फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament: लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित; उच्च सदन से कई अहम बिल पास

Tue, 08 Aug 2023 10:38 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Sansad Monsoon Satra 2023, Lok Sabha and Rajya Sabha News Live: लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस जारी है। कांग्रेस की तरफ से चर्चा की शुरुआत गौरव गोगोई ने की और मणिपुर के मुद्दे पर जमकर सरकार को लताड़ा। वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने जवाब में विपक्षी गठबंधन को आईना दिखाने की कोशिश की। इस दौरान सदन में खूब हंगामा हुआ। 
विज्ञापन
संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:38 PM, 08-Aug-2023

राज्यसभा में दिखी नारी शक्ति
राज्यसभा में मंगलवार को कुछ समय के लिए तब विशेष क्षण देखने को मिला जब सभापति के आसन और सचिवालय की मेज का प्रबंधन महिलाओं के हाथ में था और एक महिला सांसद सदन में बोल रही थीं। अधिकारियों ने कहा कि यह ‘नारी शक्ति’ को समर्पित है। राज्यसभा सचिवालय ने एक बयान में कहा कि जब राज्यसभा सदस्य ममता मोहंता सदन में बोल रही थीं, तब फान्गनोन कोन्याक कार्यवाही की अध्यक्षता कर रही थीं और सदन के बीचों बीच सदन की मेज पर सभी महिला अधिकारी बैठी थीं।

09:40 PM, 08-Aug-2023

रेलवे 2021-22 में अधिशेष अर्जित नहीं कर सका: CAG
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने एक रिपोर्ट में कहा है कि रेलवे ने 2021-22 में 107.39 प्रतिशत का परिचालन अनुपात दर्ज किया है, जो राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर की अधिशेष उत्पन्न करने की कम क्षमता का संकेत देता है। मंगलवार को संसद में पेश रेलवे वित्त पर सीएजी की रिपोर्ट भारतीय रेलवे के वित्त और खातों की एक विश्लेषणात्मक समीक्षा मुहैया कराती है। यह 31 मार्च, 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए लेखा परीक्षित खातों पर आधारित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021-22 के दौरान सभी श्रेणियों की यात्री सेवाओं में 68,269 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि, ऑडिटर ने कहा कि पिछले साल की तुलना में यह घाटा कम हुआ है।

09:38 PM, 08-Aug-2023

वित्त मंत्रालय सीमा शुल्क ‘रिफंड’ के लिए ऑनलाइन व्यवस्था बनाए: कैग
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने वित्त मंत्रालय से सीमा शुल्क ‘रिफंड’ के प्रसंस्करण के लिए जीएसटीएन की तर्ज पर एक ऑनलाइन प्रणाली बनाने का सुझाव दिया है। कैग का मानना है कि इससे सीमा शुल्क वापसी की प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाया जा सकता है। सीमा शुल्क अधिनियम के अनुसार, जब आयातित सामान में किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है या यह तय मानकों के अनुरूप नहीं होता, तो ऐसे मामलों में ‘रिफंड’ का दावा किया जा सकता है। इसके अलावा जब वस्तुओं का निर्यात शुल्क/उपकर के भुगतान के बाद किया जाता है और निर्यात किया गया उत्पाद निर्यातक के पास वापस आ जाता है, तो ऐसे मामलों में भी ‘रिफंड’ का दावा किया जा सकता है।

विज्ञापन
07:05 PM, 08-Aug-2023

कैसे-कैसे अनुबंध हो गए, नेवले और सांप के संबंध हो गए: एसपी सिंह बघेल

I.N.D.I.A पर बीजेपी सांसद एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को देखकर ही ये I.N.D.I.A बना है......मतलब में कैसे-कैसे अनुबंध हो गए, नेवले और सांप के संबंध हो गए।
 

06:42 PM, 08-Aug-2023

ओम बिरला से मिले अमित शाह

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच अहम बैठक हुई।

विज्ञापन
06:20 PM, 08-Aug-2023

राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई है। अब सदन की कार्यवाही कल यानी बुधवार को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।

06:01 PM, 08-Aug-2023

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। अब सदन की कार्यवाही कल यानी बुधवार को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।

05:32 PM, 08-Aug-2023

राज्यसभा ने पास किए दो अहम विधेयक

राज्यसभा ने राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग विधेयक, 2023 और राष्ट्रीय नर्सिंग और मिडवाइफरी आयोग विधेयक, 2023 को ध्वनि मत से पारित कर दिया। दोनों विधेयक पहले लोकसभा से पारित हो चुके हैं।

05:24 PM, 08-Aug-2023

वेणुगोपाल ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना
कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि सदन के नेता का कार्य सदन को सुचारू रूप से चलने देने का होता है, लेकिन जो शब्द संसदीय कार्य मंत्री और सुधांशु त्रिवेदी द्वारा इस्तेमाल किए गए, बल्कि कई भाजपा नेताओं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी I.N.D.I.A शब्द से डरते हैं और इसी वजह से वह हर रोज I.N.D.I.A पर निशाना साध रहे हैं।

05:22 PM, 08-Aug-2023

मनीष तिवारी का केंद्र सरकार बड़ा हमला

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि मणिपुर का असर पूरे पूर्वोत्तर भारत पर पड़ रहा है। उन्होंने चीन के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार को घेरा।
 

05:22 PM, 08-Aug-2023

कोई भी विदेशी ताकत हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकती: रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि वे दिन गए जब विदेशी ताकतें भारत को बताती थीं कि क्या करना है और क्या नहीं। आज कोई भी विदेशी ताकत हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकती।

04:46 PM, 08-Aug-2023

आजादी के बाद पहली बार गुवाहाटी में डीजीपी कॉन्फ्रेंस हुई: रिजिजू

अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान लोकसभा में केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने कहा कि 2014 से पहले पूर्वोत्तर के कई लोगों को दिल्ली और देश के अन्य प्रमुख शहरों में नस्लीय भेदभाव और अत्याचार का सामना करना पड़ा था। 2014 के बाद हालात बदले और आजादी के बाद पहली बार गुवाहाटी में डीजीपी कॉन्फ्रेंस हुई। इस बैठक के दौरान पीएम ने निर्देश दिया कि पुलिस को पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

04:39 PM, 08-Aug-2023

गठबंधन को I.N.D.I.A नाम देने से कुछ नहीं होगा: रिजिजू

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता किरन रिजिजू ने कहा कि गठबंधन को I.N.D.I.A नाम देने से कुछ नहीं होगा, जबकि आप वास्तव में भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं।

04:08 PM, 08-Aug-2023

गलत समय पर गलत तरीके से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया: रिजिजू

केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि गलत समय पर गलत तरीके से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। कांग्रेस और विपक्षी दल ऐसे समय यह बिल लेकर आए हैं, जब कुछ ही दिन बाद देश जी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने संसद भवन में शायद यह आखिरी अविश्वास प्रस्ताव होगा।

04:05 PM, 08-Aug-2023

राज्यसभा से भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित

राज्यसभा ने भारतीय प्रबंधन संस्थान अधिनियम, 2017 में संशोधन के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया। इससे पहले विधेयक 4 अगस्त को लोकसभा द्वारा पारित किया गया था।

03:46 PM, 08-Aug-2023

कांग्रेस पार्टी जीतते हुए हारने में माहिर: पिनाकी मिश्रा

बीजेडी सांसद पिनाकी मिश्रा ने कहा कि मेरा हमेशा से मानना रहा है कि कांग्रेस पार्टी जीतते हुए हारने में माहिर है। वे अपना चेहरा बिगाड़ने के लिए अपनी नाक काटने में भी बहुत माहिर हैं। वे जानते हैं कि जब भी प्रधानमंत्री सदन में बोले, उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मुश्किल में डाला है... यह सामान्य ज्ञान, तर्क, राजनीतिक समझ को खारिज करता है। इस देश के लोग तय करेंगे कि प्रधानमंत्री का न बोलना सही था या गलत। आपको मामले को लोगों के पास ले जाना होगा।

03:30 PM, 08-Aug-2023

अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकता: बीजद सांसद

बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा ने कहा कि मैं आज केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं कर सकता, भले ही हम एक राजनीतिक दल के रूप में भाजपा के खिलाफ हैं, लेकिन मैं केंद्र सरकार द्वारा ओडिशा के लिए किए गए कई कामों के लिए आभारी हूं। इसीलिए किसी भी स्थिति में मैं आज कांग्रेस पार्टी द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए अपनी पार्टी और नेता की ओर से खुद को मनाने में असमर्थ हूं।

