अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली अपनी पत्नी के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। यहा भी जूली ने भाजपा पर निशाना साधा। कहा झूठ बोलने का काम करती है भाजपा। भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भी सुबह ही अपने-अपने वोट डाल दिए।
प्रदेश में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान का प्रतिशत लगातार चढ़ता रहा। पहले चरण का मतदान शाम छह बजे तक होना है। दोपहर तीन बजे तक 41.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा मतदान 50.14 प्रतिशत के साथ गंगानगर अब भी टॉप पर है, जबकि करौली-धौलपुर सीट सबसे कम 33.86 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे पीछे चल रही है।
नागौर में आरएलपी और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। BJP प्रत्याशी ज्योति मिर्धा और इंडिया गठबंधन (आरएलपी) के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल के समर्थक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे कुचेरा नगर पालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा घायल हो गए। उनके सिर पर चोट लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों में समझाकर मामले को शांत करवाया। जिला पुलिस अधीक्षक नारायण सिंह टोगस ने बताया कि बाजार में किसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें कुचेरा नगरपालिका अध्यक्ष को कुछ मामूली चोट आई है।
वहीं, चूरू में सादुलपुर के गांव रामपुर रेणु गांव में फर्जी मतदान की शिकायत पर दो लोगों ने बूथ एजेंट का सिर फोड़ दिया। वोटिंग के दौरान बूथ संख्या 36 पर बूथ एजेंट अनूप के ऊपर दो लोगों ने हमला कर दिया। सिर पर टेबल से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर भलेरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
प्रदेश में दोपहर तीन बजे तक 41.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा मतदान 50.14 प्रतिशत के साथ गंगानगर अब भी टॉप पर है, जबकि करौली-धौलपुर सीट सबसे कम 33.86 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे पीछे चल रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को यह चिंता है कि भाजपा 400 पार होगी या नहीं
वन मंत्री संजय शर्मा ने पूरे परिवार के साथ अलवर शहर के नवीन स्कूल पोलिंग बूथ पर वोट डाला। उसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केवल यह चिंता है कि भाजपा के 400 पार होंगे या नहीं। अलवर से भाजपा पहले से भी ज्यादा वोट से जीतेगी। चांदनाथ से ज्यादा वोट बालक नाथ को मिले और बड़ी जीत मिली। तो अब भूपेंद्र यादव को बालकनाथ से भी बड़ी जीत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग केवल लोगों को बहकाने का काम करते हैं। अलवर लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सभी आठ विधानसभाओं में लोग भाजपा को पसंद कर रहे हैं। तो प्रदेश की सभी 25 सीटों पर भाजपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर जनता को विश्वास है। इसलिए तीसरी बार जनता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहती है।
राजस्थान में दोपहर एक बजे तक 33.73 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 40.72 और सबसे कम करौली- धौलपुर लोकसभा सीट में 28.32 प्रतिशत वोट दोपहर एक बजे तक पड़ा।
अलवर में दो जगह ईवीएम और एक जगह वीवीपेट मशीन हुई चेंज
अलवर में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। दोपहर तक अलवर में 24.58% मतदान हुआ। शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है, तो जिला प्रशासन व पुलिस की तरफ से खास इंतजाम किए गए हैं। जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता ने बताया कि पूरे जिले में 2736 पोलिंग स्टेशन पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। शुरुआत में दो जगह ईवीएम मशीन नहीं चलने की सूचना मिली, जिसके बाद ईवीएम मशीन को चेंज किया गया। इसके अलावा एक जगह पर वीवीपेट मशीन के नहीं चलने की शिकायत मिली। इस बार तुरंत वीवीपेट मशीन को बदल गया।
इसके अलावा जिले में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। प्रशासन के कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाती है। पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने कहा कि जिले में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी जगह पर बेहतर इंतजाम है, अभी तक किसी भी मतदान केंद्र पर कोई घटना की सूचना नहीं मिली है। लोगों में खासा उत्साह है। सभी जगह पर लोगों की लंबी कतार लगी हुई है।
राजस्थान में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने आज अपने पैतृक गांव में जाकर मतदान किया।
करौली के मंडरायल स्थित जखोदा गांव में मतदान बहिष्कार का मामला
एसडीएम और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश
भाजपा प्रत्याशी इंदू देवी ने भी की समझाइश
भाजपा प्रत्याशी को बुलाने की कर रहे थे मांग
बूथ पर 14 सौ के करीब मतदाता
समझाइश के बाद सुचारू हुआ मतदान
जितेंद्र सिंह ने कहा- मोदी की गारंटी झूठी गारंटी है
वोट डालने के बाद खास बातचीत में जितेंद्र सिंह ने कहा, मोदी की गारंटी झूठी है। जनता समझ चुकी है, जुमलेबाजी से काम नहीं चलता है। 10 साल तक सरकार ने कुछ करके नहीं दिखाया। केवल झूठे वादे किए। भाजपा के बड़े नेता जब भी किसी राज्य में जाते हैं, वहां उनके वोट कम होते हैं। उन्होंने कहा कि किस जनता आम आदमी ने भाजपा सरकार को देख लिया है। उनके राज्य में पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर सभी के दाम बढ़े। किसानों को खाद बीज महंगा मिला तो राजस्थान में महिलाओं को पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
भाजपा हरियाणा प्रदेश लोकसभा प्रभारी एवं भाजपा राजस्थान पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने जयपुर में रानी सती नगर स्थित बाइट फ्यूचर स्कूल में धर्म पत्नी मोहिनी पूनिया, सुपुत्र महीप पूनिया के साथ मतदान किया। सतीश पूनिया ने मतदान कर मीडिया से बातचीत में कहा कि देश भर में भाजपा-एनडीए 400 पार, भाजपा 370 और राजस्थान में सभी 25 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी, नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
राजस्थान में 11 बजे का मतदान प्रतिशत
राजस्थान में चार घंटे के अंदर 22.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा श्रीगंगानगर में 27.70 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जबकि करौली-धौलपुर लोकसभा सीट पर सबसे कम 18.74 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
करौली-धौलपुर लोकसभा चुनाव 2024
करौली भाजपा के विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने बूथ संख्या 138 हाईस्कूल पर मतदान किया।विधायक ने कहा, लोकतंत्र का पर्व सभी अपने घर से निकलकर राष्ट्र हित देश को विकसित करने के लिए मतदान करें। सुबह से बड़ी संख्या में पहुंच रहे मतदान करने मतदाता।
डीजीपी साहू सपत्नीक वोट डालने पहुंचे
डीजीपी उत्कल रंजन साहू ने जयपुर शहर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में अपनी पत्नी अनीता साहू के साथ राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर विद्यालय में भाग संख्या 25 के बूथ पर मतदान किया।
मतदान के बाद डीजीपी यूआर साहू ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
बेनीवाल ने वोट डाला
नागौर में इंडी गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल ने अपनी पत्नी कनिका बेनीवाल के साथ पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया।
मतदान का बहिष्कार
दौसा लोकसभा क्षेत्र के बिगास गांव के मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है, जिससे यहां के पोलिंग बूथ सूने पड़े हैं।
दरअसल गांव को हिंगोटिया पंचायत से हटाकर नवसृजित ठिकरिया पंचायत में जोड़ने के कारण मतदाताओं ने यह कदम उठाया है। ग्रामीणों का कहना है कि हिंगोटिया पंचायत से अलग होने के बाद उनका थाना क्षेत्र और तहसील भी बदल गई है, जिसके चलते उन्हें खुद के और अपने बच्चों के कागजात बनवाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही कारण है कि मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार करते हुए मतदान के लिए नहीं जाने का कड़ा फैसला लिया है।
विदाई से पहले मतदान करने पहुंची नवविवाहिताएं
करौली लोकसभा क्षेत्र के लैदौर कला में मतदान केंद्र संख्या 206 पर विदाई से पहले दो नवविवाहित बहनें मतदान के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचीं।अपनी विदाई से पहले दोनों बहनों ने उत्साह के साथ मतदान किया।
दौसा में निकली वोट बारात
दौसा संसदीय क्षेत्र के एक गांव में मतदान करने के लिए वोट बारात निकाली गई। भाजपा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा के समर्थन में वोट बारात निकली। इस बारात में किरोड़ीलाल मीणा भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में साथ थे। इस अवसर पर किरोड़ी मीणा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि गांव वालों ने मुझे वोट डालने के लिए वोट बारात में शामिल होने के लिए बुलाया था।
इस वोट बारात में ढोल-ढमाके के साथ चल रही महिलाएं गीत गाते हुए चल रही थीं और बारात में शामिल युवा भाजपा के पक्ष में नारे लगाते हुए चल रहे थे।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम ने किसमीदेसर में किया मतदान
लोकतंत्र के महापर्व पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किसमीदेसर में स्थित बूथ पर मतदान किया। मतदान से पहले अपने घर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे अपनी पत्नी पानादेवी, दोनों पुत्र और पुत्रवधू के साथ मतदान करने किसमीदेसर के बूथ पर मतदान करने पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में मतदाताओं का आह्वान किया कि लोकतंत्र के इस पर्व में सभी हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सभी पहले मतदान करें उसके बाद में अपने अन्य काम करें। वहीं बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानन्द व्यास ने अपनी पत्नी संतोष व्यास के साथ जुगल भवन के पास स्थित बूथ पर मतदान किया।
उपमुख्यमंत्री वोट डालने पहुंचीं
प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अपना मतदान किया। जयपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा भी अपना वोट कास्ट करने पोलिंग बूथ पहुंचीं।
पहले मतदान फिर ससुराल की डगर प चैनार स्थित अटल सेवा केंद्र में कोमल टाक निवासी जगावता, चैनार ने विवाह संपन्न होने के तुरंत बाद ससुराल जाने से पहले अपने पति नितिन सोलंकी के साथ आकर मतदान किया।
राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर सुबह 9:30 तक 10.67 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले के हिसाब से देखें तो श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा (14.14%) वोटिंग हुई है। जबकि झुंझुनूं में सबसे कम (8.83%) वोटिंग हुई है।
झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र में नौ बजे तक 8.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। सर्वाधिक 10.1 प्रतिशत मतदान झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। जबकि सबसे कम 8.12 प्रतिशत मतदान नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। वहीं, पिलानी में 8.89, सूरजगढ़ में 8.35, मंडावा में 8.70, उदयपुरवाटी में 8.39, खेतड़ी में 9.12 तथा फतेहपुर में 8.93 प्रतिशत मतदान हुआ है।
आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल मतदान से पहले भगवान भोलेनाथ की शरण में पहुंचे और परिवार सहित जलाभिषेक किया। नागौर से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
राजस्थान में वोटिंग को लेकर सुबह से ही लाइनें लगी हुई हैं। राजधानी जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा ने परिवार सहित वोट किया।
वहीं, हवामहल विधानसभा से विधायक बालमुकंदाचार्य गलत मतदान केंद्र पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने सही बूथ पर जाकर वोट डाला।
राजस्थान की हॉट सीट चूरू पर भारतीय जनता पार्टी के नेता राजेंद्र राठौड़ ने वोट डाल दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के आराध्य गोविंद देव जी के मंदिर पहुंचे और प्रदेश की शांति-समृद्धि के लिए पूजा अर्चना किए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना वोट डाला। मुख्यमंत्री शर्मा के साथ उनकी पत्नी सुनीता और उनके पुत्र भी मौजूद रहे।
हनुमानगढ़ जंक्शन के बूथ संख्या 86 में ईवीएम में आई तकनीकी खराबी। करीब एक घंटे तक नहीं चली मशीन, आमजन को करना पड़ा भारी परेशानी का सामना। मतदाता बोले- नौकरी जाने से भी हम हो गए लेट, मशीन खराब होने से कुछ मतदाता बिना वोट डाले हुए रवाना।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने किया मतदान
राजस्थान लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, गांधी नगर स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 53 पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान गुप्ता ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से मतदान अवश्य करने की अपील की।
भरतपुर में एक पोलिंग बूथ पर मतदान आधा घंटा देरी से हुआ शुरू।
Rajasthan Lok Sabha Election 2024: सीकर में इंडिया गठबंधन से माकपा उम्मीदवार अमराराम ने मतदान कर दिया है। उन्होंने धोद विधानसभा के मुंडवाड़ा की राजकीय स्कूल में बूथ संख्या 222 पर अपना वोट डाला है। इस दौरान उनके परिवार के सभी सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव के लिए 24,370 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा
इसमें 5,729 शहरी, 17,922 ग्रामीण सहित 719 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं
साथ ही मतदान प्रोत्साहन के लिए महिलाओं और युवाओं द्वारा 768-768 तथा 96 मतदान केंद्र दिव्यांग कार्मिकों द्वारा संचालित किए जाएंगे
Rajasthan Lok Sabha Election Phase 1 Voting Live Updates: सुगम मतदान के लिए राजस्थान निर्वाचन विभाग के नवाचार
राजस्थान निर्वाचन विभाग 'कोई भी मतदाता न छूटे’ उद्देश्य के साथ सुगम मतदान और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कई प्रयास कर रहा है। इस क्रम में मतदाताओं को बूथ पर लाइन में खड़े लोगों की रियल टाइम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आईटी का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही, राज्य स्तर पर बेस्ट सेल्फी अवार्ड देने, व्यापारिक संगठनों के सहयोग से मतदाताओं को स्क्रैच कार्ड और स्याही लगी अंगूली दिखाने पर विभिन्न विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं पर छूट सहित कई प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदाताओं को बूथ पर लाइन में खड़े लोगों की संख्या के बारे में घर बैठे मोबाइल पर ही मिल सकेगी। इससे मतदाताओं को लाइन में ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मतदाताओं को रियल टाइम जानकारी देने के लिए हर 30 मिनट में इसे अपडेट किया जाएगा। अभी यह सुविधा आठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की 34 विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध है। इससे इन क्षेत्रों के करीब 90 लाख से अधिक से मतदाताओं को इसका लाभ मिल सकेगा। जिला आधा्रित मोबाइल एप के डाउनलोड लिंक ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध हैं।
Lok Sabha Election 2024 Live: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान आज यानी 19 अप्रैल को होने जा रहा है। इस चरण में वोटिंग 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर होने जा रही है। इसमें राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश में आठ, मध्यप्रदेश में छह, बिहार में चार, पश्चिम बंगाल में तीन, असम और महाराष्ट्र में पांच, मणिपुर में दो और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर तथा छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान होना है।
बता दें कि इसके अलावा तमिलनाडु (39), मेघालय की (दो), उत्तराखंड (पांच), अरुणाचल प्रदेश (दो), अंडमान निकोबार द्वीप समूह (एक), मिजोरम (एक), नगालैंड (एक), पुडुचेरी (एक), सिक्किम (एक) और लक्षद्वीप (एक) की सभी लोकसभा सीट पर मतदान होगा। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू होगी।