12:55 PM, 12-Feb-2024
1.45 लाख करोड़ रुपये का लेखानुदान विधानसभा में पेश
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा लेखानुदान पेश कर दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 206 (1) के अंतर्गत अत्यावश्यक निरंतर व्यय के मदों के लिए नई सेवाएं या व्यय के नए मद/ शीर्ष सम्मिलित नहीं हैं। लेखानुदान का उद्देश्य "अंतिम आपूर्ति" की स्वीकृति होने तक सरकार के क्रियाकलाप को जारी रखना है। करारोपण संबंधी नए प्रस्ताव तथा व्यय के नवीन मद सम्मिलित नहीं किए गए हैं। द्वितीय अनुपूरक अनुमान में सम्मिलित नवीन योजनायें के लिए प्रावधान किए गए हैं। यह लेखानुदान चार माह (1 अप्रैल से 31 जुलाई 2024) हेतु लागू रहेगा। इसकी अवधि समाप्त होने के पूर्व अनुदान की पुनरीक्षित मांगे सदन के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। लेखानुदान से प्राप्त राशि मुख्य बजट में समाहित की जाएगी। 1.45 लाख करोड़ रुपये का लेखानुदान पेश किया गया है।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को वित्त वर्ष 2024-25 का लेखानुदान विधानसभा में प्रस्तुत किया। द्वितीय अनुपूरक अनुमान में सम्मिलित नवीन योजनाओं के लिए प्रावधान है। वित्त वर्ष के लिए बजट में सम्मिलित राशि 3,48,986.57 करोड़ है। लेखानुदान के लिए राशि रुपये 1,45,229.55 करोड़ है। लेखानुदान राशि में मतदेय राशि 1,19,453.05 करोड़ रुपये तथा भारित राशि 25,776.51 करोड़ रुपये है।
बजट अनुमान 2024-25 का वार्षिक वित्तीय विवरण
वर्ष 2024-25 के बजट अनुमान में कुल राजस्व प्राप्तियां राशि 2,52,268.03 करोड़ रुपये है। इसमें राज्य कर से राजस्व प्राप्तियां 96,553.30 करोड़ रुपये है। गैर-कर राजस्व प्राप्तियां 18,077.33 करोड़ रुपये है। बजट अनुमान में राजस्व व्यय 2,51,825.13 करोड़ रुपये है। वर्ष 2023-24 में पुनरीक्षित अनुमान में राजस्व व्यय 2,31,112.34 करोड़ रुपये है। वर्ष 2024-25 में बजट अनुमान में राजस्व आधिक्य 442.90 करोड़ रुपये है। कुल पूंजीगत प्राप्तियां का बजट अनुमान 59,718.64 करोड़ रुपये है एवं वर्ष 2024-25 में कुल पूंजीगत परिव्यय का बजट अनुमान 59,342.48 करोड़ रुपये है।