फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Nikay Chunav 2026: बीकानेर-अजमेर और अलवर में भाजपा का डिप्टी मेयर, सीकर में तीसरी बार कांग्रेस जीती

Tue, 22 Sep 2026 07:42 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान

सार

Rajasthan Nikay Chunav 2026 Live: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राजस्थान में मेयर चुनाव के बाद आज, 22 सितंबर को डिप्टी मेयर, उप-सभापति और उपाध्यक्ष पदों के लिए मतदान हो रहा है। कई जगहों से परिणाम आना शुरू हो गए हैं। इस पूरे चुनाव से जुड़ी हर बड़ी खबर और पल-पल की अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें।
विज्ञापन
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के नगर निगमों में मेयर पदों के नतीजे सामने आने के बाद अब 22 सितंबर को होने वाले डिप्टी मेयर चुनाव पर सबकी नजरें टिकी हैं। मेयर चुनाव में कई जगह वार्डों में दलों की संख्या के मुकाबले अलग तस्वीर सामने आई। ऐसे में अब डिप्टी मेयर के चुनाव में भी निर्दलीय पार्षदों, बागियों और क्रॉस-वोटिंग की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। सोमवार को प्रदेश के सात नगर निगमों में मेयर का चुनाव पूरा हुआ। इनमें भाजपा ने छह नगर निगमों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को बीकानेर में सफलता मिली। अब डिप्टी मेयर चुनाव में खासकर उन निगमों में मुकाबला रोचक रहने की संभावना है, जहां किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है या मेयर चुनाव के दौरान पार्षदों के समर्थन का समीकरण बदला है।
विज्ञापन

उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 10 बजे से शुरू होगी बैठक

उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान पूरा होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
 

बांसवाड़ा नगर परिषद से भाजपा के चंकी शाह ने किया नामांकन

rajasthan news - फोटो : Amar Ujala
बांसवाड़ा नगर परिषद उप सभापति के लिए भाजपा से चंकी शाह ने नामांकन पत्र पेश किया। कांग्रेस की ओर से फखरुद्दीन रतलाम वाला नामांकन पत्र दाखिल किया है

सिरोही नगर परिषद उपाध्यक्ष समेत अन्य

सिरोही नगर परिषद सिरोही एवं अन्य निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिंडवाड़ा नगरपालिका उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से अजरूद्दीन मेमन ने अपना नामांकन दाखिल किया है। वहीं, नगरपालिका शिवगंज से उपाध्यक्ष के लिए भाजपा की ओर से कंचन सोलंकी ने नामांकन प्रस्तुत किया। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी के साथ रिटर्निंग अधिकारी के पास पहुंची कंचन सोलंकी। वह शहर के वार्ड 34 से पार्षद हैं।

शाहपुरा में नगर परिषद कार्यालय परिसर में चुनाव प्रक्रिया शुरू

जयपुर के शाहपुरा में उपसभापति पद के लिए कांग्रेस ने रेखा रामावतार गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा ने निर्दलीय पार्षद पूजा मितेश मंगल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों प्रत्याशी थोड़ी देर बाद नामांकन दाखिल करेंगे। नगर परिषद कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपसभापति पद के लिए मतदान होगा।

नीमकाथाना में चुनावी प्रक्रिया शुरू

नीमकाथाना में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से जेपी यादव व भाजपा से इंद्राज सैनी ने भरा नामांकन।

उदयपुर में शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया

उदयपुर में शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया - फोटो : Amar Ujala
नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत उदयपुर नगर निगम में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से दिनेश भट्ट और कांग्रेस की ओर से लक्ष्मीनारायण मेघवाल ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे तक है, जिसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। आवश्यकता होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी।

बहरोड़ नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया

बहरोड़ नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से रामनरेश ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के बाद समर्थकों में जीत को लेकर खुशी का माहौल है। समर्थक आतिशबाजी कर खुशी जता रहे हैं और रामनरेश को उपसभापति बनने की बधाई दे रहे हैं।

अलवर में भाजपा के अजय पुनिया और कांग्रेस की ममता सैनी ने दाखिल किया नामांकन

अलवर नगर निगम में उप महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी - फोटो : Amar Ujala
अलवर नगर निगम में उप महापौर पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। उप महापौर पद के लिए भाजपा के अजय पुनिया और कांग्रेस की ममता सैनी ने अपने-अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। दोनों प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों के जरिए चुनावी मुकाबले को स्पष्ट कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर 49 से पांच बार के पार्षद अजय पुनिया को उप महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। अजय पुनिया मंगलवार को नगर निगम पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्षद मौजूद रहे।

कांग्रेस ने ममता सैनी को बनाया प्रत्याशी
वहीं, कांग्रेस ने वार्ड नंबर 34 से पार्षद ममता सैनी को उप महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। ममता सैनी भी अपने समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के साथ नगर निगम पहुंचीं। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने नगर निगम परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद ममता सैनी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल होने के बाद अब उप महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला सामने है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया होगी और दोपहर 2 बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान के बाद मतगणना कर उप महापौर के चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी।

आबूरोड नगरपालिका उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से दो और भाजपा से एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया

सिरोही नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत आबूरोड नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से दो और भाजपा से एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ पार्षद कांतिलाल परिहार और वार्ड नंबर 34 की पार्षद लता कोली ने नामांकन जमा करवाया है। वहीं, भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 27 की पार्षद साधनादेवी ने नामांकन दाखिल किया है। आबूरोड नगरपालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान पहले ही क्रॉस वोटिंग हो चुकी है। ऐसे में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के दो प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से सियासी समीकरणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

दौसा में निर्दलीय ने फंसाया पेंच

दौसा सभापति चुनाव में 31-24 से कांग्रेस से मात खाने के बाद भाजपा ने हार नहीं मानी है। दौसा नगर परिषद में आज उपसभापति पद के लिए फिर वही घमासान देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने सुनीता सैनी को तो भाजपा ने जितेंद्र शर्मा को मैदान में उतारा है। इस बार एक निर्दलीय पार्षद ने भी नामांकन फॉर्म खरीदकर दोनों पार्टियों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। दोपहर 2 बजे मतदान होगा और शाम तक पता चल जाएगा कि परिषद की नंबर-2 की कुर्सी पर कौन बैठेगा। मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दोनों पार्टियों ने शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सैनी नामांकन दाखिल करने पहुंचीं तो उनके साथ नवनिर्वाचित सभापति रेखा गुर्जर, विधायक डीडी बैरवा और सभी 31 पार्षद मौजूद थे। सुनीता ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि बोर्ड हमारा है, उपसभापति भी हमारा ही बनेगा।

कुछ देर बाद भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र शर्मा ने भी पर्चा भरा। उनके साथ निकाय प्रभारी पूजा कपिल, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला और 24 पार्षद थे। जितेंद्र शर्मा ने कहा कि सभापति चुनाव में प्रशासन ने दबाव बनाया था, लेकिन उपसभापति चुनाव में जनता के वोट की जीत होगी। इसी बीच एक निर्दलीय पार्षद ने भी फॉर्म खरीद लिया, जिससे चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अंदरखाने चर्चा है कि निर्दलीय अंत में किसी एक पार्टी को समर्थन देकर अपनी कीमत वसूल लेगा।

क्या है 31 vs 24 का गणित?
दौसा नगर परिषद में कुल 55 पार्षद हैं। कल हुए सभापति चुनाव में कांग्रेस की रेखा गुर्जर को 31 वोट मिले थे और भाजपा की कविता गुर्जर को 24 वोट मिले थे। यानी कांग्रेस के पास 7 वोटों की लीड है। अगर कांग्रेस अपने सभी 31 पार्षदों को एकजुट रख लेती है तो सुनीता सैनी की जीत पक्की है। लेकिन भाजपा को उम्मीद है कि वह कांग्रेस में सेंध लगा देगी। भाजपा खेमे का कहना है कि सभापति चुनाव में उनके पास 17 पार्षद थे और 8 निर्दलीय उनके साथ थे, फिर भी 1 वोट टूट गया था। आज वे कांग्रेस के 2-3 पार्षदों को तोड़ने की फिराक में हैं। सुबह से ही भाजपा के नेता कांग्रेस के कुछ पार्षदों से संपर्क साधने की कोशिश में लगे हैं।

शाम चार बजे तक आएगा फैसला
दौसा में दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा। 3 बजे के बाद तुरंत मतगणना शुरू होगी और 4 बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। नगर परिषद परिसर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। कलेक्टर ने दोनों पार्टियों के एजेंटों को भी अंदर रहने की अनुमति दी है। अब देखना ये है कि क्या कांग्रेस 31 का आंकड़ा बचा पाती है या भाजपा 24 से 28 तक का जादूई आंकड़ा छू लेती है। निर्दलीय का पेंच किसकी नैया डुबोएगा, ये शाम तक साफ हो जाएगा।

बूंदी में मतदान प्रक्रिया शुरू

बूंदी जिले की विभिन्न नगर निकायों में आज उपसभापति और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। बूंदी नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए भाजपा से वार्ड 22 के संजय भूटानी ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 60 के मोइनुद्दीन फॉरवर्ड को प्रत्याशी बनाया है। सभापति चुनाव में भाजपा को 39 और कांग्रेस को 21 वोट मिले थे। नामांकन पत्रों की समीक्षा के बाद दोपहर में मतदान होगा और इसके साथ ही उपसभापति पद की तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं, हिंडोली नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से रामसिंह पंवार और कांग्रेस से सुगना बाई ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों प्रत्याशियों ने आरओ शिवराज मीणा के समक्ष नामांकन पत्र सौंपे। हिंडोली में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। लाखेरी नगरपालिका में भी उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से मोहन दयालानी और कांग्रेस से अमित बजाज ने नामांकन दाखिल किया है। यहां भी भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है और मतदान के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। नैनवां नगरपालिका में उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। कांग्रेस से नसीम बानो ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि भाजपा से नीतू मारवाड़ा और अखिलेश उपाध्याय मैदान में हैं। यहां उपाध्यक्ष चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है और वे किंगमेकर की भूमिका में हो सकते हैं। मतदान और परिणाम के बाद तस्वीर साफ होगी। वहीं, केशवरायपाटन नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कुल छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की ओर से राजवीनता ने दो नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जबकि चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया है। निर्दलीय प्रत्याशियों में मदन पचेरवाल, आदर्श मालवीय, ईशा काहलिया और मधु नागर शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। ऐसे में केशवरायपाटन में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

झालावाड़ नगर परिषद में उपसभापति पद को लेकर प्रक्रिया शुरू

झालावाड़ नगर परिषद में उपसभापति पद को लेकर कांग्रेस की ओर से पार्षद फारूक अहमद ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस पार्षदों की ओर से फारूक अहमद के नाम पर सर्वसम्मति बनने के बाद उन्हें प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं भाजपा की ओर से राजेंद्र सुमन ने भी उपसभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया।झालावाड़ नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। बहुमत की बात करे तो  चुनाव के बाद भाजपा की ओर से 13, कांग्रेस की ओर से 29, दो निर्दलीय और एक वार्ड में आप पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीतकर आया है।जबकि दो वार्ड पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके है। ऐसे में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है। इसी के चलते कांग्रेस प्रत्याशी फारूक अहमद का उपसभापति बनना तय माना जा रहा है। फारूक अहमद वार्ड नंबर 45 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। वे कांग्रेस के पार्षद के रूप में चौथी बार चुनाव जीतकर नगर परिषद पहुंचे हैं। इस बार उन्होंने वार्ड 45 से करीब 500 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जिसे उनकी बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान दोनों दलों के पार्षद और समर्थक मौजूद रहे। अब उपसभापति पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति औपचारिक रूप से स्पष्ट होगी।

एक दिन पूर्व संपन्न हुए सभापति चुनाव में मिला इतना बहुमत
एक दिन पूर्व कांग्रेस पार्टी की ओर से बनाए गए सभापती को 29 के स्थान पर 30 और भाजपा के राजकुमार सोनी को 13 के स्थान पर 15 मत मिले हैं एसएमएस बहुमत का आंकड़ा कांग्रेस के पास है।

भाजपा की ओर से रामनरेश ने नामांकन दाखिल किया

बहरोड़ नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए भाजपा की ओर से रामनरेश ने नामांकन दाखिल किया है। रामनरेश के नामांकन के बाद उनके समर्थकों में जीत की खुशी नजर आई। समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई और रामनरेश को उपसभापति बनने की बधाई दी। निकाय चुनाव 2026 के तहत खैरथल जिले की कोटकासिम नगरपालिका में निर्दलीय चौधरी पवन फलसवाल को निर्विरोध उपाध्यक्ष घोषित किया गया है। उपाध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं होने के चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
 

डूंगरपुर नगर निकाय में उपसभापति पद के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया

डूंगरपुर नगर निकाय में उपसभापति पद के लिए भाजपा की ओर से अनिल पटेल और कांग्रेस की ओर से फरीदा बेगम ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं, सागवाड़ा नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से योगेश जैन और कांग्रेस से भावेश खांट ने नामांकन पेश किया है। दोनों निकायों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

सवाई माधोपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक

सवाई माधोपुर में उपसभापति पद के नामांकन के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान पुलिस एवं भाजपाइयों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। भाजपा के नगर परिषद चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत को पुलिस ने नामांकन कक्ष में जाने से रोक दिया। इस पर मदन प्रजापत की पुलिस के डिप्टी राजेंद्र सिंह मीणा से तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही, जिससे मौके पर माहौल गरमा गया।

जैसलमेर में जेठानी और देवरानी आमने-सामने

जैसलमेर नगर परिषद में उपसभापति पद का चुनाव चर्चा में है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड संख्या 6 की पार्षद मधुबाला देवी सिंह चौहान तथा कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 22 की पार्षद प्रेमलता चौहान ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मैदान में उतरीं ये दोनों महिला प्रत्याशी आपस में जेठानी और देवरानी हैं।

पाली में त्रिकोणीय मुकाबला

पाली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। दूसरी ओर, निंबाहेड़ा नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार निलेश मेहता निर्विरोध उपसभापति बन गए हैं।

ब्यावर नगरपरिषद से भाजपा से दीक्षांत और कांग्रेस से शिवांगी ने दाखिल किए पर्चे

ब्यावर नगरपरिषद में उपसभापति पद के चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दीक्षांत हरचंदानी ने अपना नामांकन पत्र भरा है, जबकि कांग्रेस पार्टी की तरफ से शिवांगी नागौरा ने पर्चा दाखिल किया है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों द्वारा पर्चे भरे जाने के बाद अब उपसभापति का चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।

कांग्रेस और भाजपा समर्थित निर्दलीय में मुकाबला

सीकर जिले की धोद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मुख्य मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से मुकेश कंवर ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र भरा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी समर्थित निर्दलीय पार्षद प्रभु ने भी चुनावी मैदान में उतरते हुए अपना पर्चा दाखिल किया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:00 बजे तक उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की समय सीमा रखी गई है। यदि नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद भी दोनों उम्मीदवार चुनावी मैदान में बने रहते हैं, तो मतदान कराया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया के तहत दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक वोटिंग होगी। वोटिंग की प्रक्रिया समाप्त होते ही वोटों की गिनती का कार्य शुरू किया जाएगा। वोटों की गिनती पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव के आधिकारिक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

बयाना पालिका में भाजपा के दो पार्षदों के बीच मुकाबला

भरतपुर की बयाना नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। मुकाबले में भाजपा के दो पार्षदों के आमने-सामने आने से क्रॉस वोटिंग की आशंका बढ़ गई है, जबकि कांग्रेस की ओर से भी एक प्रत्याशी मैदान में उतरी हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अलका श्रीवास्तव ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड आठ से भाजपा पार्षद धनेश शर्मा, वार्ड 12 से भाजपा पार्षद प्रबल कुमार शर्मा और वार्ड 20 से कांग्रेस पार्षद प्रेमवती ने नामांकन भरा है। धनेश शर्मा को भाजपा समर्थित उम्मीदवार माना जा रहा है। वहीं, पार्टी के ही प्रबल शर्मा के मैदान में होने से भाजपा को निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ लाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। 35 सदस्यों वाले पालिका बोर्ड में भाजपा के 11, कांग्रेस के दो और 22 निर्दलीय पार्षद हैं। जीत हासिल करने के लिए 18 वोटों के समर्थन की आवश्यकता है। इसलिए 22 निर्दलीय पार्षद ही हार-जीत तय करेंगे।

भाजपा के चंकी शाह और कांग्रेस के फखरुद्दीन ने किया नामांकन

बांसवाड़ा नगरपरिषद उपसभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से चंकी शाह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सोमवार को हुए सभापति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मुकेश रावत को 37 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम मईड़ा को 23 वोट हासिल हुए थे। बोर्ड में स्पष्ट बहुमत मौजूद होने के कारण भाजपा प्रत्याशी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से उपसभापति पद के लिए फखरुद्दीन रतलामवाला ने पर्चा दाखिल किया है। वार्ड संख्या 57 से विजयी हुए फखरुद्दीन ने कड़े मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी को 50 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं वार्ड संख्या 37 से तीसरी बार पार्षद बने चंकी शाह ने कांग्रेस उम्मीदवार को 756 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। व्यापार क्षेत्र से जुड़े चंकी शाह वर्तमान में नेमा समाज के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

पहाड़ी नगरपालिका से शिवओम गुर्जर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए

डीग जिले की  पहाड़ी नगरपालिका में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया सफलता के साथ पूरी हुई। इस चुनावी प्रक्रिया में शिवओम गुर्जर निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए।  निर्धारित समय समाप्त होने तक शिवओम गुर्जर के अलावा किसी भी अन्य उम्मीदवार या प्रत्याशी ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल नहीं किया। लिहाजा, चुनावी प्रक्रिया के तहत शिवओम को निर्विरोध नगरपालिका उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

झालावाड़ नगरपरिषद से कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

झालावाड़ नगरपरिषद में उपसभापति पद के चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी फारूक अहमद और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र सुमन ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नगरपरिषद में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत मौजूद है, जिसके कारण प्रत्याशी फारूक अहमद का उपसभापति बनना तय माना जा रहा है। कुल 45 वार्ड में से कांग्रेस के 29 प्रत्याशी, भारतीय जनता पार्टी के 13 प्रत्याशी, दो निर्दलीय और एक आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पार्षद बने हैं। दो वार्डों के पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। कांग्रेस उम्मीदवार फारूक अहमद वार्ड 45 से पार्षद चुने गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 500 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की है। वह कांग्रेस पार्टी के पार्षद के रूप में चौथी बार चुनाव जीतकर नगरपरिषद पहुंचे हैं।

अटरू नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला

बारां जिले की अटरू नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रियंका सेन ने अपना नामांकन दाखिल किया है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से पार्षद मनोज कुमार सुमन ने अपना पर्चा जमा किया है। इन दोनों प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने के साथ ही उपाध्यक्ष पद के लिए सीधा और कड़ा मुकाबला तय हो गया है। पालिका के कुल 25 पार्षद नए उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इससे पहले हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी की निशा नेनीवाल ने जीत दर्ज की थी।

कठूमर नगरपालिका में कांग्रेस और भाजपा में मुकाबला

अलवर जिले की  कठूमर नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हो रहा है। कांग्रेस ने वार्ड संख्या 13 के पार्षद जयप्रकाश दीक्षित को अपना उम्मीदवार बनाया है।, भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड संख्या चार से जीत दर्ज करने वाली पार्षद प्रीति कुमारी को मैदान में उतारा है। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी सोरन देई ने विजय प्राप्त की थी। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार मणि देवी को चार मतों के अंतर से पराजित किया था। उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 12 वोट हासिल हुए थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी केवल आठ वोट ही प्राप्त कर सकी थीं। अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष पद पर भी अपना वर्चस्व बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

चूरू नगरपरिषद में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों में मुकाबला

चूरू नगरपरिषद में उपसभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से वार्ड 60 के पार्षद ओमप्रकाश इंदोरिया और कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड 42 के पार्षद लीलाधर चुलेट चुनावी मैदान में उतरे हैं। यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर नहीं होता है, तो भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश इंदोरिया का उपसभापति बनना लगभग तय माना जा रहा है। चूरू नगरपरिषद में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड है। इससे पहले, सोमवार को सभापति पद के चुनाव में भाजपा के विनय गोयनका को चूरू नगरपरिषद का नया सभापति चुना गया था। मतदान के दौरान विनय गोयनका को 34 वोट प्राप्त हुए थे, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी संजय भाटी केवल 26 वोट ही हासिल कर सके थे।

कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन वापसी का आवेदन सौंपा

सिरोही के आबूरोड नगरपालिका उपाध्यक्ष पद की कांग्रेस दावेदार लता कोली ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। वार्ड नंबर 34 की नवनिर्वाचित पार्षद लता कोली पालिका पदाधिकारियों के साथ पहुंचीं और रिटर्निंग अधिकारी रामस्वरूप जोहर को नामांकन वापसी का आवेदन सौंपा। इसके साथ ही उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मुकाबले का समीकरण बदल गया है।

हनुमानगढ़ में निर्दलीयों का बोलबाला

हनुमानगढ़ जिले के नगरीय निकायों में उपसभापति और उपाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन भरे गए हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस से चंदन मोंगा, भाजपा से सुनीता देवी और निर्दलीय प्रत्याशी सोनू ने अपनी दावेदारी पेश की है। हनुमानगढ़ में 60 पार्षद हैं। सभापति चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू ने 35 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जिससे परिषद में निर्दलियों का बोर्ड बना था। जिले की अन्य नगरपालिकाओं में भी उपाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए हैं। टिब्बी में पूनम शेखावत और निशा ने निर्दलीय के रूप में पर्चा भरा। पीलीबंगा में भाजपा से शकुंतला देवी और कांग्रेस से गोपीराम आमने-सामने हैं। नोहर नगरपालिका में भाजपा के गुरसेवक सिंह और कांग्रेस के ओमप्रकाश सुथार प्रत्याशी हैं। गोलूवाला नगरपालिका में भाजपा के भंवरलाल तथा कांग्रेस के सुरेन्द्र कुमार, सतवीर व राकेश कुमार ने नामांकन किया। संगरिया में तनवीर अहमद, निर्मला देवी, पारुल महेश्वरी और साहिल स्वामी ने कांग्रेस तथा निर्दलीय दोनों रूपों में दावेदारी जताई है।

मारवाड़ जंक्शन के उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी में मुकाबला

पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के नगेन्द्रसिंह गुर्जर और निर्दलीय प्रत्याशी घनश्यामसिंह मीणा ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वार्ड संख्या 15 से कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने वाले नगेन्द्रसिंह गुर्जर पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वह पूर्व में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, पंचायत समिति सदस्य और पार्षद रह चुके हैं। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा के घनश्याम चौधरी को 20 वोटों से हराया था। वहीं, वार्ड संख्या 18 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीते घनश्यामसिंह मीणा वर्ष 2024 में मुख्य टिकट निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इन्होंने चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश को 66 वोटों से मात दी थी।

इससे पहले सोमवार को देवाराम वागोरिया नगरपालिका के अध्यक्ष बने थे। मारवाड़ जंक्शन नगरपालिका में 21 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ था। इसमें भाजपा के देवाराम वागोरिया को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मनोहरलाल को 11 वोट मिले थे। नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के 11-11 पार्षद चुने गए थे, जबकि दो निर्दलीय पार्षद भी जीतकर आए थे। अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्षदों की ओर से की गई क्रॉस वोटिंग के कारण ही पूरा चुनावी समीकरण बदल गया था।

उदयपुर के पांच निकायों में उपाध्यक्ष चुनाव

उदयपुर जिले की पांच नगर पालिकाओं में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन निकायों में अपराह्न 2:30 बजे के बाद मतदान शुरू होगा और शाम 4:00 बजे तक चुनाव नतीजे आने की संभावना जताई गई है। पांचों नगर पालिकाओं में फतहनगर-सनवाड़ का मुकाबला सबसे अधिक चर्चा में है, जहां पुलिस कस्टडी में बंद नवनिर्वाचित पार्षद को वोटिंग के लिए लाया गया है।

फतहनगर और मावली में मुकाबला
फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस पार्टी से श्रेया रौनक गर्ग और भारतीय जनता पार्टी की तरफ से मुकेश खटीक ने अपना पर्चा भरा है। इस निकाय में निर्दलीय चेयरमैन चुनी गईं ममता चपलोत के पति और भाजपा पार्षद राजेश चपलोत फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं। पुलिस ने उन्हें एक पुराने एससी-एसटी मामले में पकड़ा था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें उदयपुर शहर के अंबामाता पुलिस थाने में रखा गया था, जहां से पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें फतहनगर मतदान कराने ले जाया गया है। इसी तरह, मावली नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी से बागी होकर चुनाव लड़े निर्दलीय प्रत्याशी नितेश जाट और कांग्रेस से मोहम्मद असरार ने उपाध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया है। मावली में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। इससे एक दिन पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिले थे, जिसके बाद प्रशासन ने पर्ची निकालकर फैसला तय किया था।

कानोड़ और भींडर की स्थिति
कानोड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस से दिलीप सिंह सोलंकी और भाजपा से चेतन मेनारिया चुनावी मैदान में उतरे हैं। वहीं भींडर नगर पालिका में कांग्रेस के शोयब बोहरा और भाजपा के चमनलाल सोनी के बीच मुकाबला तय हुआ है।

सुजानगढ़ में तनसुखलाल और सोनिका में मुकाबला

सुजानगढ़ नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच है। भाजपा की ओर से तनसुखलाल प्रजापत ने उपसभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया है। वहीं कांग्रेस पार्टी की तरफ से सोनिका शर्मा ने नामांकन दाखिल कर चुनावी दावेदारी प्रस्तुत की है। तनसुखलाल प्रजापत ने चुनाव के दौरान वार्ड 45 में 139 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वह पांचवीं बार पार्षद बने हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी सोनिका शर्मा ने वार्ड 18 में 38 वोटों से जीत हासिल की थी। वह दूसरी बार पार्षद चुनी गई हैं।

केसरीसिंहपुर के कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला

श्रीगंगानगर जिले की केसरीसिंहपुर नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। इस पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी ईश्वर राम नायक और भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम जोशी ने अपने-अपने नामांकन पर्चे दाखिल किए हैं। नगर पालिका के हालिया चुनाव में कांग्रेस ने कुल 13 पार्षदों की जीत के साथ बहुमत प्राप्त किया था। इसके अलावा दो निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दिया है। इस तरह उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में कुल 15 पार्षदों का समर्थन दिखाई दे रहा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के पास नगर पालिका बोर्ड में केवल पांच पार्षद हैं। आंकड़ों के लिहाज से दोनों दलों के पार्षद बल में काफी बड़ा अंतर नजर आ रहा है। इससे पूर्व अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी आकांक्षा चौधरी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी तारावंती देवी को पराजित करके पालिका अध्यक्ष की कमान संभाली थी।

वल्लभनगर के भाजपा के कमलेश और कांग्रेस की सीमा आमने-सामने

उदयपुर जिले की वल्लभनगर नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कमलेश पोखरना ने अपना पर्चा भरा है, जबकि कांग्रेस पार्टी की ओर से सीमा अग्रवाल ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र पेश किया है।

डीडवाना में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों में सीधा मुकाबला

नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आमने-सामने मैदान में हैं। कांग्रेस पार्टी की तरफ से वार्ड संख्या 34 के पार्षद मूलचंद भाटी ने अपना नामांकन पत्र भरा है। वहीं दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड संख्या 13 के पार्षद हरीश मोदी पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है।

पुष्कर के भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों में ही मुकाबला

अजमेर जिले की पुष्कर नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड संख्या 9 की पार्षद लक्ष्मी पाराशर ने उपसभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा कराया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने वार्ड संख्या 15 के पार्षद ओमप्रकाश डोल्या को उपसभापति पद का प्रत्याशी बनाया है। उनके प्रस्तावक वार्ड संख्या 25 के पार्षद जय कुमार वाल्मीकि हैं। इसके अतिरिक्त, वार्ड संख्या 11 की निर्दलीय पार्षद प्रियंका पाराशर ने भी नामांकन पत्र लिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक वह अपना पत्र जमा नहीं करा सकीं। पुष्कर नगर परिषद के 25 सदस्यीय बोर्ड में भारतीय जनता पार्टी के पास 19 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के पास चार और दो पार्षद निर्दलीय हैं। इससे पूर्व, सभापति पद के चुनाव में पुष्कर के विकास को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र बाकोलिया का समर्थन किया था। इसके चलते उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ था।

डेगाना के भाजपा के ताराचंद मेघवाल निर्विरोध बने उपाध्यक्ष

नागौर जिले की डेगाना नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद ताराचंद मेघवाल निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इस चुनाव में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। किसी अन्य उम्मीदवार के चुनावी मैदान में न होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। ताराचंद मेघवाल ने नगर निकाय चुनाव में वार्ड नंबर-1 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी।  इससे पहले सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भाजपा के प्रत्याशी राधाकिशन बिंदा निर्वाचित हुए थे।

बेगूं में भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला

चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से शैलेंद्र आंचलिया और कांग्रेस की तरफ से नदीम खान आमने-सामने हैं। इस चुनाव के लिए शुरुआत में तीन नामांकन पत्र भरे गए थे, लेकिन बाद में एक प्रत्याशी नारु लाल गुर्जर ने अपना नाम वापस ले लिया। बेगूं नगरपालिका में कुल 35 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 24 और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं। इनके अलावा, तीन निर्दलीय पार्षद भी हैं। सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव में तीनों निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया था। 

झालरापाटन के आप ने चुनाव का किया बहिष्कार

झालरापाटन के आम आदमी पार्टी ने झालरापाटन नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक पहले प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने नगर पालिका परिसर के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की और अपना विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर इस निकाय चुनाव में आपस में सिंडिकेट बनाने तथा मिलीभगत करने का गंभीर आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता नदीम मंसूरी ने आरोप लगाया कि झालरापाटन में दोनों दल आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपने ही खेमे में क्रॉस वोटिंग होने की आशंका थी। इसी डर के चलते भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित तरीके से कांग्रेस पार्टी से दो वोट अपने पक्ष में डलवाए थे।

बालेसर में भाजपा के रूप सिंह इंदा निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए

जोधपुर जले की बालेसर नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी के वार्ड संख्या 13 से निर्वाचित पार्षद रूप सिंह इंदा निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिए गए हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की प्रत्याशी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नामांकन पत्र जमा करने में विफल रहीं। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी सुमन राठौड़ ने एकमात्र वैध नामांकन पत्र के आधार पर रूप सिंह इंदा को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया।

सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस का दबदबा कायम

सिरोही के नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस का दबदबा कायम रहा। कांग्रेस के ईश्वरसिंह डाबी निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हुए। खास बात यह रही कि भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, पंचायतीराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुंबाराम चौधरी के गृह क्षेत्र में भाजपा उपसभापति पद के लिए अपना प्रत्याशी तक तय नहीं कर पाई।

बहरोड़ भाजपा के रामनरेश यादव निर्विरोध उपसभापति चुने गए

कोटपुतली-बहरोड़ जिले की बहरोड़ नगर परिषद में वार्ड 54 से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर पार्षद चुने गए 43 वर्षीय रामनरेश यादव निर्विरोध उपसभापति बन गए हैं। इस दौरान केवल रामनरेश यादव ने ही उपसभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा किसी भी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र न भरे जाने के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

मांचल गांव के मूल निवासी रामनरेश यादव वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे पार्टी में मंडल अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे पंचायत समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी मेनका यादव भी जिला परिषद सदस्य की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। उन्हें नगर परिषद के निर्वाचित पार्षदों में सबसे अधिक पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधियों में से एक माना जाता है।

बीजेपी के राधेश्याम सोमानी निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए

भीलवाड़ा नगर निगम में मेयर के बाद अब डिप्टी मेयर का चुनाव भी निर्विरोध हो गया। बीजेपी के राधेश्याम सोमानी निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए। इससे पहले बीजेपी की जसवंत कंवर भी निर्विरोध मेयर निर्वाचित हुई थीं।

उदयपुर नगर निगम में दिनेश भट्ट बने नए डिप्टी मेयर

नगर निगम में डिप्टी मेयर पद का चुनाव पूरा हो गया है। दिनेश भट्ट नए उपमहापौर चुने गए हैं। उनके चुने जाने के बाद निगम परिसर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता आतिशबाजी कर डिप्टी मेयर का स्वागत कर रहे हैं। वहीं, नगर निगम में पार्षदों की बाड़ेबंदी भी हटा दी गई है। महापौर और उपमहापौर के साथ आज सभी पार्षद अपने-अपने घर लौटेंगे। पार्षदों को लेने के लिए उनके परिवारजन और समर्थक निगम परिसर पहुंचे हैं। निगम परिसर में ढोल की थाप गूंज रही है। जश्न के माहौल के बीच महापौर, उपमहापौर और पार्षदों की रवानगी हो रही है।

नदबई में भाजपा की कृष्णा कुमारी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं

नदबई नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की पार्षद कृष्णा कुमारी को निर्विरोध पालिका उपाध्यक्ष घोषित किया गया है। उपाध्यक्ष पद के लिए कृष्णा कुमारी और निर्दलीय प्रत्याशी सुरजीत सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। हालांकि, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सुरजीत सिंह का नामांकन खारिज हो गया। सुरजीत सिंह का पर्चा निरस्त होने के बाद कृष्णा कुमारी के मुकाबले में कोई अन्य प्रत्याशी नहीं बचा, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया। नदबई में इस बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही शीर्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

आहोर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के बिशन सिंह सोलंकी जीते

आहोर नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बिशन सिंह सोलंकी ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी जोगताराम सुथार को नौ वोटों के अंतर से हराया। बिशन सिंह सोलंकी को कुल 17 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जोगताराम सुथार को आठ वोट मिले। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार जोगताराम सुथार ने बिशन सिंह सोलंकी को बधाई दी। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के सुरेश कुमार बगरेचा निर्विरोध नगर पालिकाध्यक्ष चुने गए थे।

बीकानेर में डिप्टी मेयर भाजपा का

बीकानेर नगर निगम चुनाव में उप महापौर पद के नतीजे ने बड़ा उलटफेर कर दिया। भाजपा के पंकज गहलोत उप महापौर निर्वाचित हुए। उन्हें 40 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नसीमा बानो को 38 वोट मिले। एक वोट नोटा के पक्ष में पड़ा। इस तरह पंकज गहलोत ने 2 वोट से जीत दर्ज की।

महापौर पद पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद उप महापौर पद भाजपा के खाते में जाने से सियासी समीकरण बदल गए। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के बाहर नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर से विजय जुलूस भी निकाला और पंकज गहलोत की जीत पर खुशी जताई।

भोपालगढ़ : उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के गफ्फार ने दर्ज की जीत

जोधपुर जिले की भोपालगढ़ नगरपालिका उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार गफ्फार ने तीन वोटों से जीत दर्ज की है। गफ्फार ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मदनलाल को पराजित करके उपाध्यक्ष पद हासिल किया। कुल 25 पार्षदों वाली नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गफ्फार को कुल 13 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मदनलाल को 10 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस मतदान प्रक्रिया के दौरान दो वोट खारिज कर दिए गए।

इससे पहले, अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के पास 13 पार्षद थे। इसके बावजूद मतदान के समय हुई क्रॉस वोटिंग के कारण चुनावी परिणाम पूरी तरह बदल गए थे और भारतीय जनता पार्टी के देवेश चौधरी 14 वोट प्राप्त करके अध्यक्ष चुने गए थे।

कठूमर : कांग्रेस के जयप्रकाश दीक्षित 4 वोटों से जीते

अलवर जिले की कठूमर नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी जयप्रकाश दीक्षित ने जीत हासिल की है। चुनाव में जयप्रकाश दीक्षित ने अपनी प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी पिंकी कुमारी को चार वोटों के अंतर से पराजित किया।  जयप्रकाश ने कुल 12 वोट प्राप्त किए। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी पिंकी कुमारी को केवल आठ मत प्राप्त हुए।

गोविंदगढ़ : भाजपा के महेंद्र सैनी पंद्रह वोटों से जीते

अलवर जिले की गोविंदगढ़-रामबास नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद का चुनाव भारतीय जनता पार्टी के वार्ड संख्या 5 से पार्षद महेंद्र सैनी ने 15 वोटों के अंतर से जीत लिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राहुल देव को पराजित किया।

25 वार्डों वाले गोविंदगढ़-रामबास नगरपालिका बोर्ड में भाजपा के 12, कांग्रेस के दो और 11 निर्दलीय पार्षद हैं। मतगणना के बाद भाजपा के महेंद्र सैनी को कुल 20 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी राहुल देव को केवल पांच वोट ही मिले। इस तरह निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से भाजपा ने 15 वोटों के अंतर से उपाध्यक्ष पद भी जीत लिया।

बोली: 1 वोट से जीतकर उपाध्यक्ष बनीं भाजपा की दीपा मित्तल

सवाईमाधोपुर जिले की बोली नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार दीपा मित्तल ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अर्जुन लाल रैगर को एक वोट के मामूली अंतर से हराया। इस करीबी मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार दीपा मित्तल को 13 वोट हासिल हुए, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी अर्जुन लाल रैगर को 12 वोट मिले। एक वोट से जीत दर्ज करते हुए दीपा मित्तल बोली नगर पालिका की उपाध्यक्ष बन गई हैं।

उपाध्यक्ष पद के लिए शुरुआत में तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। कांग्रेस पार्टी की तरफ से दो उम्मीदवारों अर्जुन लाल रैगर और ओमप्रकाश महावर ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। बाद में, महावर ने परचा वास ले लिया।

हिंडोली : उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस की सुगना बाई 4 मतों से जीतीं

बूंदी जिले की  हिंडोली नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुगना बाई ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रामसिंह पंवार को चार मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। नगरपालिका में अध्यक्ष पद पर पहले से ही कांग्रेस का कब्जा था। अब उपाध्यक्ष पद भी जीतने से नगर निकाय में पार्टी का दबदबा और अधिक मजबूत हो गया है।

आकोला : उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस का कब्जा

चित्तौड़गढ़ जिले की  नवगठित आकोला नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार सहलोत ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार योगेंद्र गिरी गोस्वामी को छह वोटों के अंतर से शिकस्त दी। अनिल सहलोत को कुल 13 वोट हासिल हुए, जबकि भाजपा के योगेंद्र गिरी गोस्वामी को सात वोटों से ही संतोष करना पड़ा। नवगठित आकोला नगरपालिका में कुल 20 वार्ड हैं और सभी वार्डों के पार्षदों ने इस निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई।

अध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस ने ही सफलता का परचम लहराया था। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चंद्र रेगर ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमित कुमार खटीक को हराकर अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की थी।

सीकर में कांग्रेस के अशोक चौधरी लगातार तीसरी बार उपसभापति

सीकर नगर परिषद में वार्ड नंबर-34 के पार्षद अशोक चौधरी लगातार तीसरी बार उपसभापति चुने गए हैं। कांग्रेस के चौधरी ने भाजपा की रेखा बिजारणिया को 17 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। उपसभापति चुनाव में कांग्रेस अपने पार्षदों को एकजुट रखने में सफल रही। सभापति चुनाव में जिस तरह पार्टी को समर्थन मिला था, उसे बरकरार रखते हुए उपसभापति चुनाव में भी किसी तरह की टूटफूट नहीं हुई। इसके साथ ही अशोक चौधरी ने लगातार तीसरी बार उपसभापति पद पर कब्जा कायम रखा।

अलवर में भाजपा के अजय पूनिया बने पहले डिप्टी मेयर

अलवर नगर निगम के पहले डिप्टी मेयर के रूप में भाजपा के अजय पूनिया चुने गए हैं। चुनाव में पूनिया को 40 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की ममता सैनी को 24 वोट हासिल हुए। एक वोट निरस्त कर दिया गया। डिप्टी मेयर पद के लिए मंगलवार दोपहर ढाई बजे से मतदान शुरू हुआ। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के पार्षद बाड़ेबंदी से सीधे नगर निगम पहुंचे और मतदान किया।

सबसे पहले मेयर समुनलता अग्रवाल नगर निगम पहुंचीं। उन्होंने कुछ देर तक भाजपा पार्षदों का इंतजार किया। पार्षदों के पहुंचने के बाद मेयर ने सबसे पहले अपने मत का इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों दलों के पार्षदों ने मतदान किया। वोटिंग पूरी होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें भाजपा के अजय पूनिया ने कांग्रेस प्रत्याशी ममता सैनी को 16 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

शाहपुरा नगर पालिका में कांग्रेस के मोहम्मद इशाक बने उपाध्यक्ष

भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा नगर पालिका में कांग्रेस के मोहम्मद इशाक उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। इशाक ने अपने प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार राजू लाल कहार को सात वोटों के अंतर से पराजित किया। इशाक को 21 वोट प्राप्त हुए, जबकि राजू लाल कहार के खाते में 14 वोट आए। रिटर्निंग अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने मोहम्मद इशाक को विजेता घोषित किया।

अजमेर में BJP का डिप्टी मेयर, हेमंत सांखला ने मारी बाजी

अजमेर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के चुनाव में भाजपा के हेमंत सांखला ने जीत दर्ज की। वह वार्ड-46 से पार्षद हैं। उनके सामने कांग्रेस ने वार्ड-65 के पार्षद नौरत गुर्जर को प्रत्याशी बनाया था।

अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और 11 निर्दलीय पार्षद हैं। किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं था। इसके बावजूद सोमवार को मेयर चुनाव में भाजपा की अनामिका शर्मा ने 43 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस की किरण गढ़वाल को 37 वोट मिले।

मेयर चुनाव के बाद डिप्टी मेयर पद के लिए भी निर्दलीय पार्षदों के रुख पर नजर थी। भाजपा ने हेमंत सांखला को मैदान में उतारा, जबकि कांग्रेस ने नौरत गुर्जर पर भरोसा जताया। इस चुनाव के साथ अजमेर नगर निगम में मेयर के बाद अब डिप्टी मेयर पद भी भाजपा के खाते में गया है

कानोड़ पालिका में कांग्रेस का कब्जा, दिलीप सिंह सोलंकी बने उपाध्यक्ष

उदयपुर जिले की कानोड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार दिलीप सिंह सोलंकी ने जीत दर्ज की है। चुनाव में 20 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिलीप सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चेतन प्रकाश मेनारिया को आठ वोटों के अंतर से पराजित किया। दिलीप सिंह को 14 पार्षदों का समर्थन मिला। वहीं, भाजपा उम्मीदवार चेतन प्रकाश मेनारिया को मात्र छह वोट प्राप्त हुए।

बूंदी : उपसभापति चुनाव में भाजपा के संजय भूटानी जीते

बूंदी नगर परिषद के उपसभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय भूटानी ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी मोईनुद्दीन फॉरवर्ड को 16 मतों के अंतर से पराजित किया। संजय भूटानी को कुल 38 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रतिद्वंद्वी मोईनुद्दीन फॉरवर्ड को केवल 22 मत ही मिल सके। नगर परिषद के इस महत्वपूर्ण चुनाव में कुल 60 पार्षदों ने हिस्सा लिया था और अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए उपसभापति का चुनाव किया।

इससे ठीक एक दिन पहले, सभापति पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भरत शर्मा ने 39 मत हासिल करके जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार टीकम जैन को 21 मतों पर ही संतोष करना पड़ा था। इस तरह, उपसभापति के चुनाव में भाजपा को एक वोट कम मिला।

निवाई : बराबरी के बाद बच्चे ने पर्ची से खलीभाजपा के जितेंद्र की किस्मत

टोंक जिले की निवाई नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जितेंद्र कुमार जैन ने बराबरी के बाद पर्ची प्रणाली से जीत दर्ज की है। भाजपा-कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों को 20-20 मत मिले। इसके बाद, रिटर्निंग अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने एक मासूम बच्चे से पर्ची उठवाकर परिणाम घोषित किया। पर्ची में जितेंद्र जैन का नाम निकलने पर उन्हें निर्वाचित घोषित किया गया।

अंता : भाजपा की विष्णु कुमारी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं

बारां जिले की अंता नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी विष्णु कुमारी ने उपाध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध जीत लिया है। चुनाव अधिकारियों ने जांच के बाद कांग्रेस समर्थित निर्दलीय पार्षद शरीक खान का नामांकन पत्र रद्द कर दिया। विपक्षी उम्मीदवार का आवेदन निरस्त होने से चुनावी मैदान में केवल विष्णु कुमारी ही बचीं। इसके पश्चात चुनाव अधिकारियों ने विष्णु कुमारी को नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया शुरू होते ही भाजपा प्रत्याशी विष्णु कुमारी के पक्ष ने निर्दलीय प्रत्याशी शरीक खान के नामांकन पत्र पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा के प्रतिनिधियों ने शरीक खान की चुनाव लड़ने की पात्रता पर सवाल खड़े किए। आपत्ति पत्र में कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में शरीक खान की एक फर्म ठेकेदारी के कार्यों से सीधी जुड़ी हुई है। नगर पालिका अधिनियम के नियमानुसार ऐसी फर्म के संचालक का चुनाव लड़ना नियम विरुद्ध है। इसी आधार पर भाजपा प्रत्याशी ने शरीक खान की दावेदारी खारिज करने की मांग की थी।

सांगोद :  उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के महेंद्र शर्मा 11 वोटों से जीते

कोटा जिले की सांगोद नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र शर्मा ने जीत हासिल की है। चुनाव में 35 पार्षदों ने भाग लिया । महेंद्र शर्मा के पक्ष में कुल 23 वोट पड़े, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की प्रत्याशी शाहीन को 12 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार महेंद्र शर्मा ने कांग्रेस की शाहीन को 11 वोटों के अंतर से पराजित किया।

नगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 20 पार्षद जीते थे। वहीं कांग्रेस के 11 और चार निर्दलीय पार्षद भी विजयी रहे थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से स्पष्ट बहुमत मिला था।

आबूरोड : उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की साधना देवी विजयी

सिरोही जिले की आबूरोड नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साधना देवी ने जीत दर्ज की। उन्होंने 22 वोट हासिल कर कांग्रेस के प्रत्याशी कांतिलाल परिहार को पराजित किया, जिन्हें 18 वोट मिले।

चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशी चयन को लेकर आंतरिक खींचतान देखने को मिली। साधना देवी का नामांकन पत्र दाखिल कराने के समय उनके बेटे अजय ढाका तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के बीच रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में बहस और विरोध हुआ। इस विवाद के बीच साधना देवी ने अपना नामांकन पत्र भरा। कांग्रेस की तरफ से कांतिलाल परिहार और लता देवी ने नामांकन दाखिल किया, हालांकि बाद में लता देवी ने अपना नाम वापस ले लिया।

धौलपुर में निर्दलीय रेखा कोली बनीं उपसभापति, बसेड़ी में मधु परमार निर्विरोध निर्वाचित

धौलपुर नगर परिषद में उपसभापति के चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी रेखा कोली उपसभापति बनी हैं। परिषद के कुल 60 वार्ड पार्षदों में से 59 पार्षदों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें से निर्दलीय रेखा कोली को 46 वोट मिले, जबकि उनके सामने मैदान में उतरे निर्दलीय उम्मीदवार कमलजीत को 11 वोट और दूसरे प्रत्याशी भागीरथ शर्मा को दो वोट ही मिल सके।

इससे पहले उपसभापति पद के लिए चार प्रत्याशियों ने कुल पांच नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद नरेंद्र उर्फ पप्पू जाट का नामांकन निरस्त कर दिया गया था। इसके अलावा भागीरथ शर्मा का पार्टी सिंबल वाला फॉर्म निरस्त कर दिया गया।

वहीं, धौलपुर जिले की बसेड़ी नगरपालिका में वार्ड 19 से भाजपा पार्षद मधु परमार उपसभापति निर्वाचित हुई हैं। इस पद के लिए किसी अन्य दल या प्रत्याशी द्वारा नामांकन पेश नहीं किया गया। लिहाजा,मधु परमार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के आठ, कांग्रेस के आठ और नौ निर्दलीय पार्षदों ने जीत हासिल की थी।

खेतड़ी में सजना देवी और सिंघाना में रचना पूनिया बनीं उपाध्यक्ष

झुंझुनूं जिले की खेतड़ी और सिंघाना नगरपालिकाओं में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के चुनाव हो गए। खेतड़ी नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सजना देवी ने जीत हासिल की, जबकि सिंघाना नगरपालिका में रचना पूनिया उपाध्यक्ष चुनी गईं।

खेतड़ी में 25 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में वार्ड संख्या 4 से भाजपा की 55 वर्षीया पार्षद सजना देवी और वार्ड संख्या 13 से निर्दलीय प्रत्याशी पुष्पा देवी के बीच मुकाबला था। सजना देवी को 21 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी पुष्पा देवी को केवल चार वोट ही प्राप्त हो सके। सजना देवी की पुत्रवधू भी निवर्तमान उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में भाजपा की गीता सैनी अध्यक्ष पद पर आसीन हैं। सिंघाना नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए 35 पार्षदों ने मतदान किया। यहां वार्ड संख्या 12 की पार्षद रचना पूनिया और वार्ड संख्या 24 की पार्षद अनिता सैनी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। रचना पूनिया को 19 वोट मिले, जबकि अनिता सैनी को 16 वोट प्राप्त हुए। वर्तमान में कांग्रेस की पिंकी सैनी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

बहादुरपुर : भाजपा की ज्योति राजपूत 9 वोटों से उपाध्यक्ष चुनी गईं

अलवर जिले की बहादुरपुर नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी ज्योति राजपूत ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शाहरुख खान को नौ वोटों के अंतर से पराजित किया।

चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें भारतीय जनता पार्टी से ज्योति राजपूत, कांग्रेस से शाहरुख खान और निर्दलीय प्रत्याशी रेशम देवी शामिल थीं। मतदान से पहले ही निर्दलीय रेशम देवी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। ज्योति राजपूत को कुल 17 वोट मिले, जबकि शाहरुख खान को आठ वोट प्राप्त हुए।

बर्डोद : कांग्रेस की पम्मी सैनी बनीं उपाध्यक्ष

कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बर्डोद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी पम्मी सैनी ने जीत दर्ज की वार्ड 24 की कांग्रेस पार्षद पम्मी सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संदीप को पांच वोट से पराजित किया। पम्मी सैनी को कुल 15 मत मिले, जबकि वार्ड छह के भाजपा पार्षद संदीप के पक्ष में केवल 10 मत पड़े।

बर्डोद पालिका में अध्यक्ष पद पर साहबकौर पहले ही चुनी जा चुकी हैं। 49 वर्षीया साहबकौर ने पालिका चुनाव में वार्ड दो से भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था। हालांकि, भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी न बनाए जाने पर उन्होंने कांग्रेस के समर्थन से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

टोंक : उप सभापति बनने के बाद फरजाना सईद ने बांटे पेन

टोंक नगर परिषद में उप सभापति निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस की फरजाना सईद ने कहा कि जनता और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उप सभापति पद की जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने पार्षदों को पेन वितरित कर विकास और शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस जीत के साथ टोंक नगर परिषद में सभापति और उप सभापति दोनों पद अब कांग्रेस के पास आ गए हैं।

फरजाना सईद के अनुसार पेन केवल लिखने का साधन नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से परिषद के समक्ष रखने और उनके समाधान के प्रभावी प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।

मथानिया में कांग्रेस के जितेंद्र उपाध्यक्ष, हेलमेट पहन पहुंची दिव्या मदेरणा

जोधपुर की मथानिया नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र देवड़ा ने 18 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भरत चारण को पराजित किया, जिन्हें केवल सात वोट मिले। चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिर पर हेलमेट पहनकर मतदान केंद्र पहुंचीं। उनका हेलमेट पहनकर केंद्र पहुंचना पूरे दिन लोगों तथा समर्थकों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा। एक दिन पहले हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस को विजय मिली थी। कांग्रेस उम्मीदवार लीला देवी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी इंद्रा देवी को नौ वोटों के अंतर से हराया था।

बांदीकुई : कांग्रेस के अशोक काठ जीते

दौसा जिले की बांदीकुई नगरपालिका में कांग्रेस के अशोक काठ ने उपसभापति पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोतीलाल मीरवाल को नौ वोटों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बांदीकुई नगरपालिका के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी कांग्रेस की विनोद देवी गुर्जर विजयी चुनी जा चुकी हैं। अशोक काठ शहर के वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस के पार्षद हैं। वे पेशे से व्यापारी हैं और वर्तमान में कांग्रेस के शहर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

बाड़ी में जीतीं भाजपा की कुंजलता शर्मा

धौलपुर जिले की बाड़ी नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की कुंजलता शर्मा ने 18 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 31 वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद शहीदुद्दीन को सिर्फ 13 वोटों पर ही संतोष करना

45 वार्ड वाली पालिका में कुल 44 पार्षदों ने मतदान में भाग लिया। पालिका चुनाव के समय कांग्रेस को 21 सीटों पर विजय मिली थी, जबकि भाजपा को आठ, बहुजन समाज पार्टी को दो और निर्दलीय उम्मीदवारों को 14 सीटें हासिल हुई थीं। हालांकि, उपाध्यक्ष के इस चुनाव में कांग्रेस अपने उम्मीदवार को 18 वोटों का आंकड़ा भी नहीं दिला पाई। कांग्रेस के पांच पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भाजपाने जीत दर्ज की थी। पार्टी  ने 10 साल बाद बाड़ी नगर पालिका में अपना बोर्ड बनाया है।

आसींद में भाजपा के चंद्र सिंह चौधरी जीते

भीलवाड़ा जिले की आसींद नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के चंद्र सिंह चौधरी ने चुनाव जीत लिया है। चौधरी को 16 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश गोखरू को आठ वोट प्राप्त हुए। चुनाव की विशेष बात यह रही कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने जैन समाज से ताल्लुक रखने वाले प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। वहीं,भारतीय जनता पार्टी के एक पार्षद अस्वस्थता के कारण वोट डालने नहीं आ पाए, जिससे वह अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रहे। निकाय अध्यक्ष पद के चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी के सत्येंद्र पार्षद ने जीत हासिल की थी।

देशनोक : उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के ओमप्रकाश मूंधड़ा जीते

बीकानेर जिले की देशनोक नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश मूंधड़ा ने जीत दर्ज की है। ओमप्रकाश मूंधड़ा को 17 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र सिंह चारण को केवल आठ वोट ही प्राप्त हो सके। इस तरह, ओमप्रकाश मूंधड़ा ने भाजपा उम्मीदवार को नौ वोटों से हराकर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
विज्ञापन

सुल्तानपुर : उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के नरेश शर्मा जीते

कोटा जिले की सुल्तानपुर नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के नरेश शर्मा उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी शेख मोइनुद्दीन को पांच वोटों के अंतर से पराजित किया। नरेश शर्मा को कुल 15 वोट हासिल हुए, जबकि शेख मोइनुद्दीन के पक्ष में केवल 10 वोट ही पड़ सके।

पालिका के 25 वार्डों के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 13, कांग्रेस के 11 और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने विजय प्राप्त की थी। उपाध्यक्ष पद के इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 15 वोट मिलने से राजनीतिक हलचल मच गई। कांग्रेस पार्टी के 11 पार्षदों में से नौ पार्षदों ने अपने अधिकृत प्रत्याशी शेख मोइनुद्दीन के पक्ष में मतदान किया। इसके अलावा एकमात्र निर्दलीय पार्षद ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में ही वोट दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें