मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर एक्स पर कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत की नारी शक्ति सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के नए शिखर तक पहुंची है। 'महिला विकास' से 'महिला नेतृत्व वाले विकास' की यह यात्रा 'विकसित भारत' के संकल्प की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है।
जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी पहलों ने करोड़ों माताओं-बहनों के जीवन को सुविधा, सुरक्षा और गरिमा से जोड़ा है। वहीं, जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के सशक्त नेटवर्क ने महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तीकरण का नया आधार प्रदान किया है। 'लखपति दीदी' अभियान ने महिलाओं के आत्मविश्वास, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तीकरण को नई पहचान दी है।
आज भारत की नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की प्रेरक शक्ति बनकर उभरी है। रक्षा से लेकर अनुसंधान, उद्यमिता से लेकर विमानन तक भारत की बेटियां नए प्रतिमान गढ़ रही हैं। नारी शक्ति के उत्कर्ष के ये 12 वर्ष 'नारी सशक्तीकरण से राष्ट्र सशक्तीकरण' की प्रेरक गाथा हैं।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र व प्रदेश सरकार के 12 साल में किए गए कार्यों का प्रदर्शन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर यूपी सरकार शुक्रवार को सभी जिलों में विश्वास, विकास व जनकल्याण के गौरवपूर्ण 12 वर्ष की उपलब्धि को धूमधाम से मना रही है।
मुख्यमंत्री सुबह लखनऊ व शाम को वाराणसी में होने वाले भव्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। वहीं लोक भवन में होने वाले कार्यक्रम में राजग सरकार के सहयोगी दलों (अपना दल एस, सुभासपा, राष्ट्रीय लोकदल व निषाद पार्टी) के प्रमुख एवं मंत्री भी मौजूद रहेंगे।