फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ujjain Shahi Masjid Row Live: मस्जिद तोड़ने पर बवाल, घोड़े पर बैठकर पुलिस अधीक्षक ने किया भ्रमण; 10 पर एफआईआर

Mon, 28 Sep 2026 03:36 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन

खास बातें

Ujjain Shahi Masjid Demolition Protest Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण को लेकर शाही मस्जिद पर कार्रवाई के बाद विवाद गहराता जा रहा है। पथराव और हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोल छोड़े। इस पूरे मामले से जुड़ी हर बड़ी खबर और पल-पल की अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:34 PM, 28-Sep-2026

घोड़े पर सवार होकर पुलिस अधीक्षक उज्जैन ने लिया क्षेत्र का जायजा

क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उज्जैन प्रदीप शर्मा द्वारा पूरे क्षेत्र का घोड़े पर सवार होकर भ्रमण करते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस बल लगातार क्षेत्र में निगरानी रखते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए मुस्तैद है।

02:18 PM, 28-Sep-2026

30 सितंबर को हाईकोर्ट में होगी सुनवाई 

शाही मस्जिद से जुड़े मामले में सोमवार को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई अब 30 सितंबर को होगी। सुनवाई की तारीख आगे बढ़ने के बीच उज्जैन में प्रशासन और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

02:06 PM, 28-Sep-2026

क्या बोले एसपी प्रदीप शर्मा?

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी की सहमति व सहयोग से सड़क चौड़ीकरण क्षेत्र में आने वाले मस्जिद के हिस्से को हटाया जा रहा है। यह कदम आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश करने वाले एक समूह पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज किया। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शांति भंग करने की कोशिश में जिले के बाहर से आए पांच लोगों को सीमा पर ही गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वाले कुछ कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
02:02 PM, 28-Sep-2026

एआईएमआईएम प्रदेशाध्यक्ष गिरफ्तार

एआईएमआईएम के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फिलहाल मोहसिन अली खान उज्जैन के नागझिरी थाने में हैं।

02:00 PM, 28-Sep-2026

आसपास के स्कूल और बाजार बंद

शाही मस्जिद के आसपास स्थित सभी प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं, छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार पूरी तरह बंद है। इससे क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

विज्ञापन
01:23 PM, 28-Sep-2026
क्या बोले कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद? - फोटो : Amar Ujala

क्या बोले कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद?

उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को सड़क चौड़ीकरण की जद से हटाने को लेकर हुए विवाद के बीच कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए थी। मसूद ने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ बातचीत का दौर जारी है। मामले का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति से बचें। मसूद ने कहा कि मुस्लिम समाज मस्जिद का मीनारा हटाने के पक्ष में नहीं है। हालांकि, उनके मुताबिक समाज करीब तीन फीट जगह देने के लिए तैयार है, ताकि सड़क चौड़ीकरण को लेकर रास्ता निकाला जा सके।

मस्जिद आजादी से पहले से मौजूद होने का दावा
कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि संबंधित मस्जिद आजादी से पहले से वहां मौजूद है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल को लेकर प्रशासन और समाज के बीच बातचीत के जरिए ऐसा समाधान तलाशा जाना चाहिए, जिससे विवाद और तनाव की स्थिति न बने।

मंदिर-मस्जिद दोनों को बचाने की तैयारी होनी चाहिए थी
मसूद ने हनुमान मंदिर का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन को पहले से ऐसी तैयारी करनी चाहिए थी, जिससे मंदिर और मस्जिद दोनों को हटाने की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ संभालने की जरूरत है।

हाईकोर्ट में आज सुनवाई
मसूद ने बताया कि उज्जैन की शाही मस्जिद से जुड़े मामले में इंदौर हाईकोर्ट की युगलपीठ में सोमवार दोपहर एक बजे सुनवाई प्रस्तावित है। उनके अनुसार, अर्जेंट हियरिंग के लिए मस्जिद कमेटी की ओर से अदालत का रुख किया गया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पहले एकलपीठ में दायर याचिका खारिज हो चुकी है और अब उसके खिलाफ अपील पर सुनवाई होनी है।

01:04 PM, 28-Sep-2026

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद

पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। समझाइश के बाद दोबारा पथराव होने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर मौजूद हैं। क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

12:57 PM, 28-Sep-2026
ड्रोन व्यू में दिखी शाही मस्जिद - फोटो : Amar Ujala

ड्रोन व्यू में दिखी शाही मस्जिद

शाही मस्जिद और आसपास के इलाके का ड्रोन व्यू भी सामने आया है। तस्वीर में बाईं तरफ दिखाई दे रही इमारत शाही मस्जिद है। यह चौराहे पर स्थित है। मस्जिद के बाहर की ओर निकले करीब 9×4 मीटर के हिस्से को हटाया जाना है।

12:56 PM, 28-Sep-2026

10 लोगों पर एफआईआर, पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल

पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है। हालांकि, अभी इनकी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, बाहर से आए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

12:56 PM, 28-Sep-2026

दोबारा पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस

उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाए जाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। यहां एक बार फिर पुलिस पर पथराव हुआ है। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे पहले सोमवार सुबह भी पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी थी। इस दौरान एक महिला थाना प्रभारी घायल हो गई थीं।

12:55 PM, 28-Sep-2026

शहर काजी ने बताया कैसे बढ़ा विवाद?

शाही मस्जिद तोड़े जाने को लेकर शहर काजी खलिकुर रहमान के अनुसार, एक पक्ष मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने के लिए सहमत था, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से इसका विरोध किया गया। इसी विरोध के चलते विवाद की स्थिति बनी। शहर काजी के अनुसार, टंकी चौक से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन में सबसे पहले महिलाओं को शाही मस्जिद की ओर भेजने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस टीम ने विफल कर दिया। इसके बाद अंडा गली के आसपास के क्षेत्र से कुछ युवाओं ने फिर अंदर आने का प्रयास किया और विरोध शुरू कर दिया।

12:52 PM, 28-Sep-2026

हाथ में पट्टी बांधी, फर्स्ट एड दिया

चोट लगने के बाद टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में पट्टी बांधी गई और उन्हें फर्स्ट एड दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान किसी महिला को चोट नहीं आई और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं।

12:51 PM, 28-Sep-2026
लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान टीआई के हाथ में चोट - फोटो : Amar Ujala

लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान टीआई के हाथ में चोट

उज्जैन में सोमवार को लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान क्राइम ब्रांच में पदस्थ टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के अनुसार, कुछ महिलाएं विरोध के दौरान आगे बढ़ रही थीं। महिला पुलिस बल को सुरक्षा देने और महिलाओं को सुरक्षित तरीके से हटाने के दौरान पुलिसकर्मी चादर की आड़ में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचे। इसी दौरान टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चादर के कोने से कट लग गया।

12:50 PM, 28-Sep-2026

पुलिस पर पथराव के वीडियो सामने आए

शाही मस्जिद के पास पुलिस पर पथराव के वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में कुछ युवक पुलिस की ओर पथराव करते नजर आ रहे हैं। पुलिस लगातार आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। मौके पर अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

12:50 PM, 28-Sep-2026

मुस्लिम महिलाओं ने किया चक्का जाम

शाही मस्जिद को तोड़े जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को सड़क से हटाने के साथ स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

12:37 PM, 28-Sep-2026

Ujjain Shahi Masjid Row Live: मस्जिद तोड़ने पर बवाल, घोड़े पर बैठकर पुलिस अधीक्षक ने किया भ्रमण; 10 पर एफआईआर

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से जारी है। करीब 900 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क निर्माण में बाधा बन रहे 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। हालांकि, शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को हटाने को लेकर पिछले दिनों विरोध और तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान पथराव शुरू हो गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें