फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session Live: उच्च सदन में पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा, राज्यसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित

Wed, 03 Jul 2024 02:13 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Session Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष की ओर से लगाए गए कई आरोपों का भी जवाब दिया। इससे पहले बीते दिन उन्होंने लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस को जमकर घेरा था। आइए जानते हैं संसद की कार्यवाही से जुड़े पल-पल के अपडेट...
विज्ञापन
संसद सत्र LIVE - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:09 PM, 03-Jul-2024

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद राज्यसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुआ।

01:44 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने कहा, 'भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ाई को बहुत नीचे तक ले जाना पड़ेगा। सभी मिलकर काम करेंगे तो लोगों को इससे मुक्ति दिला सकते हैं।'

01:40 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'मणिपुर की स्थिति सामान्य करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। वहां जो घटनाएं घटीं, 11 हजार से ज्यादा FIR की गईं हैं, 500 से ज्यादा लोग अरेस्ट हुए हैं। इस बात को भी हमें स्वीकार करना होगा कि मणिपुर में लगातार हिंसा की घटनाएं कम होती जा रही हैं। मणिपुर में भी स्कूल-कॉलेज संस्थान खुले हुए हैं। जैसे देश में परीक्षाएं हुईं, वहां भी परीक्षाएं हुई हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार सभी से बातचीत करके सौहार्द का रास्ता खोलने की कोशिश कर रही है। छोटे-छोटे ग्रुपों से बात की जा रही है। गृहमंत्री वहां जाकर कई दिन रहे हैं। अधिकारी भी लगातार जा रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए हर प्रकार से प्रयास किया जा रहा है। केंद्र राज्य के साथ मिलकर काम कर रही है। प्राकृतिक समस्याओं से निपटने के लिए हम काम कर रहे हैं। लोगों को राजनीति से उठकर वहां के लिए मिलकर काम करना चाहिए। राजनीति करने वालों से आग्रह कि ऐसा करना बंद कर दें, नहीं तो मणिपुर के लोग ही आपको रिजेक्ट कर देंगे।'

विज्ञापन
01:35 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'बीते अनेक दशकों में बंद, हड़ताल, आतंकी धमकियां, इधर-उधर बम धमाकों की कोशिशें एक प्रकार से लोकतंत्र पर ग्रहण बनी हुई थीं। इस बार लोगों ने संविधान पर अटूट विश्वास रखते हुए अपने भाग्य का फैसला लिया है। मैं जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं को विशेष रूप से बधाई देता हूं। राज्यों के बीच सीमा विवाद संघर्षों को जन्म देता रहा है और आजादी के बाद से ये निरंतर चलता रहा है। हम राज्यों के साथ इसे हल करते जा रहे हैं। ये नॉर्थईस्ट की बहुत बड़ी सेवा है। हिंसा से जुड़े संगठन, जो हथियारबंद गिरोह थे जो लड़ाई लड़ते रहते थे, आज उनको साथ लेकर स्थायी समझौते हो रहे हैं। जिनके खिलाफ गंभीर मामले हैं, वे अदालत में जाने के लिए तैयार हो रहे हैं। न्यायतंत्र में भरोसा बढ़ना महत्वपूर्ण बात है। हमने पिछले पांच साल में जितना काम किया है, उतना काम करना होता तो कांग्रेस को 20 साल लग जाते। नॉर्थईस्ट में स्थायी शांति के लिए 10 साल निरंतर प्रयास किए गए हैं। बिना रुके, बिना थके प्रयास किए गए हैं। उसकी चर्चा देश में कम हुई है, लेकिन परिणाम व्यापक रहे हैं।'
 

01:31 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हमारे लिए मिशन है। ये हमारे लिए चुनाव में हार-जीत का विषय नहीं है। हमने 2014 में जब सरकार बनाई तब हमने कहा था कि हमारी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम करेगी। हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेगी, कालेधन पर वार करेगी। हम गरीब कल्याण की योजनाएं चला रहे हैं। हमने कालेधन के खिलाफ कानून बनाया। हमने डीबीटी शुरू किया। हमने डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया। लीकेज दूर किया और आज एक नया पैसा लीक नहीं होता है। जब आम आदमी तक योजनाएं पहुंचती हैं, तब उसका लोकतंत्र में भरोसा बढ़ता है और इसी का परिणाम है कि तीसरी बार यहां बैठा हूं। हम चाहते थे कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न हो, लेकिन विपक्ष को इसकी आदत है। मैं भारत के युवाओं को आश्वस्त करता हूं कि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को सख्त सजा मिले, इसके लिए एक्शन लिए जा रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा, ''कई आरोप लगाए गए, कुछ आरोप ऐसे हैं, जिनका जवाब घटनाएं खुद दे देती हैं। जम्मू-कश्मीर में हाल में हुए लोकसभा चुनाव में मतदान के जो आंकड़े हैं, वो पिछले 4 दशक के रिकॉर्ड को तोड़ने वाले हैं। ये भारत के संविधान को, भारत के लोकतंत्र को, भारत के चुनाव आयोग को स्वीकृति देते हैं। ये बहुत बड़ी सफलता है।'

 

विज्ञापन
01:26 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने राज्यसभा में संबोधन जारी रखा। उन्होंने कहा, 'मैं बिना लाग-लपेट के कह रहा हूं, हमने एजेंसियों को भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए खुली छूट दे रखी है। हां, वो ईमानदारी से ईमानदारी के लिए काम करे। कोई भी भ्रष्टाचारी बच नहीं पाएगा, ये मोदी की गारंटी है।' उन्होंने कहा, 'पेपर लीक को राष्ट्रपति ने एक बड़ी समस्या बताया है। मैं चाहता था कि सब दल इस पर अपनी बात रखें, लेकिन इन लोगों ने इस मुद्दे को भी राजनीति की भेंट चढ़ा दिया। देशवासियों से कहना चाहता हूं कि आपके साथ खिलवाड़ करने वालों को सख्त से सख्त सजा मिले इसके लिए कार्रवाई की जा रही है।'

 

01:21 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'जांच एजेंसियों का दुरुपयोग पहले कैसे होता था, यह बताता हूं। मुलायम सिंह ने बताया था कि कांग्रेस कैसे एजेंसियों का दुरुपयोग करती थी। नेता जी कभी झूठ नहीं बोलते थे। मैं मानता हूं कि भ्रष्ट एक दीमक है। जो देश को खराब करता है। मैं जी जान से इससे देश को छुटकारा दिलाने के लिए जुटा हूं। काले धंधे के खिलाफ कानून बनाए। हम गरीब कल्याण की योजनाएं चला रहे हैं। हमने कालेधन के खिलाफ कानून बनाया। हमने डीबीटी शुरू किया। हमने डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया। लीकेज दूर किया और आज एक नया पैसा लीक नहीं होता है। जब आम आदमी तक योजनाएं पहुंचती हैं, तब उसका लोकतंत्र में भरोसा बढ़ता है और इसी का परिणाम है कि तीसरी बार यहां बैठा हूं।'

01:17 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'भ्रष्टाचारियों को बचाव का अभियान चलाने लगे हैं। इन्हें शर्म नहीं आ रही है। आज जब भ्रष्टाचारी जेल जा रहे हैं तो ये विरोध कर रहे हैं। जांच एजेंसियों का सरकार दुरुपयोग कर रही ऐसे ये लोग आरोप लगा रहे हैं। भ्रष्टाचार आप करें, शराब घोटाला करें आप, बच्चों के क्लासरूम बनाने में घोटाला करे AAP, पानी तक में घोटाला करें आप। आप की शिकायत करे कांग्रेस। AAP को कोर्ट तक घसीट कर ले जाए कांग्रेस। कार्रवाई हो तो गाली दें मोदी को। अब साथी बन गए हैं। अगर हिम्मत है तो सदन में खड़े होकर जवाब मांगे। कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर सबूत पेश किए। अब यही बताएं कि सबूत सही थे या नहीं। मगर मुझे विश्वास है कि यह जवाब नहीं दे पाएंगे। यह दोगले लोग है।'

01:15 PM, 03-Jul-2024

राज्यसभा में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस अपने काले कारनामे छिपाने का काम कर रही है। कांग्रेस का पदजीवी युग शुरू हुआ है। जहां खुद मैदान में उतरे वहां हार हुई। किसी और के कंधों पर आए तो जीत मिली। जनता जनार्दन का विश्वास जीतने के लिए यह कुछ नहीं कर पा रहे हैं।'

