फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament: मदरसों की जानकारी के लिए पोर्टल बनाएगी सरकार! राज्यसभा में ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक पास

Mon, 12 Dec 2022 11:15 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Winter Session 2022 Live News in Hindi: सात दिसंबर से चल रहे संसद के शीतकालीन सत्र का आज 5वां कार्य दिवस है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे से जारी है। केंद्र सरकार इस सत्र के दौरान कम से कम 16 नए विधेयकों को पारित करने पर विचार कर रही है। समान नागरिक संहिता तैयार करने के लिए एक पैनल बनाने का प्रयास करने वाला एक विवादास्पद प्राइवेट मेंबर बिल शुक्रवार को राज्यसभा में पेश किया गया। वहीं लोकसभा में भारत-चीन सीमा मुद्दे और कर्नाटक-महाराष्ट्र विवाद पर हंगामा भी हुआ।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:44 PM, 12-Dec-2022

भारत के सॉफ्ट पावर अनुमान के बारे में सरकार नीतिगत दस्तावेज तैयार करे: संसदीय समिति
संसद की एक समिति ने देश की सकारात्मक छवि को मजबूत बनाने में सॉफ्ट पावर के महत्व पर फोकस करते हुए सरकार से भारत के सॉफ्ट पावर अनुमान के बारे में नीतिगत दस्तावेज तैयार करने को कहा है। संसद में पेश ‘भारत के सॉफ्ट पावर और सांस्कृतिक कूटनीति : संभावनाएं एवं सीमाएं’ विषय पर भारतीय जनता पार्टी सांसद पीपी चौधरी की अध्यक्षता वाली विदेश मंत्रालय से जुड़ी स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।

10:38 PM, 12-Dec-2022

देशभर के मदरसों के बारे में जानकारी एकत्र करने के लिए पोर्टल विकसित करेगी सरकार
संसदीय समिति ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी कि सरकार देश में मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के बारे में सूचना एकत्र करने के लिए एक पोर्टल विकसित करेगी। संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट सोमवार को लोकसभा में पेश की गई थी। देश भर के मदरसों का अधिक व्यापक डेटा रखने के लिए, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने पैनल को बताया कि उसने मदरसों के लिए एक एमआईएस (प्रबंधन सूचना प्रणाली) पोर्टल विकसित करने के लिए एक एजेंसी को नियुक्त किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से उक्त पोर्टल पर मदरसा स्कूलों के बारे में जानकारी अपलोड करने के लिए कहा जाएगा और पोर्टल ऐसे मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त संस्थानों की जानकारी हासिल करेगा।

10:36 PM, 12-Dec-2022

269 के लक्ष्य के मुकाबले 55-60 ही जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्रों को चालू
संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में अब तक केवल 55-60 जिला विकलांगता पुनर्वास केंद्र काम कर रहे हैं जबकि इसका लक्ष्य 269 था। सामाजिक न्याय और अधिकारिता पर सोमवार को लोकसभा में पेश की गई रिपोर्ट में सरकार से इस प्रक्रिया में तेजी लाने और देश के हर नामित जिले में जल्द से जल्द केंद्र स्थापित करने को कहा गया है।

विज्ञापन
07:18 PM, 12-Dec-2022

इस साल देशभर में जब्त किया गया 3083 किलोग्राम सोना
सरकार ने संसद में चल रहे मानसून सत्र में जानकारी दी कि इस साल नवंबर महीने तक 3,083 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है जो कि पिछले तीन साल के मुकाबले मिले से काफी ज्यादा है। साथ ही बताया कि सोना तस्करी के सबसे ज्यादा मामले केरल से आए।

06:22 PM, 12-Dec-2022

भारत में 3560 कंपनियों में चीनी निदेशक 
लोकसभा में सरकार ने सोमवार को कहा कि भारत में 3,560 कंपनियां हैं जिनमें चीनी निदेशक हैं। कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि देश में 174 चीनी कंपनियां विदेशी कंपनियों के रूप में पंजीकृत हैं, जिनका मंत्रालय के साथ भारत में कारोबार है।

विज्ञापन
05:42 PM, 12-Dec-2022

सुशासन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण 
केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सुशासन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, आने वाले दिनों में हम अप्रचलित कानूनों को निरस्त करने के लिए कुछ विधेयक पेश करेंगे, यह सुशासन अभ्यास का हिस्सा है। सुशासन के लिए कई और चीजें आने वाले समय में लेकर आएंगे। आगे रिजिजू ने कहा कि जो पुराने और कुछ ऐसे कानून हैं जिनका इस समय कोई महत्त्व नहीं है। ऐसे कुछ कानूनों को हटा दिया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने एक दिशा दी कि आम जनता को परेशान करने वाले कानून या कानूनी प्रावधान किसी तरह से नहीं होने चाहिए, इसी दिशा में हम काम कर रहे हैं।

