एक अक्टूबर को सफाई का बड़ा कार्यक्रम
मोदी ने कहा कि "हमें विधानसभा ही नहीं, हर बूथ जीतना है। हर मतदाता का दिल जीतना है। हर कार्यकर्ता हमारा उम्मीदवार है। उसकी पहचान, शान और निशान कमल है। हर कार्यकर्ता को जी-जान से जुटना है। दो अक्टूबर को बापू की जन्म जयंती है। एक अक्टूबर को सफाई को लेकर बहुत बड़ा कार्यक्रम होने वाला है। प्रत्येक परिजन से आग्रह रहेगा कि आप सभी लोग उत्साह, उमंग से जुड़ जाइए। वोकल फॉर लोकल याद रखना है। खादी के वस्त्र खरीदना है। गिफ्ट खरीदें, वह लोकल हो। भारत में बना हो।"
कांग्रेस में अर्बन नक्सलियों की चल रही है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन सनातन को खत्म करना चाहता है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंक करप्ट हुई और अपना ठेका दूसरों को दे दिया है। कांग्रेस को अब कांग्रेस के नेता नहीं चला रहे। कांग्रेस अब कंपनी बन गई है। कांग्रेस का ठेका अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों से चल रही है। इसलिए कांग्रेस जमीन पर भी खोखली हो रही है।
विकसित भारत के लिए एमपी का विकसित होना आवश्यक है। हमें ऐसे एमपी की निर्माण करना है, जो छोटी-छोटी चीजों के लिए मोहताज न रहे। इसके लिए जरूरी है कि आने वाले पांच सालों के लिए फिर पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बने। हमें हर बूथ जीतना है। हर कार्यकर्ता को जी जान से जुटना है।
कोई कितनी भी कोशिश कर ले आपको भ्रमित नहीं होना: मोदी
मैं पूरे देश की बहनों को सावधान भी करना चाहता हूं। कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन ने बहुत खट्टे मन से इस बिल का समर्थन किया है। ये खट्टापन उनके समर्थन में दिखता है। ये वही लोग हैं जिन्होंने 30 वर्षों तक इस बिल को पास नहीं होने दिया। और अब जब मजबूरी में उंगली उठानी पड़ी है तो क्या शुरू किया कि ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है। उनको नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन इसलिए करना पड़ा क्योंकि मेरी माताएं-बहनें जाग गई हैं। बीते 9 वर्षों में जिस तरह से भारत की महिलाएं सशक्त हुई हैं, उसे देखकर इनकी हिम्मत नहीं हो पाई कि ये बिल का विरोध कर पाएं। इन्होंने दशकों तक सरकार चलाई है फिर क्यों ये बिल पास नहीं किया। सच ये है कि इनकी नियत में खोट है। मौका मिलते ही घमंडिया गठबंधन के लोग माताएं-बहनों को धोखा देने का तय करने बैठे हैं। घमंडिया साथी वहीं हैं जिन्होंने इसे पास न होने देने के लिए हर मर्यादा खो दी। ये नया खेल खेलेंगे। ये नारी शक्ति को बांटने की कोशिश करेंगे। नारी शक्ति एक न हो इसलिए अफवाहें फैलाएंगे। हर माता,बहन-बेटी को सतर्क और एकजुट रहना होगा। ये वही लोग हैं, जिन्होंने देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति मुर्मू को राष्ट्रपति बनने से रोकने का प्रयास किया। उनकी नियत ठीक नहीं थी। आज ये काम आजादी के इतने साल बाद मुझे करना पड़ रहा है। अगर इनकी नियत महिला हित की होती तो क्या मोदी को आकर के शौचालय बनाने होते। इनकी नियत में खोट थी। इनकी आंखों में क्यों पानी नहीं आता था। माताओं को धुएं में खाना बनाना पड़ता था। ये महिलाओं के हितैषी होते तो महिलाओं के हित में काम करते। उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए नहीं तरसना पड़ता। देश की महिलाओं के जनधन खाते इस जनसेवक को खुलवाने पड़े।
कांग्रेस आज भी उसी पुरानी मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीब का जीवन मायने नहीं रखता। कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीब की बस्ती वीडियो शूटिंग की लोकेशन है। कांग्रेस के लिए किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान बन गया है। मोदी की मिजाज भी अलग है, मेहनत भी अलग है मिशन भी अलग है। मेरे लिए देश और देशवासियों से बड़ा कुछ भी नहीं है। मैं अभाव में रहा हूं लेकिन देश और देशवासियों को अभाव में नहीं रहने दूंगा। बेईमानी और भ्रष्टाचार की नियत ने कांग्रेस को अच्छा काम करने से रोका है। गरीब से गरीब को गुणवत्ता का जीवन मिले आज देश में इसके लिए काम हो रहा है। कुछ वक्त पहले ही पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू की है।
हमने गरीब का जीवन बेहतर किया: PM
भाजपा ने गरीबों, महिलाओं, एससी-एसटी, ओबीसी को विकास का सबसे बड़ा लाभार्थी बनाया है। वंचितों को वरीयता की गारंटी मोदी ने दी है, उसे हमने एक के बाद एक कदम उठाकर पूरा किया है। हमने गरीब का जीवन बेहतर करने के प्रमाणित प्रयास किए। समाज में जो अभाव था उसे दूर किया। कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओं का नारा दिया था। क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया। पीएम ने कहा कि एक और आंकड़ा बताता हूं। साढ़े 13 करोड़ ये एमपी की कुल आबादी से भी ज्यादा है। पांच साल में देश में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। ये मोदी की गारंटी का नतीजा है और जब मोदी गारंटी देता है, जब भाजपा गारंटी देती है तो वो जमीन पर उतरती है। घर-घर पहुंचती है। मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी।
मैं मध्यप्रदेश की बहनों को याद दिलाने आया हूं कि मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो गई है। राज्यसभा में 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का कानून पास हुआ। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' देश ने नया इतिहास रच दिया है। माताएं बहनें दशकों से इंतजार कर रही थीं, ये कहा जाने लगा कि नहीं हो पाएगी। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है।
कांग्रेस जंग लगा हुआ लोहा है: PM
कांग्रेस जंग लगा हुआ लोहा है, जो बारिश में रखा-रखा खत्म हो जाता है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेने ला रही है। स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है। ये भी कांग्रेस को नहीं पच रहा है। भाजपा सरकार ने नया संसद बनाया, आने वाली सदियों तक देश की सेवा करे। भारत का अपना संसद भवन बना, पूरा देश इसकी प्रशंसा कर रहा है। लेकिन कांग्रेस ने पहले दिन से विरोध करना शुरू कर दिया। भारत कोई भी उपलब्धि हासिल करे कांग्रेस को पसंद नहीं आता। कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है, न देश को बदलने देना चाहती है। कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले जाना चाहती है। हमारे फर्स्ट टाइम वोटर को एक बात बताना चाहता हूं। आपके माता पिता को आभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। आज दुनिया भारत को लेकर जो कुछ कह रही है, ये सारे गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बना दिया। ये सिर्फ एक परिवार का गौरव बढ़ाने में लगी रही। इन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाई कि गरीब को हमेशा हाथ फैलाना पड़े, हर चीज के लिए निर्भर रहना पड़े। गरीब को तरसाकर कांग्रेस को ये कहने का मौका मिलता था कि हमने गरीब को कुछ दिया है। कांग्रेस ने देश को रोटी, कपड़ा, मकान में ही उलझाए रखा। आपने कांग्रेस के शासन में जो झेला वो न झेलना पड़े इसके लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार काम कर रही है।
एमपी में भाजपा सरकार के 30 साल पूरे: PM
एमपी में भाजपा सरकार को 30 साल पूरे हो गए हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे उन्होंने सिर्फ भाजपा सरकार को ही देखा है वे युवा सौभाग्यशाली हैं कि उन्होंने कांग्रेस का बुरा शासन नहीं देखा। कांग्रेस के शासन की पहचान थी। कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया है। .यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। गेंहू उत्पादक राज्यों में एमपी को अग्रणी राज्य के रूप में देखा है।
जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कांग्रेस सिर्फ बर्बादी लाई। महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट का अपना काम बना लिया। एमपी के लिए आने वाले कुछ साल बहुत अहम हैं। ये समय भारत और एमपी को विकसित मध्यप्रदेश बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवाद वाली पार्टी, हजारों-करोड़ों के भ्रष्टाचार करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो एमपी को नुकसान होगा। जहां-जहां कांग्रेस गई है उस राज्य को बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस एमपी को एक बार फिर बीमारू बना देगी।
देश के दिल का भाजपा से खास नाता है: PM
एमपी को देश का दिल कहते हैं। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव विशेष रहा है। मध्यप्रदेश से निकले अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। ऐसे अनेकों लोगों का तप और त्याग आज भी भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है। इसलिए एमपी सिर्फ भाजपा के विचार का नहीं बल्कि विकास के विजन का महत्वपूर्ण केंद्र है।
कमलनाथ ने पाप किया था: शिवराज
कमलनाथ ने जल जीवन मिशन शुरू नहीं किया और बहनों को एक-एक बूंद पानी के लिए तरसा दिया। किसान सम्मान निधि की सूचि नहीं भेजी। प्रदेश को तबाह और बर्बाद करने का प्रयास किया। लेकिन अब मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। तीन करोड़ 61 लाख आयुष्मान कार्ड हमने बनाएं हैं। कमलनाथ ने आदिवासी बहनों के एक हजार रुपये बंद कर दिए थे। हमने लाडली बहना योजना से बहनों की जिंदगी बदलने का काम किया है। आने वाले 5 साल में एमपी भारत का नंबर एक राज्य पीएम मोदी के आशीर्वाद से भाजपा बनाएंगी। हम संकल्प लें कि फिर भाजपा की सरकार बनाएंगे। भाजपा फिर दो तिहाई बहुमत से एमपी में सरकार बनाएगी।
सीएम ने महिला आरक्षण के लिए जताया आभार
सीएम शिवराज ने नारी शक्ति वंदन बिल के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि 33 फीसदी बहनों को पीएम मोदी ने आरक्षण दिया। मोदी भारत को भगवान का वरदान हैं। हमें गर्व हैं हम ऐसे नेता के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। आज एमपी में 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की व्यवस्था है। हमारी अनेकों उपलब्धियां हैं। डबल इंजन की सरकार ने एमपी को तेजी से आगे बढ़ाया है।
वीडी शर्मा बोले..
हम 2023, 2024 में विजय का इतिहास बनाने के लिए तैयार हैं। एमपी के मन में मोदी है और मोदी के मन में एमपी है।
महिलाओं ने जताया आभार
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास करने के लिए महिलाओं ने पीएम मोदी को माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर उनका आभार व्यक्त किया।
पीएम मोदी का रोड शो
खुली जीप में सवार होकर पीएम मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच रोड शो कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाकार उनका भव्य स्वागत किया।
जंबूरी मैदान में पीएम का रोड शो शुरू
पीएम मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने पहुंच गए हैं। वे खुली जीप में सवार होकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच रोड शो कर रहे हैं। करीब 10 मिनट के रोड शो के बाद पीएम मोदी मंच पर पहुंचेंगे और लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
जंबूरी मैदान पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जंबूरी मैदान में पहुंच गए है। वे खुली जीप में कार्यकर्ताओं के बीच से मंच तक पहुंचेंगे।
जंबूरी मैदान के लिए पीएम मोदी रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल विमानतल से जंबूरी मैदान के लिए रवाना हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भोपाल पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मौके पर कहा कि एमपी के मन में मोदी है और मोदी के मन में एमपी। एमपी की जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी।
मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी
जंबूरी मैदान में केंद्रीय मंत्रियों के साथ भाजपा के अध्यक्ष और नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। नेता मंच पर पहुंचे हैं। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए महिला कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंची हैं। महिलाओं ने भगवा रंग की कमल के फूल की साड़ी और माथे पर श्री राम लिखा हुआ टीका लगाया है। भाजपा कार्यकर्ता भारत माता की जय के नारे लगा रहे हैं।
भोपाल पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंच गए है। वहीं सीएम शिवराज जंबूरी मैदान में कार्यक्रम स्थल पहुंचे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बस खड़े ट्रक से टकराई
खरगोन जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जा रही एक बस एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 39 यात्री घायल हो गए। बस में सवार लोग भोपाल में 'कार्यकर्ता महाकुंभ' के लिए जा रहे थे, हादसा देर रात कसरावद के पास हुआ। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
भेल से जंबूरी मैदान तक सजाए गए मंच
सीएम शिवराज सिंह चौहान जंबूरी मैदान के लिए रवाना हो गए। पीएम मोदी के दौरे को लेकर भोपाल में खास तैयारियां की गई हैं। भेल से लेकर जंबूरी मैदान तक खास सजावट की गई है। जगह-जगह मंच सजाए गए हैं। कलाकार आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुति दे रहे हैं।
पं. दीनदयाल उपाध्याय पर आधारित प्रदर्शनी
केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं वरिष्ठ नेता उमाशंकर गुप्ता ने रविवार को जंबूरी मैदान में कार्यकर्ता महाकुंभ कार्यक्रम स्थल पर पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
पीएम के दौरे से पहले उमा भारती ने लिखा..
पीएम मोदी के दौरे से पहले पूर्व सीएम उमा भारती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा 'प्रधानमंत्री जी का भोपाल की धरती पर स्वागत। वह गरीबों एवं पिछड़ों के मसीहा हैं, मुझे यकीन है कि वह महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण पर सकारात्मक संकेत देकर जाएंगे।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी सोमवार को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में करीब 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 10:55 बजे भोपाल विमान तल पर पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर से 11:20 बजे जंबूरी मैदान के सामने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से प्रधानमंत्री खुली जीप में कार्यकर्ताओं के बीच से होकर 11:30 बजे मंच तक पहुंचेंगे। 12:30 बजे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। आज के महाकुंभ में भाजपा द्वारा प्रदेश की 223 विधानसभा क्षेत्रों से जनता का आशीर्वाद लेकर संपन्न हुई पांचों जन आशीर्वाद यात्रा का समागम भी होगा।