01:11 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने कहा, 'आज यह संविधान की बात करते हैं। जबकि ये लोग कभी संविधान की रक्षा नहीं कर पाए। कांग्रेस सबसे बड़ी संविधान की विरोधी है। उन्हें 500 साल की बात करने का हक है, लेकिन आपातकाल पर नहीं बोलते हैं। ये कहते हैं कि ये बहुत पुराना मामला है। यहां बैठे कई लोग हैं, जिनकी शायद मजबूरी होगी जो उनके साथ बैठे हैं। आपातकाल एक मानवीय संकट भी था। उस समय कई लोगों की मौत हुई थी। आम आदमी को भी नहीं छोड़ा गया था। खुद के लोगों के साथ भी जुल्म हुआ था। शायद यह लोग भूल गए हैं। यहां तक कि कई लोगों का तो आजतक पता भी नहीं लगा।'

01:08 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'पिछली सरकार में 10 साल क्या हुआ था। ये कैबिनेट में थे खरगे जी, प्रधानमंत्री संवैधानिक पद है। प्रधानमंत्री के ऊपर एनएससी बैठ जाना, कौन से संविधान में से लाए थे ये पद, कौन सा संविधान अनुमति देता है आपको। वह कौन सा संविधान है, जो एक सांसद को कैबिनेट के निर्णय को फाड़ देने का हक दे देता है। हमारे देश में लिखित प्रोटोकॉल की व्यवस्था है। कोई मुझे बताए, ये कौन सा संविधान था, जो संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को बाद में और एक परिवार को पहले प्राथमिकता देता है।'

01:05 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'पिछले दो दिन मैं मैंने इन नेताओं की बात सुनी तो बहुत निराशा हुई। मैं याद करना चाहता हूं कि क्या आप झूठ ही फैलाते रहोगे। 1977 का चुनाव जब हुआ था तब लोगों ने लोकतंत्र की पुर्नस्थापित के लिए वोट किया था। आप देश को गुमराह करना चाह रहे हैं, तो ऐसा नहीं होगा। उस समय भी लोगों ने सत्ता पर बैठे लोगों को उखाड़कर फेंक दिया था। अबकि बार भी ऐसा ही हुआ। जनता ने कहा कि अगर संविधान का कोई रक्षा कर सकता है तो यही लोग कर सकते हैं। इसलिए जनता ने हमें चुना।'

01:04 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें पता था कि वह हारने वाले हैं, तो उन्होंने दलित को आगे कर दिया। कांग्रेस की एससी, एसटी और ओबीसी विरोधी मानसिकता है। इसी मानसिकता के कारण राष्ट्रपति मुर्मू को अपमान करने का मौका नहीं छोड़ा।'

01:00 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'इस चुनाव नतीजों से कैपिटल मार्केट में तो उछाल नजर आ रहा है, लेकिन देश में भी उमंग का माहौल है। मगर इस बीच कांग्रेस के लोग भी खुशी के जश्न में मग्न हैं। मगर मैं समझ नहीं पाता हूं कि यह खुशी क्या हार की हैट्रिक की है या क्या यह खुशी एक और असफल लॉन्च की है। मैं देख रहा था कि खरगे भी बड़े उत्साहित नजर आ रहे थे। उनकी पार्टी ने उनकी बहुत सेवा की है। इस हार का ठीकरा जिन पर फूटना था उन्हें बचाकर वह खुद आगे खड़े हो गए।'

 

12:58 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने कहा, 'मैं समझता हूं कि जब ऐसे दिग्गज लोग ऐसी बातों को नजरअंदाज करते हैं, तो सबसे ज्यादा महिलाओं को दुख पहुंचता है।' पीएम मोदी ने कहा, 'इस चुनाव के नतीजों ने दुनिया को आश्वस्त किया है। इस नतीजे के कारण भारत दुनियाभर के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।'

12:55 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने आगे कहा, 'जब ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति होती है, तो महिलाओं को सबसे ज्यादा पीड़ा होती है। यह सेलेक्टिव रवैया बहुत ही पीड़ा देने वाला है। मैं किसी राज्य के खिलाफ नहीं बोल रहा हूं, लेकिन कुछ समय पहले बंगाल से एक खबर आई कि महिला को खुलेआम सड़क पर पीटा गया। यहां तक कि उसकी मदद को कोई नहीं आया। वहीं संदेशखाली की घटना रौंगटे खड़े कर देने वाली है। पर किसी भी नेता के बयान में इसका जिक्र नहीं है और नहीं कोई दुख नजर आया।'

