प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड दौरे पर अस्पताल पहुंचकर भूस्खलन पीड़ितों से बात की। उन्होंने अस्पताल में मिल रहे इलाज को लेकर जानकारी ली।
केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बचाव कार्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही आगे की रणनीति जानी। बैठक में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद हैं।
केरल के वायनाड दौरे पर पीएम मोदी ने भूस्खलन पीड़ितों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री शरणार्थी कैंपों में पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी व्यथा सुनी। प्रधानमंत्री ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया और उन्हें कहा कि सरकार उनके साथ है।
भूस्खलन प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं पीएम मोदी। साथ में सीएम पी विजयन, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद रहे।
हवाई सर्वे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायनाड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। वहां अधिकारियों से उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान पीएम मोदी के साथ राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद रहे।
भूस्खलन के हवाई सर्वे के दौरान प्रधानमंत्री ने भूस्खलन की वजह के बारे में पूछा और साथ ही भूस्खलन में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए इलाकों पुंचीरीमत्तम, मुंडक्कई और चूरलमाला के हालात का भी जायजा लिया। इस दौरान सीएम पी विजयन भी उनके साथ मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
पीएम मोदी के दौरे से पहले केरल के शरणार्थी कैंप के बाहर का दृश्य। पीएम मोदी भी अपने दौरे में शरणार्थी कैंपों का दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल दौरे पर पहुंच गए हैं। पीएम मोदी कन्नूर हवाई अड्डे पर उतरे, जहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
वायनाड के जिला कलेक्टर डी आर मेघश्री के मुताबिक, जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टी का एलान करने के साथ ही सरकारी अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुक के रिहायशी इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे केरल के कन्नूर पहुंच सकते हैं। इसके बाद वे वायनाड के भूस्खलन प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे।
दोपहर में करीब 12.15 बजे प्रधानमंत्री भूस्खलन प्रभावित इलाकों में जमीन पर जाकर हालात का जायजा लेंगे। इस दौरान राहत और बचाव दल से जुड़े लोग प्रधानमंत्री को हालात की पूरी जानकारी देंगे।
प्रधानमंत्री राहत शिविरों का भी दौरा करेंगे और वहां भूस्खलन प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और लोगों की व्यथा सुनेंगे। इसके बाद पीएम मोदी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे पर वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने भी खुशी जाहिर की है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'धन्यवाद मोदी जी, वायनाड जाकर त्रासदी का जायजा लेने के लिए। यह एक अच्छा फैसला है।' राहुल गांधी ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री वायनाड के हालात को देखकर वायनाड त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करेंगे।