राष्ट्रपति ने इंदौर को दी बधाई
सभी पुरस्कार विजेताओं को बहुत-बहुत बधाई। इंदौर ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना स्थान बनाए रखा है। स्मार्ट सिटी में भी इंदौर सबसे आगे है। भारत के शहर देश की जीडीपी में दो तिहाई योगदान करते हैं। 2040 तक योगदान 40 फीसदी हो जाएगा। शहरों में जलवायु परिवर्तन पर राष्ट्रीय स्तर पर कैसे काम किया जा सकता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की शहरी आबादी 87 करोड़ हो जाएगी। आज देश की जीडीपी में दो तिहाई हिस्सा 100 स्मार्ट शहरों का है। 2047 तक यह 80 प्रतिशत तक हो जाएगा। देश में क्लाइमेट चेंज एक बड़ा मुद्दा है। हमें राष्ट्रीय स्तर पर इसके लिए काम करना होगा। शहरों में ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट आ रहा है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। शहर में ग्रीन एनर्जी पर ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन इस दिशा में और काम करने की जरूरत है।
इन क्षेत्रों पर व्यापक काम करने की आवश्यकता है। शहरी विकास में हमारे देश का समग्र निवेश पहले की तुलना में अधिक हो गया है। भारत ने जी 20 शिखर सम्मेलन सफलता पूर्वक आयोजित किए। सतत विकास को बढ़ाने में स्मार्ट शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी 100 स्मार्ट शहरों में इन्टीग्रेटेड कमांड सेंटर स्थापित हैं। सीसीटीवी सर्विलांस सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में काम कर रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ाने की जरूरत है। इंदौर, सूरत, कोहिमा और कई शहरों ने जनभागीदारी द्वारा अच्छे उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह बुनियादी सुविधाएं प्रदान करनी चाहिए। इससे शहरों में दवाब कम होगा और ग्रामीणों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। हमारा देश अमृतकाल से गुजर रहा है। इस महत्वपूर्ण कालखंड में हमें आगे बढ़ना है। आपके प्रयासों तथा उपलब्धियों के लिए मैं आप सभी को शुभकामनाएं देती हूं।
एमपी विकास के नए आयाम तय कर रहा: मंगू भाई पटेल
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कॉन्टेस्ट 2023 में नौ में प्रदेश के पांच शहरों को 10 अवॉर्ड मिलना गर्व की बात है। स्मार्ट शहरों के कर्मचारी, नागरिक, अधिकारी सभी बधाई के पात्र हैं। एमपी आज विकास के नए आयाम तय कर रहा है। सामाजिक तथा आर्थिक विकास के लिए नया मॉडल तैयार किया है। राज्य में स्मार्ट सिटी मिशन सपनों को हकीकत में बदलने का सफल उदाहरण है।
सीएम ने की इंदौर की तारीफ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर हर दौर में आगे रहने का आदि हो चुका है। इंदौर मालवा का चंदन है। इंदौर सबको दिल से अपनाते हैं। जो आता है, वो यहीं का होकर रह जाता है। सफाई में अनमोल प्रयास इंदौर ने किए। पूरे देश में मिसाल बन चुका है। स्वच्छता का भाव इंदौर के हर आदमी में है। इंदौर में स्वच्छता जन आंदोलन का रूप ले चुकी है।
हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था हर आदमी को अपना सफाई कर्मी होना चाहिए। पीएम मोदी ने इसे अपने आचरण में अपनाया। उन्होंने स्वच्छता को मिशन बनाया। अपने हाथों में झाड़ू उठाई। इंदौर इसका आदर्श उदाहरण है। जब स्वच्छता की भावना गहरे तक पैठ बना लेती है तब कोई शहर इंदौर बनत है।
स्वच्छता के अभियान में भाग लें:CM
मध्यप्रदेश ने अगर ये लक्ष्य प्राप्त किए हैं तो जनता के सहयोग से किए है। 1 अक्टूबर को पीएम मोदी ने फिर आह्वान किया है। तो एक घंटा स्वच्छता के लिए जरूर निकालें। आप सभी स्वच्छता के अभियान में भाग लें ताकि हमारा देश स्वच्छता में सिरमौर बने। एमपी वालों से कहना चाहता हूं कि पहले नंबर पर आ गए तो फूलें नहीं मुकाबला बहुत तगड़ा है।
बेस्ट स्टेट कैटेगरी में मध्यप्रदेश को पहला स्थान
राष्ट्रपति ने नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड में बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवॉर्ड इंदौर को दिया। मेयर पुष्य मित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी ने राष्ट्रपति के हाथों अवॉर्ड लिया। वहीं, दूसरे नम्बर पर सूरत शहर रहा, जबकि तीसरे नंबर पर आगरा रहा। इंदौर को छह कैटगरी में अवार्ड मिले। ओवरऑल देश में सबसे ज्यादा अवार्ड इंदौर ने जीते।
बेस्ट स्टेट का खिताब मध्यप्रदेश ने हासिल किया। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया। दूसरे नम्बर पर तमिलनाडु, तीसरे नम्बर पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पुरस्कृत किया गया।
इंदौर को मिला अवॉर्ड
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को देश के सबसे स्मार्ट शहर का खिताब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया। वहीं जबलपुर को इकोनॉमिक कैटेगरी में अवॉर्ड मिला।
राष्ट्रपति ने 2024 के स्मार्ट सिटी कॉन्टेस्ट का विमोचन किया
मुख्यमंत्री चौहान ने राष्ट्रपति को गौंड पेंटिंग भेंट की। स्मार्ट सिटी से जुड़ी तीन किताबों का विमोचन किया गया। स्मार्ट सिटी अवार्ड 2023 स्पर्धा की घोषणा की गई। अगले साल 10 जनवरी तक स्मार्ट शहर अपनी प्रविष्टियां भेज सकते है। अगले आयोजन की तिथि 5 अप्रैल 2024 तय की गई है।
राष्ट्रपति आयोजन स्थल पर पहुंच गई हैं और प्रदर्शनी का अवलोकन कर रही हैं। आयोजन स्थल पर अलग-अलग शहरों की तरफ से माॅडलों का प्रदर्शन किया गया है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने की अगवानी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर विशेष विमान से इंदौर पहुंच गई हैं। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर विमानतल पर राष्ट्रपति मुर्मू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और अगवानी की। राज्यपाल मंगू भाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह चौहान भी राष्ट्रपति का स्वागत करने पहुंचे। राष्ट्रपति आयोजन स्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
विशेष विमान से इंदौर आएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू विशेष विमान से इंदौर आएंगीं। वे 11:00 बजे तक आयोजन स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर आएंगी और समारोह को संबोधित करेंगी। 30 से ज्यादा शहरों के मेयर व सीईअेा केअलावा प्रदेशभर से जनप्रतिनिधि भी समारोह में भाग ले रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मध्यप्रदेश के एकदिवसीय दौरे पर हैं। वे इंदौर और जबलपुर में कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति इंदौर में बुधवार को होने वाली स्मार्ट सिटी की नेशनल कॉफ्रेंस में शामिल होंगी। वे इंदौर सहित 15 से ज्यादा शहरों को स्मार्ट सिटी के पुरस्कार वितरित करेंगी। छह श्रेणी में अवार्ड जीतने वाले इंदौर को देश के सबसे स्मार्ट शहर का खिताब भी मिलेगा। उनके अलावा राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी समारोह में शामिल होंगे। राज्य शासन की ओर से गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा देवी अहिल्या विमानतल पर राष्ट्रपति का स्वागत और अगुवाई करेंगे।