05:39 PM, 12-Dec-2022

राज्यसभा में ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक पास
राज्यसभा में ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022 विधेयक पास हो गया है। ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 को भी 2010 में संशोधित किया गया था। वहीं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि उजाला योजना के माध्यम से, हमने कार्बनडाई ऑक्साइड उत्सर्जन में प्रति वर्ष 105 मिलियन टन की कमी की है और 129 बिलियन यूनिट ऊर्जा की बचत की है। साथ ही कहा कि हमने इसे पहले ही 30 फीसदी से अधिक कम कर दिया है। भारत नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन में एक निर्विवाद लीडर है।

04:59 PM, 12-Dec-2022

भारत में 40 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
सरकार ने यूएनडीपी के वैश्विक बहुआयामी गरीबी सूचकांक (एमपीआई) 2022 का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि 2005-06 से 2019-21 के बीच भारत में 40 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया। योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि नीति आयोग की ओर से जारी एमपीआई (Multidimensional Poverty Index) 2021 की आधारभूत रिपोर्ट के अनुसार भारत की आबादी के 25.01 प्रतिशत के 25.1 प्रतिशत लोग अब भी बहुआयामी रूप से गरीब हैं।

04:59 PM, 12-Dec-2022

सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का दायरा बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का दायरा बढ़ाने (आगे कोई और चीज को सिंगल यूज प्लास्टिक के तहत बैन करना) के लिए केंद्र सरकार के पास वर्तमान में कोई प्रस्ताव नहीं है। प्रतिबंधित वस्तुओं में प्लास्टिक की छड़ी, प्लास्टिक के झंडे, कैंडी की छड़ें, आइसक्रीम की छड़ें, सजावट के लिए पॉलीस्टीरीन (थर्मोकोल), प्लेट, कप, गिलास, कटलरी जैसे कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रॉ, ट्रे आदि शामिल हैं।

04:31 PM, 12-Dec-2022

उपराष्ट्रपति धनखड़ बोले- निराधार टिप्पणी न करें सांसद
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को सांसदों को चेतावनी दी कि उन्हें निराधार टिप्पणी नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह सदन के विशेषाधिकार के उल्लंघन के समान है। शून्यकाल के दौरान, संजय सिंह (आप) ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विपक्षी नेताओं पर 3,000 छापे मारे लेकिन केवल 23 लोगों को ही दोषी ठहराया जा सका। इसके बाद सत्ता पक्ष के कुछ सदस्यों ने टिप्पणी पर आपत्ति जताई, जिससे सभापति को हस्तक्षेप करना पड़ा।

04:23 PM, 12-Dec-2022

केंद्रीय विश्वविद्यालयों, IIT और IIM में फैकल्टी के 11 हजार से ज्यादा पद खाली
शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश भर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों, आईआईटी और आईआईएम में शिक्षकों के 11,000 से अधिक पद खाली हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्वीकृत 18956 पदों में से प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 6180 पद खाली हैं। इसी तरह, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में स्वीकृत 11,170 पदों में से कुल 4,502 पद खाली हैं। भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) में फैकल्टी के 1,566 पदों में से 493 पद खाली हैं।

04:23 PM, 12-Dec-2022

थरूर ने लोकसभा में एम्स साइबर हमले का मुद्दा उठाया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को एम्स-दिल्ली के सर्वर पर हुए साइबर हमले की गहन जांच की मांग की और सरकार से नागरिकों के संवेदनशील व्यक्तिगत डेटा की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि भविष्य में न हो सरकार उस पर ध्यान दे। थरूर ने जोर देकर कहा कि साइबर अटैक सीमा पार से होने की संभावना एक गंभीर चिंता का विषय है, जिसकी गहन जांच और कड़ी प्रतिक्रिया की जरूरत है।

03:32 PM, 12-Dec-2022

झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार का प्रयास जारी: हरदीप सिंह पुरी

केंद्र सरकार दिल्ली में झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है और उनके पुनर्वास के लिए प्रति एकड़ एक 'झुग्गी' से भी कम जमीन है, केंद्र ने राज्यसभा को सूचित किया। प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, आवास और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि केंद्र ने पहले ही पात्र लोगों को वैकल्पिक आवास प्रदान किया है, लेकिन कुछ लोगों ने ही फ्लैटों पर कब्जा किया है और उनमें से कई अदालत गए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार की 11 दिसंबर, 2017 को घोषित नीति का पालन झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए किया जा रहा है। नीति में प्रावधान है कि 1 जनवरी, 2006 से पहले बनी सभी झुग्गी-झोपड़ी व बस्तियों में पुनर्वास की पात्रता होनी चाहिए और जो 1 जनवरी, 2015 से पहले बनी हैं, उन्हें मुआवजा दिए जाने से पहले तोड़ा नहीं जाएगा और न ही कोई नया ऊपर आने की अनुमति है।

02:54 PM, 12-Dec-2022

ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक 2022 पर चर्चा

राज्यसभा में ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक 2022 पर चर्चा की जा रही है। जल्द ही इसे पेश किया जाएगा।

02:51 PM, 12-Dec-2022

विदेश मामलों संबंधी समिति की सोलहवीं रिपोर्ट लोकसभा में पेश की जाएगी

लोकसभा में भाजपा सांसद पी.पी. चौधरी और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के सांसद एन.के. प्रेमचंद्रन विदेश मामलों की समिति (सत्रहवीं लोकसभा) की सोलहवीं रिपोर्ट पेश करेंगे।

02:08 PM, 12-Dec-2022

 राज्यसभा के सभापति ने की पूर्व धावक पीटी उषा की तारीफ

 राज्यसभा के सभापति ने भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला प्रमुख बनने पर पीटी उषा की सराहना की।

01:15 PM, 12-Dec-2022

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

12:10 PM, 12-Dec-2022

देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं कुछ लोग: निर्मला सीतारमण

लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दुख की बात है कि संसद में कुछ लोग देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं। भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है लेकिन विपक्ष को इससे दिक्कत है। भारत के विकास पर सभी को गर्व होना चाहिए लेकिन कुछ लोग इसे मजाक के रूप में लेते हैं।

भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत
वित्त मंत्री सीतारमण ने आगे कहा कि भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत हुआ है। रिजर्व बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग किया है कि उसे यह सुनिश्चित करने के लिए बाजार में हस्तक्षेप करना है कि डॉलर-रुपये में उतार-चढ़ाव बहुत अधिक न हो।

12:01 PM, 12-Dec-2022

शिंदे विधायकों को y+ सुरक्षा प्रदान करने पर भड़कीं जया बच्चन, देखें  VIDEO

शिंदे विधायकों को y+ सुरक्षा प्रदान करने के लिए निर्भया फंड से गाड़ियां खरीदने पर SP सांसद जया बच्चन ने कहा कि ऐसे लोगों को इस्तीफा देना चाहिए। जिन्होंने इस प्रकार से दुरुपयोग किया है। उनको सारी महिलाओं माफी मांगनी चाहिए। मैं क्या शब्द इस्तेमाल करूं इनके लिए? ये बहुत शर्म की बात है।

यहां देखें वीडियो...

 

11:47 AM, 12-Dec-2022

सपा नेता डिंपल यादव ने सांसद के रूप में शपथ लीं

मैनपुरी संसदीय सीट से निर्वाचित होने के बाद समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली।


 

11:03 AM, 12-Dec-2022

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मेडिकल बॉन्ड पॉलिसी का मामला उठाने के लिए राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया।

10:24 AM, 12-Dec-2022

वाईएसआरसीपी सांसद वी विजयसाई रेड्डी ने शून्यकाल नोटिस दिया

वाईएसआरसीपी सांसद वी विजयसाई रेड्डी ने राज्यसभा में तत्काल ऋण ऐप द्वारा ब्लैकमेल और जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं पर शून्यकाल नोटिस दिया।

09:58 AM, 12-Dec-2022

भाजपा संसदीय दल की बैठक कल

भाजपा संसदीय दल की बैठक कल दिल्ली के पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग में होगी। इस बैठक में कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

 

09:56 AM, 12-Dec-2022

सपा नेता डिंपल यादव आज सांसद पद की शपथ लेंगी

समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव मैनपुरी निर्वाचन क्षेत्र से सांसद के रूप में शपथ लेंगी या प्रतिज्ञान करेंगी, सदस्यों के रोल पर हस्ताक्षर करेंगी और सदन में अपना आसन ग्रहण करेंगी।

09:53 AM, 12-Dec-2022

संविधान (एससी और एसटी) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022 होगा पेश

जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा संविधान (अनुसूचित जाति) आदेश, 1950 और संविधान (अनुसूचित जनजाति) (यूपी) आदेश, 1967 में संशोधन करने के लिए राज्यसभा में संविधान (एससी और एसटी) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022' पेश करेंगे। लोकसभा पहले ही विधेयक पारित कर चुकी है।

09:51 AM, 12-Dec-2022

आज राज्यसभा में 'ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2022' होगा पेश

ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 में संशोधन के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के.सिंह आज राज्यसभा में 'ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022' पेश करेंगे। लोकसभा पहले ही विधेयक पारित कर चुकी है।

09:42 AM, 12-Dec-2022

Parliament: मदरसों की जानकारी के लिए पोर्टल बनाएगी सरकार! राज्यसभा में ऊर्जा संरक्षण संशोधन विधेयक पास

सात दिसंबर से चल रहे संसद के शीतकालीन सत्र का आज 5वां कार्य दिवस है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हो जाएगी।  केंद्र सरकार इस सत्र के दौरान कम से कम 16 नए विधेयकों को पारित करने पर विचार कर रही है। समान नागरिक संहिता तैयार करने के लिए एक पैनल बनाने का प्रयास करने वाला एक विवादास्पद प्राइवेट मेंबर बिल शुक्रवार को राज्यसभा में पेश किया गया। लोकसभा में भारत-चीन सीमा मुद्दे और कर्नाटक-महाराष्ट्र विवाद पर हंगामा देखा गया क्योंकि विपक्ष ने सरकार से जवाब की मांग करते हुए निचले सदन में विरोध प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें