फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Election 2023 Live: प्रियंका का बड़ा दांव, कांग्रेस सरकार बनी तो स्कूली बच्चों को 500 से 1500 रुपये मिलेंगे

Thu, 12 Oct 2023 03:38 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

MP Vidhan Sabha Chunav 2023 News in Hindi: कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने आज मंडला में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:27 PM, 12-Oct-2023

पढ़ो-पढ़ाओ योजना शुरू करेंगे
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो प्रत्येक स्कूली बच्चे को पढ़ो और पढ़ाओ योजना के तहत हर महीने 500 रुपए से 1,500 रुपये दिए जाएंगे। कक्षा-1 से कक्षा-8 तक के बच्चों को 500 रुपये दिए जाएंगे। फिर कक्षा-9 और कक्षा-10 के बच्चों को एक हजार रुपये और कक्षा-11 और कक्षा-12 के बच्चों को 1,500 रुपये प्रति महीने दिए जाएंगे।  

मंडला में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। इस योजना का नाम पढ़ो और पढ़ाओ होगा। इस योजना के तहत प्रत्येक स्कूली बच्चे को प्रोत्साहन के तहत धनराशि दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 15 महीने में कमलनाथ की सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया। 12 हजार बर्तन बैंक बनाए। कांग्रेस कुछ गारंटी लाई है। हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त, 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ, पुरानी पेंशन योजना लागू होगी। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। नारी सम्मान योजना के तहत 1500 रुपये महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे। किसानों को पांच हॉर्स पॉवर तक बिजली मुफ्त मिलेगी। हम मध्य प्रदेश में जातिगत जनगणना करवाएंगे। जहां भी 50 फीसदी से ज्यादा आदिवासी हैं, वहां छठी अनुसूची लागू की जाएगी। बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती होगी। पीएम आवास योजना की शहर और गांव में धनराशि अलग-अलग मिलती है। पीएम आवास योजना की धनराशि शहर और गांव में बराबर मिलेगी।

कमलनाथ को डांटा भी
पढ़ो और पढ़ाओ योजना के बारे में प्रियंका ने बच्चों को पैसे देने की बात नहीं कही थी। मंच पर ही मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ कुर्सी से उठे। प्रियंका के पास जाकर बोले कि यह एक रह गया है। इस पर प्रियंका गांधी ने पढ़ना शुरू किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सालाना 500 से 1,500 रुपये दिए जाएंगे। इस पर कमलनाथ बोले कि हर साल नहीं हर महीने दिए जाएंगे। इस पर प्रियंका ने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि 'यहां तो सालाना लिखा है। आप इसकी जांच करें। तभी तो मैं कहूं कि सालाना लिखा है और हर महीने बोल रहे हैं।' 

शिवराज की नीयत पर उठाए सवाल
कांग्रेस की सरकार गिरने का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि पिछला जनादेश, धनादेश के बल पर बदल दिया गया। आपने साढ़े तीन साल में इनकी नीयत देख ली है। जो पार्टी घोषणा कर रही है, उनका रिकॉर्ड देखो। मेरा मानना है कि जनता से ज्यादा किसी में विवेक नहीं होता है। कोई कुछ भी कहे, आप सच्चाई को पहचानते हैं। मेरी दादी को आप याद करते हैं क्योंकि आपने सही नीयत को पहचाना। आपने उन्हें आगे बढ़ाया। उन्होंने आपको आगे बढ़ाया। मैं आपसे वोट नहीं जागरुकता मांगती हूं। जिस दिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी, उस दिन से सही काम शुरू होगा। जो घोषणाएं की हैं, उसका रिकॉर्ड देखिए। हमने दूसरे राज्यों में कर के दिखाया है।  

01:20 PM, 12-Oct-2023

सरकार बनेगी तो जातिगत जनगणना कराएंगे 
प्रियंका ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम बार-बार कहते हैं कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए। इससे पता चलेगा कि हमारे देश में ओबीसी, आदिवासी, दलित समेत किस वर्ग के कितने लोग हैं। हम देश में गिनती करने को कह रहे हैं। दलित कितने हैं, आदिवासी कितने हैं, गिनती करो तभी पता चलेगा कि सही हो रहा है या नहीं हो रहा है। बिहार में गिनती की गई। पता चला कि 84 प्रतिशत लोग ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के हैं। जिनकी आबादी ज्यादा है, उन्हें पद और मौका नहीं मिल रहा है। हम चाहते हैं कि गिनती से लोगों के साथ न्याय हो सके। ये सरकार इतना भी नहीं करना चाहती। ये कहते हैं कि हम जनता और समाज को बांटना चाहते हैं। सच तो यह है कि हम सभी को न्याय देना चाहते हैं।

01:08 PM, 12-Oct-2023

छत्तीसगढ़ के विकास का उदाहरण दिया
प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की सरकार का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी क्षेत्र को एक ब्रांड बना दिया है। वहां की चीजें पूरे देश तक पहुंच रही हैं। वहां कोदो, रागी से बनी चीजें दिल्ली तक पहुंच रही हैं। आदिवासी पाठशालाएं हैं, जहां आपकी संस्कृति सिखाई जाती है। गौठान में रोजगार बनाई हैं, जिससे महिलाएं एक से छह लाख रुपये तक कमा रहीं है। आप नहीं चाहते कि एक ऐसी सरकार आए जो आपको समझे। वहां 67 वनोपज के लिए समर्थन मूल्य दिया जाता है। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदुपत्ता के लिए चार हजार रुपये देंगे। यहां भी छग की तरह पेसा कानून लागू होगा।

भाषण में बीच में बोलने वाले शख्स को मंच पर आने का दिया निमंत्रण
प्रियंका गांधी जब मंच पर भाषण दे रही थी, तो मंडला के लोग भी बीच-बीच में भाजपा सरकार पर आरोप लगा रहे थे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने एक शख्स को मंच पर आमंत्रित किया और कहा- "आप आ जाइए यहां, मुझे बताते रहिएगा।"

शिवराज पर कसा तंज
प्रियंका ने कहा कि 225 महीनों की सरकार है और 250 घोटालें हैं। 18 साल में 22 हजार घोषणाएं की हैं। मंडला की सड़क बीते 10 साल से बन रही है। यहां की सड़क के लिए गडकरी जी को माफी मांगनी पड़ी। स्कूल में घोटाला, भर्ती में घोटाला हर चीज में यहां घोटाला है। जब भर्ती की परीक्षा में घोटाला है तो नौजवान क्या करे। अगली पीढ़ी के लिए भी यहां कुछ दिख नहीं रहा। व्यापमं का जो घोटाला हुआ, उसमें कितने लोग मर गए, कोई जांच नहीं की। नर्मदा में घोटाला, महाकाल में घोटाला, मंदिर में जो मूर्ति लगाई उसमें घोटाला। थक नहीं गए हो आप, जो नेता होते हैं राजनीति में आते हैं, ये भावना लेकर आते हैं कि सेवा करेंगे। आपको भी लगता है गांव का है, करेगा। फिर मंच पर आकर कुछ भी कहानियां सुना रहे हैं> सच्चाई कुछ और है। नर्मदा मैया में घोटाला हो रहा है। जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है उन्हें सबक सिखाने का समय आ गया है। 

महंगाई का मुद्दा भी उठाया
प्रियंका ने आरोप लगाया कि (शिवराज) अब कह रहे हैं सिलेंडर 500 में देंगे। फिर नाम बदलवाने जाओ तो चार हजार रुपये मांगते हैं। कांग्रेस की सरकार में 60 रुपये में राशन मिलता था। 425 रुपये में सिलेंडर मिलता था। 485 में राशन और सिलेंडर दोनों मिल जाता था। इतने साल से सरकार चल रही थी, तब 1125 रुपये का सिलेंडर मिलता था। हम 485 रुपये में दे रहे थे। इन्होंने मार्केटिंग अच्छी कर ली, महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर दे रहे हैं। दवाई पर जीएसटी है। सीमेंट हर चीज पर जीएसटी है। पेट्रोल-डीजल महंगा। मैं समझ नहीं पा रही आप कैसे गुजारा कर पा रहे हैं। सारे पीएसयू तो दोस्तों को बेच दिए। मनरेगा, ग्रामीण रोजगार बंद कर दिया। एक तरफ रोजगार बंद दूसरी तरफ मंहगाई बढ़ गई है। हम सब जो यहां खड़े हैं आपकी वजह से खड़ें हैं। आप वोट नहीं दोगे तो हिम्मत है किसी की इस मंच पर आने की। अपनी शक्ति का इस्तेमाल करो, जागरुक बनो। ये जो खेल खेले जा रहे हैं आपके साथ, कितने पद खाली हैं। लेकिन यहां के नौजवान बेरोजगार हैं। भर्ती के घोटाले करते हैं भरना नहीं चाहते। 70 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं। मंडला में अस्पताल नहीं हैं।

