जीएडी प्रमुख सचिव मौजूद थे-मंत्री विश्वास सारंग
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस के वॉकआउट के समय जीएडी (सामान्य प्रशासन विभाग) के प्रमुख सचिव मौजूद थे। सरकार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं कि वे सदन में मौजूद रहें। इसके अलावा मंत्रियों और विधायकों की उपस्थिति भी सदन में सुनिश्चित की गई है।
कांग्रेस विधायकों ने सदन से किया वॉकआउट
माननीय राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ना होने को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सदन से नारेबाजी करते हुए वाकआउट किया।इस मुद्दे पर बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा की प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी सदन में मौजूद नहीं है। इससे इनकी गंभीरता को समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा सभापति महोदय से अनुरोध था कि जब राज्यपाल के अभिभाषण पर पूरे प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा हो रही है तो अधिकारी क्यों नहीं हैं।
सदन में उठा बेरोजगारी का मुद्दा
सागर से भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश, बेरोजगारी के मामले में सबसे कम है। यहां सबसे कम बेरोजगारी है। इस पर रीवा के सेमरिया विधायक अजय मिश्रा ने कहा कि बेरोजगारी के बारे में तो झूठ मत बोलिए। कांग्रेस के दूसरे विधायकों ने भी इस मामले को लेकर आवाज उठाई।
कांग्रेस विधानसभा का दुरुपयोग कर रही है-मंत्री विश्वास सारंग
मप्र विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस के विरोध पर मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मीडिया में छपने और फोटो अपॉर्चुनिटी के लिये विधानसभा का दुरुपयोग कर रही है। ऐसा करना ठीक नहीं है। कांग्रेस को विधानसभा में चर्चा में शामिल होना चाहिए। कांग्रेस नेता केवल पेपर में छपने के लिए विरोध कर रहे हैं।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठा
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान मध्यप्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठा। ये मुद्दा विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाया। विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि राज्य के स्कूलों में सात हजार शिक्षकों की कमी है।
खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम रहे-सीएम मोहन यादव
विधायक कंचन तन्वे, सोहनलाल बाल्मिक और प्रदीप लारिया ने खेलों को लेकर सवाल किया। इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत-नगरीय क्षेत्रों में आयोजित खेल गतिविधियों में समन्वय किया जाएगा। इसके आधार पर एक साथ खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। स्टेडियम रखरखाव को लेकर बजट की व्यवस्था कराई जा रही है।
सदन में पेसा एक्ट पर उठा सवाल
झाबुआ, बडवानी, खरगोन, अलीराजपुर, धार और झाबुआ में पैसा कानून लागू करने के लिए ग्राम सभाओं के गठन की जानकारी मांगी गई।इस पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने जवाब दिया। उन्होंने अळग-अलग जिलों में गठित ग्रामसभाओं की संख्या बताई। इसके अलावा सैलाना और बाजना विकासखंड की योजनाओं के कामों में देरी पर भी सवाल उठाया गया। इस पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मेरे द्वारा अगर गलत जानकारी दी गई है तो मेरे खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाए।
कांग्रेस विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर का पलटवार
हमने अभिभाषण पढ़ा है, उसमें पीएम मोदी की तारीफ के अलावा और कुछ समझ नहीं आया।
किसान, युवा, महिला और गरीबों पर फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही संकेत चुके हैं कि बजट में किसान, युवा, महिला और गरीबों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बजट सत्र 15 दिन का होगा और कुल 9 बैठकें होंगी। प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है जिस पर मोहन सरकार का इस बार ध्यान है। सरकार रोजगार और नौकरी के नए अवसर पैदा करना चाहती है। आशा है कि इस बार के बजट में खाली पड़े सरकारी पदों पर भर्ती की घोषणा हो सकती है। माना जा रहा है इस बाद एक लाख सरकारी पदों पर युवाओं को नौकरी का अवसर मिल सकता है। साथ ही स्वरोजगार के लिए भी नई योजनाएं लांच कर सकती है। वहीं, निवेश के जरिए भी प्राइवेट सेक्टर में युवाओं के लिए नौकरी का अवसर देगी।
बुधवार को पेश होगा 2025-26 का बजट
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बुधवार को सरकार का दूसरा पूर्ण बजट पेश करेंगे, जिसकी अनुमानित राशि 4.25 लाख करोड़ रुपये होगी, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। इस बजट को 25 लोगों की टीम ने करीब तीन माह में तैयार किया है। यह वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का सातवां बजट है।
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज आर्थिक सर्वेक्षण और द्वितीय अनुपूरक बजट पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। सदन में अलग-अलग विभागों के प्रशासकीय प्रतिवेदन भी पेश किए जाएंगे। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ होगी।