 

12:52 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'हमने महिलाओं के नाम ज्यादातर घर बनाए हैं। बैंकों में खाता खुलने से आर्थिक फैसलों में महिलाओं की भूमिका बढ़ी है। महिलाओं का आत्म विश्ववास बढ़ा है। जिन महिलाओं पर किसी की नजर नहीं जाती थीं, उन्ही में से अब एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी हैं। अब तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है।'

12:47 PM, 03-Jul-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जब पश्चिम देश सुनते हैं कि भारत इतना आगे है तो वो भी प्रभावित होते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम ट्रांसजेडर्स के लिए कानून लाए। गरीबों को बैंक की तरफ देखने की हिम्मत नहीं होती थी और आज उनके लिए ये दरवाजे खुल गए हैं। कोई भी समुदाय हो हमारा समर्थन किया है। हम महिलाओं के विकास की बात करते हैं। भारत ने निष्ठा के साथ इस दिशा में कदम उठाए हैं।' 

12:45 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'हमने सबका साथ सबका विकास के मार्ग पर चलकर काम किया है।'

12:44 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की तुलना में ढाई अधिक गुना पैसा पहुंचाया है। आने वाले पांच साल सिर्फ इतनी वृद्धि तक नहीं रुकना चाहते। इसलिए अन्न भंडारण तैयार करने का काम चल रहा है।

12:42 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने आगे कहा, '12 लाख फर्टिलाइडर में सब्सिडी दी है। यह देश में सर्वाधिक है। किसान तक खाद का बोझ नहीं जाने दिया सरकार ने अपने कंधे पर बोझ उठा लिया। हमने एमएसपी पर भी रिकॉर्ड खरीदारी की है। पहले सिर्फ एलान होते थे, मगर अब खरीदारी हुई है।'

12:41 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने दोबार संबोधन शुरू करते हुए कहा, 'यह लोग सच्चाई नहीं पचा पा रहे हैं। इसलिए मैदान छोड़कर भाग गए हैं। मैं तो कर्तव्य से जुड़ा हुआ हूं। मैं देशवासियों से जुड़ा हूं। देशवासियों को पल पल का हिसाब देना मेरा कर्तव्य हैं।'

12:41 PM, 03-Jul-2024

राज्यसभा स्पीकर ने आगे फटकार लगाते हुए कहा, 'मैं आशा करता हूं कि यह लोग अपने मन को टटोलेंगे और कर्तव्य पर वापस आएंगे।'

12:39 PM, 03-Jul-2024

जगदीप धनखड़ ने कहा कि विपक्ष ने हमें पीठ नहीं दिखाई है। उन्होंने भारत के संविधान का अपमान किया है। वे सदन नहीं मर्यादा छोड़कर गए हैं। देश के 140 करोड़ लोग आहत होंगे। जब आपने अपनी पूरी बात कही तो अब सत्ता पक्ष की बात भी सुनिए। 

12:38 PM, 03-Jul-2024

विपक्ष नारेबाजी और हंगामे के बाद सदन से बाहर जाने लगे हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि इनके नसीब में मैदान छोड़ना ही है। 

12:34 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, '10 सालों में किसानों को खेती में फायदा मिला है। एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीदारी हुई। जिसको सबसे जरुरत थी, उनतक लाभ पहुंच भी नहीं पाया। जब किसान कल्याण केंद्र के दिल में हो तो लाभ कैसे होता है, इसका मैं सदन को उदाहरण देना चाहता हूं। मैंने किसान सम्मान योजना चलाई। हम तीन लाख करोड़ रुपये किसानों को दे चुके हैं। देश देख रहा है कि झूठ फैलाने वालों की सच बोलने की ताकत भी नहीं होती। उनका सत्य से मुकाबला करना यह इनके हाथ में नहीं है। इतनी चर्चा के बाद भी जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है।' 

12:28 PM, 03-Jul-2024

नारेबाजी के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'विकास का नया इतिहास बनेगा। इस चुनाव के नतीजों से कैपिटल मार्केट में तो उछाल नजर ही आ रहा है, दुनिया में भी उमंग और आनंद का माहौल है। इस बीच हमारे कांग्रेस के लोग भी खुशी में मग्न हैं, लेकिन मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इस खुशी का कारण क्या है? क्या ये खुशी हार की हैट्रिक पर है? क्या ये खुशी नर्वस 90 का शिकार होने की है? क्या ये खुशी एक और असफल लॉन्च की है?'

12:28 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी के संबोधन के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी है। 

12:23 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने कहा, 'आने वाले पांच वर्ष गरीबों की गरीबी के खिलाफ निर्णायक वर्ष हैं। ये देश गरीबी की लड़ाई के खिलाफ जीतेगा। देश जब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा, तो जीवन के हर क्षेत्र पर इसका असर पड़ने वाला है। विकास के अनेक अवसर प्रकट होने वाले हैं।'

12:19 PM, 03-Jul-2024

पीएम के संबोधन के दौरान राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। प्रधानमंत्री ने आगे बोलते हुए कहा, 'हमारे देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की। हम देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की टॉप तीन में पहुंचा देंगे। मैं जानता हूं कि यहां कई बुद्धिमान लोग हैं, जो मानते हैं कि ऐसा तो आगे ही होगा। इन लोगों को कुछ करने धरने में विश्वास नहीं है। हमने पिछले 10 वर्षों में जो किया है उसकी गति और विस्तार भी बढ़ाएंगे। हम इस संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।'

 

12:15 PM, 03-Jul-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'संविधान हमारे लिए सिर्फ संविधान के अनुच्छेद भर नहीं हैं बल्कि इसकी भावना भी हमारे लिए अहम है। किसी भी परिस्थिति में संविधान हमारा मार्गदर्शन करता है। मैंने जब लोकसभा में हमारी सरकार की तरफ से कहा था कि हम 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाएंगे, तो मैं हैरान हूं कि जो लोग आज संविधान को लेकर घूमते हैं, उन्होंने उसका विरोध किया था। संविधान हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है। अब जब हम 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं तो हमने इसे जन उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। देश की जनता ने हमें जो तीसरी बार अवसर दिया है, वो अवसर विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को मजबूती देने के लिए, संकल्प को सिद्धि तक ले जाने के लिए देश को करोड़ों लोगों ने हमें आशीर्वाद दिया। ये चुनाव 10 वर्षों की सिद्धि पर तो मुहर है ही, साथ ही भविष्य के संकल्पों पर भी मुहर है। देश की जनता का भरोसा हम पर है और इसी भरोसे पर जनता ने हमें फिर से मौका दिया है। देश ने पिछले 10 वर्षों में हमारे देश की अर्थव्यवस्था को दसवें नंबर से पांचवें नबर पर पहुंचते देखा है। देश की जनता ने प्रोपेगैंडा को खारिज कर परफॉर्मेंस को तरजीह दी है। इस बार देश की जनता ने हमें पांचवे नंबर से तीसरे नंबर पर पहुंचाने का जनादेश दिया है और हम इस संकल्प को पूरा करके रहेंगे।'
 

12:12 PM, 03-Jul-2024

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'संविधान के 75वें वर्ष में हम प्रवेश कर रहे हैं। इसलिए एक सुखद सहयोग है। मेरे जैसे देश में बहुत से लोग हैं, जिनके परिवार में किसी का राजनीति से कोई सरोकार नहीं रहा है। मगर अब वो लोग आज देश में ऊंचे पद पर सेवा दे रहे हैं। इसका कारण बाबा अंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान है।'

12:12 PM, 03-Jul-2024

उन्होंने कहा, 'पिछले दो दिन से देख रहा हूं कि आखिर तक पराजय भी स्वीकार हो रही है और विजय भी स्वीकार हो रही है। कांग्रेस के कुछ साथियों को धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि जब से नतीजे आए, तब से कांग्रेस के एक साथी को मैं देख रहा था। उनकी पार्टी उनको समर्थन नहीं कर रही थी, लेकिन वे अकेले ही झंडा लेकर दौड़ रह थे। मैं कहता हूं कि वह जो कहते थे, उनके मुंह में घी शक्कर। ऐसा मैं क्यों कह रहा हूं, क्योंकि उन्होंने बार-बार ढोल पीटा था कि एक तिहाई सरकार। इससे बड़ा सत्य और क्या हो सकता है। हमारे 10 हुए हैं। 20 और बाकी हैं। एक तिहाई हुआ। एक तिहाई हुआ है और दो तिहाई बाकी है। इसलिए उनकी इस भविष्यवाणी के लिए उनके मुंह में घी शक्कर।'

12:12 PM, 03-Jul-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कहा, 'तीसरी बार मौका मिलना ऐतिहासिक है। सांसदों ने सदन की गरिमा बढ़ाई है।' 
 

12:07 PM, 03-Jul-2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं। 

11:49 AM, 03-Jul-2024

घटना दिल दहला देने वाली: अवधेश सिंह
हाथरस हादसे पर एसपी सांसद अवधेश सिंह ने कहा, 'यह घटना दिल दहला देने वाली है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। ऐसा लग रहा है कि सरकार ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी नहीं निभाया है। यह प्रशासन और पुलिस की लापरवाही है। इतना बड़ा आयोजन होने वाला था, वहां उचित व्यवस्था होनी चाहिए थी। हमें उम्मीद है कि सरकार घायलों की जान बचाने के लिए काम करेगी। इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया जाना चाहिए। शोक संतप्त परिवारों को वित्तीय सहायता दी जानी चाहिए।'

11:44 AM, 03-Jul-2024

हाथरस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए राज्यसभा में मौन रखा गया। स्पीकर जगदीप धनखड़ ने कहा, 'जैसे की आपको पता है कि हाथरस में कई लोगों की जान चली गई। हादसा वाकई डरावना था।' 

11:15 AM, 03-Jul-2024

धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं: महुआ माजी

हाथरस की घटना पर JMM सांसद महुआ माजी ने कहा, 'यह दुर्भाग्यपुर्ण है, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का दावा करने वाली केंद्र सरकार कहीं से भी महिलाओं को सुरक्षित नहीं रख पा रही है। धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं... जब संख्या से अधिक लोग वहां पहुंचे तो प्रशासन को इस पर संज्ञान लेना चाहिए था... भाजपा सोचती है कि जनता को धर्म का अफीम पिलाकर चुनाव जीत जाएंगे, ऐसा नहीं हो सकता है।'

11:15 AM, 03-Jul-2024

राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

दिल्ली भाजपा नेताओं ने हिंदुओं पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

11:10 AM, 03-Jul-2024

बहुत दर्दनाक घटना: अखिलेश यादव

हाथरस हादसे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा, 'यह बहुत दर्दनाक घटना है। हम इस घटना से दुखी हैं। इस घटना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन पूरी तरह से जिम्मेदार है। इस घटना में लोगों की जान सरकार की लापरवाही के कारण हुई है। कुछ घायलों की मौत उचित इलाज के अभाव में हुई। इस घटना के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। यह पहली घटना नहीं है जिसमें लापरवाही देखने को मिली। बड़ी सभाओं के लिए एसओपी बनाई जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसी घटनाएं फिर से न हों।'
 

11:10 AM, 03-Jul-2024

प्रधानमंत्री शब्दों का जो चयन कर रहे...: चतुर्वेदी

शिवसेना( UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'संसद के अंदर देश के प्रधानमंत्री शब्दों का जो चयन कर रहे हैं, उनकी हताशा-निराशा और उन्होंने मन से मान लिया है कि उनकी हार हुई है... 272 ना पाकर जनता ने उन्हें 240 पर लाकर छोड़ा है... वे आक्रोशित महसूस कर रहे होंगे कि वे 400 पार का नारा लगा रहे थे और आज उन्हें बहुमत वाली सरकार भी नहीं मिली है।'

09:37 AM, 03-Jul-2024

उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान हुए हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं ने अपनी शोक संवेदना जताई है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि आज राज्यसभा में इस मामले पर हंगामा हो सकता है। विपक्ष नीट धांधली के अलावा इस मुद्दे को भी जोरों से उठा सकता है। 

09:33 AM, 03-Jul-2024

Parliament Session Live: उच्च सदन में पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा, राज्यसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित

Parliament Session, PM Modi Reply In Rajya Sabha Live Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। इस दौरान वे विपक्ष की ओर से लगाए गए कई आरोपों का जवाब भी दे सकते हैं। इससे पहले बीते दिन उन्होंने लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस को जमकर घेरा था। आइए जानते हैं संसद की कार्यवाही से जुड़े पल-पल के अपडेट...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें