फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ARG vs ALG: मेसी मैजिक के आगे चारों खाने चित्त हुआ अल्जीरिया, तीन गोल दागे; अर्जेंटीना की जीत से शुरुआत

Wed, 17 Jun 2026 08:35 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कैनसस सिटी

खास बातें

FIFA World Cup 2026 Argentina vs Algeria Football Match Highlights: फीफा विश्वकप 2026 में अभी ग्रुप-जे में अर्जेंटीना का मुकाबला अल्जीरिया से हुआ। यह मुकाबला कैनसस सिटी में खेला गया। डिफेंडिंग चैंपियंस अर्जेंटीना ने अल्जीरिया पर 3-0 जीत हासिल की। तीनों गोल मेसी ने दागे।

यह खबर भी पढ़ें: लियोनल मेसी ने 200वें मैच को बनाया खास: फीफा विश्वकप में सबसे ज्यादा गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की; तीन गोल दागे
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:34 AM, 17-Jun-2026

अर्जेंटीना की जीत से शुरुआत

फीफा विश्व कप 2026 में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अल्जीरिया को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान लियोनल मेसी रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाकर एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर उनका जादू आज भी बरकरार है।

मेसी ने मैच में पहला गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई, फिर दूसरे हाफ में दो और गोल दागकर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। खास बात यह रही कि यह मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 200वां मैच था, जिसे उन्होंने यादगार बना दिया। मेसी के तीन गोलों के साथ उनका विश्व कप गोलों का आंकड़ा 16 तक पहुंच गया और उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के सर्वाधिक विश्व कप गोल के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।

अर्जेंटीना ने पूरे मैच में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, जबकि अल्जीरिया मेसी और उनकी टीम के आक्रमण के सामने बेबस नजर आया। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए और लगातार दूसरे विश्व कप खिताब की अपनी दावेदारी का दमदार आगाज किया।
 

08:14 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : 80वें मिनट में मेसी को मिला स्टैंडिंग ओवेशन

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी को 80वें मिनट में मैदान से बाहर बुला लिया गया। हैट्रिक लगाने और विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल (16) के रिकॉर्ड की बराबरी करने के बाद जब मेसी सब्स्टीट्यूट हुए तो स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। मैदान छोड़ते समय मेसी ने कप्तानी की आर्मबैंड अनुभवी डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी को सौंप दी। इसके साथ ही ओटामेंडी ने मैच के बाकी समय में अर्जेंटीना की कप्तानी संभाली। फिलहाल अर्जेंटीना 3-0 से आगे है।

यह खबर भी पढ़ें: लियोनल मेसी ने 200वें मैच को बनाया खास: फीफा विश्वकप में सबसे ज्यादा गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की; तीन गोल दागे

08:11 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : मेसी का तीसरा गोल

लियोनल मेसी ने 76वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागते हुए अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले को पूरी तरह अर्जेंटीना के पक्ष में कर दिया। शानदार टीम मूव के बाद मेसी को बॉक्स के बाहर गेंद मिली और उन्होंने अपने पसंदीदा बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। यह मेसी के विश्व कप करियर का 16वां गोल रहा। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल (16) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। सबसे खास बात यह रही कि मेसी ने यह उपलब्धि अपने 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच में हासिल की और विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने के ठीक 20 साल बाद इतिहास रच दिया।

विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी देश गोल
मिरोस्लाव क्लोजे जर्मनी 16
लियोनल मेसी अर्जेंटीना 16*
रोनाल्डो ब्राजील 15
किलियन एमबाप्पे फ्रांस 14
गेर्ड मुलर पश्चिम जर्मनी 14
जस्ट फोंटेन फ्रांस 13
पेले ब्राजील 12

विज्ञापन
07:56 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : मेसी का दूसरा गोल

अल्जीरिया के खिलाफ 60वें मिनट में लियोनल मेसी ने अपना दूसरा गोल दागते हुए एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह उनके विश्व कप करियर का 15वां गोल रहा। खास बात यह है कि मेसी का यह गोल उनके विश्व कप डेब्यू (जर्मनी 2006) के ठीक 20 साल बाद आया है। गोल की शुरुआत एलेक्सिस मैक एलिस्टर के दमदार दूरदराज के शॉट से हुई, जिसे अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके। रिबाउंड पर सबसे पहले पहुंचे मेसी ने बेहद शांत अंदाज में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 कर दी।

विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी देश गोल
मिरोस्लाव क्लोजे जर्मनी 16
रोनाल्डो ब्राजील 15
लियोनल मेसी अर्जेंटीना 15
किलियन एमबाप्पे फ्रांस 14
गर्ड मुलर पश्चिम जर्मनी 14
जस्ट फोंटेन फ्रांस 13
पेले ब्राजील 12

07:26 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : हाफटाइम

हाफ टाइम तक अर्जेंटीना 1-0 से आगे है। लियोनेल मेसी के विश्व कप करियर के 14वें गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन टीम ने बढ़त बनाई हुई है और पहले हाफ के अधिकांश समय खेल पर उसका नियंत्रण भी रहा। हालांकि, पहले 45 मिनट में अल्जीरिया ने कुछ अच्छे हमले किए और आत्मविश्वास हासिल किया। ऐसे में मुकाबला अभी पूरी तरह खुला हुआ है और नॉर्थ अफ्रीकन टीम के पास वापसी का मौका बना हुआ है।

विज्ञापन
07:00 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : मेसी ने दिखाई महानता

कैनसस सिटी में पहले हाफ के हाइड्रेशन ब्रेक तक मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मैच के शुरुआती 10 मिनट में दोनों टीमों के एक-एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिए गए। इसके बाद अर्जेंटीना ने खेल पर पकड़ बनानी शुरू की और कप्तान लियोनेल मेसी ने अपने जादुई अंदाज में मैच का पहला गोल दाग दिया। मेसी ने मिडफील्ड से गेंद संभाली, कुछ कदम आगे बढ़े और फिर अपने पसंदीदा बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान को कोई मौका नहीं दिया। इस गोल के साथ अर्जेंटीना ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका मिल गया।

06:34 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : 17वें मिनट में मेसी मैजिक

मेसी ने मैच के 17वें मिनट में जादुई गोल दागा। उन्होंने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन शूट लिया और अल्जीरिया के गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा। यह फीफा विश्वकप में मेसी का 14वां गोल रहा। यह उनका 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी है। मेसी ने इससे पहले भी गोल किया था, लेकिन रेफरी ने उसे ऑफ साइड बताया था। इसके बाद अल्जीरिया का भी एक गोल ऑफसाइड होने की वजह से ही नेगलेक्ट हो चुका। फिलहाल 27 मिनट के बाद अर्जेंटीना ने अल्जीरिया पर 1-0 की बढ़त बना रखी है।

06:27 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : स्टार्टिंग लाइन अप

अर्जेंटीना और अल्जीरिया की टीमें 4-3-3 के फॉर्मेशन के साथ उतरी हैं। यानी चार डिफेंडर्स, तीन मिडफील्डर्स और तीन फॉरवर्ड। 

अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज, गोंजालो मोंटिएल, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, फाकुंडो मेडिना, रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज, लियोनल मेसी, थियागो अल्माडा, लाउतारो मार्टिनेज।

अल्जीरिया: लुका जिदान, ऐसा मांडी, रयान ऐट-नूरी, रफीक बेलघाली, रामी बेन्सेबैनी, फारेस शाइबी, हिचम बुदाउई, नबील बेंटालेब, इब्राहिम माज़ा, अमीन गुइरी, अनिस हदज मूसा।

06:23 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : दोनों टीमों की स्टार्टिंग लाइन अप

अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज, गोंजालो मोंटिएल, लिसांद्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, फाकुंडो मेडिना, रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज, लियोनल मेसी, थियागो अल्माडा, लाउतारो मार्टिनेज।

अल्जीरिया: लुका जिदान, ऐसा मांडी, रयान ऐट-नूरी, रफीक बेलघाली, रामी बेन्सेबैनी, फारेस शाइबी, हिचम बुदाउई, नबील बेंटालेब, इब्राहिम माज़ा, अमीन गुइरी, अनिस हदज मूसा।

06:21 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : मेसी की फिटनेस पर स्कालोनी का बयान

स्कालोनी ने कहा, 'हमारी राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ी शानदार हैं। उनमें से कुछ को चोट लगी है और कुछ पूरी तरह से फिट हैं। केवल निको इकलौता खिलाड़ी जिसकी चोट थोड़ा चिंताजनक है। बाकी किसी को भी गंभीर चोट नहीं है।' 38 वर्षीय मेसी ने दो सप्ताह पहले कनसास सिटी में अर्जेंटीना के बेस कैंप में पहुंचने के बाद से मीडिया से बात नहीं की है, लेकिन अभ्यास सत्र के दौरान आठ बार के बैलोन डीओर विजेता फिट और तनावमुक्त नजर आए। मेसी ने पिछले हफ्ते आइसलैंड के साथ एक अभ्यास मैच में 20 मिनट खेलकर और गोल करके अपनी अपनी फिटनेस को लेकर जताई जा रही आशंकाओं को दूर कर दिया।

06:21 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : मेसी पर रहेंगी नजरें

अर्जेंटीना अपने कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंतित हैं जिनमें मेसी भी शामिल है जो मांसपेशियों में हल्के खिंचाव से जूझ रहे हैं। उनके अलावा निको पाज़ घुटने की चोट से उबर रहे हैं, जूलियन अल्वारेज़ को टखने में चोट लगी है। गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ के उंगली में फ्रैक्चर होने के बावजूद शुरुआती लाइनअप में शामिल होने की उम्मीद है। असली सवाल सिर्फ निकोलस टैग्लियाफिको को लेकर है, जो अपने बाएं पांव के पिछले हिस्से में मांसपेशियों में खिंचाव के बावजूद अभ्यास कर रहे हैं।

06:20 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : क्या कर पाएंगे खिताब का बचाव

विश्व कप के इतिहास में अभी तक केवल दो देश ही अपने खिताब का बचाव कर पाए हैं। इटली ने 1938 में और ब्राजील ने 1962 में यह कारनामा किया था। इसका मतलब है कि पिछले 64 साल से कोई भी टीम अपना खिताब नहीं बचा पाई है तथा अर्जेंटीना और उसके स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के लिए यह बड़ी चुनौती होगी। अर्जेंटीना हालांकि इतिहास में अपना नाम दर्ज करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्कालोनी ने कहा, 'हम आश्वस्त और आत्मविश्वास से भरे हैं। हम यहां हैं और यह हमारे लिए बहुत अच्छा समय है।'

06:19 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : कोच स्कालोनी ने क्या कहा?

अर्जेंटीना के अल्जीरिया के खिलाफ 2026 विश्व कप के पहले मैच से एक दिन पहले स्कालोनी ने कहा, 'हमें पिछले विश्व कप का अनुभव है, इसलिए यह पहला मैच निर्णायक नहीं है। मेरा मतलब है, यह महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पहला मैच ही सब कुछ है।'

 

06:18 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria Live : अर्जेंटीना ने पिछले साल पहला मैच गंवाया था

अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी जानते हैं कि विश्व कप का फैसला टूर्नामेंट के पहले मैच में नहीं होगा। उनकी टीम ने चार साल पहले यह साबित कर दिया था। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना 2022 में कतर में सऊदी अरब से मिली हार की तरह ही शुरुआत करना चाहता है। अर्जेंटीना ने तब पहला मैच गंवाने के बाद शानदार वापसी की थी। उसने ग्रुप चरण के अपने बाकी बचे दो मैच में पोलैंड और मैक्सिको को हराया, क्वार्टरफाइनल में नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में पराजित किया और आखिर में एक और पेनल्टी शूटआउट में फ्रांस को हराकर अपना तीसरा विश्व खिताब जीता।

06:15 AM, 17-Jun-2026

Argentina vs Algeria: मेसी मैजिक के आगे चारों खाने चित्त हुआ अल्जीरिया, तीन गोल दागे; अर्जेंटीना की जीत से शुरुआत

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। फीफा विश्वकप 2026 में अभी ग्रुप-जे में अर्जेंटीना का मुकाबला अल्जीरिया से जारी है। यह मुकाबला कैंसास सिटी में खेला जा रहा है। दोनों टीमों की स्टार्टिंग लाइन अप आ चुकी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें