फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Election 2022 Live: भाजपा का घोषणा पत्र जारी- समान नागरिक संहिता, आठ लाख नौकरियों का वादा

Sun, 06 Nov 2022 07:00 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

खास बातें

Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav 2022 Live Latest Updates in Hindi: हिमाचल प्रदेश में चुनाव को लेकर इस समय रैलियों का दौर चर रहा है। पूरे राज्य में 12 नवंबर को एक चरण में वोटिग होगी। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। चुनाव प्रचार में सभी पार्टियां कड़ी मेहनत से लगी हैं। 
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:00 PM, 06-Nov-2022

चिंतपूर्णी और सुलह ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष निष्कासित

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने चिंतपूर्णी ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरप्रीत कौर और सुलह ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमारी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। पार्टी प्रदेश महासचिव संगठन शांता राज्टा ने रविवार को यह जानकारी दी है। इन दोनों पर कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध में कार्य करने का आरोप है।

04:11 PM, 06-Nov-2022

आज हर घर में गैस सिलिंडर: सीएम जयराम ठाकुर

सीएम जयराम ठाकुर ने कुल्लू के निरमंड में चुनावी जनसभा में कहा कि पहले सिलिंडर अमीर लोगों के घरों में होता था, आज हर घर में है। हिमाचल बिजली पैदा कर दूसरे राज्यों को देता है इसलिए हमने तय किया कि यहां गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के 125 यूनिट तक बिजली फ्री जाएगी।

03:09 PM, 06-Nov-2022

भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: अमित शाह

जसवां परागपुर विधानसभा में चुनावी जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज हम विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर पर छोड़कर गई थी, 11वें नंबर पर भी कांग्रेस सरकार नहीं लाई थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अर्थव्यवस्था को 16वें नंबर से 11वें नंबर पर पहुंचाया था।

विज्ञापन
02:46 PM, 06-Nov-2022

हिमाचल में फिर से बनेगी डबल इंजन की सरकार: धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुल्लू में जन संपर्क अभियान के तहत भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में फिर से डबल इंजन की सरकार बनने वाली है क्योंकि यहां के लोगों ने अन्य सरकारें भी देखी हैं।

02:05 PM, 06-Nov-2022

अब रिवाज बदल गया: अमित शाह

हिमाचल के नगरोटा विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के पास एक ही मुद्दा है कि यहां एक रिवाज है कि एक बार कांग्रेस आती है और एक बार भाजपा। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, असम, मणिपुर में जाकर देखो रिवाज बदल गया है। अब एक बार भाजपा आती है तो बार-बार भाजपा आती है।

विज्ञापन
01:41 PM, 06-Nov-2022

कांग्रेस के घोषणा पत्र में विजन, न वजन

कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला में कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने ही घोषणा पत्र पर विश्वास नहीं है। वे बस बोल देते हैं, उसमें न विजन है, न वजन है और न दिशा है। 

12:28 PM, 06-Nov-2022

हिमाचल में भाजपा की सरकार जरूरी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा विकास के जो काम शुरू हुए हैं, उन विकास के कामों को गति देनी है। हिमाचल का विकास लगातार होता रहे, इसलिए वहां भाजपा की सरकार जरूरी है। आज कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क करने जाऊंगा।
 

10:59 AM, 06-Nov-2022

महिलाओं को 33 प्रतिशत नौकरियों में आरक्षण देंगे

सीएम शगुन की राशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये की जाएगी। छात्राओं को साइकिल और स्कूटी देने का वादा किया है। भाजपा की सरकार बनने पर लोगों को तीन मुफ्त एलपीजी सिलिंडर दिए जाएंगे। उचित मूल्य की दुकानों से चारा दिलाएंगे। स्त्री शक्ति कार्ड सभी महिलाओं को पहुंचाए जाएंगे। हर जिले में दो गर्ल्स हॉस्टल बनेंगे। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देंगे।

10:46 AM, 06-Nov-2022

मुख्यमंत्री सम्मान निधि के साथ 3000 रुपये सालाना दिए जाएंगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के कार्यकाल में 6000 किलोमीटर सड़कें बनीं, आवास बने, गरीबों को राशन दिया, पांच साल की अवधि में एम्स बनाकर दिया। बल्क ड्रग फार्मा पार्क भी बनाया जा रहा है। भाजपा ने घोषणा पत्र में समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड) लागू करने का वादा किया है। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्मान निधि के साथ 3000 रुपये सालाना दिए जाएंगे। आठ लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे। सभी गांव पक्की सड़कों के साथ जोड़ेंगे। पांच नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। मोबाइल क्लीनिक वैन हर विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। हिम स्टार्ट अप योजना चलेगी। एक्स ग्रेशिया राशि शहीदों के परिजनों के लिए बढ़ाएंगे।  वक्फ बोर्ड की प्रॉपर्टी के गैर कानूनी इस्तेमाल पर रोक लगेगी। घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाल करने को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया है। सिर्फ इतना वादा किया है कि कर्मचारियों की जो भी अनियमितताएं हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।  

10:29 AM, 06-Nov-2022

भाजपा ने घोषणा पत्र जारी किया

भाजपा ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने घोषणा पत्र को 'संकल्प पत्र - 2022' नाम दिया है। पिछले चुनाव में इसे स्वर्णिम दृष्टिपत्र नाम दिया गया था। राज्य सभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि संकल्प पत्र के लिए आम लोगों और सभी बुद्धिजीवी वर्गों के सुझाव लिए गए। ऑनलाइन और ऑफलाइन सुझाव बक्से भी रखे। हरेक वर्ग के चाहे वह किसान, महिला, व्यापारी, सैनिक, बुद्धिजीवी हों, इनके सुझाव ऑनलाइन  मिले। 25 हजार से ज्यादा सुझाव दोनों माध्यमों से मिले हैं। महत्वपूर्ण सुझाव समाहित किए गए हैं। संकल्प पत्र - 2022 की लॉचिंग के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष प्रो. सिकंदर कुमार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मंत्री हर्ष महाजन, सांसद इंदु गोस्वामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पूर्व भाजपा प्रभारी मंगल पांडे समेत कई गणमान्य नेता उपस्थित रहे।

10:04 AM, 06-Nov-2022

नई पर्यटन नीति बनाने की घोषणा

पांच वर्षों में 5,000 किलोमीटर सड़कें बनाने, टैक्सी परमिट अवधि 15 साल करने और नई पर्यटन नीति बनाने की भी घोषणा की। न्यूनतम मजदूरी को 350 के बजाय 500 रुपये करने, नौकरियों के विज्ञापन जारी करने के छह माह के भीतर नियुक्तियां करने को भर्ती विधान बनाने की घोषणा की है। पशुपालकों से रोजाना 10 लीटर दूध और दो रुपये किलो गोबर खरीद कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने का दावा किया है। 
 

09:35 AM, 06-Nov-2022

कांग्रेस ने दस गारंटियों को भी दोहराया

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू और घोषणापत्र कमेटी के अध्यक्ष विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने प्रतिज्ञा पत्र जारी किया। दस गारंटियों को भी दोहराया है। भाजपा सरकार के अंतिम छह माह के फैसलों पर पुनर्विचार करने का भी एलान किया है। राजनीतिक आधार पर किए तबादले रद्द करने और विभागों में फंक्शनल पोस्ट तीन माह में भरने का फैसला लिया है। एपीएल परिवारों को भी बीपीएल की तर्ज पर राशन देने, बीपीएल सूची को अपडेट करने, प्रतिमाह 300 यूनिट निशुल्क बिजली, ग्रामीण सड़कें बनाने को भू अधिग्रहण कानून लागू कर भू स्वामियों को चार गुना मुआवजा देने का फैसला लिया है। 

09:24 AM, 06-Nov-2022

कांग्रेस का प्रतिज्ञा पत्र 2022

हिमाचल प्रदेश में सरकार बनने पर कांग्रेस सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करेगी। पहले वर्ष ही एक लाख नौकरियां, महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देंगे और बुजुर्गों को चार वर्ष में एक बार तीर्थ यात्रा करवाएंगे। शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन शिमला से कांग्रेस ने 51 पन्नों के जारी किए प्रतिज्ञा पत्र में 31 योजनाओं का उल्लेख कर प्रदेश के हर वर्ग को राहत पहुंचाने का वचन दिया है।

09:05 AM, 06-Nov-2022

Himachal Election 2022 Live: भाजपा का घोषणा पत्र जारी- समान नागरिक संहिता, आठ लाख नौकरियों का वादा

हिमाचल प्रदेश में चुनाव को लेकर इस समय रैलियों का दौर चर रहा है। पूरे राज्य में 12 नवंबर को एक चरण में वोटिग होगी। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। चुनाव प्रचार में सभी पार्टियां कड़ी मेहनत से लगी हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें