फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Election Result: राजस्थान में भाजपा की धमक, सात में से पांच सीटों पर जीत, कांग्रेस को जोरदार झटका

Sat, 23 Nov 2024 03:48 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

Rajasthan Bypoll Result Vote Counting Today News Live: राजस्थान विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। खींवसर, झुंझुनूं, सलूंबर, देवली-उनिया और रामगढ़ का विधानसभा उपचुनाव बीजेपी जीत गई है। वहीं, दौसा में कांग्रेस और चौरासी में बीएपी को जीत हासिल हुई है।
विज्ञापन
Rajasthan By Election Result Live - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:39 PM, 23-Nov-2024

राजस्थान में पांच सीटों पर खिला कमल, ऐसी सीटें भी जीतीं जहां दशकों से नहीं खुला था खाता
राजस्थान विधानसभा में बीजेपी विधायकों की संख्या बढ़कर 119 हो गई है। उपचुनाव में बीजेपी पांच सीटें जीत गई है। इनमें सलूंबर, खींवसर, झुंझुनूं, देवली-उनियारा और रामगढ़ सीट शामिल है। झुंझुनूं में बीजेपी की जीत इस मायने में भी अहम है, क्योंकि बीजेपी यहां दशकों से चुनाव नहीं जीती थी। बीजेपी ने अखिरी बार 2003 में यह सीट जीती थी। इसके बाद से यह सीट कांग्रेस के टिकट पर बृजेंद्र ओला जीतते रहे। इसलिए यह यह सीट कांग्रेस और ओला परिवार का गढ़ मानी जाती थी। अब बीजेपी के राजेंद्र भांबू ने बृजेंद्र ओला के पुत्र व कांग्रेस प्रत्याशी अमित ओला को 42,828 वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हरा दिया है।

जिनते वोट आम चुनाव में नहीं मिले, उससे ज्यादा बड़े अंतर से उपचुनाव जीते भांबू
खास बात यह है कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भी राजेंद्र भांबू ने यहां बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और उस चुनाव में भांबू को कुल 42,407 वोट मिले थे। यानी भांबू को 2023 में जितने वोट मिले थे, उससे ज्यादा वोटों के अंतर से उन्होंने उपचुनाव में जीत दर्ज की है। हालांकि, उनकी जीत में निर्दलीय राजेंद्र गुढ़ा का भी बड़ा रोल रहा है। राजेंद्र गुढ़ा ने कांग्रेस के वोट काटने का काम किया।

खींवसर में कांग्रेस-बीजेपी के मेलजोल में फंस गए हनुमान
खींवसर के नतीजे भी चौंकाने वाले रहे। हनुमान बेनीवाल की पत्नी कनिका बेनीवाल यहां बीजेपी के रेवतराम डांगा से चुनाव हार गए। इसकी बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने यहां हनुमान को हरवाने के लिए बीजेपी में वोट शिफ्ट करवाए हैं। साल 2023 में रेवतराम को खींवसर में करीब 77 हजार वोट मिले थे। इस बार उन्होंने एक लाख 8 हजार 628 वोट लिए हैं। यानी पिछले चुनावों के मुकाबले उन्होंने करीब 41 हजार से ज्यादा वोट लिए। वहीं, उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी कनिका बेनीवाल को 92,727 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी रतन चौधरी की यहां जमानत जब्त हो गई। उन्हें सिर्फ 5,454 वोट मिले हैं।

देवली उनियारा में नरेश का फायदा बीजेपी को, कांग्रेस पर पड़े भारी
देवली-उनियारा सीट भी बीजेपी ने कांग्रेस से छीन ली है। यहां बीजेपी के राजेंद्र गुर्जर 41,121 वोटों के अंतर से चुनाव जीते हैं। हालांकि, इसकी बड़ी वजह थप्पड़ कांड के आरोपी निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा रहे। थप्पड़ कांड के बाद पूरे उनियारा में नरेश को लेकर मीणा वोटों का कंसोलिडेशन हो गया। इससे कांग्रेस के केसी मीणा नतीजों में तीसरे नंबर पर आ गए। नरेश 59,478 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे।

सलूंबर में आखिरी राउंड में हारी बीएपी
सबसे रोचक मुकाबला सलूंबर सीट पर देखने को मिला। यहां 21 राउंड तक बीएपी आगे चल रही थी। लेकिन आखिरी राउंड में बाजी पलट गई और बीजेपी की शांता अमृतलाल मीणा 1,285 वोटों के अंतर से चुनाव जीत गई। सलूंबर एक मात्र सीट थी, जो उपचुनाव से पहले बीजेपी के पास थी। 

दौसा में किरोड़ी मीणा को मिला भितरघात, भाई चुनाव हारे
दौसा में मैच फिक्स तो हुआ, लेकिन कांग्रेस के डीडी बैरवा के पक्ष में। बीजेपी के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा दौसा उपचुनाव हार गए। हारने के साथ ही जगमोहन ने बयान दिया, जब अपने ही बेवफा हो जाएं तो कोई क्या करें। डीडी बैरवा ने 2,300 वोटों के अंतर से जगमोहन को चुनाव हरा दिया।

रामगढ़ में भी दिखी कांटे की टक्कर, बीजेपी के सुखवंत जीते
रामगढ़ सीट पर भी बार-बार समीकरण बदलते रहे। शुरुआत में कांग्रेस के आर्यन जुबेर 10 हजार वोटों तक की लीड़ ले गए थे। इसके बाद बीजेपी के सुखवंत ने वापसी की और राउंड पूरे होते-होते सुखवंत ने 13,614 वोटों से मुकाबला जीत लिया।

02:17 PM, 23-Nov-2024

दौसा उपचुनाव 2024

  • भारतीय जनता पार्टी ने दौसा में रिकाउंटिंग की मांग की है 

  • प्रशासन के द्वारा अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं किया गया है

02:08 PM, 23-Nov-2024

नागौर से बड़ी खबर
  • खींवसर में बीजेपी ने की 13,870 वोटों से जीत की हासिल
  • बीजेपी प्रत्याशी रेवंतराम डागा ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की प्रत्याशी कनिका बेनीवाल को दी मात
  • वर्ष 2008 से लेकर 2023 तक खींवसर सीट पर हनुमान बेनीवाल का रहा दबदबा
  • 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रेवंतराम डागा को हनुमान बेनीवाल ने 2059 वोटों से हराया

विज्ञापन
01:50 PM, 23-Nov-2024

राजस्थान में सात में चार सीटों पर कमल खिला, खींवसर, झुंझुनूं, देवली-उनियारा में बीजेपी की जीत तय, रामगढ़ में कांटे की टक्कर
राजस्थान में हुए उपचुनावों बीजेपी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए तीन सीटों पर जीत पक्की कर ली है। रामगढ़ सीट पर फिलहाल कांटे का मुकाबला चल रहा है। देवली उनियारा में बीजेपी के राजेंद्र गुर्जर, झुंझुनूं में राजेंद्र भांबू और खींवसर में रेवतराम डांगा की जीत तय हो चुकी है।

राजस्थान विधानसभा में बीजेपी विधायकों की संख्या बढ़ना तय हो गया है। उपचुनावों के नतीजे बीजेपी पक्ष में आ रहे हैं। कुल सात सीटों पर हुए उपचुनावों में से बीजेपी तीन पर जीत लायक बढ़त बना चुकी है। वहीं, रामगढ़ सीट पर बीजेपी के सुखवंत और कांग्रेस के आर्यन जुबेर के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। हालांकि, 15 राउंड की गिनती में बीजेपी 2011 वोटों से लीड ले चुकी है। लेकिन अभी यहां सात राउंड और बचे हैं।

सबसे ज्यादा चौंकाने वाले परिणाम झुंझुनूं और खींवसर में आए हैं। खींवसर में आरएलपी की कनिका बेनीवाल कड़े मुकाबले में बीजेपी के रेवतराम डांगा से पिछड़ गई हैं। हालांकि, खींवसर का चुनाव हनुमान बेनीवाल के चेहरे पर लड़ा गया था। लेकिन कांग्रेस कैंप के वोट भी यहां बीजेपी में शिफ्ट हुए हैं, जिसके चलते रेवतराम डांगा 2023 के चुनावों के मुकाबले इस बार कहीं ज्यादा वोट लेकर आए हैं। रेवतराम को 2023 में 77433 वोट मिले थे लेकिन इस बार वे 18 राउंड पूरे होते-होते 102043 वोट ले चुके हैं। वहीं कनिका बेनीवाल का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में खींवसर सीट पर हनुमान 79492 वोट लेकर गए थे लेकिन कनिका 18वें राउंड तक 89833 वोट ले चुकी हैं।

अकेले पड़े हनुमान
खींवसर में हनुमान बेनीवाल इस बार अकेले पड़ गए। कांग्रेस कैंप के भी तमाम विधायकों की तरफ से उन्हें कोई सपोर्ट नहीं मिला। बल्कि कांग्रेस के खाते के वोट यहां बीजेपी में जाते नजर आए। कांग्रेस प्रत्याशी रतन चौधरी की यहां जमानत तक जब्त हो गई। यानी यह चुनाव पूरी तरह हनुमान को हराने के लिए ही लड़ा गया है।

01:19 PM, 23-Nov-2024

खींवसर सीट पर 16 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रेवतराम से 11,000 से ज्यादा मतों से अपने निकटतम उम्मीदवार राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की कनिका बेनीवाल से आगे चल रहे हैं, अभी चार राउंड की गिनती होना बाकी है।

विज्ञापन
01:10 PM, 23-Nov-2024

Jhunjhunu Election Results Live: झुंझुनूं में खिला कमल, BJP प्रत्याशी राजेन्द्र भांबू की हुई जीत
झुंझुनूं विधानसभा सीट पर इस बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेन्द्र भांबू का पलड़ा भारी लग रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बीच झुंझुनूं विधानसभा सीट को लेकर खींचातानी चल रही है। दोनों ही पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। इस सीट से बीजेपी से राजेन्द्र भांबू कांग्रेस से अमित ओला और निर्दलीय उम्मीदवार राजेन्द्र गुढ़ा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस सीट से बीजेपी से राजेन्द्र भांबू की जीत हुई है।

झुंझुनूं विधानसभा सीट पर इस बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेन्द्र भांबू का पलड़ा भारी रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बीच झुंझुनूं विधानसभा सीट को लेकर खींचातानी चल रही है थी। दोनों ही पार्टियों के बीच कड़ी टक्कर देखने के आसर थे। लेकिन इस सीट पर शुरू में निर्दलीय प्रत्याशी और उसके बाद लगातार कांग्रेस बढ़त बनाती रही। बीजेपी से राजेन्द्र भांबू कांग्रेस से अमित ओला और निर्दलीय उम्मीदवार राजेन्द्र गुढ़ा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की सभी संभावनाएं भी फेल हो गए। उपचुनाव में कुल 69 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से सात विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक से एक विजेता का चयन किया जाएगा। इस सीट से बीजेपी से राजेन्द्र भांबू की जीत हुई है।

झुंझुनूं विधानसभा सीट पर हर बार की तरह भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने के कयास लगाए जा रहे थे, पर इस सीट पर एकतरफा भाजपा ने काफी बढ़त बनाई।पिछले कई चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहा है। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार राजेन्द्र गुढ़ा ने भी इस सीट पर जीत का परचम लहराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी, जो मुकाबले को और भी रोचक बना रहे थे, पर अंत में त्रिकोणीय मुकाबला तो बना नहीं पर कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचा। 

झुंझुनूं में उपचुनाव के दौरान मतदान की गति धीमी रही। मतदान शांतिपूर्ण रहा, लेकिन आम चुनाव 2023 की तुलना में उत्साह कम नजर आया। वर्ष 2023 में 72.71 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि उपचुनाव 2024 में 66.14 प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार कुल 6.57 प्रतिशत मतदान कम हुआ है।

निर्दलीय प्रत्याशी ने मारी सेंध
निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राजेंद्र सिंह ने चुनाव मे लाल ठोकर कांग्रेस के मूल वोट मुस्लिम एससी एसटी में बड़ी सेंध मारी की है, जिसकी वजह से कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई है।

01:08 PM, 23-Nov-2024

राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के भाई एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जगमोहन मीणा दौसा से चुनाव हार गए हैं।

12:43 PM, 23-Nov-2024

झुंझुनूं विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भांबू 42,599 वोटों से जीत गए हैं।

12:28 PM, 23-Nov-2024

Rajasthan election Results: कहां से कौन चल रहा है आगे?
साल 2023 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले भाजपा को उपचुनावों में अब तक अच्छी खबर मिल रही है। झुंझुनूं, खींवसर से देवली उनियारा में बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस की बात करें तो पार्टी दौसा और रामगढ़ में बढ़त बनाए हुए है। भारतीय आदिवासी पार्टी चौरासी और सलूंबर में बढ़त बनाए हुए है। बता दें कि 2023 में बाप के पास चौरासी थी।

12:17 PM, 23-Nov-2024

Rajasthan Election Result Live: देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव
  • राजकीय पीजी कॉलेज में मतगणना जारी
  • 11 राउंड के बाद बीजेपी की बढ़त जारी
  • बीजेपी के राजेंद्र गुर्जर 30196 वोटों से आगे
  • बीजेपी के राजेंद्र गुर्जर को कुल 61286 वोट मिले
  • दूसरे नंबर पर नरेश मीणा को मिले कुल 31090 वोट 
  • कांग्रेस के केसी मीणा तीसरे नंबर पर पहुंचे
  • कांग्रेस प्रत्याशी कस्तूर चंद को कुल 16373 वोट मिले

11:45 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan election Results Live: राजेंद्र भांबू ने झुंझुनू में बनाई 31,492 वोट की बढ़त
झुंझुनूं में 16 राउंड की गिनती के बाद राजेंद्र भांबू को 64,809 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस को 31,905 वोट मिले हैं। निर्दलयी प्रत्याशी राजेंद्र गुढ़ा तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। उन्हें 31,492 मोट मिले हैं। बता दें, राजेंद्र भांबू की बढ़त 32,904 वोट की हो गई है।

11:36 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan election Results Live: चौरासी में क्या भाजपा करेगी उलटफेर
भारतीय आदीवासी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले चौरासी से भाजपा के लिए अच्छी खबर है। 11 राउंड पूरा होने के बाद अब बाप कैंडिडेट अनिला कटारा और भाजपा प्रत्याशी कारीलान ननोमा के बीच अंतर 3651 वोट का ही रह गया है। 9वें राउंड के बाद भाजपा कैंडिडेट ने अच्छी वापसी की है। बता दें, 8वें राउंड तक अनिल कटारा की बढ़त 16086 वोट से आगे थे। वहीं, खींवसर में कनिका बेनीवाल 1600 वोटों आगे हुई।

10 राउंड कंप्लीट 

  • बीजेपी आगे- 1996
  • कनिका बेनीवाल- 4163
  • बीजेपी के रेवंतराम डांगा- 7761
  • कांग्रेस की डॉ. रतन चौधरी- 225

11:31 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan by election Results 2024 Live: सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए  मतगणना जारी

  • झुंझुनूं से भाजपा आगे 
  • रामगढ़ से कांग्रेस आगे 
  • दौसा से कांग्रेस आगे 
  • देवली-उनियारा से भाजपा आगे 
  • खींवसर से आरएलपी आगे 
  • सलूंबर से बीएपी आगे 
  • चौरासी से बीएपी आगे

11:30 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan by election Results 2024 Live: झुंझुनूं में भाजपा की लीड 26000 वोट की हुई
13 राउंड के बाद झुंझुनूं में राजेंद्र भांबू को 53845 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस को 25283 वोट मिले हैं। निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुढ़ा 27622 वोट मिले हैं। बता दें, भाजपा की इस सीट पर लीड 26223 वोट की हो गई है।

खीसंवार में BJP और RLP के बीते कांटे की टक्कर
खींसवार में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही हैं। शुरुआती राउंड में पिछड़ने के बाद कनिका बेनीवाल ने 646 वोट की बढ़त बना ली है। वहीं, भाजपा के रेवंतराम डांगा पिछड़ गए हैं। अभी तक की गिनती में इन्हीं दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

दौसा में जगमोहन मीणा लगभग 8000 वोट से पिछड़े
दौसा विधानसभा सीट पर डीसी बैरवा बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, भाजपा के प्रत्याशी जगमोहन मीणा पिछड़ते नजर आ रहे हैं। 9 राउंड की गिनती के बाद डीसी बैरवा करीब 8000 वोट से आगे चल रहे हैं। अब देखना है कि क्या आने वाले समय में भाजपा इस लीड को रिकवर कर पाती है या नहीं।

9 राउंड के बाद कांग्रेस के आर्यन जुबेर 4810 वोट से आगे
रामगढ़ में वोटों की गिनती आगे बढ़ने के बाद कांग्रेस के आर्यन जुबैर की बढ़त और बढ़ गई है। कांग्रेस की लीड इस सीट पर 4810 वोट की हो गई है। भाजपा के सुखवंत सिंह 9 राउंड के बाद पिछड़ते नजर आ रहे हैं।

11:09 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan By Election Result: टोंक (देवली-उनियारा) विधानसभा उपचुनाव 

  • 23,140 मतों से भाजपा के राजेंद्र गुर्जर आगे 
  • सातवें राउंड की मतगणना हुई पूरी

11:00 AM, 23-Nov-2024

चौरासी से BAP की बढ़त 16000 वोट की हुई
Rajasthan by election Results 2024 Live:
चौरासी विधानसभा सीट पर 8 राउंड के बाद भारतीय आदीवासी पार्टी के अनिल कटारा 16086 वोट से आगे चल रहे हैं। 8 राउंड की काउंटिंग के बाद करारी लाल को 23392 वोट और कांग्रेस के महेश रोत को 9367 वोट मिले हैं। वहीं, अनिल कटारा को 39478 वोट मिले हैं।

10:58 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan Bypoll Results 2024 Live: टोंक की देवली-उनियारा सीट पर बीजेपी आगे
टोंक की देवली-उनियारा विधानसभा सीट पर चौथे राउंड की गिनती पूरी हो गई है। इसके बाद यहां बीजेपी उम्मीदवार 15 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं।

10:56 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan By Poll Result live: सातवें राउंड की मतगणना के बाद
रामगढ़ उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार आर्यन जुबेर 10,000 से अधिक वोटों से आगे

10:52 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan election vote counting live: नागौर विधानसभा उप चुनाव 2024

  • खींवसर विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत राजकीय विधि महाविद्यालय में चल रही मतगणना

  • 20 राउंड्स में होगी मतगणना

  • मतगणना- 7वां राउंड

  • भारतीय जनता पार्टी के रेवंतराम डांगा को मिले 4412

  • राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की कनिका बेनीवाल को मिले  5914

  • कांग्रेस की डॉ. रतन चौधरी को मिले 176

10:09 AM, 23-Nov-2024

  • झुंझुनूं में निर्दलीय राजेंद्र गुढ़ा पहले नंबर पर, 2253 की लीड बनाई
  • कांग्रेस के अमित ओला तीसरे नंबर पर खिसके
  • रामगढ़ उपचुनाव छह राउंड में कांग्रेस लगभग 2000 वोटों से आगे

10:02 AM, 23-Nov-2024

  • देवली उनियारा सीट पर निर्दलीय नरेश मीणा ने कांग्रेस के केसी मीणा को पीछे छोड़ा, दूसरे नंबर पर आए
  • झुंझुनूं में राजेंद्र गुढ़ा ने चौंकाया- 4 राउंड की गिनती में गुढ़ा सभी को पछाड़ कर पहले नंबर पर आए

09:49 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan Bypoll Result Live: सलूंबर में बड़ा उलटफेर नजर आ रहा है। बीएपी ने पिछले चुनावों में यहां पहले राउंड में मात्र तीन हजार वोट लिए थे। इस बार बीएपी यहां 5600 वोट ले गई है।
 

09:39 AM, 23-Nov-2024

Election Results Rajasthan: खींवसर-नागौर अपडेट

  • खींवसर उपचुनाव 2024
  • तीसरा राउंड कंप्लीट 
  • बीजेपी आगे- 1024
  • कनिका बेनीवाल- 5247
  • बीजेपी के रेवंतराम डांगा- 6271
  • कांग्रेस के डॉ. रतन चौधरी- 513 

09:29 AM, 23-Nov-2024

  • रामगढ़ में कांग्रेस के आर्यन जुबेर 3586 वोटों से आगे हुए
  • पहले राउंड की गिनती में जुबेर को 6614 वोट मिले
  • बीजेपी के सुखवंत को 3028 वोट मिले
  • चौरासी में दूसरे राउंट की काउंटिंग पूरी
  • बीएपी के अनिल कटारा 6211 वोटों से आगे

09:23 AM, 23-Nov-2024

दौसा में दूसरे राउंड की मतगणना हुई पूरी। दूसरे राउंड में कांग्रेस 55 मतों से आगे। पहले राउंड में कांग्रेस को 940 मतों की मिली थी लीड। वहीं, दूसरे राउंड में भाजपा को मिले 885 वोट।

