प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन बनने पर बधाई दी।
कतर का लुसैल स्टेडियम रविवार (18 दिसंबर) को फुटबॉल के एक एतिहासिल मैच का गवाह बना। पेनल्टी शूटआउट तक चले मैच में अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हराकर विश्व कप अपने नाम कर लिया। दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में एक लियोनल मेसी और युवा स्टार किलियन एम्बाप्पे ने अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन किया। मेसी ने दो तो एम्बाप्पे ने तीन गोल दागे।
लियोनल मेसी ने मैच में पहला गोल 23वें मिनट में पेनल्टी पर किया। वह एक विश्व कप के सभी नॉकआउट मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। उनके बाद एंजेल डी मारिया 36वें मिनट में गोल कर अर्जेंटीना को 2-0 से आगे कर दिया। हाफटाइम तक अर्जेंटीना की टीम 2-0 से आगे थी। हाफटाइम के बाद दोनों टीमों ने लगातार हमले किए, लेकिन गोल नहीं निकल पा रहे थे। 80 मिनट तक तो ऐसा लगा कि अर्जेंटीना अब मैच को आसानी से जीत लेगा, लेकिन किलियन एम्बाप्पे ने दो मिनट में दो गोल कर मैच को पलट दिया। उन्होंने 80वें और 81वें मिनट में गोल कर दिया।
निर्धारित 90 मिनट तक स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहने के बाद मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया। वहां दोनों टीमों को 15-15 मिनट के दो हाफ मिले। लियोनल मेसी ने 108वें मिनट में गोल कर मैच में अर्जेंटीना को 3-2 से आगे कर दिया। एक बार फिर लगा कि अर्जेंटीना जीत के करीब पहुंच गया है, लेकिन उसकी राह में किलियन एम्बाप्पे फिर से खड़े हो गए। उन्होंने 117वें मिनट में गोल कर मैच को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया। वहां अर्जेंटीना ने मुकाबले को 4-2 से अपने नाम कर लिया।
अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया है। निर्धारित समय में 2-2 से बराबरी पर रहने के बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा। वहां लियोनल मेसी ने एक गोल कर अर्जेंटीना को 3-2 से आगे कर दिया। फिर किलियन एम्बाप्पे ने गोल कर मैच को 3-3 की बराबरी पर ला दिया।
विश्व कप इतिहास में तीसरी बार चैंपियन का फैसला पेनल्टी शूटआउट में होगा। 1994 में ब्राजील और 2006 में इटली ने पेनल्टी शूटआउट में मैच जीता था। संयोग की बात है कि इटली ने फ्रांस को हराया था।
किलियन एम्बाप्पे ने 118वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर फ्रांस को मैच में वापस ला दिया है। अब स्कोर 3-3 की बराबरी पर पहुंच गया है। अगर एक्स्ट्रा टाइम में भी नतीजा नहीं निकलता है तो मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में मैच पहुंच जाएगा।
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ में शानदार गोल किया। उन्होंने 108वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। इस गोल की बदौलत अर्जेंटीना की टीम मैच में 3-2 से आगे हो गई है।
एक्स्ट्रा टाइम का पहला हाफ समाप्त हो चुका है। अभी भी मैच 2-2 की बराबरी पर है। अगले 15 मिनट में गोल नहीं हुए तो विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट में होगा।
अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया है। निर्धारित 90 मिनट तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा। एक्स्ट्रा टाइम में दोनों 15-15 मिनट के दो हाफ होंगे। अगर अगले 30 मिनट तक भी मैच बराबरी पर रहता है तो फिर विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट में होगा।
मैच के पहले हाफ में लियोनल मेसी और एंजेल डी मारिया के गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने 2-0 की बढ़त हासिल कर रखी थी। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला अर्जेंटीना आसानी से जीत लेगा तभी 80वें और 81वें मिनट में किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल दाग दिए। उनके गोलों की बदौलत फ्रांस मैच में वापस आ गया।
फ्रांस ने मैच में वापसी करते हुए लगातार दो गोल दाग दिए हैं। फ्रांस के युवा स्टार किलियन एम्बाप्पे ने 80वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया। उन्होंने अगले ही मिनट में दूसरा गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया।
भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके साथी फाइनल मैच का लुत्फ उठा रहे हैं।
दिल्ली में फ्रांसीसी उच्चायोग में फैंस मैच देख रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी फाइनल मैच का लुत्फ उठा रहे हैं।
फ्रांस और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबले में 60 मिनट का खेल पूरा हो चुका है। लियोनल मेसी की टीम अभी भी 2-0 से आगे चल रही है। अर्जेंटीना बॉल पजेशन, पास और गोल के लिए शॉट के मामले में आगे है। अर्जेंटीना ने गोल के लिए नौ अटेम्प्ट किए हैं। इनमें से पांच टारगेट पर रहे हैं। वहीं, फ्रांस अब तक एक भी अटेम्प्ट नहीं कर पाया है।
अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच दूसरे हाफ का खेल शुरू हो गया है। अर्जेंटीना को अगले 45 मिनट तक अपनी बढ़त को कायम रखना होगा। अगर वह ऐसा करने में सफल होती है तो 36 साल के बाद विश्व चैंपियन बन जाएगी। फ्रांस को वापसी करने के लिए कम से कम दो गोल करने होंगे।
अर्जेंटीना की टीम फाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाफ हाफटाइम तक 2-0 से आगे है। लियोनल मेसी ने टीम के लिए पहला और एंजेल डी मारिया ने दूसरा गोल किया। दोनों के गोल की बदौलत अर्जेंटीना मैच पर पकड़ मजबूत बना रखी है। वह बॉल पजेशन में भी आगे है। अर्जेंटीना ने 60 फीसदी बॉल पजेशन रखा है। वहीं, फ्रांस का बॉल पजेशन 40 फीसदी है।
विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना ने फ्रांस के खिलाफ दूसरा गोल कर दिया है। एंजेल डी मारिया ने 36वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। फ्रांस के अपमेकानो गेंद को कंट्रोल नहीं कर पाए। मेसी ने गेंद को मैक एलेस्टर की तरफ पास कर लिया। मैक एलेस्टर ने डी मारिया की ओर गेंद को पास कर दिया। डी मारिया ने कोई गलती किए बिना गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।
कप्तान लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई। उन्होंने 23वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया। फ्रांस के ओस्मान डेम्बेले ने पेनल्टी बॉक्स में अर्जेंटीना के एंजेल डी मारिया को गिरा दिया। रेफरी ने उनकी गलती को देखते हुए अर्जेंटीना को पेनल्टी दे दी। कप्तान मेसी ने कोई गलती नहीं करते हुए गेंद को सीधे गोलपोस्ट में डाल दिया।
फ्रांस और अर्जेंटीना के बीच 20 मिनट का खेल हो चुका है। दोनों टीमें अब तक एक भी गोल नहीं कर सकती हैं। अर्जेंटीना ने गोल के लिए तीन शॉट लगाए हैं। इनमें से सिर्फ एक ही टारगेट पर रहा।
विश्व कप फाइनल में 10 मिनट का खेल हो चुका है। अब तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी हैं। स्कोर 0-0 की बराबरी पर है। अल्वारेज ने तीसरे और रोड्री डी पॉल ने सातवें मिनट में गोल के लिए प्रयास किया, लेकिन अर्जेंटीना को सफलता नहीं मिली। अल्वारेज का शॉट सीधे फ्रांस के गोलकीपर हूगो लॉरिस के हाथ में चली गई। वहीं, डी पॉल का शॉट फ्रांस के खिलाड़ी से टकराकर गोलपोस्ट के बगल से निकल गई।
अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच फाइनल मुकाबले में पहले हाफ का खेल शुरू हो गया है। अर्जेंटीना और फ्रांस की नजर शुरुआती समय में बढ़त लेने पर है। सबकी नजर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी और फ्रांस के स्टार किलियन एम्बाप्पे पर है।
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी का यह दूसरा विश्व कप फाइनल है। इससे पहले 2014 में वह जर्मनी के खिलाफ हार गए थे। उस समय भी मेसी टीम के कप्तान थे। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।
मुकाबले के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी स्टेडियम पहुंच चुके हैं। लियोनल मेसी टीम बस से उतरते समय मुस्कुराते हुए नजर आए। वहीं, फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे शांत दिखे।
अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच फाइनल से पहले विश्व कप के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।
अर्जेंटीना ने टीम में एक बदलाव किया है। उसने मिडफील्ड में एंजेल डी मारिया को शामिल किया है। पेरेडेज को शुरुआती इलेवन में नहीं रखा गया है।
फ्रांस: हूगो लोरिस (गोलकीपर, कप्तान), जूल्स कुंडे, राफेल वरान, डायोट उपामेकानो, थियो हर्नांडेज, एंटोनी ग्रीजमैन, ऑरेलियन टचौमेनी, एड्रियन राबियो, ओस्मान डेम्बेले, ओलिवर जिरूड, किलियन एम्बाप्पे।
अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज (गोलकीपर), नाहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, निकोलस टैगेलियाफिको, रोड्रिगो डी पॉल, एंजो फर्नांडीज, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजेल डी मारिया, लियोनेल मेसी (कप्तान), जूलियन अल्वारेज।
शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म 'पठान' को प्रोमोट करने के लिए मुंबई स्थित स्पोर्ट्स 18 के स्टूडियो में पहुंचे हैं। वह इंग्लैंड के पूर्व कप्तान वेन रूनी के साथ बातचीत कर रहे हैं।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। कतर में जारी विश्व कप का आज फाइनल मुकाबला है। लुसैल स्टेडियम में गत चैंपियन फ्रांस के सामने अर्जेंटीना की चुनौती है। दोनों टीमें दो-दो बार इस टूर्नामेंट को जीत चुकी हैं। फ्रांस 1998 और 2018 में चैंपियन बना था। वहीं, अर्जेंटीना 1978 और 1986 में खिताब जीतने में सफल रहा था। आज के मैच में सबकी नजर दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में से एक लियोनल मेसी और युवा सुपरस्टार किलियन एम्बाप्पे पर होगी।