फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session 2023 Live: महुआ मोइत्रा की सदस्यता रद्द, राज्यसभा में वक्फ कानून रद्द करने का विधेयक पेश

Fri, 08 Dec 2023 09:32 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें


Winter Session Parliament 2023 Live Updates: संसद के शीतकालीन सत्र का आज पांचवा दिन है। आज कतर में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा पर चर्चा हो सकती है। वहीं, दिल्ली में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण का मामला भी आज सदन में उठ सकता है। 
विज्ञापन
New Parliament Building - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:23 PM, 08-Dec-2023

राज्यपालों और राज्य सरकारों के बीच टकराव से शासन, संघवाद प्रभावित-विपक्ष

राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों ने शुक्रवार को राज्यपालों और निर्वाचित सरकारों के बीच मतभेदों पर चिंता व्यक्त की। विपक्ष ने कहा कि इस तरह के संघर्ष शासन को प्रभावित करते हैं और केंद्र-राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध खराब करते हैं। उन्होंने राज्यपालों की नियुक्ति के तरीके में बदलाव की मांग की। हनुमंतैया ने कहा, सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य द्वारा पारित विधेयकों को मंजूरी देने में राज्यपालों द्वारा की जा रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। यह संवैधानिक प्रावधान और संवैधानिक नैतिकता के सिद्धांत का उल्लंघन है।

08:40 PM, 08-Dec-2023

जातीय हिंसा के कारण मणिपुर में 5,127 हेक्टेयर क्षेत्र में कृषि गतिविधियां प्रभावित

मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण 5,127 हेक्टेयर भूमि पर कृषि गतिविधियां नहीं हो सकी। केंद्र ने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए 38.60 करोड़ रुपये का मुआवजा पैकेज दिया है। संसद में सरकार ने इस मुद्दे पर जानकारी दी। कृषि मंत्रालय ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि यह केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा मणिपुर सरकार को स्वीकृत 209.45 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज का हिस्सा था।

08:26 PM, 08-Dec-2023

पूरे भारत में 479 ग्रामीण अदालतें अधिसूचित लेकिन 284 चालू: सरकार

देश भर में विभिन्न राज्यों द्वारा अधिसूचित 479 ग्राम न्यायालयों में से 284 ग्राम न्यायालय कार्यरत हैं। सरकार द्वारा शुक्रवार को लोकसभा में इससे जुड़े आंकड़े साझा किए गए। नागरिकों को उनके दरवाजे पर न्याय तक पहुंच प्रदान करने के लिए 2008 में ग्राम न्यायालय अधिनियम लागू किया गया था। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि कानून के मुताबिक राज्यों के लिए ऐसी अदालत स्थापित करना अनिवार्य नहीं है।

विज्ञापन
06:46 PM, 08-Dec-2023

नौसेना में 10,896 कर्मियों की कमी- अजय भट्ट 

लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि 31 अक्तूबर तक नौसेना में नाविकों के 9,119 पद खाली हैं, वहीं अधिकारी रैंक में 1,777 की कमी है। नौसेना में अधिकारियों और नाविकों की स्वीकृत संख्या 11,979 और 76,649 है। अजय भट्ट ने कहा कि 2021 में कुल 323 अधिकारियों की भर्ती की गई जबकि 2022 में यह संख्या 386 थी। 2021 में 5,547 नाविकों को नौसेना में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि 2022 में यह संख्या 5,171 थी।
 

06:41 PM, 08-Dec-2023

रेल किराया तय करने के लिए टैरिफ कमेटी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं

त्योहारों के दौरान यात्रियों को ज्यादा किराया देना होगा क्योंकि मंत्रालय की देश में ट्रेन किराया तय करने के लिए कोई समिति गठित करने की कोई योजना नहीं है। यह बात रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कही।

राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में उन्होंने कहा कि यात्री किराया तर्कसंगत बनाना एक सतत प्रक्रिया है। रेलवे ने समाज के सभी वर्गों और रेलवे को सस्ती सेवाएं प्रदान करने के लिए 2019-20 में यात्री टिकटों पर 59,837 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी। यह रेलवे पर यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को औसतन 53% की रियायत के बराबर है। उन्होंने कहा, सभी यात्रियों के लिए सब्सिडी जारी है।
 

विज्ञापन
05:31 PM, 08-Dec-2023

कोविन पोर्टल से किसी भी डेटा डाउनलोड नहीं हुआ- एसपी सिंह बघेल 

कोविन पोर्टल पर कथित डेटा उल्लंघन की जांच से पता चला कि इसके लाभार्थी डेटाबेस से कोई बड़ी मात्रा में डेटा डाउनलोड नहीं हुआ था। इसकी जानकारी लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दी।
मंत्री ने एक लिखित उत्तर में कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविन पोर्ट में पहले से ही वेब एप्लिकेशन फायरवॉल, पहचान और पहुंच प्रबंधन के साथ डेटा गोपनीयता के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय और सुरक्षा उपाय है। CoWIN पोर्टल उन लोगों के सभी डेटा का भंडार है, जिन्हें COVID-19 के खिलाफ टीका लगाया गया है।

05:27 PM, 08-Dec-2023

2 करोड़ से अधिक बच्चों को खसरे का टीका लगा-मंडाविया

अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच देशभर में 2.63 करोड़ से अधिक बच्चों को खसरे वाले टीके की पहली खुराक दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को लोकसभा में इस बात की जानकारी दी। बता दें मंडाविया से लोकसभा में पूछा गया कि क्या भारत में अनुमानित 11 लाख बच्चे 2022 में अपनी पहली खसरे के टीके की खुराक लेने से चूक गए, जैसा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन और अमेरिकी रोग नियंत्रण, रोकथाम केंद्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है। 

मंडाविया ने यह सुनिश्चित करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समन्वय में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सूची दी कि सभी पात्र बच्चों को एमसीवी सहित टीकों की छूटी हुई या उचित खुराक मिले, मंडाविया ने कहा कि क्षेत्रों में गहन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) के विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। 
 

05:18 PM, 08-Dec-2023

वक्फ कानून को रद्द करने का निजी विधेयक राज्यसभा में पेश

वक्फ अधिनियम, 1955 को निरस्त करने की मांग करने वाली एक निजी विधेयक विपक्षी दलों के भारी विरोध के बीच राज्यसभा में पेश किया गया। बता दें भाजपा सांसद हरनाथ सिंह यादव द्वारा इस विधेयक को पेश किया गया है। इस दौरान कांग्रेस, टीएमसी,डीएमके, सीपीआई(एम), राजद सहति कई दलों के सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध किया। 
 

03:15 PM, 08-Dec-2023

महुआ मोइत्रा ने कहा, 'किसी तरह की रकम या तोहफा लेने का कोई सबूत नहीं है। आचार समिति इस मामले की जांच की तह तक नहीं गई। मोदी सरकार को लगता है कि मुझे चुप कराकर वह अदाणी के मुद्दे से ध्यान भटका देगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाएगा।'

03:13 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित।

03:08 PM, 08-Dec-2023

महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित किया गया। 54 दिन बाद उनकी सांसदी चली गई। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि महुआ का आचरण अनैतिक है। 

03:06 PM, 08-Dec-2023

प्रह्लाद जोशी ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूर कर लिया गया। 
 

03:05 PM, 08-Dec-2023

भाजपा सांसद अपराजिता सांरगी ने कहा, 'हम सिद्धांतों की बात कर रहे हैं। सभी को बोलने का समय दिया। तब ये वॉक आउट कर गईं। असंवैधानिक शब्दों का इस्तेमाल किया।'

03:00 PM, 08-Dec-2023

इसपर लोकसभा अध्यक्ष ने आचार समिति की सिफारिशों पर महुआ मोइत्रा को सदन में बोलने से रोका। 

02:59 PM, 08-Dec-2023

एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट को लेकर जैसे ही लोकसभा में चर्चा हुई तो टीएमसी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने अनुरोध किया कि महुआ मोइत्रा को सदन के समक्ष अपना पक्ष रखने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा, 'मैं प्रस्ताव रखता हूं, मेरी पार्टी की प्रवक्ता खुद महुआ मोइत्रा होंगी क्योंकि आरोप उनके खिलाफ है। अनर्गल आरोप लगाए गए हैं, चाहे यह सच हो या गलत, इन्हें उन्हें बोलने दीजिए।'

02:31 PM, 08-Dec-2023

भाजपा सांसद हिना गावीत ने कहा कि इस मामले के सामने आने की वजह हमारे सांसदों की छवि खराब हुई है। 

02:28 PM, 08-Dec-2023

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर आचार समिति की रिपोर्ट कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी कहते हैं, 'जैसा कि अधीर रंजन ने कहा अगर हमें इस रिपोर्ट का संज्ञान लेने और फिर सदन के समक्ष अपनी राय रखने के लिए 3-4 दिन का समय दिया गया होता तो आसमान नहीं टूट पड़ता क्योंकि यह एक बहुत ही संवेदनशील मामले पर निर्णय लेने जा रहा है। क्या आचार समिति की प्रक्रिया प्राकृतिक न्याय के मौलिक सिद्धांत को दरकिनार कर सकती है, जो दुनिया की हर न्याय प्रणाली का संगठनात्मक सिद्धांत है? अखबार में हमने जो पढ़ा, उसके अनुसार जिसे आरोपी बनाया गया है, वह अपना बयान पूरा नहीं दे पाई। यह किस तरह की प्रक्रिया है?'

02:15 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, 'हम शुद्ध अंत:करण, ईमानदारी से इन दायित्व को पूरा करें ताकि हमारी व्यवहार से किसी को किसी प्रकार का कष्ट न हो, हमारे कार्य से किसी को संदेह न हो, हमारा आचरण ऐसा न हो जिससे सदन की उच्च मर्यादा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचे। हम सभी का यह सामूहिक और सर्वोच्च दायित्व है। मैं समझता हूं कि हम सब यहां पर जिस बात पर विचार करने जा रहे हैं, वह हम सभी के लिए है। हम सहानुभूति, संवेदना के साथ उस पर विचार कर रहे हैं। हमारी कोशिश रहती है कि किसी को भी सदन से निलंबित न करूं या कार्रवाई न करूं। सभी को पर्याप्त और अवसर मिले, यह कोशिश रही। कुछ कठोर निर्णय भी करने पड़े तो सदन की मर्यादा के लिए करने पड़े। ऐसी परिस्थिति में हम सभी को इस सदन के गौरव, सम्मान, नैतिकता और अस्मिता को अक्षुण्ण रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।'

02:15 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आगे कहा कि जनता के बीच विश्वसनीयता बढ़ी है। जनता ने इसलिए चुनकर भेजा है ताकि हम उनके कल्याण, आकांक्षाओं और आशाओं को पूरा कर सकें। लेकिन लोकतंत्र की इस गौरवशाली यात्रा में समय-समय पर ऐसे अवसर भी आए हैं, जब हमने सदन की गरिमा और प्रतिष्ठा और उच्च मापदंडों को बनाए रखने के लिए निर्णय भी किए हैं। इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

02:15 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कई बार ऐसे मौके आते हैं, जब सदस्यों को उचित निर्णय लेने पड़ते हैं। सदन उच्च मर्यादाओं से चलता है। यह सर्वोच्च पीठ है। 75 वर्ष की हमारी यात्रा में हमारे सदन और लोकतंत्र की उच्च मर्यादा रही है। पूरा देश उच्च परंपराओं के लिए हमारी ओर देखता है। इसी वजह से हमारे लोकतंत्र की पूरे विश्व में पहचान है। पिछले 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा में हमारा लोकतंत्र निरंतर सशक्त हुआ है।

02:11 PM, 08-Dec-2023

आचार समिति की सिफारिश को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया: सुदीप बंदोपाध्याय

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा को निष्कासित करने की आचार समिति की सिफारिश को शुक्रवार को 'राजनीतिक प्रतिशोध' करार दिया और दावा किया कि इसका उद्देश्य उन्हें अदाणी समूह के खिलाफ मुद्दे उठाने से रोकना है। बंदोपाध्याय ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ अकेले में बैठक की, जिन्होंने उन्हें सूचित किया कि रिपोर्ट को एक प्रस्ताव के साथ पेश किया जाएगा।
 

02:10 PM, 08-Dec-2023

कम से कम 48 घंटे का समय देने का आग्रह:  कल्याण बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उनसे पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा के निष्कासन की सिफारिश करने वाली आचार समिति की रिपोर्ट पढ़ने के लिए कम से कम 48 घंटे का समय देने का आग्रह किया है।

02:04 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा अध्यक्ष ने बालकनाथ, रेणुका सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को भाजपा सांसद बाबा बालकनाथ और रेणुका सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राजस्थान के अलवर से सांसद रहे बालकनाथ ने राज्य के तिजारा से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद इस्तीफा दे दिया था। वहीं, छत्तीसगढ़ के सरगुजा से सांसद रहे सिंह ने भरतपुर-सोनहत निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीता था।

02:02 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है। इससे पहले महुआ मोइत्रा मामले में आचार समिति की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी गई। इसमें महुआ की लोकसभा सदस्यता छीनने की सिफारिश की गई है।

12:55 PM, 08-Dec-2023

सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर एक बार फिर आचार समिति की रिपोर्ट पेश की जा सकती है। इसके लिए 40 मिनट का समय तय किया गया है। 

12:08 PM, 08-Dec-2023

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पेश किए जाने के तुरंत बाद सदन में हंगामे के बीच लोकसभा दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित की गई।

12:06 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा में महुआ मोइत्रा पर आचार समिति की रिपोर्ट पेश की जा रही है। इसके चलते लोकसभा में जोरदार हंगामा हो रहा है। 

12:03 PM, 08-Dec-2023

लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। 

11:18 AM, 08-Dec-2023

पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में आचार समिति को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, 'रिपोर्ट पेश होना पब्लिक डोमेन में है, आगे की कार्रवाई स्पीकर तय करेंगे। नियम स्पष्ट है।'

11:04 AM, 08-Dec-2023

लोकसभा में भाजपा के विजय सोनकर ने तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पेश की। हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित की गई।

11:01 AM, 08-Dec-2023

पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में आचार समिति को लेकर तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, 'एक कहावत है कि जब नाश मनुष्य पर छाता है पहले विवेक मर जाता है, इन्होंने वस्त्रहरण शुरू किया है तो अब महाभारत का रण देखिए।'

10:33 AM, 08-Dec-2023

इसके अलावा केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव लोकसभा में डाकघर विधेयक, 2023 पेश करेंगे। इस विधेयक को राज्यसभा में पहले ही पारित किया जा चुका है। 

10:33 AM, 08-Dec-2023

लोकसभा में ‘पैसे लेकर सवाल पूछने' के मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को निष्कासित करने की सिफारिश वाली आचार समिति की रिपोर्ट शुक्रवार को निचले सदन में पेश की जा सकती है।

09:56 AM, 08-Dec-2023

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने चेन्नई और तमिलनाडु के अन्य हिस्सों के हालातों पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया। इसके अलावा राहत प्रयासों को सुविधाजनक बनाने के लिए कम से कम 5100 करोड़ रुपये जारी करने के लिए केंद्र सरकार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की।

09:31 AM, 08-Dec-2023

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया और कतर में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा पर चर्चा की मांग की।
 

09:31 AM, 08-Dec-2023

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने दिल्ली में खराब होती वायु गुणवत्ता पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया।

09:30 AM, 08-Dec-2023

सांसद रामचंद्र जांगड़ा और कांग्रेस सांसद जेबी माथेर 'प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यान्वयन का मूल्यांकन' पर विभाग से संबंधित आवास और शहरी मामलों की संसदीय स्थायी समिति (2022-23) की सत्रहवीं रिपोर्ट में निहित सिफारिशों और टिप्पणियों पर सरकार द्वारा की गई कार्रवाई पर बीसवीं रिपोर्ट की एक प्रति (अंग्रेजी और हिंदी में) सदन के पटल पर रखेंगे।

09:28 AM, 08-Dec-2023

भाजपा सांसद जारा केसरी देवी सिंह और कांग्रेस सांसद रजनी अशोकराव पाटिल आज राज्यसभा में परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसद की स्थायी समिति की तीन सौ साठवीं, तीन सौ इकसठ, तीन सौ बासठवीं और तीन सौ छियासठवीं रिपोर्ट (अंग्रेजी और हिंदी) पेश करेंगी।
 

09:28 AM, 08-Dec-2023

Parliament Session 2023 Live: 'आचार समिति मामले की जांच की तह तक नहीं गई', लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर महुआ

संसद के शीतकालीन सत्र का आज पांचवा दिन है। आज कतर में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को मौत की सजा पर चर्चा हो सकती है। वहीं, दिल्ली में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण का मामला भी आज सदन में उठ सकता है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें