भारत के लिए दसवां दिन शानदार रहा। मंगलवार को भारत के खाते में नौ पदक आए। इनमें दो स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ और अन्नू रानी ने महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण जीता। वहीं, मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत और तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथेलॉन में रजत पदक जीता। प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों के ट्रिपल जंप में कांस्य, विद्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा, प्रीति ने महिलाओं की 54 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी स्पर्धा और नरिंदर ने पुरुषों के 92 किलोग्राम भारवर्ग मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा अर्जुन सिंह और सुनील सिंह ने पुरुषों के कैनो (नौकायान) डबल 1000 फाइनल में कांस्य पदक जीता।
मुक्केबाजी में पुरुषों के +92 किलोग्राम भारवर्ग में नरेंद्र को कांस्य से संतोष करना पड़ा। उन्हें सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के कामशीबेक ने हरा दिया।
पारुल चौधरी के बाद अन्नू रानी ने भी इतिहास रच दिया है। एशियाड में महिलाओं की भाला-फेंक स्पर्धा में अन्नू ने स्वर्ण जीता है। अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिलहान ने रजत पदक जीता।
भारत के तेजस्विन शंकर ने रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने डेकेथलॉन में यह कामयाबी हासिल की। इस स्पर्धा में 10 अलग-अलग खेल खेले जाते हैं। दो दिन तक यह मुकाबला चलता है। भारत ने इस स्पर्धा में 1974 के बाद कोई पदक जीता है। 1974 में विजय सिंह चौहान ने स्वर्ण और सुरेश बाबू ने कांस्य जीता था।
प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे प्रयास में 16.68 मीटर की छलांग लगाई और तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। भारत के ही अबूबकर 16.62 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारत के मोहम्मद अफजल ने पुरुषों के 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। उन्होंने 1:48:43 मिनट का समय लिया। आखिरी कुछ मीटर में सऊदी अरब के एसा अली ने उन पर लीड ले ली और वह स्वर्ण से चूक गए। भारत के कृष्ण कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीता है। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत का पहला स्वर्ण है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ है। भारत के कुल पदकों की संख्या 64 हो गई है। यह भारत का 14वां स्वर्ण है।
विद्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत को एक और पदक दिला दिया है। उन्होंने 55.68 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक अपने नाम किया। बहरीन की अदेकोया ने 54.45 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। यह एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी है। वहीं, चीन की जियादी मो ने 55.01 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया। भारत की झोली में अब 63 पदक हो गए हैं।
स्क्वैश में सौरव घोषाल के बाद भारत की मिश्रित युगल जोड़ी अनहत सिंह और अभय सिंह की जोड़ी ने भी एक पदक पक्का कर लिया है। यह दोनों स्क्वैश के मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इस जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में यांग यिओनसू और ली डोंगजुन की जोड़ी को 11-4, 8-11, 11-1 से हरा दिया।
भारत के स्टार स्क्वैश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने जापान के रिनोसुके सुकुए को 3-0 से हरा दिया। सौरव ने पहला गेम 11-4 से जीता। फिर दूसरे गेम में भी आसानी से जीत हासिल की। तीसरा गेम 11-3 से अपने नाम कर सौरव ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू मिश्रित युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इसके साथ ही इस जोड़ी ने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
भारत ने दक्षिण कोरिया को 56-23 से हराया। भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। भारत टीम से इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
तीरंदाजी में पुरुषों की प्रतिस्पर्धा में अतानु दास को हार का सामना करना पड़ा है। चीन के क्यूआई ने क्वार्टर फाइनल मैच में उन्हें करीबी अंतर से हराया। इसके साथ ही अतानु करीबी अंतर से पदक से चूक गए।
मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने थाईलैंड की बाइसन के खिलाफ 5-0 के अंतर से जीत हासिल की। लवलीना ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया है।
मुक्केबाजी में प्रीति ने कांस्य पदक जीता है। चीन की युआन चैंग के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही एशियाई खेलों में उनका सफर खत्म हो गया। वह कांस्य पदक और पेरिस ओलंपिक का कोटा लेकर यहां से विदा होंगी।
पुरुष तीरंदाजी में भारत के दो खिलाड़ी फाइनल में पहुंच गए हैं। अभिषेक और ओजस फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए जोर लगाएंगे। ऐसे में भारत की झोली में एक स्वर्ण और एक रजत पदक आना तय है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि दोनों में कौन स्वर्ण पदक अपने नाम करता है।
तीरंदाजी में ओजस देवतले ने फाइनल में जगह बना ली है। उनसे पहले दो भारतीय तीरंदाज ज्योति सुरेखा और अभिषेक वर्मा फाइनल में पहुंच चुके हैं। तीनों ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। क्वार्टर फाइनल में भारत ने नेपाल को 23 रन से हराया। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने शतकीय पारी खेली। गेंद के साथ रवि बिश्नोई और आवेश खान ने तीन-तीन विकेट लिए।
तीरंदाजी में अभिषेक ने फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने अंतिम छोर पर दो 10 और एक नौ का स्कोर किया। उन्होंने सेमीफाइनल में जू जेहून को दो अंकों से हराया। 147-145 के स्कोरकार्ड के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बनाई है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। करण केसी और अबिनाश बोहरा क्रीज पर हैं।
सिंधु ने दूसरा गेम जीता और मैच भी अपने नाम किया। वह ह्सू वेन-ची पर 21-10, 21-15 की जीत के साथ राउंड 16 के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं।
हॉकी में भारतीय महिला टीम ने हॉन्गकॉन्ग को 13-0 के अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ग्रुप स्टेज में अजेय रहा है। इस मैच में भारत के लिए दीप ग्रेस एक्का और दीपिका ने हैट्रिक लगाई। टीम इंडिया अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही और पहले ही सेमीफाइनल में भारत ने अपनी जगह पक्की कर ली थी।
महिला तीरंदाजी के सेमीफाइनल में भारत की ज्योति ने हमवतन अदिति को हराया और फाइनल में जगह बनाई। ज्योति ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। वहीं, अदिति को कांस्य पदक का मैच खेलना पड़ेगा। ज्योति ने 149 अंक हासिल किए, जबकि अदिति ने 146 अंक हासिल किए।
अर्जुन सिंह और सुनील सिंह ने पुरुषों के कैनो डबल 1000 फाइनल में कांस्य पदक जीता है। यह भारत का दिन का पहला पदक है। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 61 हो गई है।
मोनिका के पास पर संगीता ने शानदार गोल किया। मैच में यह भारत का छठा गोल है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने हॉन्गकॉन्ग पर 6-0 की बढ़त बना ली है।
आज बैडमिंटन मैच शुरू हो चुके हैं। एचएस प्रणय अपने राउंड ऑफ 32 मैच में एक्शन में हैं। उन्होंने मंगोलिया के बटदावा मुंखबत के खिलाफ अपना पहला गेम पहले ही 21-9 से और दूसरा गेम 14-9 से जीत लिया है।
तीरंदाजी में भारत की अदिति और ज्योति सुरेखा सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। दोनों सेमीफाइनल मैच में आमने-सामने होंगी। ऐसे में भारत के लिए पदक पक्का हो चुका है। इन दोनों में से एक खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाएगी और देश के लिए कम से कम रजत पदक पक्का करेगी।
हॉकी में भारतीय महिला टीम का सामना हॉन्गकॉन्ग से है। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय टीम जीत हासिल करना चाहेगी। भारत ने शुरुआत में ही हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 3-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
सुबह 6:30 बजे से: एथलेटिक्स - पुरुष डिकैथलॉन में तेजस्विन शंकर।
सुबह 7:45 बजे: कैनो स्प्रिंट - सोनिया देवी महिला कयाक सिंगल 500 मीटर फाइनल में।
सुबह 8:20 बजे: कैनो स्प्रिंट - पुरुषों की कैनो डबल 1000 मीटर फाइनल।
सुबह 9:15 बजे: कैनो स्प्रिंट - सोनिया देवी, पार्वती गीता, बिनीता चानू और दिमिता देवी महिलाओं की कयाक चार 500 मीटर फाइनल में।
सुबह 9:30 बजे: कैनो स्प्रिंट - कावेरी और नेहा देवी महिला कैनो डबल 200 मीटर फाइनल में।
सुबह 11:30 बजे: बॉक्सिंग - महिलाओं के 54 किग्रा सेमीफाइनल में प्रीति बनाम चांग युआन (चीन)।
दोपहर 12:00 बजे: बॉक्सिंग - महिलाओं के 75 किग्रा सेमीफाइनल में लवलीना बोरगोहेन बनाम बाइसन मनिकोन (थाईलैंड)।
शाम 5:15 बजे: बॉक्सिंग - पुरुषों के 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल में सचिन बनाम ल्यू पिंग (चीन)।
शाम 6:30 बजे: बॉक्सिंग - पुरुष +92 किग्रा सेमीफाइनल में नरेंद्र बनाम कामशीबेक कुंकाबायेव।
शाम 4:30 बजे: एथलेटिक्स - महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में पूजा और रूबीना यादव।
शाम 4:40 बजे: एथलेटिक्स - पुरुषों की ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल और अब्दुल्ला अबूबकर।
शाम 4:50 बजे: एथलेटिक्स - विथ्या रामराज महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में।
शाम 5:05 बजे: एथलेटिक्स - यशस पलाक्ष और संतोष कुमार तमिलरासन पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में।
शाम 5:20 बजे: एथलेटिक्स - महिलाओं की 5000 मीटर फ़ाइनल में अंकिता और पारुल चौधरी।
शाम 5:40 बजे: एथलेटिक्स- अन्नू रानी महिला भाला फेंक फाइनल में।
शाम 5:55 बजे: एथलेटिक्स - पुरुषों की 800 मीटर फाइनल में कृष्ण कुमार और मोहम्मद अफसल।
भारत की झोली में कुल 60 पदक आ चुके हैं और पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है। भारत से पहले चीन, दक्षिण कोरिया और जापान हैं। पदक तालिका का हाल विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें।
एशियाई खेलों में नौवें दिन भारत ने कुल साल पदक हासिल किए और अपने कुल पदकों की संख्या 60 तक पहुंचा दी। भारत के लिए एशियाई खेलों में नौवां दिन कैसा रहा, जानने के लिए यहां क्लिक करें।
Asian Games Day 10 Live Updates: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियाई खेलों का आज 10वां दिन है। इस प्रतियोगिता में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15 और नौवें दिन सात पदक मिले। आज भारत के कुल पदकों की संख्या 70 के पार जा सकती है। आज बैडमिंटन में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।