भादो मास के दूसरे सोमवार पर आज बाबा महाकाल शाही स्वरूप में प्रजा को दर्शन देने धूमधाम से नगर भ्रमण पर निकलेंगे। बाबा महाकाल कि इस सवारी की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। आज शाम 4 बजे सभागृह में पूजन अर्चन के बाद बाबा महाकाल की सवारी शुरू होगी, जो कि नगर के परंपरागत मार्ग से होती हुई निकलेगी।
सवारी शुरू होने के पूर्व श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के सदस्यों ने सवारी में निकलने वाले रथों का पूजन-अर्चन किया। इस वर्ष अधिकमास के कारण अधिक सवारी निकाले जाने पर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा दानदाता के सहयोग से तीन नवीन रथ तैयार किए गए हैं। इसमें से एक रथ पर आज शाही सवारी में भगवान श्री महाकालेश्वर श्री सप्तधान स्वरुप में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। आज सवारी निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य राजेन्द्र शर्मा 'गुरु' व राम पुजारी व भारत शर्मा द्वारा मंदिर परिसर में रथ का विधिवत पूजन किया गया। पूजन श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी आशीष शर्मा ने संपन्न करवाई।