03:17 PM, 05-Dec-2024
'सरकारी विभागों में चार साल में लेटरल एंट्री से 63 'विशेषज्ञ' नियुक्त किए गए', केंद्र ने संसद में दी जानकारी
गुरुवार को केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बताया कि 2019 से 2023 तक लेटरल एंट्री मोड के जरिए विभिन्न विभागों में 63 विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने उच्च सदन में एक लिखित जवाब में बताया कि इनमें से 35 नियुक्तियां अनुबंध के आधार पर और बाकी 28 अधिकारी अन्य विभागों से प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किए गए हैं। जितेंद्र सिंह ने कहा, '2018 से संयुक्त सचिव, निदेशक और उप सचिव के स्तर पर लेटरल भर्ती की गई है, ताकि उनकी विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए विशिष्ट असाइनमेंट के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2019 में आठ संयुक्त सचिवों की नियुक्ति की गई, जिनमें पांच अनुबंध के आधार पर और तीन अन्य सरकारी विभागों/संगठनों से प्रतिनियुक्ति के जरिए नियुक्त किए गए। 2021 में संयुक्त सचिव (3), निदेशक (18) और उप सचिव (9) के स्तर पर तीस भर्तियां की गईं। इनमें से 14 संविदा पर और 16 प्रतिनियुक्ति के माध्यम से थीं। वहीं 2023 में, 25 ऐसे विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई, जिनमें तीन संयुक्त सचिव, 15 निदेशक और सात उप सचिव शामिल हैं। उनमें से 16 को अनुबंध के आधार पर और नौ को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से नियुक्त किया गया है।