Asian Games Day 2: भारत ने एशियन गेम्स के दूसरे दिन कुल चार पदक जीते। इस तरह भारत एशियाड में अब तक छह मेडल अपने नाम कर चुका है। टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान को हराया, जबकि हॉकी, बैडमिंटन और कबड्डी में भी टीम को सफलता मिली। मेडल्स टैली देखने के लिए यहां क्लिक करें
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ए के मुकाबले में बांग्लादेश को हराया। भारत ने बांग्लादेश पर दबदबा दिखाते हुए 42-21 से जीत हासिल की। हॉफ टाइन तक भारत 21-10 से आगे था। इसके बाद दूसरे हाफ में भी भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 21-11 का स्कोर किया।
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया है। पहले मैच में हरमीत देसाई ने मोहम्मद खान को 11-4, 11-3, 11-5 से हराया। इसके बाद जी सातियान ने अब्बास खान को 11-1, 11-8, 11-9 से हराया। फिर पायस जैन ने मोहम्मद खान को हराकर पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में धूल चटाई।
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान पर 2-0 की बढ़त बना ली है। पहले मैच में हरमीत देसाई ने मोहम्मद खान को 11-4, 11-3, 11-5 से हराया। इसके बाद जी सातियान ने अब्बास खान को 11-1, 11-8, 11-9 से हराया। अब पायस जैन का सामना मोहम्मद खान से हो रहा है। एक और मैच जीतते ही भारत पाकिस्तान को हरा देगा।
भारत की पुरुष टीम पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले के लिए मैदान पर पहुंच गई है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया था। पाकिस्तान मंगलवार को इंडोनेशिया और ईरान के खिलाफ हार के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे है। ऐसे में भारतीय पुरुष टीम की नजर अहम जीत दर्ज करने और महिला टीम की सफलता को दोहराने पर होगी।
नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा राउंड ऑफ-16 मुकाबले में बांग्लादेश की शिखा खातून को अंकों के अंतर से हराकर अगले दौर में जगह बना ली। शिखा पूरे मुकाबले में रोशिबिना को खास चुनौती नहीं दे सकीं।
एशियन गेम्स 2026 के अभियान की शुरुआत से पहले श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम इंडिया ऐतिहासिक मुकाबले के लिए जापान पहुंच गई है। भारतीय टीम मंगलवार को मेजबान जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मुकाबला खेलेगी। बीसीसीआई ने टीम इंडिया के जापान पहुंचने का वीडियो साझा किया है।
Touchdown Tokyo 🛬
— BCCI (@BCCI) September 21, 2026
All smiles as #TeamIndia has arrived for their historic one-off T20I against Japan and the #AsianGames 2026 campaign 🙌 pic.twitter.com/GfoJBVVknY
तैराकी में पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में भारत के श्रीहरि नटराज कोई पदक नहीं जीत सके। वह 10 खिलाड़ियों के फाइनल में 25:52 सेकंड के समय के साथ आखिरी स्थान पर रहे।
बैडमिंटन पुरुष टीम इवेंट में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से हरा दिया। लक्ष्य सेन ने अयमान जमान को सीधे गेम में 21-4, 21-12 से हराकर भारत को बांग्लादेश के खिलाफ 1-0 की बढ़त दिला दी। लक्ष्य ने यह मुकाबला 24 मिनट में अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में आयुष शेट्टी ने गौरब सिंघा को 21-4, 21-13 से हरा दिया। फिर तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने अल अमीन जुमार को 21-15, 21-9 से शिकस्त दी।
लक्ष्य सेन ने अयमान जमान को सीधे गेम में 21-4, 21-12 से हराकर भारत को बांग्लादेश के खिलाफ 1-0 की बढ़त दिला दी। लक्ष्य ने यह मुकाबला 24 मिनट में अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में आयुष शेट्टी का सामना गौरब सिंघा से हो रहा है। आयुष ने पहला गेम 21-4 से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली है।
सुचिका तरियाल ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीता, लेकिन उनके फाइनल में पहुंचने की कहानी थोड़ी अलग है। भारतीय MMA खिलाड़ी सेमीफाइनल में तेओ हुई हून से हार गई थीं। हालांकि, वह इस फैसले से संतुष्ट नहीं थीं। इसके बाद भारतीय MMA महासंघ ने मुकाबले के नतीजे को चुनौती दी। दोबारा समीक्षा के बाद मुकाबले को ड्रॉ घोषित किया गया। इसके बाद विजेता तय करने के लिए MMA के नियमों का सहारा लिया गया।
नियम के मुताबिक बराबरी की स्थिति में वजन के आधार पर फैसला किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में सुचिका का वजन तेओ से अधिक पाया गया। इसी वजह से बराबरी टूट गई और जीत तेओ के नाम कर दी गई। इस तरह सुचिका फाइनल में पहुंचने से चूक गईं और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इस मामले में आधिकारिक विरोध दर्ज कराया गया, जिसके लिए 1,000 डॉलर की फीस जमा की गई। यह फीस महासंघ और निखिल कुंदर ने दी। इसके बाद मुकाबले के फैसले की दोबारा समीक्षा की गई। पूरा मामला यहां क्लिक कर पढ़ें
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत जारी रखते हुए इंडोनेशिया को करारी शिकस्त दी। दीपिका, नवनीत कौर और रुतुजा ने हैट्रिक लगाई। भारत ने दो मैचों में अब तक कुल 36 गोल दाग दिए हैं। भारतीय टीम का अगला मुकाबला बुधवार, 23 सितंबर को थाईलैंड से होगा।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को हरा दिया। भारत ने पहले हाफ में 31 अंक जुटाकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली थी। इसके बाद दूसरे हाफ में टीम ने बढ़त को बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। भारतीय महिला टीम अब दिन में बाद में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। अपने दूसरे मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया के खिलाफ नौ गोल दागकर मुकाबले पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया है। दीपिका, सुनेलिता टोप्पो और रुतुजा पिसाल ने दो-दो गोल कर भारत की बढ़त को मजबूत किया।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम अपने शानदार अभियान को जारी रखने के इरादे से इंडोनेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराकर की थी। अब टीम की नजर इंडोनेशिया के खिलाफ एक और बड़ी जीत दर्ज करने पर है।
भारत ने शूटिंग में दो और पदक जीत लिए हैं। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत प्रतियोगिता में रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, हिमांशु ढिल्लन ने रजत पदक जीता। स्पर्धा में रुद्रांक्ष 230.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, हिमांशु ने 252.4 अंक हासिल किए। चीन के शेन लिहाओ ने एशियन गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शेन ने 254.2 पॉइंट हासिल किए। इस एशियाड में भारत ने शूटिंग में अब तक पांच पदक जीत लिए हैं,। रुद्रांक्ष और हिमांशु ने इससे पहले भारत को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी रजत दिलाया था। इनके तीसरे साथी पार्थ थे। वहीं, भारत महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी रजत जीत चुका है। इसके अलावा इलावेनिल वलारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत जीता था। शूटिंग में गोल्ड का इंतजार जारी है। भारत भी अभी तक एक भी स्वर्ण नहीं जीत पाया है। ओवरऑल भारत के छह पदक हो चुके हैं। शूटिंग के अलावा भारत को सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में कांस्य दिलाया।
भारत ने शूटिंग में दो और पदक पक्के कर लिए हैं। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत प्रतियोगिता में रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, हिमांशु ढिल्लन और चीन शेन लिहाओ के बीच गोल्ड की लड़ाई है।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत प्रतियोगिता में चीन के शेन लिहाओ ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया है। तीसरे और चौथे स्थान पर चल रहे शेन लिहाओ ने आखिरी कुछ राउंड में तेजी दिखाते हुए पहले स्थान पर कब्जा कर लिया। वहीं, भारत के निशानेबाज अब दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। क्या भारत इस स्पर्धा में डबल मेडल जीतने में सफल होगा?
महिलाओं की 60 किग्रा MMA सेमीफाइनल के आखिरी राउंड में सिंगापुर की तेओ हुई हून ने कई किक्स लगाईं। सुचिका कुछ हद तक रक्षात्मक रहीं और निर्णायक वार के मौके का इंतजार करती रहीं। मुकाबले के आखिरी पलों में सुचिका ने कुछ कॉम्बिनेशन पंच लगाए। वहीं, तेओ ने भी किक से जवाब दिया। अंतिम बजर बजने के बाद सुचिका ने अपनी प्रतिद्वंद्वी पर छलांग लगाकर उसे जमीन पर गिरा दिया। रेफरी को एक बार फिर दोनों खिलाड़ियों को अलग करना पड़ा।
मुकाबला खत्म होने के बाद सुचिका फैसले से खुश नहीं दिखीं। उन्होंने रेफरी से हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया और मैट पर ही भावुक होकर रोने लगीं। सुचिका को लगा कि उन्होंने फाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त प्रदर्शन किया है, लेकिन जजों ने उन्हें मुकाबले में दूसरे स्थान पर रखा। इसके बावजूद सुचिका ने महिलाओं की 60 किग्रा MMA स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
दूसरे राउंड में सुचिका तारियाल ने अलग रणनीति अपनाई। वह तेओ हुई हून की पहुंच से दूर रहीं, लेकिन उनके कोच लगातार उन्हें करीब जाकर क्लिंच करने के लिए कह रहे थे। दूसरे राउंड की शुरुआत में सिंगापुर की तेओ हुई हून ने दबदबा बनाया और सुचिका को सबमिशन कर दिया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही मुकाबले का रुख पलटा और तेओ के ऊपर पहुंच गईं। लेकिन सिंगापुरी खिलाड़ी ने एक बार फिर सुचिका को सबमिट कर दिया।
मुकाबले के आखिरी मिनटों में सुचिका सबमिशन से बाहर निकलने में सफल रहीं और उन्होंने तेओ को फिर सबमिट कर दिया। सुचिका को लगा कि उन्होंने मुकाबला जीत लिया है, लेकिन नतीजे के लिए जजों के फैसले का इंतजार करना पड़ा। हालांकि, जज भी किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन से पूरी तरह आश्वस्त नहीं हुए। उन्होंने मुकाबले को तीसरे और आखिरी राउंड में भेज दिया।
सुचिका तरियाल ने पहले राउंड की शुरुआत घुटने से किए गए कई वारों के साथ की। वह सिंगापुर की तेओ हुई हून को लगातार क्लिंच में रखकर मुकाबले पर नियंत्रण बनाए हुए हैं। पहले राउंड के करीब दो मिनट बाद सुचिका ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को जमीन पर गिराया और कई मुक्के जड़े। तेओ के दोबारा खड़े होने के बाद भी सुचिका ने लगातार कॉम्बिनेशन पंच लगाए। राउंड खत्म होने का हूटर बजने के बावजूद दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे पर मुक्के बरसाती रहीं। इसके बाद रेफरी को दोनों को अलग करना पड़ा।
भारत की सुचिका तारियाल का MMA सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। एशियन गेम्स में खेला जा रहा पारंपरिक शैली का MMA सामान्य MMA से थोड़ा अलग है। इसमें मुकाबले ऑक्टागोनल केज में नहीं होते हैं। इसके अलावा, खिलाड़ियों ने सुरक्षा के लिए काफी मात्रा में पैडिंग पहन रखी है। भारत की सुचिका तारियाल एशियन गेम्स में इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। 36 वर्षीय सुचिका महिलाओं की पारंपरिक MMA 60 किग्रा सेमीफाइनल में उतर रही हैं। जीत के साथ वह एशियन गेम्स के MMA इतिहास में पहली बार होने वाले फाइनल में जगह बनाने वाली खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगी।
12 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर
सुचिका का खेल सफर तब शुरू हुआ जब 12 साल की उम्र में उनके साथ उत्पीड़न की घटना हुई। इसके बाद उन्होंने जूडो को अपनाया। दिल्ली और भोपाल में प्रशिक्षण लेने के बाद वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की जूडो खिलाड़ी बनीं और 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने आठ बार राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप जीती। 2019 कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप और 2019 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी हासिल किया। 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया था।
जूडो से जिउ-जित्सु और फिर MMA
सुचिका ने बाद में जिउ-जित्सु में भी हाथ आजमाया। उन्होंने 2024 JJIF जिउ-जित्सु विश्व चैंपियनशिप में एडल्ट्स जिउ-जित्सु कॉन्टैक्ट महिला 63 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
उन्होंने 2017 में कुछ समय के लिए MMA में भी मुकाबला किया था, लेकिन इसके बाद सात साल तक इस खेल से दूर रहीं। 2024 के अंत में BRAVE Combat Federation से जुड़ने के बाद उन्होंने MMA में वापसी की और बहरीन में BRAVE CF 92 में वापसी मुकाबला जीता।
मुश्किल हालात में एशियन गेम्स तक पहुंचीं
एशियन गेम्स के लिए जिउ-जित्सु टीम रद्द होने के बाद सुचिका ने MMA का रुख किया। पात्रता नियमों में बदलाव के बाद उन्होंने एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए अपनी यात्रा का खर्च खुद उठाया।
उनका यह फैसला सफल रहा। उन्होंने एशियन चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीते और इसके बाद एशियन गेम्स की भारतीय टीम में जगह बनाई।
रविवार को सुचिका ने महिलाओं के पारंपरिक 60 किग्रा सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया था। वह एशियन गेम्स में भारत की पहली MMA पदक विजेता बनीं। अब उनकी नजर ऐतिहासिक फाइनल में जगह बनाने पर है।
पुरुषों की 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले की हीट में चीन और जापान का दबदबा देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, भारतीय टीम देशों के बीच आखिरी स्थान पर रही। भारतीय तैराकों के स्प्लिट टाइम भी सामने आए हैं। भारत की ओर से वेदांत माधवन ने पहले और दूसरे लेग में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आखिरी चरण में उनकी गति कुछ कम हो गई।
अभिनेता आर. माधवन के बेटे वेदांत माधवन पुरुषों की 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा की हीट में हिस्सा ले रहे हैं। इस स्पर्धा में चीन और जापान को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम की नजर फाइनल में जगह बनाने पर है।
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से सुतीर्था मुखर्जी, सिंद्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मुकाबले सीधे सेटों में जीतकर टीम को अगले दौर में पहुंचाया। पाकिस्तान की टीम भारतीय खिलाड़ियों के सामने कोई खास चुनौती पेश नहीं कर सकी।
10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत पुरुष प्रतियोगिता में रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। रूद्रांक्ष 631.8 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, हिमांशु 630.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। राकेश पार्थ 628.3 अंक के साथ 11वें स्थान पर रहे। व्यक्तिगत इवेंट का फाइनल सुबह नौ बजे शुरू होगा।
भारत के श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने अपनी हीट में 25.37 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। उनका समय उन्हें फाइनल में पहुंचने वाला 10वां और आखिरी क्वालीफायर बनाने के लिए पर्याप्त रहा। वहीं, इसी हीट में ऋषभ दास 25.41 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे और फाइनल के लिए रिजर्व में हैं।
पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में भारत के आकाश मणि और गीतिश शाह फाइनल में जगह नहीं बना सके। आकाश 26वें और गीतिश 28वें स्थान पर रहे। दोनों ने 23 सेकंड से कम का समय निकाला, लेकिन क्वालीफाइंग स्तर इससे काफी बेहतर रहा। इस स्पर्धा का एशियन गेम्स रिकॉर्ड 21.71 सेकंड है। वहीं, पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में दनुश सुरेश भी अगले दौर में नहीं पहुंच सके। वह हीट-2 में आठवें स्थान पर रहे।
भारत ने तीसरा पदक जीत लिया है। शूटिंग में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत की पुरुष टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन ने जीता। चीन के 1899.0 अंक रहे, जो कि वर्ल्ड रिकॉर्ड है। जबकि भारत ने 1890.1 अंक हासिल किए। दक्षिण कोरिया को कांस्य मिला। भारतीय पुरुष टीम में रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लन और राकेश पार्थ शामिल रहे। यह भारत का इस एशियन गेम्स में और शूटिंग में तीसरा पदक है। इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में महिला टीम ने रजत जीता था। वहीं, महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत प्रतियोगिता में इलावेनिल वलारिवान ने भी रजत जीता था।
भारत के बालासाहेब पाटिल और हिमांशु ढिल्लों पुरुषों की व्यक्तिगत 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना सकते हैं। वहीं, राकेश माने ने आखिरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन शुरुआत खराब रहने के कारण वह शीर्ष आठ में जगह बनाने से चूक गए।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय टीम फिलहाल चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारत के रजत पदक जीतने की उम्मीद बनी हुई है। एक दिन पहले इसी स्पर्धा में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को एशियन गेम्स 2026 का पहला पदक दिलाया था। इलावेनिल वलारिवान ने टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक अपने नाम किया।
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टेबल टेनिस मुकाबले में एक बार फिर खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया। सुतीर्था मुखर्जी के बाद बंगाल की युवा खिलाड़ी सिंद्रेला दास ने भी पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी से हाथ मिलाया। ग्रुप चरण के इस मुकाबले में भारत का दबदबा कायम है और टीम ने 2-0 की बढ़त बना ली है।
क्या एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक आने वाला है? पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत और चीन के निशानेबाज मजबूत स्थिति में हैं। भारत की ओर से बालासाहेब पाटिल और हिमांशु ढिल्लों शीर्ष पांच में बने हुए हैं और टीम को आगे बढ़ा रहे हैं। मुकाबला स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रहा है।
टेबल टेनिस के ग्रुप चरण के पहले मुकाबले के बाद भारत की सुतीर्था मुखर्जी और पाकिस्तान की अलीना खान ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया। दोनों खिलाड़ियों ने मैच के बाद खेल भावना का परिचय दिया।
पाकिस्तान की उभरती खिलाड़ी अलीना खान के खिलाफ भारत की सुतीर्था मुखर्जी ने पहले सेट में 11-3 से जीत दर्ज की। फिलहाल मुकाबले में भारत का दबदबा नजर आ रहा है। पहले सेट में शानदार जीत के बाद पाकिस्तान की वापसी की संभावना मुश्किल नजर आ रही है।
भारत की पहली टीम ने जापान के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज कर मुकाबले में बढ़त बना ली है। दूसरे सेट में मुकाबला खत्म करने के दौरान भारतीय टीम थोड़ी दबाव में नजर आई, लेकिन खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और जीत हासिल करने में सफल रहे। भारत ने मैच-1 अपने नाम कर लिया है।
एशियन गेम्स 2026 में पहली बार भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ग्रुप चरण के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ उतर रही है। यह एशियन गेम्स 2026 में दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला है। मुकाबले के लाइव अपडेट्स के लिए जुड़े रहें। यहां आपको मैच से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी और नतीजे मिलते रहेंगे।
भारत की आध्या तिवारी और जय मीना की जोड़ी ने कंबोडिया की वीवा चाओ और चानरोसेका खुन की जोड़ी को 5-0 से हराकर ग्रुप चरण में अपनी पहली जीत दर्ज की। आध्या और जय पूरे मुकाबले में नियंत्रण में नजर आए। तीसरे गेम में उन्हें थोड़ी चुनौती मिली, लेकिन इसके बाद उन्होंने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। भारत ने पांचों गेम में 4-1, 4-0, 4-2, 4-1 और 4-2 से जीत हासिल की। अब भारत की जोड़ी का अगला मुकाबला मंगोलिया से होगा।
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत के लिए पहला दिन पदकों, ऐतिहासिक उपलब्धियों, शानदार जीत और कुछ करीबी चूकों से भरा रहा। भारत के खाते में दो रजत पदक आए, जबकि एक ऐसे खेल में भी पदक पक्का हुआ, जो पहली बार एशियन गेम्स का हिस्सा बना है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में जगह बनाई, वहीं पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने भी अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। लेकिन सिर्फ आंकड़े ही पहले दिन की पूरी कहानी नहीं बताते।
शूटिंग रेंज में एलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में एशियन गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब पहुंचकर प्रभावित किया। वह रिकॉर्ड से सिर्फ 0.6 अंक पीछे रहीं। इस स्पर्धा में उन्होंने दो रजत पदक भी अपने नाम किए।
वहीं, सुचिका तारियाल ने इतिहास रचते हुए भारत का एमएमए में पदक पक्का किया। एशियन गेम्स में पहली बार शामिल इस खेल में सुचिका ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया। यह भारत के लिए पहले दिन की एक और बड़ी उपलब्धि रही।
क्रिकेट के मैदान पर भी बड़ी खबर देखने को मिली। बांग्लादेश के खिलाफ महिला सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा ने शानदार शतक लगाया। इसके साथ उन्होंने एशियन गेम्स में नया रिकॉर्ड बनाया। भारत ने इस मुकाबले में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई और स्वर्ण पदक की उम्मीदें बरकरार रखीं।
हॉकी टीमों ने भी उम्मीद जगाई। भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने अभियान की शुरुआत दमदार जीत के साथ की। दोनों टीमों ने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की।
हालांकि, पहला दिन पूरी तरह भारत के पक्ष में नहीं रहा। क्विम्सी डिसूजा बेहद मामूली अंतर से तेqball में दो कांस्य पदक जीतने से चूक गईं। पुरुष टेबल टेनिस टीम को भी शुरुआती झटका लगा। वहीं, भारत का वुशू दल पहले दिन पदक जीतने में सफल नहीं रहा।
फिर भी, शुरुआती दिन ने यह साफ कर दिया कि आइची-नागोया में भारत की एशियन गेम्स की कहानी सिर्फ शूटिंग रेंज तक सीमित नहीं रहने वाली है। पहले ही दिन रिकॉर्ड के करीब पहुंचने, इतिहास रचने, फाइनल में जगह बनाने और कई खेलों में शानदार शुरुआत करने जैसे कई पल देखने को मिले। टूर्नामेंट अभी लंबा है और भारत के सामने पदक जीतने के कई और मौके बाकी हैं।
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन यानी 21 सितंबर को भारत के कई खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश करेंगे। पहले दिन पदक खाता खुलने के बाद भारतीय दल की नजरें दूसरे दिन भी पदकों पर होंगी। जानें डे-2 में भारत का पूरा कार्यक्रम, प्रमुख मुकाबले और पदक स्पर्धाएं।