नासिक में नदियां उफान पर
भारी बारिश के कारण नासिक में नदियां और नाले उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नासिक के पेगलवाड़ी गांव के निवासी बच्चों को अपने कंधों पर उठाकर सड़क के एक ऐसे हिस्से को पार करने को मजबूर हैं।
वसई भूस्खलन के पीड़ितों के लिए मुआवजे का एलान
महाराष्ट्र सीएमओ के मुताबिक, वसई भूस्खलन मामले में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवारों को 6 लाख रु.की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की - जिला राहत कोष से प्रत्येक को 4 लाख रुपए और नगर निगम से प्रत्येक को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50 हज़ार रुपए दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मौत हुई है। आईएमडी ने अगले 3 दिनों में और मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की है। 1 जून से 13 जुलाई तक बारिश के कारण हुई विभिन्न घटनाओं में 20 की मौत और 19 घायल हुए हैं। 88 जानवर भी मारे गए और 293 घर क्षतिग्रस्त हुए। जिला कलक्टर ने सर्वे के आदेश दिए हैं। नागरिकों को निर्देश दिया गया है कि यदि आवश्यक हो तो बाढ़ प्रभावित गांवों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाएं और स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित की गई है। हर तालुका में सर्पदंश की रोकथाम के उपाय किए गए हैं।
कर्नाटक में अब तक 32 की मौत
कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि अब तक 32 लोगों की जान चली गई है और क्षतिग्रस्त हुए बुनियादी ढांचे को बहाल करने के लिए 500 करोड़ रुपये तुरंत जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार से बारिश और भूस्खलन प्रभावित कोडागु, दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों के दौरे पर हैं और अगले सप्ताह उत्तर कन्नड़, बेलागवी और अन्य उत्तरी जिलों की यात्रा करेंगे।
आईएमडी ने कल मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सतारा, अमरावती और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पालघर, नासिक और पुणे को इस बीच कल के पूर्वानुमान के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पालघर जिले के वसई इलाके में आज हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई। दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पालघर के सभी स्कूल-कॉलेजों में कल यानी गुरुवार को अवकाश रहेगा। यह फैसला मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के बीच लिया गया है।
गुजरात के राजस्व मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि राज्य के भरूच, छोटा उदेपुर, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सीएम भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित नवसारी का जायजा लिया और पीड़ितों से मुलाकात की।
महाराष्ट्र के नागपुर में तेज बहाव के कारण स्कॉर्पियो के बह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन लापता हैं। सभी यात्री मध्यप्रदेश के निवासी हैं। वहीं इस घटना पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रशासन की ओर से लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं और एनडीआरएफ से भी मदद ली जा रही है।