03:27 PM, 08-Aug-2023

‘अंतर सेवा संगठन (कमान, नियंत्रण और अनुशासन) विधेयक, 2023 राज्यसभा से पास

राज्यसभा ने सशस्त्र बलों के संयुक्त अभियानों के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई के प्रावधान वाले ‘अंतर सेवा संगठन (कमान, नियंत्रण और अनुशासन) विधेयक, 2023’ को मंजूरी दी।

03:18 PM, 08-Aug-2023

'यह सरकार अहंकारी'

सपा सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मणिपुर की घटना बहुत संवेदनशील है। यह सरकार अहंकारी की तरह व्यवहार कर रही है। मणिपुर में हुई घटनाएं मानवाधिकारों का उल्लंघन है। हिंसा के लिए महिलाओं को औजार की तरह इस्तेमाल किया गया और यह संवैधानिक लोकतंत्र में अस्वीकार्य है। डिंपल यादव ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मणिपुर की घटना को लेकर कहा कि यह सरकार द्वारा प्रायोजित जातीय हिंसा थी।

02:53 PM, 08-Aug-2023

सुप्रिया सुले ने मणिपुर सीएम का मांगा इस्तीफा

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि 'मणिपुर के मुख्यमंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। मणिपुर में दंगे, हत्या और दुष्कर्म के 10 हजार मामले हैं। क्या हम इतने असंवेदनशील हो गए हैं? इस सरकार की यही दिक्कत है।'

02:50 PM, 08-Aug-2023

टीएमसी सांसद बोले- यह बेरहम सरकार

टीएमसी सांसद सौगात राय ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि यह सरकार बेरहम सरकार है। ये बिना किसी प्रस्ताव के पश्चिम बंगाल में  प्रतिनिधिमंडल भेज रहे हैं लेकिन मणिपुर कोई प्रतिनिधिमंडल नहीं भेजा गया है, जबकि वहां हमारे भाई-बहन मारे जा रहे हैं। इनमें कोई दया नहीं है और इसी वजह से ये अन्य पार्टियों की तरह ये मणिपुर नहीं गए। 

01:56 PM, 08-Aug-2023

राज्यसभा में विपक्षी पार्टियों ने पेश किया विशेषाधिकार प्रस्ताव

राज्यसभा में विपक्षी पार्टियों ने सदन के नेता पीयूष गोयल के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव पेश किया है। विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि पीयूष गोयल ने उनके खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। 

01:51 PM, 08-Aug-2023

निशिकांत दुबे ने बताई अविश्वास प्रस्ताव लाने की वजह

निशिकांत दुबे ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव क्यों लाया गया? सोनिया जी यहां बैठी हैं...मुझे लगता है कि वह दो चीजें करना चाहती हैं- बेटे को सेट करना और दामाद को भेंट करना। यह अविश्वास प्रस्ताव भी इसी लिए लाया गया है। 

01:27 PM, 08-Aug-2023

निशिकांत दुबे बोले- राहुल गांधी कभी सावरकर बन भी नहीं सकते

दुबे ने कहा कि 'सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर सिर्फ रोक लगाई है और अभी तक फैसला नहीं दिया है। राहुल गांधी कहते हैं कि वह माफी नहीं मांगेंगे, दूसरा वह कहते हैं कि वह सावरकर नहीं है...आप कभी सावरकर बन भी नहीं सकते। सावरकर ने 28 साल जेल में बिताए, आप कभी सावरकर नहीं बन सकते।'

01:22 PM, 08-Aug-2023

'सोनिया जी का काम बेटे को सेट करना'

निशिकांत दुबे ने विपक्षी एकता पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष में बैठे कुछ ही लोग INDIA की फुल फॉर्म बता पाएंगे। दुबे ने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियां एक दूसरे से लड़ रही हैं लेकिन इसके बावजूद केंद्र में गठबंधन कर रही हैं। लालू यादव को हमने जेल नहीं भेजा, कांग्रेस ने जेल भेजा। शरद पवार को किसने बर्खास्त किया। जदयू को सबसे ज्यादा फंड मैंने दिलवाया। निशिकांत दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी का उद्देश्य बेटे को सेट करना और दामाद को भेंट करना है। 

01:07 PM, 08-Aug-2023

निशिकांत दुबे बोले- मैं मणिपुर के इतिहास का भुक्तभोगी

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि हमें लगा था कि राहुल गांधी चर्चा की शुरुआत करेंगे लेकिन लगता है वो बोलने के लिए तैयार नहीं थे, हो सकता है कि वह देर से सोकर उठे होंगे। मणिपुर पर दुबे ने कहा कि मैं खुद मणिपुर के इतिहास का भुक्तभोगी हूं। मेरे रिश्तेदार जो सुरक्षाबल में उच्च पद पर थे, वह उग्रवादी हमले में अपना पैर गंवा दिया था। 

12:49 PM, 08-Aug-2023

'मणिपुर में फेल हुई है डबल इंजन की सरकार'

कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करना होगा कि डबल इंजन की सरकार मणिपुर में असफल हुई है। यही वजह है कि 150 लोग मणिपुर में मारे गए हैं और करीब 5000 घर जला दिए गए हैं। 60 हजार लोग राहत कैंपों में रह रहे हैं और 6500 एफआईआर दर्ज हुई हैं। मुख्यमंत्री को बातचीत का माहौल बनाना चाहिए लेकिन उनके द्वारा उठाए गए कदमों से समाज में तनाव बढ़ा है। 

12:24 PM, 08-Aug-2023

'पीएम मोदी का मौन व्रत तोड़ना चाहते हैं'

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मौन व्रत रखा हुआ है और वह संसद में नहीं बोल रहे हैं। इसलिए पीएम का मौनव्रत तोड़ने के लिए हमें अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। हमारे पीएम मोदी से तीन सवाल हैं, पहला वह अभी तक मणिपुर क्यों नहीं गए? उन्होंने मणिपुर मुद्दे पर बोलने के लिए 80 दिन का समय लिया और जब बोले तो सिर्फ 30 सेकेंड? अभी तक मणिपुर के सीएम को क्यों नहीं हटाया गया है?

12:16 PM, 08-Aug-2023

गौरव गोगोई ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाना हमारी मजबूरी

गौरव गोगोई ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाना हमारी मजबूरी है। यह कभी भी संख्या के बारे में नहीं था। हमने ये प्रस्ताव इसलिए पेश किया कि हमारा सरकार में विश्वास नहीं है। INDIA ने मणिपुर मुद्दे पर यह प्रस्ताव पेश किया। मणिपुर न्याय चाहता है।

12:10 PM, 08-Aug-2023

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस की तरफ से गौरव गोगोई ने चर्चा की शुरुआत की। पहले राहुल गांधी चर्चा की शुरुआत करने वाले थे।

12:03 PM, 08-Aug-2023

'डेरेक ओ ब्रायन ने निलंबन को खुद आमंत्रित किया'

राज्यसभा सांसद महेश जेठमलानी ने डेरेक ओ ब्रायन के राज्यसभा से निलंबन पर कहा कि उन्होंने खुद इस निलंबन की कार्यवाही को आमंत्रित किया। मुझे लगता है कि उन्हें पहले ही चार बार चेतावनी दी जा चुकी थी लेकिन फिर भी वह नहीं माने। इसलिए मुझे लगता है कि सभापति के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था। 

11:29 AM, 08-Aug-2023

डेरेक ओ ब्रायन पूरे सत्र के लिए निलंबित

टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा सभापति ने पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया है। वहीं विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई थी। 

11:08 AM, 08-Aug-2023

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित

विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा के संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन को घमंडिया गठबंधन बता दिया। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति करता है। 

10:31 AM, 08-Aug-2023

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले विपक्ष की बैठक

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले विपक्षी गठबंधन भी बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की रणनीति बनाई जाएगी। बता दें कि भाजपा की भी संसदीय दल की बैठक हो रही है

10:05 AM, 08-Aug-2023

अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस की तरफ से पहले राहुल गांधी बोलेंगे

कांग्रेस के लोकसभा में चीफ व्हिप के सुरेश ने बताया कि 'आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। कांग्रेस की तरफ से अविश्वास प्रस्ताव पर पहले राहुल गांधी बोलेंगे। हमारा मुद्दा केवल मणिपुर है। प्रधानमंत्री ने अब तक इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है। हम लगातार मांग कर रहे हैं कि वह संसद आएं और मणिपुर के हालात पर बयान दें लेकिन वह तैयार ही नहीं हैं। इसलिए हमने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया। बेशक, हमारे पास बहुमत नहीं है लेकिन हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री प्रतिक्रिया दें।'
 

09:46 AM, 08-Aug-2023

Parliament: लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित; उच्च सदन से कई अहम बिल पास

संसद भवन में भाजपा की संसदीय दल की बैठक शुरू
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें