फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2022 Day 9: रवि दहिया, विनेश फोगाट के बाद नवीन ने भी स्वर्ण पदक जीता, टेबल टेनिस में भाविना को गोल्ड

Sun, 07 Aug 2022 02:32 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम

खास बातें

Commonwealth Games 2022 Day 9 Highlights: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत अब तक 40 पदक जीत चुका है। आज कुश्ती में रवि दहिया, नवीन और विनेश फोगाट ने स्वर्ण जीता। इसके अलावा पैरा टेबल टेनिस में भाविना को स्वर्ण मिला। दस हजार मीटर पैदल चाल में प्रियंका, 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले और लॉन बॉल में पुरुष टीम ने रजत पदक जीता।

भारत के पदक विजेता
13 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश फोगाट, नवीन, भाविना (पैरा टेबल टेनिस)
11 रजतः संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम
16 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस
विज्ञापन
विनेश फोगाट, नवीन और रवि दहिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:52 AM, 07-Aug-2022

CWG 2022: बॉक्सर सागर फाइनल में

भारतीय बॉक्सर सागर अहलावत सुपरहेवीवेट कैटेगरी में 92 किलो भारवर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में नाइजीरिया के इफआन्यी ओनिएकवेयर को 5-0 से हरा दिया। इस तरह सागर ने भारत के लिए कम से कम एक रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह फाइनल में स्वर्ण पर दांव लगाएंगे। इससे पहले 67 किलो भारवर्ग में बॉक्सर रोहित टोकस को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। उन्हें सेमीफाइनल में जाम्बिया के जिम्बा ने 3-2 से हराया था। यानी तीन रेफरी का फैसला जाम्बिया के बॉक्सर के फेवर में गया।

01:34 AM, 07-Aug-2022

CWG 2022: पैरा टेबल टेनिस में भाविना को स्वर्ण

पैरा टेबल टेनिस में भाविना हसमुखभाई पटेल ने स्वर्ण जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में नाइजीरिया की इफेचुकवुदे क्रिस्टियाना को लगातार तीन गेमों में 12-10, 11-2, 11-9 से हरा दिया। भारत के कुल पदकों की संख्या 40 हो गई है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने अब तक 13 स्वर्ण जीते हैं। वहीं, 11 रजत और 16 कांस्य भी भारत को मिल चुके हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल पांचवें स्थान पर है।

भाविना इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहीं। पहला मैच भाविना ने ऑस्ट्रेलिया की डेनियेला डी टोरो को 3-1 से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में भाविना ने नाइजीरिया की ही क्रिस्टियाना पर 3-0 की जीत हासिल की थी। तीसरे मैच में भाविना ने फिजी की अकानिसी लाटू के खिलाफ 3-0 से जीत हासिल की थी। 

सेमीफाइनल में भाविना ने इंग्लैंड की सुए बेली को 3-0 से हराया था। वहीं अब फाइनल जीतकर भारत के लिए 13वां स्वर्ण जीता।

CWG: Bhavina Patel Assures India Another Medal, Reaches Final Of Para Table  Tennis Classes 3-5 | Commonwealth Games News

12:20 AM, 07-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में भारत के सभी 12 पहलवान जीते

भारत को शनिवार (छह अगस्त) को कुश्ती में छह पदक मिले। रवि दहिया, विनेश फोगाट और नवीन ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग और दीपक नेहरा ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। इस तरह कुश्ती में भारत को कुल 12 पदक मिले। इससे पहले शुक्रवार को दीपक पूनिया, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक को स्वर्ण पदक मिला था। अंशु मलिक को रजत से संतोष करना पड़ा था। वहीं, दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक जीता था। इस तरह भारत के सभी 12 पहलवानों ने पदक जीतने में सफलता हासिल की।

विज्ञापन
12:11 AM, 07-Aug-2022

CWG 2022 Live: पुरुष हॉकी टीम फाइनल में पहुंची

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में अपना स्थान बना लिया है। उसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराया। टीम इंडिया ने फाइनल में पहुंचकर देश के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।

12:03 AM, 07-Aug-2022

CWG 2022 Live: दीपक नेहरा ने दिलाया कांस्य

भारत को कुश्ती में 12वां पदक दीपक नेहरा ने दिलाया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 97 किलो वर्ग में पाकिस्तान के तैयब राजा को 10-2 से हरा दिया।

