लोकसभा में बैगन लेकर पहुंचीं टीएमसी सांसद
तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने सोमवार को लोकसभा में दांत से कच्चा बैगन काटकर खाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को यह आदत डलवाना चाहती है कि वे चीजों को पकाकर नहीं, बल्कि कच्चा ही खाएं। उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम में आग लगी हुई है। कभी-कभी लगता है कि क्या यह सरकार हमें कच्चा खाने की आदत डलवाना चाहती है?
तीन और विमानन कंपनियों को परिचालन की मंजूरी दी : सिंधिया
केंद्र ने तीन और विमानन कंपनियों को इस साल परिचालन की मंजूरी दे दी है। नागर विमानन महानिदेशालय डीजीसीए ने यह अनुमति प्रदान की है। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उच्च सदन में एक लिखित सवाल के जवाब में सोमवार को यह जानकारी दी। सिंधिया ने बताया कि डीजीसीए ने हाल ही में अनुसूचित यात्री हवाई सेवाओं को पूरा करने के लिए जेट एयरवेज इंडिया लिमिटेड की जेट एयरवेज, एसएन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की आकाशा एयरलाइंस और जीएसईसी मोनार्क एंड डेक्कन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को इंडिया वन के परिचालन की अनुमति दी है।
निशिकांत दुबे ने कही यह बात
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि मोदी सरकार में किसान आत्महत्या करने के बदले आंदोलन करते हैं। हमने किसानों को इतना सशक्त किया है कि वह सरकार से दो-दो हाथ करने को तैयार था, जबकि कांग्रेस के राज में किसान भीख मांग रहे थे। सरकार उसे रोटी भी नहीं दे पा रही थी। चर्चा के दौरान निशिकांत ने दुनिया में अन्न के उत्पादन में कमी के बावजूद 80 करोड़ लोगों को लंबे समय से मिल रहे मुफ्त अनाज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताना चाहिए।
लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
राज्यसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में 28 जुलाई को की गई टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाया जाना चाहिए। दरअसल, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं निर्मला सीतारमण ने सदन पर सोनिया गांधी का नाम लेकर टिप्पणी की थी। खड़गे ने इन दोनों मंत्रियों से माफी मांगने की मांग की। बाद में सीतारमण के उस भाषण के कुछ अंशों को उच्च सदन की कार्यवाही से निकाल दिया गया।
लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री के संबोधन पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमने पूछा WPI कितना है, उन्होंने नहीं बताया। अब नारा लगाना पड़ेगा कि मोदी है तो महंगाई है...जो कदम सरकार उठा रही है उसके बाजार पर क्या परिणाम हो रहे हैं, इसे देखना होगा।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि वित्त मंत्री का जवाब निराशाजनक था। सरकार का रवैया यह है कि देश में महंगाई नहीं है, लोग पीड़ित नहीं हैं। सब कुछ ठीक चल रहा है। देश के 140 करोड़ लोगों की आवाज उठाने वाले विपक्ष की चिंताओं पर आपकी यही प्रतिक्रिया है तो क्यों सुनें?
लोकसभा में निर्मला सीतारमण ने कहा कि शनिवार को रघुराम राजन ने कहा कि RBI ने भारत में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने, भारत को पाकिस्तान और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों की समस्याओं से बचाने के लिए अच्छा काम किया है। भारत को अपने कमजोर पड़ोसियों से अलग करते हुए रघुराम राजन ने आगे कहा कि नई दिल्ली कम ऋणी है। इसे एक अच्छा संकेत मान सकते हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि रूस-यूक्रेन संकट, चीन के कई हिस्सों में लॉकडाउन, कोविड-वेव, ओमिक्रोन आदि के चलते अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रभावित है, इसके बावजूद भी हम महंगाई को 7% से नीचे रखने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि GST संग्रह पिछले 5 महीनों से लगातार 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। 8 इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में जून में डबल डिजिट में बढ़ोतरी हुई। जून में कोर सेक्टर में वार्षिक दर से 12.7% की बढ़ोतरी दर्ज़ की गई। भारतीय अर्थव्यवस्था बहुत सकारात्मक संकेत दिखा रही है।
मूल्य वृद्धि पर चर्चा को लेकर निर्मला सीतारमण के सदन में जवाब के दौरान कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा से वॉकआउट किया।
कल दोपहर 2 बजे से राज्यसभा में महंगाई पर चर्चा होगी। टीएमसी के डेरेक ओ ब्रायन और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम समेत 16 विपक्षी सांसदों ने नियम 176 के तहत नोटिस दिया है। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण कल शाम जवाब देंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत में अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक के सकल NPA 2022 में 6 साल में सबसे निचले स्तर 5.9% पर हैं। चीन के 4000 बैंक दिवालिया होने के कगार पर हैं परन्तु भारत में NPA कम हो रहे हैं। केंद्र सरकार के प्रयासों के चलते सरकार पर कर्ज GDP का 56.9% है। IMF के डेटा के अनुसार भारत दूसरे देशों की तुलना में काफी अच्छी स्थिति में है, जहां औसतन सरकार पर कर्ज GDP का 86.9% है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ब्लूमबर्ग की सर्वे में बताया गया है कि भारत में मंदी की संभावना 0 है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अमेरिका की GDP में दूसरी तीमाही में 0.9% की गिरावट दर्ज की गई और पहली तिमाही में 1.6% की गिरावट दर्ज की गई थी। जिसे उन्होंने अनौपचारिक मंदी का नाम दिया। भारत में मंदी या मुद्रास्फीतिजनित मंदी का सवाल ही नहीं उठता।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमने इस तरह की महामारी कभी नहीं देखी। हम सभी यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे थे कि हमारे निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों को अतिरिक्त मदद दी जाए। मैं मानती हूं कि सभी सांसदों और राज्य सरकारों ने अपनी भूमिका निभाई है। अन्यथा भारत वह नहीं होता, जहां उसकी तुलना दुनिया के बाकी हिस्सों से की जाती है। इसलिए मैं इसके लिए भारत के लोगों को पूरी तरह से श्रेय देती हूं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी हम सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में खड़े होने और पहचाने जाने में सक्षम हैं।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पिछले दो साल में भारत को विश्व बैंक, IMF और दूसरी वैश्विक संस्थाओं द्वारा विश्व की विकास दर और भारत की विकास दर के बारे में कई बार आकलन है। हर बार जब उन्होंने आकलन किया है, विश्व की विकास दर उस अवधि में अनुमान से कम रही है, भारत की भी विकास दर अनुमान से कम रही है, लेकिन हर बार भारत की विकास दर सर्वाधिक रही है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमें देखना होगा कि दुनिया में क्या हो रहा है और भारत दुनिया में क्या स्थान रखता है। विश्व ने ऐसी महामारी का सामना पहले कभी नहीं किया। महामारी से बाहर आने के लिए हर कोई अपने स्तर पर काम कर रहा है, इसलिए मैं भारत के लोगों को इसका श्रेय देती हूं।
विपक्ष के सवालों पर वित्त मंत्री निर्मल सीतारमण ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सदन में महंगाई पर चर्चा हुई, लेकिन मुझे लगता है कि विपक्ष के नेताओं ने महंगाई के राजनीतिक एंगल पर ज्यादा बात की। इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। हमें इस बात पर ध्यान देना होगा कि बीते दो साल से हम कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद हमारी अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है। मैं कहना चाहूंगी कि हमें राजनीति से ऊपर उठकर देश पर गर्व करना चाहिए।
इस बीच, सामने आया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वस्तुओं की बढ़ी कीमतों पर विपक्ष के आरोपों पर सात बजे शाम को लोकसभा में जवाब देंगी।
कांग्रेस ने सोमवार को कीमतों में वृद्धि के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उसके फैसलों से देश के 25 करोड़ परिवारों पर गहरा असर पड़ा है और अमीर और गरीब के बीच की खाई और चौड़ी हुई है।
लोकसभा में महंगाई के मुद्दे पर बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सदस्य मनीष तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था के पांच स्तंभ बचत, निवेश, उत्पादन, खपत और रोजगार को खत्म कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान, 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया था। अब 2021 में सार्वजनिक हुई एक रिपोर्ट से पता चला कि 23 करोड़ लोग एक बार फिर गरीबी रेखा से नीचे हैं। उन्होंने कहा कि जहां इन वर्षों में भारत में अरबपतियों की संख्या 100 से बढ़कर 142 हो गई, वहीं निचले तबके के लोगों की आय दिन-ब-दिन घटती जा रही है।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वीके सिंह ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि सरकार ने 2030 तक भारत को वैश्विक ड्रोन हब बनाने के लिए कई सुधार कदम उठाए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद नरहरि अमीन द्वारा उठाए गए एक प्रश्न का लिखित उत्तर देते हुए मंत्री ने आगे कहा कि इस दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कुछ सुधार उपायों में 25 अगस्त 2021 को उदारीकृत ड्रोन नियम, 202 को अधिसूचित करने का कदम शामिल है। सिंह ने बताया कि ड्रोन एयरस्पेस मैप पिछले साल 24 सितंबर को प्रकाशित किया गया था, जिसमें लगभग 90 प्रतिशत भारतीय हवाई क्षेत्र को 400 फीट तक उड़ने वाले ड्रोन के लिए ग्रीन जोन के रूप में खोल दिया गया था।
मंत्री ने कहा कि ड्रोन के लिए प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना को पिछले साल 30 सितंबर को अधिसूचित किया गया था और साथ ही यूएएस ट्रैफिक मैनेजमेंट (यूटीएम) पॉलिसी फ्रेमवर्क पिछले साल 24 अक्टूबर को प्रकाशित किया गया था।
शिवसेना सांसद संजय राउत की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष द्वारा राज्यसभा में सरकार पर निशाना साधे जाने के बीच सत्तारूढ़ भाजपा ने सोमवार को कहा कि सरकार प्रवर्तन एजेंसियों के काम में हस्तक्षेप नहीं करती है। राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने राउत की गिरफ्तारी और अन्य मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के कारण सदन में व्यवधान के बीच कहा हम कानून बनाने वाले हैं, कानून तोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सांसद कानून बनाने के लिए होते हैं और कानून लागू करने वाली एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।
इस दौरान विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए गोयल ने कहा कि जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के कामकाज में हस्तक्षेप किया होगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र या राज्यों में भाजपा सरकारों के साथ ऐसा नहीं है। गौरतलब है कि विपक्ष ने सरकार पर अपने नेताओं को निशाना बनाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
राज्य सभा ने भारतीय अंटार्कटिक विधेयक, 2022 को पारित कर दिया है। इसे अंटार्कटिक पर्यावरण के साथ-साथ आश्रित और संबद्ध पारिस्थितिक तंत्र की रक्षा करने और अंटार्कटिक संधि को प्रभावी बनाने के लिए पारित किया गया है।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान और सिंगापुर को देखें तो हर जगह महंगाई बढ़ रही है और नौकरियां जा रही हैं। ऐसे में अगर गरीबों को दो वक्त का खाना मुफ्त मिल रहा है तो क्या हमें पीएम का शुक्रिया अदा नहीं करना चाहिए।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे सदन में प्ले कार्ड ना लेकर आएं। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि मैं सदन के सभी दलों से अनुरोध करूंगा कि प्ले कार्ड सदन के अंदर न लाएं। अगर कोई भी सांसद सदन में प्ले कार्ड लेकर आते हैं तो मैं निश्चित रूप से कार्रवाई करूंगा। मैं उन्हें आखिरी मौका दे रहा हूं।
कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर, राम्या हरिदास और एस जोथिमणि का निलंबन रद्द हो गया है। निलंबन रद्द होने के बाद वे सदन में पहुंचे।
विपक्ष के भारी हंगामा के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने लखीमपुर खीरी कांड में एमएसपी के मुद्दे, किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने और सजा की मांग को लेकर नियम 267 के तहत निलंबन नोटिस दिया।