकर 25 रन बटोरे।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन (कप्तान), रोवमन पॉवेल, शिमरोन हेटमायर, डेवोन थॉमस (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, डोमिनिक ड्रेक्स, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय।
वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने भारत के खिलाफ चौथे टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम इंडिया में तीन बदलाव किए हैं। हार्दिक पांड्या, श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन की जगह संजू सैमसन, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
खबर आ रही है कि चोट की वजह से हर्षल पटेल एशिया कप से बाहर हो सकते हैं। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप में भी उनके खेलने पर संशय है। वह साइड स्ट्रेन से जूझ रहे हैं।
रात 8 बजकर 15 मिनट पर टॉस होगा। बारिश रुक चुकी है और कवर्स भी हटा लिए गए हैं। वहीं, 8 बजकर 45 मिनट पर मैच की शुरुआत होगी।
लॉडरहिल में बारिश की वजह से टॉस में देरी हो रही है। टॉस साढ़े सात में होना था, लेकिन फिलहाल वहां बारिश हो रही है। ऐसे में अंपायर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश के ज्यादा तेज नहीं होने की वजह से मैच थोड़ी देर में शुरू हो सकता है।
टी-20 विश्वकप से पहले भारतीय टीम अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी अपनाना चाहती है। ऐसे में दीपक हुड्डा को मैच में जगह मिल सकती है, जिन्होंने मौका मिलने पर अपने आपको साबित किया है। इसके साथ ही एशिया कप टी-20 के लिए 8 अगस्त को होने वाले टीम चयन के लिए खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय टीम आज वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी-20 मैच को जीतने के साथ ही टी20 सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी। भारत ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। सीरीज के बाकी बचे दो मैच फ्लोरिडा में खेले जाने हैं। इस मैच में रोहित के खेलने पर सस्पेंस है।