फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Priyanka Gandhi MP Visit Live: प्रियंका ने जनता से किए पांच वादे, बोलीं- इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा

Mon, 12 Jun 2023 05:48 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जबलपुर

खास बातें

Priyanka Gandhi in Jabalpur News Live Updates : प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से आज चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने ग्वारीघाट पर मां नर्मदा का पूजन करने के बाद शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित किया।
विज्ञापन
मां नर्मदा का पूजन करती प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:20 PM, 12-Jun-2023

बजरंगबली के भेष में आये नजर कार्यकर्ता 
प्रियंका गांधी ने चुनावी शंखनाथ के पहले नर्मदा नदी के ग्वारीघाट में पूजा-अर्चना की। इस दौरान कुछ युवक बजरंगबली की वेशभूषा में नजर आये। इसके अलावा ग्वारीघाट से सभा स्थल गोलबाजार के बीच कई स्थानों पर गदा भी रखी गयी थी। शंकराचार्य चौक पर तीस फुट लम्बी गदा रखी गयी थी। कर्नाटक चुनाव में बजरंगबली को चुनावी हिन्दुत्व का मुद्दा बनाया गया था। जिसे कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना शस्त्र बना रही है।

03:54 PM, 12-Jun-2023

रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि
प्रियंका गांधी ने भंवरताल गार्डन पहुंचकर गोंडवाना की वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और वहां उपस्थित आदिवासी जनसमुदाय से मुलाकात की।

बता दें, महाकौशल क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य है। इसके अंतर्गत आने वाली 38 विधानसभा सीटों में से 13 सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 13 में से 11 सीटों पर विजय दर्ज की थी। जबलपुर की सिहोरा तथा मंडला सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। 

02:00 PM, 12-Jun-2023
जनसभा को संबोधित करती प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया

हम देश के लिए समर्पित हैं: प्रियंका गांधी 
प्रियंका गांधी ने अपने पिता और दादी को याद करते हुए कहा कि मेरे परिवार के सदस्यों ने इस देश को बनाने में अपना खून दिया है। मैं जानती हूं कि सत्ता को भोगना कितना आसान है। अपनी देशभक्ति के आधार पर अपना वोट डालें। मैं सौभाग्य मानती हूं कि सब नर्मदा मैया के तट पर हुआ। हम झूठ नहीं बोलेंगे हम देश के लिए समर्पित हैं।

विज्ञापन
01:59 PM, 12-Jun-2023

सोचने समझने के लिए छह महीने हैं: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि आप तय कीजिए, बच्चों के भविष्य का निर्माण करना है या नहीं, अपने प्रदेश को जवाबदेह बनाना है कि नहीं, तो मन बना लीजिए छह महीने में चुनाव हैं। सोचने समझने के लिए छह महीने हैं। सोचिए कि कांग्रेस की सरकारें क्या कर रही हैं अपने प्रदेशों में और अपना वोट अपने पक्ष में डालिए, जो आपके प्रति जवाबदेह बने। बहुत हो गया भ्रष्टाचार। आप नेताओं को मजबूर कर दीजिए कि जब मंच पर आएं तो सच बोले, नहीं तो आप उन्हें सत्ता से निकाल देंगें। मैं यहां किसी की आलोचना करने नहीं आई आपको जागरूक करने आई हूं। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं जागरूकता मांगने आई हूं। 

 

01:55 PM, 12-Jun-2023
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलती प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया

धर्म हमारे लिए सर्वोपरि है: प्रियंका गांधी
प्रियंका ने जनसभा में कहा कि बहुत साल हो गए, केंद्र में नौ साल हो गए, एमपी में 18 साल हो गए। ये राजनीति आपकी जरूरतों को नकार रही है। इधर-उधर की बातें की जाती हैं। हम भारतीय हैं, हमारे लिए धर्म से बड़ा कुछ नहीं है। वो हमारे लिए सर्वोपरि है, लेकिन उसका मतलब ये नहीं है कि पब्लिक के जज्बातों को उभारकर ऐसा किया जाए। वो आपके जज्बातों पर आपको बार-बार उकसा रहे हैं। उस नेता को कभी एहसास नहीं होगा कि आपका काम नहीं करेगा तो सत्ता छोड़नी पड़ेगी। आपकी सड़कें ठीक नहीं हो रही हैं, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। आपको सबक सिखाना पड़ेगा। 18 साल में आपने सब कुछ देख लिया। अगर 18 साल में आपको पता नहीं चला कि वो आपका काम नहीं कर रहे हैं तो आपको कभी पता नहीं चलेगा। 

विज्ञापन
01:51 PM, 12-Jun-2023

प्रियंका ने जनता से किए पांच वादे
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार एमपी में आई थी, उन डेढ़ साल में कितना काम हुआ। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ हुआ। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाया गया था। एक करोड़ परिवारों को बिजली मुफ्त मिली थी। गौशालाएं बनवाई गई थीं। आज भी ऐसे ही काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। मैं आपसे वादे कर रही हूं, जो पूरे होंगे। हर महीने 1500 रुपये महिलाओं को मिलेंगे। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। आपके लिए 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 यूनिट बिजली बिल की हाफ होगी। पुरानी पेंशन लागू होगी। आपका दर्द हम समझते हैं। किसान कर्ज माफी का काम पूरा करेंगे। बचे किसानों का ऋण माफ होगा। ये हमारी गारंटी है। 

01:50 PM, 12-Jun-2023
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का डुमना एयरपोर्ट पर स्वागत किया। - फोटो : सोशल मीडिया

हिमाचल में वादे पूरे करने जा रहे हैं: प्रियंका गांधी
जो सत्ता में आस्था रखते हैं वो कभी आपकी सुनवाई नहीं करेंगे। कर्नाटक में पांच गारंटी दी थी, सभी कैबिनेट में पास की हैं। छत्तीसगढ़ में किसानों को सबसे ज्यादा धान का दाम मिल रहा है। हिमाचल में वादे पूरे करने जा रहे हैं। आप जागरूक बनिए, जो सच्चाई है उसे पहचानिए। ये देखिए कांग्रेस की सरकार अपने प्रदेश में क्या कर रही है। 

01:44 PM, 12-Jun-2023

सरकारी कर्मचारी रो रहे हैं: प्रियंका गांधी
इस शहर में जितने काम कराए गए थे, एक नजरिये के साथ कराए आपके विकास के लिए। इंदिरा जी ने हरित क्रांति कराई, राजीव जी ने आधुनिक भारत के लिए काम किया। उनके दिल में देश को आगे बढ़ाने का एक नजरिया था। जबलपुर का निर्माण उस नजरिये को लेकर हुआ था। लेकिन आज देखिए जबलपुर का क्या हाल है। लोग सरकारी नौकरी लेते थे, उन्हें एक पेंशन की सुरक्षा होती थी। आज सरकारी कर्मचारी रो रहे हैं। उनकी सुनवाई नहीं हैं। सिर्फ कांग्रेस के प्रदेशों में पुरानी पेंशन लागू हुआ है। 

01:43 PM, 12-Jun-2023
प्रियंका गांधी के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ - फोटो : सोशल मीडिया

सिंधिया पर प्रियंका ने साधा निशाना
बीजेपी के नेता सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। हमारी पार्टी के भी कुछ ऐसे नेता थे, जो सत्ता के लिए छोड़ कर चले गए। अपनी विचारधारा भूल गए। आपके मुख्यमंत्री घोषणावीर हैं। मुख्यमंत्री ने 22 हजार घोषणाएं की हैं, इतनी नौकरियां दिला देते तो लोगों का कुछ भला होता। 
 

01:41 PM, 12-Jun-2023

मध्यप्रदेश में अत्याचार बढ़ गया है
प्रियंका ने कहा कि एमपी में आदिवासियों की दुर्दशा हो गई है। बच्चों, बुजुर्गों और दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। मीडिया और बड़े-बड़े होर्डिंग कुछ और दिखा रहे हैं। किसान के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। किसानों को फसलों के दाम नहीं मिल रहे। ओलावृष्टि में बीजेपी ने चार हजार करोड़ का घोटाला किया है। ये सरकार चली है तो घोटालों और भ्रष्टाचार के लिए चली है। 

01:40 PM, 12-Jun-2023

मध्यप्रदेश में महंगाई की मार है
प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार पर तंज कसा। प्रियंका ने कहा कि गैस सिलेंडर इतना महंगा है कि भरा नहीं पाते। आधी चीजें लोग खरीद नहीं पा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए है। भयंकर बेरोजगारी है। शर्म की बात है कि एक सरकार तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दे रही है। भर्ती के इम्तिहान के लिए युवा पढ़ रहे हैं। कोई न कोई घोटाला हो जाता है। पढ़ाई बर्बाद हो जाती है। परीक्षा देते हैं लेकिन उसका रिजल्ट नहीं आता है। 

01:38 PM, 12-Jun-2023

लाडली बहना योजना पर शिवराज को घेरा
प्रियंका गांधी ने शिवराज सिंह चौहान को लाडली बहना योजना के चुनाव ठीक करने पर घेरा। प्रियंका ने कहा कि पिछले कुछ दिनों पहले महिलाओं के लिए घोषणा की, चुनाव का समय है इसलिए घोषणा की, जो घोषणा करते हैं उसे पूरा नहीं करते। डबल इंजन, त्रिपल इंजन की बातें होती हैं। बहुत देख लिया डबल इंजन। कर्नाटक, हिमाचल में भी कहते थे। इस प्रदेश में बहुत मंहगाई है। महिलाएं सुबह से शाम तक काम करती हैं, लेकिन उनको मेहनताना नहीं मिलता। मेरे दिल में महिलाओं के लिए खास जगह है। 

01:34 PM, 12-Jun-2023

ये सत्ता नहीं छोड़ने वाले: प्रियंका गांधी 
प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करने के दौरान बीजेपी सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा। प्रियंका ने कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे ज्यादा असर जनता पर पड़ता है। जहां विकास के काम करने पड़ते हैं, पैसे उसमें डालने चाहिए, वो नहीं डालते, जब नेता अपने लिए पैसे लूटने लग जाते हैं, तो जो काम होने चाहिए वो नहीं होते। 18 साल से ये सत्ता में हैं, वो सत्ता छोड़ने वाले नहीं हैं, ये स्पष्ट दिख रहा है।

01:30 PM, 12-Jun-2023

225 महीनों में 220 घोटाले किए हैं: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापम घोटाला, राशन घोटाला, शिक्षक घोटाला, पुलिसभर्ती घोटाला, खंडन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग घोटाला, ईं टेंडर का घोटाला, टीवी सेट का घोटाला कितने सारे घोटाले हैं, जो मोदी जी ने गालियों वाली जो लिस्ट निकाली उससे लंबी घोटालों की लिस्ट है। इन्होंने महाकाल कॉरिडोर को नहीं छोड़ा, नर्मदा मैया को नहीं छोड़ा। महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं। कहां जाकर रुकेंगे ये लोग। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि इन्हें संस्कारों की याद कब दिलाएंगे आप? 220 महीनों के कार्यकाल में 225 घोटाले किए हैं। 

01:28 PM, 12-Jun-2023

तीन साल में केवल 21 नौकरियां दी हैं
प्रियंका ने शिवराज सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले चुनाव में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन जोड़ तोड़ कर के, पैसे लगा कर भाजपा के नेताओं ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी सरकार बना ली। लेकिन सरकार बनाने के बाद कुछ अच्छा कर के दिखाते तो कुछ आपका फायदा होता। तीन साल में मात्र इन्होंने 21 सरकारी नौकरियां दी हैं। मैंने तीन बार ये आंकड़ा चेक कराया और तीन बार जवाब आया कि ये सही आंकड़ा है। तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दिलाई हैं। अगर आप जागरूक नहीं होंगे और समझेंगे नहीं, तो ये जो रिश्वत राज चलाया है, जिसकी वजह से आपको छोटे से छोटे काम के लिए रिश्वत देनी होती है। इसे आप आज बंद नहीं करेंगे तो आपके भविष्य का क्या होगा। 

01:03 PM, 12-Jun-2023
प्रियंका के जबलपुर आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर। - फोटो : सोशल मीडिया

प्रियंका ने साधा बीजेपी पर निशाना
प्रियंका गांधी ने शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो वादा करता है वो कर के चला जाता है। बड़े वादे और घोषणाएं कर के लोग चुनाव जीत जाते हैं, लेकिन उन वादों को पूरा नहीं करते। मैं आपको पुरानी राजनीति की याद दिलाना चाहती हूं, वो जो कहते थे कर के दिखाते थे। आपकी सेवा सर्वोपरि होती थी। जो पिछले 18 सालों से आपके साथ हो रहा है वो गलत हो रहा है। आपका शोषण और इस्तेमाल हो रहा है। धनादेश के बल पर जनादेश को कुचला जा रहा है।

12:41 PM, 12-Jun-2023

कमलनाथ ने शिवराज को दी चुनौती
15 वर्षों बाद प्रदेश में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन बीजेपी ने सौदेबाजी से हमारी सरकार छीन ली। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता। शिवराज सिंह ने बीते तीन सालों में हमे मंहगाई दी, बेरोजगारी दी, माफिया राज दिया, बलात्कार दिया, घर-घर में शराब दी। ये शिवराज की उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। मैं नाच नहीं सकता, मैं शिवराज सिंह को कलाकारी, घोषणाओं और गाने में नहीं हरा सकता। मैं शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं मैं उन्हें सच्चाई में हरा सकता हूं। कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद कमलनाथ या कांग्रेस को मत देखना, अपने भविष्य को देखना। 

 

12:38 PM, 12-Jun-2023

कमलनाथ ने बीजेपी पर साधा निशाना
जबलपुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमि है। कमलनाथ ने कहा कि मुझे जबलपुर आ कर अपनी जवानी के दिन याद आते हैं। ये मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं। कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर हमारे संस्कारों की धानी है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी धर्म की राजनीति करती है, धर्म का प्रचार करती है।

12:13 PM, 12-Jun-2023
प्रियंका गांधी को भेंट की गई मां नर्मदा की चुनरी - फोटो : सोशल मीडिया

शहीद स्मारक पहुंची प्रियंका
प्रियंका गांधी को मां नर्मदा को अर्पित की गई चुनरी और गणेश भगवान की प्रतिमा भेंट स्वरूप दी गई है। प्रियंका ने यहां मौजूद सभी लोगों के साथ मां नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। गौरी घाट पर लोगों ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। नर्मदा पूजन के बाद अब वह शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करेंगी।

11:31 AM, 12-Jun-2023
मां नर्मदा का पूजन करती प्रियंका गांधी - फोटो : सोशल मीडिया

गौरी घाट में जीत का आशीर्वाद लेने पहुंची प्रियंका
मां नर्मदा का पूजन करने के बाद अब प्रियंका गांधी जीत का आशीर्वाद लेने के लिए गौरी घाट पहुंची हैं। गौरीघाट में उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद हैं। जबलपुर से प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। नर्मदा पूजन के बाद कुछ ही देर में वह भंवरताल गार्डन के लिए रवाना होंगी। जहां स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर  माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगी।
 

11:17 AM, 12-Jun-2023

जबलपुर पहुंची प्रियंका गांधी
कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर पहुंच गई हैं। वह ग्वारीघाट में मां नर्मदा का पूजन अर्चन कर चुनावी शंखनाद का आगाज करेंगी। यहां 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा पूजन करने के बाद वह महाआरती कर रही हैं। प्रियंका के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, सांसद विवेक तन्खा और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया मौजूद हैं।

10:52 AM, 12-Jun-2023

सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था
प्रियंका गांधी आज जबलपुर में तीन घंटे बिताने वाली हैं। लिहाजा उनकी सुरक्षा को लेकर काफी चाक चौबंध इतंजाम किए गए हैं। पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला है। ASP समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान प्रियंका गांधी की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
 

10:50 AM, 12-Jun-2023

रानी दुर्गावती को देंगी श्रद्धांजलि
प्रियंका गांधी भंवरताल गार्डन में स्थित महारानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। कांग्रेस ने पूरे शहर में हनुमान जी की 30-30 फीट की गदा लगाई हैं, जो न्याय की विजय का प्रतीक होगी। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान शिविर लगाकर नौजवानों के खून की एक बूंद राष्ट्र निर्माण के लिए भेंट करेंगे और एकत्र किया गया रक्त ब्लड बैंक को दान किया जाएगा। प्रियंका गांधी रक्तदान कार्यक्रम रक्तदान में शामिल होने के लिए शंकराचार्य चौक भी जाएंगी।

10:45 AM, 12-Jun-2023

Priyanka Gandhi MP Visit Live: प्रियंका ने जनता से किए पांच वादे, बोलीं- इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी आज सोमवार को मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के एक दिवसीय दौरे पर हैं। प्रियंका जबलपुर से आज मां नर्मदा का पूजन कर चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगी। वह जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद एयरपोर्ट से ग्वारीघाट जाएंगी, जहां 101 ब्राह्मणों के साथ मां नर्मदा का पूजन कर चुनावी अभियान का आगाज करेंगी। नर्मदा पूजन के बाद प्रियंका शहीद स्मारक ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगी। गोल बाजार में एक लाख वर्ग फीट का डोम प्रियंका गांधी की सभा के लिए बनाया गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें