11:24 AM, 08-Feb-2024
बजट में खास क्या?
- सौर ऊर्जा के लिए राजस्थान में पीएमयू का गठन कर घरों पर 5 लाख से अधिक सोलर यूनिट का गठन किया जाना प्रस्तावित, इससे प्रतिमाह 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली मिल सकेगी। बड़े शहरों के लिए 500 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी।
- टोंक रोड के साथ सीतापुरा, अंबावाड़ी से होते हुए विद्याधरनगर तक मेट्रो रूट करने के लिए डीपीआर तैयार करवाई जाएगी।
- जल जीवन मिशन में 25 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल दिया जाएगा। इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है।
- पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के लिए 45 हजार करोड़ रुपए प्रस्तावित। पिछली सरकार ने 37 हजार 200 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की थी।
सदन में हंगामा, स्पीकर ने दी चेतावनी
सदन में बार-बार टोका-टोकी करने पर स्पीकर ने कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल को चेतावनी दी। कांग्रेस विधायक विरोध जताते हुए वेल में आने लगे तो स्पीकर ने कहा कि अगर ऐसा किया तो कार्रवाई होगी। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर सीएम भजनलाल शर्मा ने खड़े होकर कहा- एक महिला बजट पढ़ रही है, आप मर्यादा की बात करते हैं, थोड़ा मर्यादा में आपको भी रहना चाहिए। यह बजट है, कोई बहस नहीं है। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि एक महिला बजट पढ़ रही है आपको उसका प्रोत्साहन करना चाहिए।
जो दिल्ली से आया है वह पढ़िए
टीकाराम जूली- हमें महिला के बजट के पढ़ने से कोई एतराज नहीं है। सीएम शर्मा ने धारीवाल से कहा- आप सदन के सीनियर नेता हैं। आप लोगों को शिक्षा दीजिए, ऐसे नहीं होता है। यह सदन की गरिमा रखना हम सबके लिए आवश्यक है। जूली ने कहा- बात महिला की नहीं है। आप वित्त मंत्री के तौर पर बजट पढ़ रही हैं। हम तो देश की महिला वित्त मंत्री का भी बजट सुन रहे हैं। जूली ने कहा- आप बजट पढि़ए, दिल्ली से लिखा आया है वह पढ़िए। लेकिन, कोई टीका टिप्पणी मत कीजिए।