विज्ञापन
11:53 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: हुसामुद्दीन सेमीफाइनल में हारे, कांस्य मिला

बॉक्सिंग में पुरुषों के 57 किग्रा (फेदरवेट) वर्ग के सेमीफाइनल में भारत के मोहम्मद हुसामुद्दीन हार गए हैं। घाना के जोसेफ कॉमी ने उन्हें 4-1 से हराया। हुसामुद्दीन को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है।

11:31 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: पूजा सिहाग कांस्य जीतीं

भारत को पूजा सिहाग ने कुश्ती में कांस्य दिलाया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 76 किलो वर्ग में ऑस्ट्रेलिया की नाओमी डी ब्रुईन को 11-0 से हराया।

11:08 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: नवीन ने पाकिस्तानी पहलवान को पटका

नवीन ने कुश्ती में भारत को छठा और कुल 12वां स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 74 किलो वर्ग में पाकिस्तान के मुहम्मद शरीफ ताहिर को 9-0 से हराया। नवीन ने मैच में शुरू से ही अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने पाकिस्तानी पहलवान को कोई मौका नहीं दिया। भारत को 34वां पदक बर्मिंघम में मिला।

10:32 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: विनेश ने लगाई गोल्ड की हैट्रिक

अनुभवी पहलवान विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक लगा ली है। विनेश ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 53 किलो में श्रीलंका की चामोडया केशानी को हराया। विनेश ने यह मैच 4-0 से अपने नाम किया। उन्होंने 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किलो और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 50 किलो वर्ग में स्वर्ण जीता था।

 

10:05 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: रवि दहिया ने जीता स्वर्ण पदक

भारत के स्टार पहलवान रवि कुमार दहिया ने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों मे पदक जीत लिया है। उनका पहला पदक ही स्वर्ण है। रवि ने फ्रीस्टाइल 57 किलो वर्ग के फाइनल में नाइजीरिया के एबिकेवेनिमो विल्सन को 10-0 से हराया। भारत का कुश्ती में यह चौथा स्वर्ण है। वहीं, इस खेल में कुल पदकों की संख्या आठ हो गई है। रवि ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था। तब वह स्वर्ण से चूक गए थे, लेकिन इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं की। रवि से पहले बर्मिंघम में कुश्ती में दीपक पूनिया, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक स्वर्ण जीत चुकी हैं।

09:36 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: पूजा ने जीता कांस्य

पूजा गहलोत ने भारत को कुश्ती में सातवां पदक दिलाया। उन्होंने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किलो वर्ग में कांस्य जीता। पूजा ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टिले लेमोफैक को 12-2 से हराया। पूजा का राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला पदक है। उन्होंने 2019 में अंडर-23 चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था।


 

09:13 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में श्रीजा-टेनिसन की जोड़ी भी हारी

टेबल टेनिस में महिला युगल में श्रीजा अकुला और रीथ टेनिसन की जोड़ी को भी हार का सामना करना पड़ा है। सिंगापुर की जिंगी और वॉन्ग की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 14-16, 11-13, 11-6, 8-11 से हराया है।

09:04 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में मनिका और दिया की हार

टेबल टेनिस में महिला युगल के क्वार्टर फाइनल मैच में मनिका बत्रा और दिया पराग की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा है। वेल्स की कैरी और हर्सी की जोड़ी ने उन्हें 1-3 से हराया। इसके साथ ही मनिका बत्रा राष्ट्रमंडल खेल 2022 से बाहर हो चुकी हैं। उन्हें महिला एकल, मिश्रित युगल और अब महिला युगल में हार का सामना करना पड़ा है। 2018 कॉमनवेल्थ में महिला एकल में स्वर्ण जीतने वाली मनिका इस बार कोई पदक नहीं जीत पाई हैं। 

08:05 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: बॉक्सिंग में जैस्मिन की हार

बॉक्सिंग में महिलाओं के 57-60 किलोग्राम भारवर्ग में जैस्मिन को इंग्लैंड की गेमा पैज रिचर्डसन के खिलाफ 3-2 से हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही उन्हें कांस्य पदक के साथ संतोष करना पड़ा है।

07:43 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: स्क्वैश में भारतीय जोड़ी हारी

स्क्वैश के मिश्रित युगल में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। सौरव गोपाल और दीपिका पल्लीकल की जोड़ी को न्यूजीलैंड के जोएल किंग और पॉल कॉल की जोड़ी ने हराया है। अब भारतीय जोड़ी कांस्य पदक के लिए खेलेगी।

07:31 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: निकहत जरीन फाइनल में पहुंचीं

बॉक्सिंग में निकहत जरीन ने महिलाओं के 48-50 किलोग्राम भारवर्ग में इंग्लैंड की सवनाह को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। वो कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी बॉक्सर हैं। 

07:25 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में शरथ-श्रीजा की जोड़ी फाइनल में

टेबल टेनिस में शरथ कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को 11-9, 11-8, 9-11, 12-14, 11-7 से हराया और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। 

07:17 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: लॉन बॉल में पुरुष टीम ने रजत पदक जीता

लॉन बॉल में पुरुष टीम (चार खिलाड़ी) को फाइनल में उत्तरी आयरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही भारतीय टीम को रजत पदक के साथ संतोष करना पड़ा है। 14 एंड के बाद भारतीय टीम यह मैच 18-5 से हार गई। भारत के लिए सुनील बहादुर, नवनीत सिंह, चंदन कुमार सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी ने कमाल किया है।

06:43 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। उसने सेमीफाइनल में इंग्लैंड चार विकेट से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 164 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन ही बना सकी।

06:35 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में एक पदक पक्का

टेबल टेनिस में भारत का एक पदक पक्का हो गया है। अचंत शरत कमल और साथियां गुणज्ञानशेखरन की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के निकोलस लूम और फिन लू की जोड़ी को हराकर पुरुष युगल के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। शरत कमल और साथियां ने इस मैच को 8-11, 11-9, 10-12, 11-1, 11-8 से अपने नाम किया।

05:43 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: सिंधु सेमीफाइनल में पहुंचीं

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु महिलाओं की एकल स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में मलेशिया की जिन वेई गोह को तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-14, 21-18 से हराया। यह सिंधु के लिए काफी मुश्किल मैच था। वेई गोह राष्ट्रमंडल खेलों में उनकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदद्वी थीं। पहला गेम हारने के बाद तो ऐसा लगा कि सिंधु के लिए वापसी मुश्किल होगी, लेकिन उन्होंने अपना दम दिखाया और मलेशियाई खिलाड़ी को अगले दो गेम में हरा दिया।

05:38 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: भारत कुश्ती में छह और पदक की उम्मीद

भारत के छह पहलवान पदक की दौड़ में हैं। रवि दहिया, नवीन और विनेश फोगाट से स्वर्ण की उम्मीद है। वहीं, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग और दीपक नेहरा कांस्य पदक के लिए मैच खेलेंगे।

05:36 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: पूजा गहलोत सेमीफाइनल में हारीं

भारत की पहलवान पूजा गहलोत महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में हार गई हैं। उन्हें कनाडा की मेडिसन पार्क्स ने 9-6 से हराया। पूजा अब कांस्य पदक के लिए खेलेंगी।

05:25 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: रवि दहिया ने पाकिस्तानी पहलवान को पटका

रवि कुमार दहिया ने फ्रीस्टाइल 57 किग्रा के सेमीफाइनल में पाकिस्तानी पहलवान अली असद को पटखनी दी। रवि ने यह मैच 14-4 से अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई।

05:09 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में नवीन फाइनल में

भारत के पहलवान नवीन फ्रीस्टाइल 74 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के चार्ली बाउलिंग को 12-1 से हराया। नवीन ने एक पदक अपने लिए पक्का कर लिया है।

05:04 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में रवि कुमार भी जीते

कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा भारवर्ग में रवि कुमार ने न्यूजीलैंड के सूरज को 10-0 से हराया है। इसके साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 

05:02 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में पूजा सेमीफाइनल मैच हारीं

कुश्ती में महिलाओं के 76 किलोग्राम भारवर्ग में पूजा सिहाग को कनाडा की जस्टिना ने 6-0 से मात दी है। सेमीफाइनल मैच में हार के साथ ही पूजा के स्वर्ण जीतने की उम्मीद खत्म हो गई है। हालांकि, वो अभी भी कांस्य पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी। 

04:31 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले ने रजत पदक जीता

पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश साबले ने रजत पदक जीत लिया है। अविनाश ने अपनी रेस 8.11.20 मिनट में खत्म की। इसके साथ ही उन्होंने तीन हजार मीटर रेस में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। वो स्वर्ण पदक जीतने वाले अब्राहम किबिवॉट से सिर्फ 0.5 सेकेंड पीछे रहे। केन्या अब्राहम ने 8.11.15 मिनट में अपनी रेस पूरी की। वहीं, केन्या के ही अमोस सेरेम ने 8.16.83 मिनट में अपनी रेस पूरी की और कांस्य पदक अपने नाम किया। 

04:28 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में साथियान सेमीफाइनल में पहुंचे

टेबल टेनिस के पुरुष एकल में साथियान सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। वो अपना पदक पक्का करने से एक जीत दूर हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के सैम वॉकर को 4-2 से हराया। साथियान ने यह मुकाबला 11-5, 11-7, 11-5, 8-11, 10-12, 11-9 के अंतर से जीता।

04:19 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में नवीन भी सेमीफाइनल में पहुंचे

कुश्ती में नवीन ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने पुरुषों के 74 किग्रा भारवर्ग में सिंगापुर के हांग यो को 10-0 से हराया। 

04:13 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में पूजा सिहाग सेमीफाइनल में पहुंचीं

महिलाओं के 76 किग्रा भारवर्ग में पूजा सिहाग ने न्यूजीलैंड की मिशेल मॉनटैग्यू को 5-3 से हराया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 

04:00 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: विनेश ने नाइजीरिया की पहलवान को हराया

महिलाओं के 53 किग्रा भारवर्ग में विनेश फोगाट ने अपना तीसरा मैच भी जीत लिया है। उन्होंने नाइजीरिया की पहलवान को 6-0 से हराया है। 

03:48 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: 10,000 मीटर पैदल चाल में प्रियंका ने रजत पदक जीता

महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल में प्रियंका ने रजत पदक जीत लिया है। उन्होंने 43.38 मिनट में अपनी रेस पूरी की। ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा ने 42.34 मिनट का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, केन्या की एमिली 43.50.86 मिनट में रेस पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं।

03:44 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: बॉक्सिंग में अमित पंघाल फाइनल में पहुंचे

बॉक्सिंग में पुरुषों के 48-51 किग्रा वर्ग में अमित पंघाल ने जाम्बिया के पैट्रिक को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।

03:41 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में पूजा गेहलोत को वॉकओवर

कुश्ती में महिलाओं के 50 किग्रा भारवर्ग में पूजा गेहलोत को दूसरे मैच में वॉकओवर मिला है। कैमरून की पहलवान ने इस मुकाबले में अपना नाम वापस ले लिया और पूजा अब आगे बढ़ चुकी हैं। 

03:36 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में शरथ कमल जीते

टेबल टेनिस के पुरुष एकल में शरथ कमल ने सिंगापुर के यंग आईजैक के खिलाफ 4-0 से जीत हासिल की है। उन्होंने यह मुकाबला 11-6, 11-7, 11-4, 11-7 के अंतर जीता। इसके साथ ही शरथ सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।

03:35 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: महिला क्रिकेट टीम का मुकाबला शुरू

महिला क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। 

03:22 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में नवीन भी जीते

कुश्ती में पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग में नवीन ने सिंगापुर के हॉन्ग यो के 13-3 के अंतर से हराया है। इसके साथ ही उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। 

03:15 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में विनेश सिर्फ 26 सेकेंड में जीतीं

कुश्ती में महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में विनेश फोगाट ने सिर्फ 26 सेकेंड में अपना मैच जीत लिया। उन्होंने सामंथा स्टेवर्ट को गिराकर मुकाबला अपने नाम किया।

03:11 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: बॉक्सिंग में नीतू फाइनल में पहुंचीं

महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू ने फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल मैच में कनाडा की प्रियंका ढिल्लोन को दो राउंड में 5-0 से हराया। इसके बाद रेफरी ने मैच रोक दिया और नीतू को विजेता घोषित किया गया। यह मैच जीतने के साथ ही उन्होंने फाइनल में जगह बना ली है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। 

03:09 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: कुश्ती में पूजा गेहलोत की जीत

कुश्ती में पूजा गेहलोत ने अपना पहला मैच जीत लिया है। महिलाओं के 50 किग्रा भारवर्ग में उन्होंने स्कॉटलैंड की क्रिस्टली को 12-2 के अंतर से हराया। 

03:06 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: बॉक्सिंग में नीतू का मुकाबला शुरू

महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू का मुकाबला सउरू हो चुका है। सेमीफाइनल मैच में उनका सामना कनाडा की प्रियंका ढिल्लोन के साथ है। वो पहले ही अपना पदक पक्का कर चुकी हैं और यह मैच जीतकर वो फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। यह मैच जीतने पर वो कम से कम रजत पदक पक्का कर लेंगी।

02:40 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में शरथ कमल का मुकाबला शुरू

टेबल टेनिस के पुरुष एकल में शरथ कमल का मुकाबला शुरू हो चुका है। उनका सामना सिंगापुर के यंग आईजैक के साथ है। 

02:37 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में श्रीजा अकुला और टेनिसन की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में

टेबल टेनिस के महिला युगल में श्रीजा अकुला और टेनिसन की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय जोड़ी ने वेल्स की थॉमस और लारा की जोड़ी को 11-7, 11-4, 11-3 से हराया। 

02:34 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में मनिका और दिया की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंची

टेबल टेनिस के महिला युगल में मनिका और दिया की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय जोड़ी ने मॉरिशस की होसनली और जालिम की जोड़ी को 11-5, 11-5, 11-3 से हराया।

02:22 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: टेबल टेनिस में दो मुकाबले शुरू

टेबल टेनिस के महिला युगल में भारत के दो मुकाबले शुरू हो चुके हैं। मनिका बत्रा और दिव्या की जोड़ी का सामना मॉरिशस की जोड़ी से है। वहीं, श्रीजा अकुला और रीथ रिश्या की जोड़ी का मुकाबला वेल्स की टीम से है।

12:59 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: भारत के लिए कैसा रहा आठवां दिन

कॉमनवेल्थ 2022 का आठवां दिन भारत के पहलवानों के नाम रहा। इस दिन भारत के छह पहलवान मैट पर उतरे और सभी ने पदक जीते। इनमें तीन स्वर्ण पदक, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। पहलवान बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया और साक्षी मलिक ने स्वर्ण जीता। अंशु मलिक ने रजत जीता। वहीं, दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य जीता। भाविना ने भी पैरा टेबल टेनिस के फाइनल में जगह बना ली है और पदक पक्का कर लिया है। भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आठवां दिन कैसा रहा जानने के लिए यहां क्लिक करें। 

12:57 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Live: आज इन खेलों में चुनौती पेश कर रहा है भारत

एथलेटिक्स
महिला 10 किमी वॉक फाइनल, भावना जाट और प्रियंका गोस्वामी, दोपहर 3:00 बजे
पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल, अविनाश मुकुंद सेबल, शाम 4:20 बजे
महिला 400 मीटर रिले राउंड हीट 1 हिमा दास, दुती चंद, सरबनी नंदा, सिमी एनएस, शाम 4:45 बजे 
महिला हैमर थ्रो फाइनल, मंजू बाला, रात 11:30 बजे 
पुरुष 5000मी फाइनल अविनाश मुकुंद सेबल, 7 अगस्त, रात 12:40 बजे
पैरा एथलेटिक्स 
महिला 55 - 57 शॉट पुट फाइनल, पूनम शर्मा, शर्मिला, संतोष, दोपहर 2:50 बजे

बैडमिंटन
महिला एकल क्वार्टर फाइनल, पीवी सिंधु, शाम 4:20 बजे
महिला एकल क्वार्टर फाइनल, आकर्षी कश्यप, शाम 6 बजे
पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, लक्ष्य सेन, रात 10 बजे
पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, किदांबी श्रीकांत, रात 10 बजे
महिला युगल क्वार्टर फाइनल, ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद, रात 10:50 बजे
पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल, सात्विक सैराज और चिराग शेट्टी, रात 11:40 बजे

बॉक्सिंग
महिलाओं का न्यूनतम वजन (45-48 किग्रा) सेमीफाइनल, नीतू, दोपहर 3 बजे
पुरुष फ्लाईवेट (48 किग्रा-51 किग्रा) सेमीफाइनल, अमित पंघाल, दोपहर 3:30 बजे
महिला लाइट फ्लाईवेट (48 किग्रा-50 किग्रा) सेमीफाइनल, निकहत जरीन, शाम 7:15 बजे
महिला लाइटवेट (57किग्रा-60किग्रा) जैस्मीन, रात 8 बजे
पुरुष वर्ल्टरवेट (63.5 किग्रा-67 किग्रा), रोहित टोकस- दोपहर 12:45 बजे
पुरुष सुपर हैवीवेट (92 किग्रा से अधिक), सागर, 7 अगस्त, रात 1:30 बजे
महिला क्रिकेट
भारत बनाम इंग्लैंड, सेमीफाइनल, दोपहर 3:30 बजे

लॉन बॉल
पुरुषों टीम (चार खिलाड़ी) स्वर्ण पदक मैच, भारत बनाम आयरलैंड, शाम 4:30 बजे

स्क्वैश
पुरुष युगल क्वार्टरफाइनल, वेलावन सेंथिलकुमार और अभय सिंह, शाम 5:15 बजे
मिश्रित युगल सेमीफाइनल, दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल, शाम 6:45 बजे

हॉकी
पुरुष टीम सेमीफाइनल, दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत, रात 10:30 बजे

टेबल टेनिस
महिला युगल, अकुला श्रीजा और रीथ टेनिसन, दोपहर 2 बजे
महिला युगल, मनिका बत्रा/दीया पराग चितले, दोपहर 2 बजे
पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, अचंता शरथ कमल, दोपहर 2:40 बजे
पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, जी साथियान, दोपहर 3:25 बजे
पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल, सानिल शेट्टी, दोपहर 3:25 बजे
महिला एकल सेमीफाइनल, श्रीजा अकुला, शाम 4:10 बजे
पुरुष युगल सेमीफाइनल, अचंता शरत कमल और जी साथियान, शाम 4:55 बजे
मिश्रित युगल सेमीफाइनल, अचंता शरथ कमल और अकुला श्रीजा, शाम 6 बजे

पैरा टेबल टेनिस
पुरुष एकल वर्ग 3-5: कांस्य पदक मैच, राज अरविंदन अलगर, रात 10:45 बजे
महिला एकल वर्ग 3-5 कांस्य पदक मैच, सोनलबेन पटेल, 7 अगस्त रात 12:15 बजे
महिला एकल वर्ग 3-5 स्वर्ण पदक मैच, बहवीना पटेल,  7 अगस्त, रात 1:00 बजे

कुश्ती (दोपहर 3 बजे से शुरू)
पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल: रवि दहिया
पुरुष फ्रीस्टाइल 97 किग्रा क्वार्टर फाइनल: दीपक नेहरा
महिला फ्रीस्टाइल 76 किग्रा क्वार्टर फाइनल: पूजा सिहाग
महिला फ्रीस्टाइल 53 किग्रा, नॉर्डिक सिस्टम मैच, विनेश फोगाट
महिला फ्रीस्टाइल 50 किग्रा, नॉर्डिक सिस्टम मैच, पूजा गहलोत
पुरुष फ्रीस्टाइल 74 किग्रा 1/8 फाइनल, नवीन
महिला फ्रीस्टाइल 53 किग्रा- नॉर्डिक सिस्टम मैच, विनेश फोगाट
महिला फ्रीस्टाइल 50 किग्रा - नॉर्डिक सिस्टम मैच, पूजा गहलोत
महिला फ्रीस्टाइल 53 किग्रा - नॉर्डिक सिस्टम मैच, विनेश फोगट।

12:49 PM, 06-Aug-2022

CWG 2022 Day 9: रवि दहिया, विनेश फोगाट के बाद नवीन ने भी स्वर्ण पदक जीता, टेबल टेनिस में भाविना को गोल्ड

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आज नौवां दिन है। इस इवेंट में भारत ने अब तक 26 पदक जीते हैं। इसमें आठ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। आठवें दिन छह भारतीय पहलवान मैट पर उतरे थे और सभी ने पदक जीते। नौवें दिन भी पहलवानों से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी। इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी। मुक्केबाजी में पदक पक्का करने वाले सभी छह खिलाड़ी आज फाइनल में जगह बनाने के लिए उतरेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें