08:41 AM, 23-Jun-2025
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव विस चुनाव का सेमीफाइनल
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। यही कारण है कि चारों राजनीतिक दलों आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी। उपचुनाव में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद कमान संभाली थी, क्योंकि अगर आप प्रत्याशी संजीव अरोड़ा चुनाव जीतते हैं, इससे आप का आगे विधानसभा चुनाव के लिए दावा मजबूत होगा। साथ ही आप के वरिष्ठ नेता का राज्यसभा में जाने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में यही चर्चा चल रही है कि पंजाब से राज्यसभा सीट खाली होने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की राज्यसभा में एंट्री हो सकती है। इसी तरह कांग्रेस से पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल खुद उपचुनाव में अग्रिम मोर्चे में डटे रहे। पार्टी की गुटबाजी खत्म करने का प्रयास किया। कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु अगर उपचुनाव जीतते हैं तो प्रदेश की सत्ता में वापसी की कांग्रेस की उम्मीद को हौसला मिलेगा।