अपने ही नेताओं को जयंत चौधरी की चेतानी
रालोद-सपा गठबंधन में बड़ौत व छपरौली के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद जहां खींचतान खत्म हो गई है। वहीं, दोनों सीटों से टिकट के लिए सबसे ज्यादा दावेदार होने के कारण विरोध का डर भी सताने लगा है। इसलिए टिकट घोषणा से पहले सभी दावेदारों से साफ कर दिया कि यदि कोई प्रत्याशी का विरोध करेगा तो उसके लिए रालोद के रास्ते हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...
मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए रतनकुमार
मणिपुर कांग्रेस में बड़ा बदलाव किया गया है। यहां पार्टी के वर्किंग प्रेसिडेंट के तौर पर डॉ. केएच रतनकुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया।
दिल्ली पहुंचे सीएम योगी
दिल्ली से बड़ी खबर आ रही है। यहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
कांग्रेस में शामिल हुए मौलाना तौकीर रजा
इत्तेहादुल मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सोचना गलत है कि मुसलमानों ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। हमने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को सच्चा धर्मनिरपेक्ष पाया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के हाथों में प्रदेश की बागडोर नहीं सौंपी जा सकती है। अखिलेश यादव के हाथ गैर जिम्मेदार हैं। वह मुसलमानों के लिए भाजपा से भी ज्यादा खराब हैं।
अखिलेश पर योगी का निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'दंगाइयों, अपराधियों और आतंकवादियों का हाथ थामने वाले लोग आज 'अन्न' को हाथ में लेकर अन्नदाता के हितचिंतक होने का स्वांग कर रहे हैं। प्रदेश जानता है कि प्रतिकूल मौसम से अधिक इनके शासनकाल में हुए दंगों ने ही किसानों को हानि पहुंचाई है। ये तो सिर्फ 'जिन्ना प्रेमी' हैं...।'
संपत पाल ने छोड़ी कांग्रेस
चित्रकूट से टिकट न मिलने से नाराज गुलाबी गैंग की लीडर संपत पाल ने कांग्रेस छोड़ दी है। कांग्रेस ने इस बार उनकी जगह रंजना भारतीलाल पांडे को अपना प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस को झटका, पंजाब के विधायक ने थामा कैप्टन का हाथ
कांग्रेस नेता और दो बार के विधायक लव कुमार गोल्डी सोमवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल हो गए।
आप के उम्मीदवार ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली
आम आदमी पार्टी के फिरोजपुर ग्रामीण से उम्मीदवार आशु बांगड़ कांग्रेस में शामिल होंगे। पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू ने सोमवार को ये जानकारी दी। सिद्धू ने चुनाव आयोग के पंजाब में चुनाव तारीखों को बदलने का भी स्वागत किया।
किसानों के लिए सपा का बड़ा एलान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के लिए बड़ा एलान किया है। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ब्याज मुक्त लोन के साथ अब बीमा और पेंशन की सुविधा भी देने का एलान किया है। अखिलेश ने किसानों से अन्न (गेंहूं और चावल) हाथ में लेकर संकल्प लेकर बीजेपी को हटाने की किसानों से अपील भी की। कहा- 'हम सभी संकल्प लेते हैं कि किसानों पर अन्याय करने वालों को हराएंगे और हटाएंगे।'
क्या-क्या वादे किए?
सपा-बसपा को झटका, कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को झटका लगा है। दोनों पार्टियों के कई नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दलजीत सिंह, मऊरानीपुर से विधायक रहीं सपा की रश्मी आर्या, बसपा में रहे बृजमोहन सिंह कुशवाहा, जनवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे सत्येंद्र चौहान, सपा उम्मीदवार रहीं डॉक्टर सुरभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
पंजाब में अब 20 फरवरी को होगा मतदान
पंजाब में विधानसभा चुनाव टल गया है। यहां अब 14 की बजाय 20 फरवरी को मतदान होगा। संत रविदास जयंती के चलते यहां के प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से चुनाव टालने की मांग की थी। सभी दलों ने पत्र लिखकर कहा, '16 फरवरी को संत रविदास जयंती है। पंजाब के लाखों श्रद्धालु पूजा करने के लिए वाराणसी जाएंगे। ऐसी स्थिति में वह वोट नहीं डाल सकेंगे। इसलिए चुनाव की कोई और तिथि घोषित कर दी जाए।'
सपा-आरएलडी को समर्थन देने के बयान से पलटे टिकैत
समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन को समर्थन देने के बयान से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पलट गए हैं। उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन देने से इंकार कर दिया। कहा कि हमारा किसी भी पार्टी के प्रत्याशी को कोई समर्थन नहीं है। संयुक्त किसान मोर्चा ने तय किया है कि हम किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं देंगे। इसका उल्लंघन कोई भी किसान संगठन नहीं कर सकता है।
टिकैत ने आगे कहा, यहां तो पहले से हर पार्टी का आदमी आता रहा है। कल यहां गठबंधन प्रत्याशी राजपाल बालियान आए थे। हम तो सभी को अपना आशीर्वाद देते हैं, उसमें समर्थन वाली कोई बात नहीं है। अगर भाजपा या बसपा वाला भी कोई आएगा तो हम उसे उसी नजर से देखेंगे।
उत्तराखंड में कांग्रेस को झटका
उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। नैनीताल से पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य अपने बगावती सुर के बाद अब भाजपा में शामिल हो गईं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें सोमवार को देहरादून में पार्टी की सदस्यता दिलवाई। उनके साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा गुप्ता और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं।
आरएलडी ने दो प्रत्याशियों का एलान किया
समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की तरफ से दो और प्रत्याशियों के नामों का एलान हुआ है। छपरौली विधानसभा से वीर पाल राठी और बड़ौत से जयवीर सिंह तोमर को प्रत्याशी बनाया गया है। यह दोनों सीटें आरएलडी के हिस्से में है।
पार्टी मुख्यालय पहुंचे जेपी नड्डा
कोरोना से ठीक होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां वह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे।
टिकैत से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान
पश्चिमी यूपी से बड़ी खबर आ रही है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता संजीव बालियान भारतीय किसान यूनियन नरेश टिकैत से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे हैं। बताया जाता है कि हाल ही में नरेश टिकैत के हाथ का ऑपरेशन हुआ था। तब भी संजीव बालियान उनका हालचाल लेने के लिए उनके गांव पहुंचे थे। बता दें कि हाल ही में टिकैत ने सपा-आरएलडी गठबंधन को समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन बाद में अपना बयान वापस ले लिया था।
शिवसेना सांसद का बड़ा बयान
शिवसेना सांसद संजय राउत ने अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश की टक्कर और चक्कर राजनीति में बहुत महत्वपूर्ण है योगी जी गोरखपुर से लड़े या अयोध्या से लड़ें। ये उनका अधिकार है। लेकिन देश में जो अराजकता है, गंगा में लाशों को बहते देखा गया, इससे जिंदा लोग तो उन्हें वोट नहीं देंगे। अखिलेश यादव को पूरा ध्यान चुनाव पर लगाना चाहिए। अखिलेश यादव को भी सबको साथ लेकर ये लड़ाई लड़नी होगी। अहंकार सबको डूबाता है। लोग बहुत बड़ी अपेक्षा के साथ अखिलेश को देख रहे हैं।
Punjab Election 2022 : पंजाब के राजनीतिक दलों ने चुनाव टालने की मांग की
पंजाब के प्रमुख राजनीतिक दलों ने 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव की तिथि बदलने की मांग की है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, भाजपा और बसपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा, '16 फरवरी को संत रविदास जयंती है। पंजाब के लाखों श्रद्धालु पूजा करने के लिए वाराणसी जाएंगे। ऐसी स्थिति में वह वोट नहीं डाल सकेंगे। इसलिए चुनाव की कोई और तिथि घोषित कर दी जाए।' राजनीतिक दलों की इस मांग पर आज चुनाव आयोग फैसला करेगा।
UP Election 2022 : बसपा सांसद अफजाल अंसारी की तबियत बिगड़ी
बहुजन समाज पार्टी के गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी की तबियत सोमवार की तड़के अचानक खराब हो गई। उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अफजाल यूपी के माफिया मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं।
Goa Election : टीएमसी को बड़ा झटका, एक महीने पहले शामिल रेजिनाल्डो का इस्तीफा
गोवा में सियासी उठापठक जारी है। अब तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। एक महीने पहले कांग्रेस छोड़कर टीएमसी जॉइन करने वाले एलेक्सो रेजिनाल्डो ने इस्तीफा दे दिया है। रेजिनाल्डो गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष और तीन बार के विधायक रहे हैं। यही नहीं, निर्दलीय विधायक प्रदेश गोआंकर ने भी टीएमसी जॉइन करने के बाद ममता बनर्जी को झटका देते हुए एक हफ्ते के अंदर ही कांग्रेस का दामन थाम लिया।
पोस्टल बैलेट से वोट डाल सकेंगे मीडियाकर्मी
मीडियाकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। चुनाव आयोग ने पोस्टल बैलेट से वोट डालने की सुविधा अब मीडियाकर्मियों को भी दे दी है। अलग-अलग राज्यों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।