'मैं इंदिरा जी की पोती हूं, सच बोलती हूं'
प्रियंका ने इस दौरान अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 'मैं इंदिरा जी की पोती हूं। मेरी जिम्मेदारी है मैं आपके सामने सच बोलूं। आपकी भी जिम्मेदारी है, आपके पूर्वज इस देश के लिए शहीद हुए। आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि आप ऐसी सरकार लाएं जो आपके लिए काम करे। 18 साल से यहां अस्पताल नहीं बनवा पाए, 10 साल में सड़क नहीं बनवा पाए। पूरे सीएचसी में आंख का डॉक्टर नहीं है। अगर एक सही सरकार होती है, सही नीयत होती है तो बहुत कुछ होता है। राजस्थान में चिंरजीवी योजना में 25 लाख रुपये तक का इलाज सरकार कराती है।'

विज्ञापन
12:52 PM, 12-Oct-2023
प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया

मंडला आदिवासी संस्कृति का आंगन है। मुझे याद है मेरी दादी इंदिरा कहती थीं, दुनिया की सबसे बढ़िया संस्कृति है। प्रकृति से प्रेम, पूजा और इसकी सुरक्षा करना सिखाया जाता है। प्रकृति पर निर्भर आप सादा जीवन जीते हैं। पारंपरिक हुनर और कौशल के सहारे आप अपना जीवन चलाते हैं। प्रकृति को आप समृद्ध रखते हैं। मढ़िया चौगान में पहली बार देखा। वह आदिवासी आस्था के गौरव का केंद्र है। जो आपकी पगड़ी है, इससे आपका सम्मान जुड़ा है।

मेरे मन में ये बात आई कि जब चुनाव के समय हम आते हैं। वादे कर के जाते हैं तो एक तरह से हम अपनी पगड़ी आपके सामने रखते हैं। हम ये बात कर रहे हैं कि जो वादे हम पूरे नहीं करेंगे तो इससे हमारा सम्मान जाएगा। इंदिरा जी मेरी दादी तो थी, लेकिन आपने उनको इंदिरा माता कहा। मैं उनकी पोती हूं, मेरी शक्ल उनसे मिलती है। आपको इंदिरा जी पर भरोसा था, क्योंकि उन्होंने काम कर के दिखाया था, आप उन्हें माता कहते हैं। मेरी जिम्मेदारी बनती है कि जो काम इंदिरा जी ने शुरू किया था, उसे आगे बढ़ाने की बात हो। आपको याद होगा इंदिरा जी ने आपको पट्टे दिलाएं थे, इसी भावना से दिलाएं थे कि ये आपकी जमीन है और आपको आपकी शक्ति मिलनी चाहिए। जो संपत्ति है देश की प्रदेश की हम चाहते हैं आपके हाथों में जाए। आपकी शक्ति आपको मिले।

आपके लिए वन अधिकार का कानून लाया गया, क्योंकि आपका अधिकार रहे। जो भी नेता यहां आता है। वो तीन शब्द जल, जंगल, जमीन बोलकर जाता है। इसके नीचे क्या अर्थ है समझना होगा, या जुमला बनाकर छोड़। कांग्रेस ने जल, जंगल, जमीन का अधिकार आपको दिया। मनरेगा लाया। मनरेगा आपको मजबूत बनाने के लिए बनाया गया था। पलायन यहां की बड़ी समस्या है। भोजन का अधिकार बनाया गया। 

जो पैसा पंचायत को मिला ये कांग्रेस की सोच थी, इससे आप मजबूत हुए। लेकिन जो-जो काम कांग्रेस ने आपकी मजबूती के लिए उसे भाजपा ने एक-एक कर खत्म किया। आपकी जमीन छीनी जा रही है। फसल के सही दाम नहीं मिलते। वन का अधिकार खत्म कर दिया। कमलनाथ ने आपको पट्टे दिलवाए और ये काम भी भाजपा ने रोक दिया है। आपके समाज के साथ बहुत अत्याचार हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा बच्चियां मध्यप्रदेश में गायब हुई हैं। भाजपा के राज में हर रोज 17 दुष्कर्म हो रहे हैं। उज्जैन की घटना तो आपने देखी ही है। आदिवासियों पर जो अत्याचार हो रहे हैं उनमें एमपी नंबर वन हो गया है। ये देखकर दुख होता है। बड़े-बड़े शहीदों की धरती लोग छोड़ कर जा रहे हैं। 18 साल से भाजपा है, लेकिन रोजगार के अवसर नहीं बने। चुनाव के समय ध्यान भटका दिया जाता है। इधर-उधर की बात कर के ध्यान भटकाया जाता है। आपकी संस्कृति का बचाव कैसे होगा, रोजगार कैसे आएगा। 

तेंदुपत्ता चुनने वाले भाई-बहन शाम तक मेहनत करते हैं। एक-एक पट्टी की गड्डी बनाते हैं। फिर उसे बेचते हैं, लेकिन क्या इन्हें सही दाम मिल रहा है। तेंदुपत्ता बोनस में भी भ्रष्टाचार किया है। हर जगह भ्रष्टाचार कर रहे हैं। महिलाएं सुबह से शाम तक काम करती हैं और पैसे ये बनाते हैं। छग में तेंदुपत्ता का दाम चार हजार मिलता है। छग में सबसे ज्यादा धान का दाम मिल रहा है। ये तेंदुपत्ते पर बोनस देने का काम इंदिरा गांधी ने किया था। आपको चप्पल दे रहे, छाते दे रहे, बोनस का पैसा नहीं दे रहे हैं। लेकिन आपके सम्मान की क्या बात है। क्या आपकी मेहनत में आपका सम्मान नहीं है। एक तरफ कांग्रेस की सोच, आपकी संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली सोच और दूसरी तरफ भाजपा की सोच। 

 

12:39 PM, 12-Oct-2023

कमलनाथ का शिवराज पर तंज
कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी हमारे सच्चे साथी हैं। जल जंगल और जमीन पर जिनका पहला अधिकार हैं वो 
साथी यहां उपस्थित हैं। मैंने अपनी जवानी का समय मंडला में काटा है। यहां आकर बहुत खुशी होती है। लेकिन दुख भी होता है। प्रियंका जी आप उस प्रदेश में आई हैं, जो बेरोजगारी में नंबर वन है। आज के नौजवानों को चेहरों पर हमें मुस्कुराहट लानी है। जो भी यहां बैठे हैं, वो भ्रष्टाचार के शिकार हैं या गवाह हैं। भ्रष्टाचार के हालात ये हैं कि पैसे दो गरीबी रेखा में नाम लिखा लो। 

32 दिन बचे हैं, जब चुनाव आएगा। 17 नवंबर को चुनाव है। ये केवल किसी उम्मीदवार या पार्टी का चुनाव नहीं है। ये मध्यप्रदेश और मंडला के भविष्य का चुनाव है। याद रखिएगा जो बटन 17 तारीख को दबाएंगे। आप किसी उम्मीदवार का नहीं दबाएंगे। 18 साल शिवराज सिंह ने राज किया। मैं भी 15 महीने के लिए सीएम था। मैंने 17 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। मंडला के 23 हजार किसानों का कर्जा पहली किस्म में माफ किया।

बैकलॉग भर्ती करेंगे: कमलनाथ
सरकारी कार्यालय मंडला से बंद हो गए। सिंचाई कार्यालय यहां से बाहर भेज दिया गया। शिवराज सिंह से एक सवाल पूछता हूं, आपने क्या दिया। आपने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार दिया। हर घर में बेरोजगारी दी। ये तस्वीर आप सभी के सामने है। मैं आपको आज वचन देना चाहता हूं। पेशा कानून जो इन्होंने 18 साल बाद लागू किया, इसके नियम आप बनाएंगे। हम नहीं बनाएंगे। विश्व आदिवासी दिवस मनाएंगे। इसकी छुट्टी रहेगी। जगह-जगह इसका उत्सव मनाएंगे। ग्राम में बर्तन बैंक बनाएंगे। बैकलॉग भर्ती करेंगे। वन भर्ती के केस वापस लेंगे। यहां 3200 पट्टों को निरस्त किया मैं आपकी समिति बनाउंगा। 

पहली प्राथमिकता रोजगार रहेगी: कमलनाथ
नौजवानों से कहना चाहता हूं, नौजवान जो भविष्य का निर्माण करेंगे। रोजगार हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी। मेरा छिंदवाड़ा के बाद मंडला पर पूरा विश्वास है। यहां के गांव में मैंने धक्के खाएं हैं। छिंदवाड़ा के बाद सबसे ज्यादा प्राथमिकता मंडला को मिलेगी। आपके हाथ में हैं, आप अपना भविष्य सुरक्षित रखना। दाएं-बाएं, ऊपर-नीचे मत देखिएगा। माताओं-बहनों और नौजवानों का चेहरा देखिएगा।
 

विज्ञापन
12:22 PM, 12-Oct-2023
बड़ी संख्या में प्रियंका गांधी को सुनने पहुंचे लोग - फोटो : अमर उजाला

महाकौशल की 38 सीटों पर कांग्रेस की नजर 
विधानसभा की 230 सीटों में से महाकौशल में 38 सीटें हैं। 2018 के रिजल्ट के अनुसार इनमें 24 कांग्रेस के पास हैं जबकि 13 बीजेपी और एक निर्दलीय। 2013 के चुनाव में परिणाम इसके ठीक उलट था। बीजेपी 24, कांग्रेस 13 और एक पर निर्दलीय था। सत्ता में वापसी करने के लिए अब कांग्रेस महाकौशल और आदिवासी सीटों पर खासा ध्यान दे रही है।

12:20 PM, 12-Oct-2023
मंडला में जनसभा को संबोधित करेंगी प्रियंका - फोटो : सोशल मीडिया

मंडला पहुंची प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी मंडला पहुंच गई हैं। थोड़ी देर में वह जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश में आचार संहिता लागू होने के बाद ये प्रियंका गांंधी का पहला दौरा है।

प्रियंका जनसभा से पहले चौगान की मढ़िया में दर्शन करेंगी। इसके बाद शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। फिर नर्मदा पूजन के बाद वे आम सभा को संबोधित करेंगी।

12:14 PM, 12-Oct-2023

मंडला में जनसभा को संबोधित करेंगी प्रियंका
प्रियंका गांधी आज मध्यप्रदेश के मंडला जिले के दौरे पर हैं, वे कुछ ही देर में मंडला पहुंचने वाली हैं। यहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी।

11:42 AM, 12-Oct-2023

कमलनाथ का भाजपा पर बड़ा हमला
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों का ही एक दूसरे पर हमला जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने बीजेपी नेताओं के चेहरों को भावहीन बताया है। उन्होंने सोशल सोशल नेटवर्किंग साइट x पर पोस्ट किया कि पराजय पराया बना देती है’, अब ये बात भाजपा पर पूरी तरह लागू हो रही है। भाजपा के चुनावी मंच ‘मनमुटाव के मंच’ बनकर रह गये हैं। भाजपा नेताओं की खोखली बातें शब्दों की बुनी हुई बड़ी चादर हैं जिसे वो अपनी अंदरूनी टकराव के ऊपर डालकर, आपसी दरार को ढकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनके भावहीन चेहरे सारी हक़ीक़त बयान कर दे रहे हैं। 

10:30 AM, 12-Oct-2023

जबलपुर से मंडला के लिए रवाना होंगी प्रियंका
कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियंका गांधी एवं कमलनाथ 12 अक्टूबर को दिल्ली से विशेष विमान से पूर्वान्ह 11 बजे जबलपुर पहुंचेंगी। हेलीकॉप्टर से 11:15 बजे जबलपुर से प्रस्थान कर 11:45 बजे मंडला पहुचेंगे। वहां दोपहर 12 बजे कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका एवं कमलनाथ दोपहर 1:15 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला से रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे जबलपुर पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी जबलपुर से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।  

08:41 AM, 12-Oct-2023

भाजपा नेता सरताज सिंह का निधन
पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे भाजपा नेता सरताज सिंह का गुरुवार को 83 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने भोपाल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे सरताज सिंह को लोग बाबू जी के नाम से पहचाने जाते थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी परंपरागत सीट सिवनी मालवा से टिकट न मिलने के बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर नर्मदापुरम सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन अपने शिष्य और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा से उन्हें हार मिली थी। बाद में उन्होंने फिर कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था।

08:40 AM, 12-Oct-2023

MP Election 2023 Live: प्रियंका का बड़ा दांव, कांग्रेस सरकार बनी तो स्कूली बच्चों को 500 से 1500 रुपये मिलेंगे

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी आज (गुरुवार) मंडला आ रही हैं। वे मंडला में कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी साथ रहेंगे। प्रियंका गांधी तीसरी बार मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। हालांकि आचार संहिता लगने के बाद ये प्रियंका का पहला दौरा है। बता दें, प्रियंका से पहले 10 अक्टूबर को राहुल गांधी शहडोल जिले के दौरे पर आए थे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें