फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद: सांसदों के निलंबन को लेकर गतिरोध तेज, लोकसभा और राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित

Mon, 20 Dec 2021 08:15 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

 संसद के शीतकालीन सत्र में सोमवार को भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। संसद में गतिरोध खत्म करने के लिए एक बैठक बुलाई गई थी लेकिन विपक्ष ने इससे इनकार कर दिया। वहीं भारी हंगामे के बीच आज लोकसभा में चुनाव सुधार बिल पेश हुआ। किरण रिजिजू ने इस बिल को पेश किया। असदुद्दीन ओवैसी ने इसका जमकर विरोध किया। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में अहम जानकारी देते हुए बताया कि शराब कारोबारी विजय माल्या और हीरा कारोबारी नीरव मोदी से 13,109 करोड़ रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। संसद से जुड़ी हर अपडेट के लिए जुड़े रहें अमर उजाला के साथ... 
विज्ञापन
निर्मला सीतारमण - फोटो : Lok Sabha
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:15 PM, 20-Dec-2021

साल 2018 से रैगिंग की 2700 से ज्यादा शिकायतें आईं: केंद्र

केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लोकसभा में बताया कि साल 2018 के बाद से देश के उच्च शिक्षण संस्थानों से रैगिंग की 2700 से अधिक शिकायतें मिली हैं। इन मामलों में लगभग 1300 दोषियों को सजा दी गई है। उन्होंने बताया कि रैगिंग के मामलों में 620 आरोपियों को निलंबित किया गया है और 43 के ऊपर जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 616 आरोपियों को चेतावनी दी गई है और 17 को संस्थान से निकाल दिया गया है।

08:12 PM, 20-Dec-2021

एनडीपीएस संशोधन विधेयक संसद से पारित

राज्यसभा ने सोमवार को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम में गलतियों को दूर करने के लिए लाए गए संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। इस विधेयक को लोकसभा ने 13 दिसंबर को पारित कर दिया था।  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह विधेयक उस अध्यादेश की जगह लेगा जिसे इस साल सितंबर में जारी किया गया था क्योंकि उस समय संसद का सत्र नहीं चल रहा था।

08:05 PM, 20-Dec-2021

2014 से 2021 के बीच सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में 122 छात्रों ने की आत्महत्या

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा में कहा कि साल 2014 से 2021 के बीच भारतीय प्रौद्योगिक संस्थानों (आईआईटी), भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम), केंद्रीय विश्वविद्यालयों और केंद्र से वित्तपोषित अन्य शिक्षण संस्थानों में 122 छात्रों ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि इनमें से 24 अनुसूचित जाति (एससी), 41 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), तीन अनुसूचित जनजाति और तीन अल्पसंख्यक श्रेणी से थे। विभिन्न आईआईटी में अपनी जान देने वाले छात्रों की संख्या 34 जबकि अलग-अलग आईआईएम में चार रही। 

विज्ञापन
07:56 PM, 20-Dec-2021

तेजस को मिग-21 के तौर पर नहीं लाया जा रहा: अजय भट्ट

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने राज्यसभा में कहा कि हल्के युद्ध विमान (एलसीए) तेजस को मिग-21 लड़ाकू विमान के स्थान पर शामिल नहीं किया जा रहा है बल्कि यह कदम भारतीय वायुसेना के आधुनिकीकरण का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक मिल चुके 24 एलसीए तेजस के उत्पादन पर 6653 करोड़ रुपये की लागत आई है। भट्ट ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ वायु सेना के समझौते के अनुसार कुल 123 तेजस विमानों का निर्माण किया जाना है। इसके बाद और विमानों का निर्माण भारतीय रक्षा सेवाओं की जरूरत और निर्यात पर निर्भर करेगा।

07:19 PM, 20-Dec-2021

विपक्ष ने लगाया सरकार पर आरोप

विपक्षी दलों ने संसद में हुई राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक का बहिष्कार करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बैठक के लिए समय पर सूचना नहीं दी गई।

विज्ञापन
07:18 PM, 20-Dec-2021

भाजपा ने जारी किया व्हिप

भाजपा ने अपने राज्यसभा सांसदों को मंगलवार यानी 21 दिसंबर को पूरे दिन सदन में उपस्थित रहने और विधेयकों के समर्थन में मतदान करने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।

05:52 PM, 20-Dec-2021

राज्यसभा भी स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही भी कल तक के लिए टाल दी गई है।

04:33 PM, 20-Dec-2021

चुनाव कानून संशोधन विधेयक बेहद अहम: रिजिजू

लोकसभा में चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक पारित होने के बाद केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चुनाव सुधार की दृष्टि से ये बहुत ही महत्वपूर्ण विधेयक है। अभी की प्रणाली में अगर दो जनवरी तक आपका नाम सूची में नहीं आया तो आपको एक साल इंतजार करना पड़ता था। अब इसके लिए साल में चार बार विंडो खुलेगी। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड को वोटर लिस्ट के साथ जोड़ना अनिवार्य नहीं है। ये स्वैच्छिक है। ये वैकल्पिक है। इससे पते की जानकारी पाने में और फर्जी वोटिंग को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि अधिनियम (1951 के लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम) में "पत्नी" शब्द को बदलकर स्पाउस (जीवनसाथी) किया गया है। चुनाव परिसर अधिग्रहण की सीमा का विस्तार करने के दायरे को बढ़ाया है।

04:27 PM, 20-Dec-2021

एक साल में एलओसी पर संघर्ष विराम की 5601 घटनाएं

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि 30 नवंबर 2019 से 29 नवंबर 2021 के बीच केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के ऑपरेशनल कंट्रोल के तहत एलओसी (नियंत्रण रेखा) के पास संघर्षविराम उल्लंघन के कुल 5601 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन का जवाब देने के लिए अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों को कार्रवाई करने की पूरी आजादी दी गई है। भारतीय सेना की ओर से जवाबी कार्रवाई के दौरान पाकिस्तानी सेना को काफी नुकसान हुआ है।

04:25 PM, 20-Dec-2021

राज्यसभा पांच बजे तक स्थगित

राज्यसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन और ट्रेजरी बेंचों के बीच मौखिक युद्ध के बाद विपक्ष का हंगामा और तेज हो गया। इसके बाद उच्च सदन की कार्यवाही शाम पांच बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

04:20 PM, 20-Dec-2021

88 फीसदी पात्र आबादी को लगी टीके की पहली खुराक: मंडाविया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों के साथ 88 फीसदी पात्र आबादी को कोविड रोधी टीके की पहली और 58 फीसदी को दोनों खुराकें लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में देश की जनसंख्या के बड़े हिस्से का टीकाकरण हो चुका है। मंडाविया ने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास पर्याप्त मात्रा में टीके हैं। हमारी टीका उत्पादन क्षमता बढ़ी है। आज देश की क्षमता 31 करोड़ खुराक प्रति माह उत्पादन करने की है जिसे अगले दो महीनों में 45 करोड़ प्रति माह कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस समय देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण के 161 मामले हैं। हम विशेषज्ञों के साथ रोजाना स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पहली और दूसरी लहर के दौरान के अपने अनुभव से सबक लेते हुए हमने जरूरी दवाओं का बफर स्टॉक किया है।

04:09 PM, 20-Dec-2021

लोकसभा: अनुपूरक अनुदान मांगों के दूसरे बैच को मंजूरी

लोकसभा ने सोमवार को विपक्ष को विरोध के बीच चालू वित्त वर्ष के दौरान सरकार को विभिन्न मुद्दों पर अतिरिक्त 3.73 लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए अधिकृत अनुदान की अनुपूरक मांगों के दूसरे बैच को मंजूरी दे दी। मांगों पर चर्चा के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन को आश्वासन दिया कि सरकार खाद्य तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करने के लिए कदम उठाएगी।

03:52 PM, 20-Dec-2021

लोकसभा में चुनाव सुधार बिल पास

भारी हंगामे के बीच लोकसभा में चुनाव सुधार बिल पारित कर दिया गया है। इसके बाद सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

03:10 PM, 20-Dec-2021

जैव विविधता विधेयक संयुक्त समिति के पास

लोकसभा ने जैव विविधता विधेयक को जांच के लिए संयुक्त समिति के पास भेजा।

 

03:09 PM, 20-Dec-2021

केंद्र सरकार विपक्ष को बांटने की कोशिश कर रही

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को बांटने की कोशिश कर रही है। 15-16 दल मिलकर इस मुद्दे के खिलाफ लड़ रहे हैं, वे हमें बांटने के लिए केवल 5 दलों के सदस्यों को बुलाते हैं। यह फूट डालो और राज करो की नीति शायद उन्हें अंग्रेजों ने दी थी। उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे ऐसी बातें कहते रहेंगे। वहीं 12 सांसदों के निलंबन पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का एक घटिया बयान है। इस तरह के बयानों से कोई पार्टी कमजोर नहीं होती है। उन्हें पहले यह स्वीकार करना चाहिए कि उन्होंने गलती की है। क्या आपने उन्हें नियमानुसार सस्पेंड किया? आपने नियमों का उल्लंघन कर उन्हें सस्पेंड कर दिया। हम कह रहे हैं कि निलंबन रद्द किया जाए। इसमें क्या गलत है? 

02:49 PM, 20-Dec-2021

विजय माल्या और हीरा कारोबारी नीरव मोदी से 13,109 करोड़ रुपये की रिकवरी

देश के कई बड़े बैंको से हजारों करोड़ो रुपये की धोखाधड़ी करके भागे शराब कारोबारी विजय माल्या और हीरा कारोबारी नीरव मोदी से 13,109 करोड़ रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में इसकी जानकारी दी।

01:49 PM, 20-Dec-2021

निलंबित सांसदों को अपनी गलती का एहसास करना चाहिए: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता पीयूष गोयल ने कहा कि 12 निलंबित राज्यसभा सांसदों को अपनी गलती का एहसास करना चाहिए और सभापति से बात करनी चाहिए। आज सरकार की ओर से बुलाई गई बैठक में विपक्षी नेता नहीं आए।

01:45 PM, 20-Dec-2021

वेंकैया नायडू ने सदन में अनुशासन और मर्यादा का आह्वान किया

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन के 12 सदस्यों के निलंबन के मुद्दे पर गतिरोध को हल करने में प्रगति की कमी पर निराशा व्यक्त की, सदन में अनुशासन और मर्यादा का आह्वान किया।

12:11 PM, 20-Dec-2021

लोकसभा में चुनाव सुधार बिल पास

विपक्ष के भारी हंगामे के बीच लोकसभा में चुनाव सुधार बिल पास कर दिया गया है। सबसे खास बात यह रही कि टीएमसी ने इसका समर्थन कर दिया। इस विधेयक का मकसद मतदाता सूची में दोहराव और फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदाता कार्ड और सूची को आधार कार्ड से जोड़ना  है।

11:54 AM, 20-Dec-2021

विपक्षी सांसद कल दोपहर 12.30 बजे निकालेंगे मार्च

गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद कल दोपहर 12.30 बजे संसद में गांधी प्रतिमा से विजय चौक तक मार्च निकालेंगे।

11:11 AM, 20-Dec-2021

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित

सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर विपक्ष ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

10:02 AM, 20-Dec-2021

चुनाव सुधार से संबंधित विधेयक लोकसभा में आज होगा पेश 

पांच राज्यों में चुनाव से ठीक पहले चुनाव सुधार से संबंधित विधेयक लोकसभा में आज पेश किया जाएगा।

09:56 AM, 20-Dec-2021

सरकार द्वारा बातचीत के निमंत्रण को विपक्ष ने किया खारिज

सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर संसद में गतिरोध को दूर करने के लिए सरकार ने चार विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा लेकिन विपक्ष ने इसे खारिज कर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

09:40 AM, 20-Dec-2021

संसद: सांसदों के निलंबन को लेकर गतिरोध तेज, लोकसभा और राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित

संबंधी विधेयक सरकार आज यानी सोमवार को लोकसभा में पेश करेगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले बुधवार को इस विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दी थी, जिसमें कहा गया था कि मतदाता सूची में दोहराव व फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदाता कार्ड और सूची को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। वहीं इसके अलावा सरकार आज लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने के लिए बिल पेश कर सकती है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें