हिमाचल प्रदेश में भी करेंगे सर्वेक्षण
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब तीन बजे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इससे बाद वे हिमाचल प्रदेश में भी बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करेंगे।
सीएम बोले-मोदी का स्वागत है
सीएम भगवंत मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब आ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं। मेरी तबीयत ठीक नहीं है, वरना मैं स्वयं आकर उन्हें सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करवाता। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री पंजाब और पंजाबियों को इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कोई अच्छा पैकेज या घोषणा करके जाएंगे।
पठानकोट का भी दाैरा करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री गुरदासपुर के अलावा पठानकोट का भी दाैरा करेंगे।
भारत सरकार पंजाब के साथ-सुनील जाखड़
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं और इस पर कड़ी नजर रख रहे हैं। वह स्थानीय परिस्थितियों का व्यक्तिगत रूप से आकलन करने और जमीनी हकीकत को समझने के लिए पंजाब का दौरा कर रहे हैं ताकि पंजाब के लोगों को अधिकतम सहायता प्रदान की जा सके। इससे पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान को स्थिति का आकलन करने के लिए भेजा गया था। पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की दो टीमें अपने दौरे के बाद केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। भारत सरकार पंजाब के लोगों के साथ पूरी तरह खड़ी है।
पंजाब अकेला नहीं है-अश्विनी शर्मा
वहीं पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब आगमन पर हार्दिक स्वागत करता हूं। उनका यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार पंजाब के दुःख-दर्द में हमारे साथ खड़ी है। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से पंजाब के किसान, मजदूर और आम नागरिक बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। पंजाब के किसान जानते हैं कि केंद्र सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। पंजाब खुले दिल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा स्पष्ट संदेश देता है कि पंजाब अकेला नहीं है, बल्कि पूरा देश और केंद्र सरकार पंजाब के साथ मजबूती से खड़ी है। केंद्र सरकार लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है।
सरकारों को मिशन मोड में काम करना होगा-राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और व्यापक तबाही बेहद दुखद और पीड़ादायक है। बर्बादी की भयावहता को देखते हुए सरकारों को मिशन मोड में काम करना होगा। किसानों, मज़दूरों, पशुपालकों और आम नागरिकों को तुरंत और प्रभावी सहायता मिलनी चाहिए। हमें मिलकर पंजाब के लोगों का हाथ थामना है।
प्रियंका वाड्रा ने कहा-केंद्र आपदा की गंभीरता को समझे
कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा ने कहा कि पिछले कई दिनों से पंजाब भयंकर बाढ़ की चपेट में है। पंजाब के लोगों, खासकर किसानों का भारी नुकसान हुआ है। पंजाब के हमारे बहादुर भाई-बहन बड़ी हिम्मत से आपदा का सामना कर रहे हैं। केंद्र सरकार से निवेदन है कि आपदा की गंभीरता को समझते हुए पीड़ितों को जरूरी सहायता पहुंचाएं और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की भी व्यवस्था करें।
पीएम का पंजाब दाैरा स्वागत योग्य
प्रधानमंत्री मोदी के बाढ़ प्रभावित पंजाब दौरे पर पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा कि इस नाजुक मोड़ पर प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा स्वागत योग्य है। पंजाब के लोगों को उनके दौरे से बहुत उम्मीदें हैं। मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि एक बार जब प्रधानमंत्री खुद अभूतपूर्व बाढ़ से हुई तबाही का जायज़ा लेंगे, तो केंद्र सरकार पंजाब को बहुत उदार वित्तीय सहायता प्रदान कर पाएगी... प्रधानमंत्री मोदी ने गुरदासपुर और पठानकोट में एक समीक्षा बैठक आयोजित करने का फ़ैसला किया है। इस तबाही पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए और सभी दलों को इस नाज़ुक घड़ी में सामूहिक रूप से पंजाब के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए। मुझे पूरा यकीन है कि प्रधानमंत्री के दौरे से पंजाब को व्यापक पुनर्वास मिलेगा।
सांसद गुरमीत मीत हेयर बोले-विशेष पैकेज की उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे पर आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि आज हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री पंजाब के लिए एक विशेष पैकेज का ऐलान करेंगे। पंजाब को अंतरिम राहत के तौर पर 20000 करोड़ का पैकेज देंगे।
कुछ ही देर में गुरदासपुर पहुंचेंगे पीएम
गुरदासपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे पीएम मोदी
पीएम मोदी पंजाब के गुरदासपुर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी किया है। अब वह गुरदासपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इससे पहले पीएम हिमाचल प्रदेश में भी हवाई सर्वे किया और धर्मशाला में उन्होंने हिमाचल में आपदा से हुए नुकसान के लिए 1500 करोड़ रुपये देने का एलान किया है।
बाढ़ पीड़ितों से बात करते पीएम मोदी।
- फोटो : अमर उजाला
बाढ़ पीड़ितों से मिले पीएम मोदी
पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे करने के बाद पीएम मोदी ने गुरदासपुर में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों, बाढ़ पीड़ितों और आपदा मित्रों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्हें फोटो प्रदर्शनी के जरिये राहत और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री को बाढ़ की स्थिति के बारे में भी बताया गया। पीएम ने जवानों और आपदा मित्रों के अभियानों की तारीफ की और उनका हौसला भी बढ़ाया। इस दौरान पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत अन्य भाजपा नेता व अधिकारी मौजूद रहे। सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री मोदी को बाढ़ की वजह से बर्बाद हो चुकी फसलों के बारे में जानकारी दी। वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों और किसानों ने भी अपना दर्द मोदी के सामने रखा। बाढ़ पीड़ितों से रूबरू होने के बाद पीएम मोदी ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। इसके बाद पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और गुरदासपुर में एक बैठक में नुकसान का आकलन किया। इसके बाद उन्होंने पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की घोषणा। यह राशि राज्य के पास पहले से उपलब्ध 12,000 करोड़ रुपये के अलावा होगी। इसके अलावा मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 50,000 रुपये की सहायता की घोषणा की है।