ईडी जिस तरह से इस मामले को संभाल रही है, राहुल गांधी से जितने घंटे पूछताछ की गई और कल फिर से बुलाया गया, यह राजनीतिक प्रतिशोध के एजेंडे की गंध है। राहुल गांधी और कांग्रेस की आवाज इन कार्रवाइयों से शांत नहीं होगी: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र एस हुड्डा
भाजपा के हों या आरएसएस के, सबने लूट मचा रखी है, उसकी तरफ इनका ध्यान नहीं जा रहा है। प्रधानमंत्री आगे आकर महंगाई, बेरोजगारी, तनाव, हिंसा पर संबोधित करें:अशोक गहलोत
कांग्रेस पार्टी कल भी सड़कों पर उतरेगी। कानून सबके लिए समान है, लेकिन रात 12 बजे तक किसी से सवाल करना गलत है। कौन सा अपराध या धनशोधन हुआ है? जहां खरबों की लूट होती है, वे नहीं पूछते: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत
देश राहुल गांधी के साथ खड़ा है। हम सच्चाई के लिए लड़ रहे हैं। हम अपने पार्टी प्रमुख के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय लेंगे: कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल
लंबी पूछताछ के बाद राहुल गांधी ईडी दफ्तर से बाहर निकले, राहुल से आज करीब 10 घंटे तक हुई पूछताछ।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पार्टी के अन्य नेताओं के साथ सरोजिनी नगर थाने में 10 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रहे। अधीर रंजन चौधरी, शक्तिसिंह गोहिल, अनिल चौधरी और पार्टी कार्यकर्ताओं सहित वरिष्ठ नेता अभी भी दिल्ली के विभिन्न पुलिस थानों में हिरासत में हैं।
मुकुल वासनिक बोले- पार्टी मुख्यालय नहीं जाएंगे राहुल
मुकुल वासनिक ने कहा कि ईडी कार्यालय में सुबह से ही पूछताछ जारी थी। वहां अभी भी प्रक्रिया चल रही है, कब तक चलेगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। इसलिए हमने केसी वेणुगोपाल से अनुरोध किया कि राहुल गांधी को पार्टी मुख्यालय लाने के बजाय उनके अन्य कार्यों में भाग लेने के लिए जाने देना बेहतर होगा।
26 सांसद, पांच विधायक समेत 459 कार्यकर्ता हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने बताया कि राहुल गांधी की ईडी के समक्ष पेशी के दौरान विरोध-प्रदर्शन कर रहे 26 सांसदों और पांच विधायकों समेत 459 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
चिदंबरम की चोट पर पुलिस की सफाई
दिल्ली पुलिस (जोन-2) के स्पेशल सीपी (कानून-व्यवस्था) ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेताओं या कार्यकर्ताओं के घायल होने के संबंध में पीएस तुगलक रोड पर कुछ शिकायतें मिलीं हैं, लेकिन हमारी जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा बल प्रयोग की ऐसी कोई घटना नहीं हुई। अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि फिर भी यदि हिरासत के दौरान किसी तरह के आरोप हैं, तो उचित कार्रवाई के लिए उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
वेणुगोपाल समेत कई नेता अब भी हिरासत में
केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के अन्य सांसद तुगलक रोड थाने में ही हैं। ये सभी आठ घंटे से अधिक समय से हिरासत में हैं।
राहुल को कल फिर से बुलाया
राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ खत्म हो चुकी है। एजेंसी ने करीब साढ़े आठ घंटे तक राहुल से सवाल किए। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने कल फिर से राहुल को पूछताछ के लिए बुलाया है।
मैं ठीक हूं और कल अपने काम पर जाऊंगा: चिदंबरम
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि जब तीन बड़े और भारी भरकम पुलिसकर्मी आप से टकराते हैं, तो आप भाग्यशाली होते हैं कि एक संदिग्ध हेयरलाइन क्रैक से बच जाते हैं। डॉक्टरों ने कहा कि अगर हेयरलाइन क्रैक है, तो यह लगभग 10 दिनों में अपने आप ठीक हो जाएगी। मैं ठीक हूं और कल अपने काम पर जाऊंगा।
कांग्रेस बेनकाब हुई: ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस बेनकाब हुई है। वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग नहीं करना चाहते। राहुल गांधी को किस बात का भय है? अगर उन्होंने कुछ गलत नहीं किया तो डरते क्यों हैं? देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुलाकर जांच एजेंसियों पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है?
दिल्ली में पार्टी कार्यालय में कांग्रेस की अहम बैठक
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत रघु शर्मा, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, अजय माकन, टीएस सिंह देव सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने दिल्ली में पार्टी कार्यालय में बैठक की।
चिदंबरम की पसलियों में फ्रैक्चर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम की बाईं पसली में फ्रैक्चर हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने बताया कि दिल्ली में पार्टी के विरोध के दौरान पुलिस की धक्कामुक्की में उन्हें चोट लगी है।
असम कांग्रेस ने प्रदर्शन किया
धन शोधन के मामले में राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। नारे लगाते हुए और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भांगागढ़ क्षेत्र के पास प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से गुवाहाटी-शिलांग रोड पर जुलूस निकालने की कोशिश की।
कांग्रेस और करप्शन का गहरा याराना: नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेशी को लेकर विपक्षी दल के नेताओं का विरोध प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस और करप्शन (भ्रष्टाचार) का गहरा याराना है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ तो देश ने सत्याग्रह देखा है, लेकिन भ्रष्टाचार के पक्ष में सत्याग्रह की कांग्रेस की सियासी संस्कृति देश पहली बार देख रहा है।
आधुनिक भारत कांग्रेस की देन: गहलोत
बघेल ने साधा सरकार पर निशाना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड के मामले में ED ने तलब किया है। इसके खिलाफ हमारे हजारों कार्यकर्ताओं ने पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। हम इसका विरोध करते हैं।
सरमा ने राहुल पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी देश के एक सांसद हैं। ईडी के बुलाने पर उनको जाना चाहिए और अपना पक्ष ईडी के सामने रखना चाहिए। भारत का संविधान इतना मजबूत है कि अगर आप निर्दोष हैं तो आपको सजा नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि ED के बुलाने पर आप नामांकन करने के जैसे समर्थक लेकर नहीं जा सकते। साथ में आप राज्य के मुख्यमंत्रियों और सांसदों को लेकर जाते हैं तो इससे साफ होता है कि आप ED को डराना चाहते हैं।
फिर से ईडी कार्यालय पहुंचे राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर से पूछताछ के लिए ED कार्यालय पहुंचे।
हम डरने वाले नहीं: खड़गे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सत्याग्रह कर रहे हैं और जब सत्याग्रह करते हैं तो डिटेंशन और जो भी केस लगाने हैं वो लगते हैं उसकी चिंता नहीं है। चिंता इस बात की है कि इस देश में लोकतंत्र के तहत हम जो भी धरना या सत्याग्रह करते हैं उससे ये नहीं समझना चाहिए कि कांग्रेस कमजोर है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला फर्जी है सिर्फ परेशान करने के लिए सबको ED ऑफिस बुलाया जा रहा है। इसमें राजनीति हो रही है और कुछ नहीं, इसलिए इसका खंडन करने के लिए कांग्रेस ने आज पूरे देश में सत्याग्रह किया और हजारों लोग गिरफ्तार हुए। हम डरने वाले नहीं, हम इसका सामना करेंगे।
हालात बहुत खतरनाक: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मैंने सोचा कि मैं एक बार ED, आयकर विभाग के अधिकारियों से मिलूं। उन्होंने मुझे मिलने का समय मांगा। बाद में उन्होंने कहा कि वे खुद जयपुर आकर मुझसे मिलेंगे। ये हमारे देश की बहुमूल्य एजेंसियां हैं। ये लोग बेकार के छापे डालते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग छापा नहीं डालना चाहते हैं, लेकिन इनके ऊपर गृह मंत्रालय की तरफ से बहुत ज्यादा दबाव होता है। इन्होंने ये हालात बहुत खतरनाक बना रखे हैं। इसलिए मैंने सोचा है कि मैं खुद उन लोगों से जाकर मिलूं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से रवाना हुए।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें तुगलक रोड पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 12 जून को COVID से संबंधित मुद्दों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तीन घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) के दफ्तर से बाहर निकल चुके हैं। फिलहाल वे लंच करेंगे और इसके बाद फिर से पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश होंगे।
गुजरात के अहमदाबाद में राहुल गांधी के समर्थन में विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की छवि धूमिल करने के लिए ये साजिश हो रही है लेकिन राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं। वो निडर होकर सभी सवालों के जबाव देंगे। जब राहुल गांधी दफ्तर में गए तो हमारी मांग थी कि वकील को अंदर जाने दिया जाए लेकिन जाने नहीं दिया गया।
दिल्ली के स्पेशल सीपी सागर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने हमें एक मीटिंग के बाद पत्र लिखा था जिसमें कहा गया था कि 200 कांग्रेस नेताओं सहित वरिष्ठ नेताओं को कांग्रेस मुख्यालय जाने की इजाज़त दें। साथ ही 1000 कांग्रेस समर्थक को भी जाने की इजाजत दें। हुड्डा ने आगे कहा कि हमने उन नेताओं से कहा कि आप बड़े तौर पर प्रदर्शन करना चाहते हैं तो जंतर-मंतर आ सकते हैं। हमने 100 लोगों को वहां जाने की अनुमति दी। इसके अलावा बिना इजाजत के वहां पहुंचने वालों को हिरासत में लिया गया। ट्राफिक गाइडलाइन भी जारी कर दी गई थी।
ईडी दफ्तर के भीतर राहुल गांधी से पूछताछ लगातार जारी है। इस बीच भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के समर्थन में कांग्रेस आज उतरी है। जो जेल से बेल पर हैं उन्होंने घोषणा की है कि आओ दिल्ली को घेरो। एक जांच एजेंसी पर दबाव डालने के लिए कांग्रेस शासित मंत्रियों को आमंत्रित किया गया। एजेंसी पर इस तरह से दबाव डालने को आप क्या नाम देंगे?
नेशनल हेराल्ड मामले पर भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस आज जो कर रही है वह 'जश्न-ए-भ्रष्टाचार' है- भ्रष्टाचार का जश्न मना रही है। कांग्रेस ने फिर से राहुल गांधी मॉड्यूल को भ्रष्टाचार के पैड से लॉन्च करने की कोशिश की है, हम आश्वासन देते हैं कि उनका वही भाग्य होगा, वह फिर से असफल होंगे।
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेशी के खिलाफ कांग्रेस समर्थकों ने लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों को हिरासत में लिया गया।