जन कल्याण के लिए समर्पित रहा सीपी राधाकृष्णन का जीवन: मोहन यादव
उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, सीपी राधाकृष्णन का जीवन जन कल्याण के लिए समर्पित रहा है। विपक्ष के भी कई नेताओं के वोट हमारे उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को मिले हैं। मैं सी.पी. राधाकृष्णन को निर्वाचित होने की बधाई देता हूं।
सांसदों ने पीएम मोदी की कार्यशैली पर लगाई मुहर: मदन राठौड़
राजस्थान के प्रदेश भाजा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन की जीत पर कहा, इस बार कांग्रेस ने अंतरआत्मा की आवाज सुनने का आह्वान किया था लेकिन वह उनके खिलाफ चला गया, कई सांसदों की आत्मा जाग गई और उन्होंने हमारे एनडीए उम्मीदवार को वोट देकर हमें भारी मतों से जिताया। मैं उन लोगों का भी धन्यवाद करता हूं जिनकी आत्मा जागी। सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली पर अपनी मुहर लगाई है।
पीएम मोदी ने भी दी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, उनका जीवन हमेशा समाज की सेवा और गरीबों व हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे सांविधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दीं नए उपराष्ट्रपति को शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, 'सार्वजनिक जीवन में आपके दशकों के समृद्ध अनुभव राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मैं आपको एक सफल और प्रभावशाली कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देती हूं।'
कांग्रेस प्रमुख ने राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत पर बधाई दी
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी।
सीपी राधाकृष्णन चुने गए भारत के नए उपराष्ट्रपति
राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने घोषणा की कि एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को 452 मत मिले हैं। उन्हें भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया है। विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार न्यायमूर्ति सुधर्शन रेड्डी को 300 मत प्राप्त हुए हैं।
उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 में कुल 98 फीसदी मतदान हुआ है। मतगणना जारी है।
शाम पांच बजे मतदान संपन्न
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान संपन्न हो गया, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इस चुनाव में सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला।
चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 781 सांसदों को वोट देने का अधिकार था। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि विपक्षी दलों ने एकजुटता दिखाई है और उनके 315 सांसदों में से सभी ने मतदान किया। उन्होंने कहा, यह 100 फीसदी उपस्थिति है, जो पहले कभी नहीं हुआ।
उपराष्ट्रपति चुनाव में शाम 3 बजे तक 96 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा, उसके बाद वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राहुल गांधी ने मतदान किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले, कांग्रेस ने मंगलवार को वाईएसआरसीपी अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी पर एनडीए उम्मीदवार सी. पी. राधाकृष्णन का समर्थन करने के लिए हमला बोला और उन पर लोकतांत्रिक ताकतों के साथ न खड़े होने का आरोप लगाया। एक्स पर एक पोस्ट में, कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने लिखा 'इतिहास वाईएस जगनमोहन रेड्डी के विश्वासघात को नहीं भूलेगा। उपराष्ट्रपति पद के लिए आरएसएस समर्थित उम्मीदवार का समर्थन करके, उन्होंने आंध्र प्रदेश के हितों की बजाय सीबीआई मामलों के डर को चुना है।' टैगोर ने कहा, 'यह रणनीति की बात नहीं है। यह लोकतांत्रिक ताकतों के साथ खड़े होने के बजाय मोदी बाबू के दबाव के आगे आत्मसमर्पण करने की बात है।' कांग्रेस नेता ने कहा कि जगन का आज का समझौता उस दिन के रूप में याद किया जाएगा जब उन्होंने अपने निजी अस्तित्व को जनादेश से ऊपर रखा। उन्होंने आरोप लगाया, आंध्र साहस का हकदार था। लेकिन जगन मोहन रेड्डी ने कायरता को चुना।
कूटनीति का कोई मतलब नहीं है- सुप्रिया सुले
उपराष्ट्रपति चुनाव पर एनसीपी (सपा) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'कूटनीति का कोई मतलब नहीं है। हम सब देश की सेवा कर रहे हैं। यह एक बड़ा पद है। जिसे भी यह पद मिले, उसे इसका सम्मान करना चाहिए।'
हमारा उम्मीदवार सर्वश्रेष्ठ है- शक्तिसिंह गोहिल
उपराष्ट्रपति चुनाव पर कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा, 'हमारा उम्मीदवार सर्वश्रेष्ठ है और मुझे लगता है कि मतदाता अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनेंगे। इंडिया अलायंस के उम्मीदवार का करियर बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने एक संवैधानिक पद पर भी काम किया है।'
'लोकतंत्र की सर्वोच्च परंपराओं का पालन किया जाए'
उपराष्ट्रपति चुनाव पर, पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कहा, 'विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी ने जिस अंतरात्मा की आवाज पर वोट देने की अपील की है, उसका उद्देश्य स्पष्ट रूप से वोटों की कमी को पूरा करना है। इस समय, एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के जीतने की पूरी उम्मीद है, खासकर तब जब कुछ दलों, जिनसे विपक्षी उम्मीदवार का समर्थन करने की उम्मीद थी, ने मतदान से दूर रहने का फैसला किया है। चुनाव का परिणाम चाहे जो भी हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि संवैधानिक पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में द्विदलीय समर्थन प्राप्त हो। मुझे उम्मीद है कि इन चुनावों के कारण कोई कटुता नहीं होगी, और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इन चुनावों में लोकतंत्र की सर्वोच्च परंपराओं का पालन किया जाए।'
इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा- शिवकुमार
उपराष्ट्रपति चुनाव पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, 'इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। हमने अंतरात्मा की आवाज पर वोट देने का अनुरोध किया है। इंडिया ब्लॉक और विपक्षी दल एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के खिलाफ वोट करेंगे।'
NDA चुनाव जीतेगी- अर्जुन राम मेघवाल
उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, 'NDA चुनाव जीतेगी।'
हमें विश्वास है कि एनडीए उम्मीदवार जीतेगा- टीडीपी सांसद
उपराष्ट्रपति चुनाव पर टीडीपी सांसद लावू श्रीकृष्ण देवरायलु ने कहा, 'मुख्य रणनीति यह है कि हम सभी 18 सांसद, पहले घंटे के भीतर ही अपना मतदान पूरा करना चाहते हैं। हर कोई इसके लिए तैयार है... जल्दी पहुंचें और जल्दी मतदान करें... मुझे न केवल इस बात का विश्वास है कि हमारा एनडीए उम्मीदवार जीतेगा, बल्कि मुझे यह भी विश्वास है कि उसे इस चुनाव में 80-100 से ज्यादा बहुमत मिलेगा। बीच में जो पार्टियां हैं, उनमें से निश्चित रूप से क्रॉस-वोटिंग होगी; वे हमारे लिए वोट करेंगी। साथ ही, कुछ विपक्षी सांसद भी हमारे लिए वोट करेंगे।'
उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने पहुंचे शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डालने के लिए संसद भवन पहुंचे।
परिणामों का इंतजार कीजिए- अनुराग ठाकुर
उपराष्ट्रपति पद के लिए जारी मतदान के बीच भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'परिणामों का इंतजार कीजिए। भाजपा-एनडीए की तरफ से नामित उम्मीदवार बहुत ही शालीन हैं, उनका जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे पूर्ण बहुमत से जीतेंगे। देश को नया उपराष्ट्रपति और राज्यसभा को नया सभापति मिलेगा।'
मतदान करन पहुंचे जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने संसद भवन पहुंचे।
भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, कंगना रनौत ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालने संसद भवन पहुंचीं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। खरगे और गडकरी हाथ थामे वोट डालने जाते दिखे।
शिवसेना के राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा, 'हमें पूरा विश्वास है कि सीपी राधाकृष्णन आज भारी बहुमत से जीतेंगे और भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति बनेंगे। महाराष्ट्र के कई सांसद पार्टी लाइन के आधार पर नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र और पृष्ठभूमि के आधार पर वोट देंगे।'
सपा सांसद राजीव राय ने कहा, 'मैं एनडीए में अपने सहयोगियों से अपील करता हूं कि यह उनका आखिरी मौका है, चाहे तो वे किसी ऐसे व्यक्ति का समर्थन करें जो संविधान में विश्वास करता है और उसकी रक्षा करता है या किसी ऐसे व्यक्ति का समर्थन करें जो एक विशेष विचारधारा का समर्थन करता है और नफरत फैलाता है। उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति को वोट देना चाहिए जो संविधान की रक्षा करता है। विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार को जिताएं।'
इंडी गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है। हम जीतने जा रहे हैं। मैं केवल लोगों की अंतरात्मा को जगाने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने यह नहीं कहा कि क्रॉस-वोटिंग होगी। मुझे नहीं पता कि क्रॉस-वोटिंग क्या होती है।'
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे।
उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान करने संसद भवन पहुंचे। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से है। मतगणना शाम में होगी।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, 'वह (सीपी राधाकृष्णन) आरएसएस के आदमी हैं। इसमें छिपाने की क्या बात है? आरएसएस एक भारतीय संगठन है। आरएसएस कभी देश के खिलाफ, चुनाव आयोग के खिलाफ, संसद के खिलाफ, सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ, सेना के खिलाफ नहीं बोलता, जैसा कि राहुल गांधी और कांग्रेस करते हैं।'
उपराष्ट्रपति चुनाव में 780 कुल मतदाता (राज्यसभा-238 व लोकसभा-542) हैं, जीत के लिए 391 सांसदों का समर्थन जरूरी है। 425 सांसद राजग (एनडीए) के पास हैं, गठबंधन से इतर वाईएसआरसीपी (11 वोट) ने भी एनडीए उम्मीदवार के समर्थन का एलान किया है। अब बीजद, बीआरएस, शिअद द्वारा उपराष्ट्रपति चुनाव से दूरी बनाने के बाद चुनाव में जीत का आंकड़ा घटकर 385 रह गया है। विपक्षी गठबंधन के पास 324 सांसद हैं। साफ है कि पलड़ा एनडीए का भारी है।
बीजेडी ने राजग और इंडिया ब्लॉक से समान दूरी की नीति याद दिलाते हुए मतदान से दूर रहने की घोषणा की है। इसका परोक्ष लाभ राजग उम्मीदवार को ही मिलेगा क्योंकि जीत के लिए जरूरी मतों की संख्या 391 से घट कर 387 रह जाएगी। इसके इतर बीआरएस (4 वोट) ने तेलुगु प्राइड के सियासी जाल में उलझने और जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी मोल लेने से बचने के लिए चुनाव से दूरी बनाने का संकेत दिया है। अगर बीआरएस भी चुनाव से दूर रहा तो राजग उम्मीदवार को जीत के लिए महज 385 वोट की ही जरूरत होगी।
लोजपा (रामविलास पासवान) सांसद शाम्भवी चौधरी ने कहा, 'हमें पूरा यकीन है और इसकी पूरी गारंटी है कि हमारे उम्मीदवार उपराष्ट्रपति बनेंगे। सीपी राधाकृष्णन का अब तक का काम बहुत प्रभावशाली रहा है। देश के सच्चे नागरिक होने के नाते, हमें लगता है कि उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है और आने वाले समय में देश को सही रास्ते पर ले जाने की क्षमता उनमें है। कांग्रेस यह नहीं समझती कि हम अपने देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट दे रहे हैं।'
उपराष्ट्रपति चुनाव के मतदान शुरू होने से पहले राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और एनडीए के अन्य सांसद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के आवास पर पहुंचे।
एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के लोधी रोड इलाके में स्थित श्री राम मंदिर में पूजा अर्चना की। आज उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान होना है। सीपी राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी से होगा। मतदान सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। उसके बाद वोटों की गिनती होगी और शाम तक नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर कहा, 'दोनों उम्मीदवार और उनके समर्थक तैयार हैं। एनडीए के पास ज़्यादा संख्याबल है और राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति बनेंगे। हम उनके पक्ष में वोट देंगे और एनडीए जीतेगा। हम उन्हें बधाई देंगे और वो सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाएंगे। शाम तक सब साफ हो जाएगा।'
शिवसेना सांसद श्रीकांत राधाकृष्णन के अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त...
शिवसेना संसदीय दल के नेता श्रीकांत शिंदे को उपराष्ट्रपति चुनाव में राजग के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
विपक्ष ने भी कसी कमर, सही मतदान के लिए तैनात किए सांसद
आज उपराष्ट्रपति चुनाव में सही मतदान कराने के लिए दो दर्जन सांसदों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रत्येक सदस्य की उपस्थिति दर्ज करेंगे। उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी का नाम बैलेट पेपर में पहले नंबर पर है। उनके पोलिंग एजेंट सैयद नासिर हुसैन और शताब्दी राय हैं, जबकि कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल और मणिकम टैगोर मतगणना एजेंट है।
बीजद ने याद दिलाई समान दूरी बनाने की नीति
बीजद ने राजग और विपक्षी गठबंधन से समान दूरी की नीति याद दिलाते हुए मतदान से दूर रहने की घोषणा की। इसका लाभ राजग उम्मीदवार को ही मिलेगा क्योंकि जीत के लिए जरूरी मतों की संख्या 391 से घट कर 387 रह जाएगी। इसके इतर बीआरएस (4 वोट) ने तेलुगु प्राइड के सियासी जाल में उलझने और जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी मोल लेने से बचने के लिए चुनाव से दूरी बनाने का संकेत दिया है।