09:14 AM, 23-Nov-2024

  • बीजेपी के रेवतराम डांगा को 6300 वोट मिले
  • आएलपी की कनिका बेनीवाल को 4015 वोट मिले
  • दौसा में कांग्रेस को अब तक 4393 वोट मिले
  • दौसा में बीजेपी के जगमोहन मीणा पीछे, उन्हें 3473 वोट मिले

09:10 AM, 23-Nov-2024

  • सलूंबर से बीएपी के अनिल कटारा 1996 वोटों से आगे हैं
  • अनिल कटारा को 5035 वोट मिले
  • बीजेपी के कारीला को 3039 वोट मिले
  • चौरासी से बीएपी के अनिल कटारा 1996 वोट से आगे

09:03 AM, 23-Nov-2024

Election Results Rajasthan: झुंझुनूं में पहले राउंड में बीजेपी के राजेंद्र भांभू को 3500 वोट व कांग्रेस के अमित ओला को 2482 वोट
दौसा में पहले राउंड में कांग्रेस के डीसी बैरवा 940 वोटों से आगे
झुंझुूनूं में निर्दलीय राजेंद्र गुढ़ा एक्स फैक्टर बनते नजर आ रहे हैं। वे पहले राउंड में 2017 वोट ले गए हैंं
खींवसर में बीजेपी के रेवतराम 6300 और आरएलपी की कनिका बेनीवाल 4015 वोट मिले

08:59 AM, 23-Nov-2024

  • झुंझुनूं में पहले राउंड में बीजेपी के राजेंद्र भांभू को 3500 वोट व कांग्रेस के अमित ओला को 2482 वोट
  • दौसा में पहले राउंट में कांग्रेस के डीसी बैरवा 940 वोटों से आगे

08:56 AM, 23-Nov-2024

  • झुंझुनूं में बीजेपी के राजेंद्र भांभू पहले राउंड में कांग्रेस से आगे हुए
  • खींवसर में भी बीजेपी के रेवतराम डांगा आगे
  • खींवसर में आरएलपी की कनिका बेनीवाल आगे हुई

08:48 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan By Election Result: अलवर में पहले राउंट की गिनती हुई पूरी। कांग्रेस के आर्यन जुबेर बीजेपी से आगे चल रहे हैं।

08:26 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan vote counting live: सलूंबर सीट पर बीजेपी पोस्टल बैलेट में आगे है। हालांकि, अभी निर्वाचन विभाग की ओर से कोई आंकड़े जारी नहीं हुए हैं। रामगढ़ में पहले बूथ की काउंटिंग में कांग्रेस 607 और बीजेपी को आठ वोट मिले। झुंझुनूं में कांग्रेस के अमित ओला पोस्टल बैलेट की गिनती में आगे चल रहे हैं।

08:05 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan Bypoll Result Live: राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों को लेकर मतगणना शुरू हो चुकी है। सात मतगणना केन्द्रों पर कुल 98 टेबल्स पर 141 राउंड में ईवीएम के मतों की गणना होगी। सुबह 8:30 तक मतपत्रों की गणना होगी और फिर ईवीएम खुलेंगी। बता दें कि राजस्थान में जिन सात सीटों पर मतगणना हो रही है। इनमें से सिर्फ खींवसर सीट को छोड़ बाकी सीट पर 2023 के मुकाबले वोटिंग कम हुई थी।

07:42 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan Election commission: ईटीपीबी की गिनती के लिए 39 टेबल, आठ बजे से गिनती होगी शुरू
सुबह आठ बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाले गए मतों की गणना शुरू होगी। सर्विस वोटर्स के लिए 39 और होम वोटिंग वालों मत पत्रों की गिनती के लिए 28 टेबल लगाई गई हैं। कुल 5,465 मतपत्र जारी किए गए थे। इनमें होम वोटिंग से 3,127 वोट डाले गए हैं।

ईवीएम मशीनों से मतों की गणना 8.30 बजे से
ईवीएम मशीनों से मतों की गणना सुबह 8.30 बजे से शुरू की जाएगी। कुल सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 141 राउंड में ईवीएम मशीनों से मतों की मतगणना होगी। मतदाताओं की संख्या के आधार पर 18 से 22 राउंड में मतों की गिनती होगी।

  • झुंझुनूं और सलूंबर विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम मतों की गिनती 22-22 राउंड में

  • रामगढ़ की 21 राउंड में

  • देवली-उनियारा और खींवसर विधानसभा क्षेत्रों की गिनती 20-20 राउंड में

  • दौसा और चौरासी के ईवीएम मतों की गिनती 18-18 राउंड में पूरी होगी

07:08 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan By Poll Result live: रिजल्ट से पहले नेताओं का बयान
राजस्थान की सात सीटों पर उपचुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कांग्रेस के पक्ष में नतीजे आने का दावा किया है। उन्होंने कहा, टिकट बंटवारे से लेकर चुनावी प्रचार तक सब बढ़िया हुआ है, यहां कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भजनलाल सरकार में मंत्री जोगाराम पटेल ने वोटों की गिनती से पहले बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि राजस्थान की सभी सातों सीटों पर कमल खिलेगा। साथ ही महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। पटेल ने झारखंड में भी बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया है।

06:56 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan vote counting live: पांच विधायक सांसद बने, दो विधायकों का निधन हुआ
बता दें कि सात सीटों में से पांच सीटें विधायकों के सांसद बनने से खाली हुई हैं। वहीं, दो सीटें विधायकों के निधन के कारण खाली हैं।

06:31 AM, 23-Nov-2024
राजस्थान उपचुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला

Rajasthan election vote counting live: उपचुनाव के नतीजे आज, जानिए हवा किस दिशा में, नतीजों से पहले किस खेमे में खलबली
राजस्थान की सात सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज सामने आएंगे। चुनाव के नतीजे विधानसभा में बहुमत पर भले ही असर नहीं डालेंगे। लेकिन राजस्थान की सियासत में ये बड़ा उलट-फेर करने वाले होंगे। कद, पद और प्रतिष्ठा से जुड़े इन उपचुनावों में जानिए हवा किस दिशा में बह रही है।

बता दें कि जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। उन पर विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस ने चार और बीजेपी, आरएलपी व बीएपी ने एक-एक सीटों पर कब्जा जमाया था। हालांकि, इस बार वोटर का रुझान कुछ कम नजर आया। उपचुनाव में खींवसर की सीट छोड़कर शेष सभी छह सीट पर मुख्य चुनाव के मुकाबले वोटिंग घटी है। इन छह सीटों पर पांच से 12 प्रतिशत मतदान कम रहा है।

रामगढ़ विधानसभा
रामगढ़ विधानसभा सीट पर साल 2018 में 78, साल 2023 में 77 और इस बार साल 2024 में 75 प्रतिशत मतदान हुआ है। अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर दिगवंत कांग्रेस नेता जुबेर खान के बेटे आर्यन खान का मुकाबला भाजपा के सुखवंत सिंह से है। यह सीट विधायक जुबेर खान के निधन के बाद खाली हुई है। उल्लेखनीय है बीजेपी ने 2018 में ज्ञानदेव आहूजा का टिकट काटकर सुखवंत प्रत्याशी बनाया था, जो सफिया खान से चुनाव हार गए थे। इस सीट पर कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सुखवंत सिंह को इस सीट पर भूपेंद्र यादव का समर्थन है। भूपेंद्र यादव अलवर से सांसद बने और वे केंद्रीय मंत्री भी हैं। वहीं, कांग्रेस कैंप में यह सीट नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की साख से जुड़ गई है।

झुंझुनूं विधानसभा
झुंंझुनूं विधानसभा सीट पर साल 2018 में 70, 2023 में 71 और इस बार 66 प्रतिशत मतदान हुआ है। ये सीट कांग्रेस की गढ़ है। बीते छह चुनाव कांग्रेस ही यहां से जीतती आई है। झुंझुनूं विधानसभा सीट पर ओला परिवार का दबदबा रहा है। यह सीट बृजेंद्र ओला के सांसद बनने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर कांग्रेस ने सांसद बृजेंद्र ओला के बेटे अमित ओला और बीजेपी से राजेंद्र भांबू ने चुनाव लड़ा है। लेकिन यहां सबसे ज्यादा चर्चा निर्दलीय राजेंद्र गुढ़ा की है। गुढ़ा कितने वोट काटेंगे, इस पर चुनावों का नतीजा निर्भर करेगा। 

खींवसर विधानसभा
खींवसर विधानसभा सीट पर साल 2018 में 75, साल 2023 में 73 और साल 2024 में 76 प्रतिशत मतदान हुआ है। मूंडवा सीट के खत्म होने के बाद अस्तित्व में आई यह सीट हनुमान बेनीवाल का अभेद्य किला रही है। आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने इस बार भाई नारायण बेनीवाल का टिकट काटकर पत्नी कनिका बेनीवाल को प्रत्याशी बनाया। वहीं, बीजेपी ने आरएलपी छोड़कर आए रेवंतराम डांगा को मैदान में उतारा था। कांग्रेस ने यहां से डॉ. रतन चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा है। बेनीवाल चार बार विधायक रह चुके हैं। वहीं, लगातार दूसरी बार नागौर से सांसद हैं। 

देवली -उनियारा विधानसभा
देवली-उनियारा में साल 2018 में 71, साल 2023 में 73 और साल 2024 में 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां त्रिकोणीय मुकाबला हुआ है। मतदान के दिन हुए थप्पड़ कांड और देर रात हुई हिंसा ने इस सीट को देश भर में चर्चाओं में ला दिया था। देवली-उनियारा से कांग्रेस के बागी नरेश मीणा ने निर्दलीय मैदान में उतरकर चुनाव को त्रिकोणीय और रोचक बना दिया। हालांकि, नरेश मीणा पहले भी कांग्रेस से बगावत कर छबड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इस सीट से कांग्रेस के कस्तूरचंद मीणा और बीजेपी से राजेंद्र गुर्जर मैदान में हैं। यहां सांसद हरीश चंद्र मीना और कांग्रेस के दिग्गज सचिन पायलट का प्रभाव है।

सलूंबर विधानसभा
सलूंबर विधानसभा सीट पर साल 2018 में 70, 2023 में 71 और 2024 में 67 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां बीजेपी की लगातार जीत हो रही है। इस बार त्रिकोणीय संघर्ष है। यह सीट बीजेपी के अमृतलाल मीणा के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। भाजपा ने उनकी पत्नी शांता देवी मीना को प्रत्याशी बनाया। वहीं, कांग्रेस ने उनके सामने रेशमा मीणा को उतारा है। वहीं, भारत आदिवासी पार्टी की तरफ से जितेश कटारा ने चुनाव लड़ा है। यह सीट बेहद कांटे की टक्कर वाली होगी। यहां ट्राइबल जनसंख्या 49 प्रतिशत व 51 प्रतिशत नॉन ट्राइबल हैं।

चौरासी विधानसभा
चौरासी विधानसभा सीट पर साल 2018 में 77, 2023 में 82 प्रतिशत और 2024 में 74 प्रतिशत मतदान हुआ। यह सीट भारत आदिवासी पार्टी का गढ़ मानी जाती है। यह आदिवासी बाहुल्य सीट है और भारत आदिवासी पार्टी का गढ़ है। यहां लगभग 90 प्रतिशत आबादी आदिवासी हैं। बीजेपी ने कारीलाल ननोमा को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने युवा सरपंच महेश रोत को प्रत्याशी बनाया है। इस क्षेत्र में भारत आदिवासी पार्टी ने युवा पंचायत समिति प्रधान अनिल कटारा को प्रत्याशी बनाया है।

दौसा विधानसभा
दौसा विधानसभा सीट पर साल 2018 में 74, 2023 में 79 और 2024 में 62 प्रतिशत मतदान हुआ है। रामगढ़ विधानसभा सीट पर साल 2018 में 78, 2023 में 77 और इस बार 2024 में 75 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस सीट के नतीजों पर सियासत की नजरें गड़ी हैं। दौसा सीट पर भाजपा ने किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहन मीना को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने पायलट समर्थक डीसी बैरवा को प्रत्याशी बनाया है। सांसद मुरारीलाल मीणा के दौसा से जीतने का बाद यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर किरोड़ीलाल मीणा और कांग्रेस के दिग्गज सचिन पायलट की साख की लड़ाई है।

06:25 AM, 23-Nov-2024

Election Results Rajasthan: राजस्थान में मतगणना की तैयारियां पूरी
राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया, 23 नवंबर को सात केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और इसके लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।  

06:02 AM, 23-Nov-2024

Rajasthan Election Result: राजस्थान में भाजपा की धमक, सात में से पांच सीटों पर जीत, कांग्रेस को जोरदार झटका

Rajasthan By Election Result: राजस्थान की झुंझुनूं, रामगढ़, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, सलूंबर और चौरासी विधानसभा सीट पर उपचुनाव का परिणाम 23 नवंबर को घोषित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को सभी सात जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने इस बाबत निर्वाचन, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें