लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'जब विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) आज बोल रहे थे, तो स्पीकर ने भी 4 बार कहा कि उन्हें अपने दावों की पुष्टि करनी चाहिए। लेकिन उन्होंने बोल दिया और चले गए... विपक्ष के नेता एक जिम्मेदार पद है और उन्हें अपने बयानों को सोच-समझकर पेश करना चाहिए। अगर हम राहुल गांधी के बयान को हल्के में लेंगे, तो भविष्य में भी कोई भी विपक्ष का नेता आएगा और जो मन में आएगा, वो कहेगा और चला जाएगा... उन्हें अपनी बात की पुष्टि करनी चाहिए, अन्यथा चेयर को कार्रवाई करनी चाहिए... आज विपक्ष के नेता ने चीन की तारीफ एक चीनी प्रवक्ता से भी ज्यादा की... राहुल गांधी को 1959 और 1962 में चीन की तरफ से छीनी गई सारी जमीन के लिए माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि तब उनके दादा प्रधानमंत्री थे... यह भारत की संसद है और हम अपनी संसद में भारत का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे'।
पुरुषों के लिए पर्याप्त कानूनी और भावनात्मक समर्थन नहीं- दिनेश शर्मा
लिंग-तटस्थ कानूनों पर बोलते हुए, राज्यसभा में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, 'पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए एक संतुलित कानून की आवश्यकता है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार, 2022 में भारत में आत्महत्या से मरने वालों में से 72% पुरुष थे - 1,25,000 से अधिक पुरुषों ने आत्महत्या की। लगभग 47,000 महिलाओं ने आत्महत्या की। 2014 से 2021 के बीच, आत्महत्या से मरने वाले पुरुषों और महिलाओं के अनुपात में बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में, 107.5% अधिक पुरुषों ने आत्महत्या का कारण घरेलू कारणों का उल्लेख किया। हमारे कानूनों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा और उत्पीड़न से बचाने में प्रगति की है। लेकिन पुरुषों की सुरक्षा के लिए ऐसे कानूनों की कमी चिंता का विषय है...बिहार के अतुल सुभाष के हालिया मामले ने इस मुद्दे को उजागर किया है...यह घटना इस बात पर प्रकाश डालती है कि झूठे आरोपों का सामना करने वाले पुरुषों के लिए पर्याप्त कानूनी और भावनात्मक समर्थन नहीं है। बीएनएस की धारा 85 जैसी धाराओं का दुरुपयोग भी चिंता का विषय है। मैं मंत्री से घरेलू हिंसा और उत्पीड़न से संबंधित कानून बनाने का आग्रह करता हूं लिंग-तटस्थ ताकि सभी को न्याय मिले'।
'भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसे केवल जीत से मतलब है जनता से नहीं'
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "... यह एक प्रश्न है जिसका चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए और आंकड़ों को उजागर करना चाहिए जिनके बारे में बात की जा रही है। उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में देखा गया था कि कैसे वोट काट दिए गए थे... भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसे केवल जीत से मतलब है जनता से नहीं... ये(भाजपा) जिनके साथ रहे उन्हीं के कंधों पर चढ़कर आगे बढ़े... इन्हें देश से कोई मतलब नहीं है।"
खरगे ने महाकुंभ में 1000 लोगों की मौत की किया दावा
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "मैं महाकुंभ में हुई भगदड़ पर बोलना चाहता हूं। इतने सारे लोगों ने अपनी जान गंवा दी। मेरा कहना है कि वहां (महाकुंभ भगदड़ में) एक हजार लोग मारे गए, अगर आप कहते हैं कि मैं गलत हूं तो कम से कम वहां हुई मौतों की सही संख्या की रिपोर्ट जारी कर दें। उन्होंने कहा कि, मोहन भगवत ने कहा की देश को आजादी मिली जब राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठान हुआ। ये देश के सारे स्वत्रंत्रता सेनानियों का अपमान है। ये गांधी जी का अपमान है। देश को आजादी हमने दिलाई। मोहन भगवत और मोदी जी माफी मांगें। मोहन भगवत अपने शब्द वापस लें।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में असमानता बढ़ रही है। राहुल गांधी ने ये भी कहा कि पीएम मोदी का मेक इन इंडिया कार्यक्रम असफल रहा है। राहुल गांधी ने चीन की सीमा पर आक्रामकता का मुद्दा भी उठाया। राहुल गांधी ने कहा, 'मैंने राष्ट्रपति का अभिभाषण हमेशा एक ही किस्म का सुना है। इनके द्वारा किए गए कामों की एक ही सूची है। इस सरकार ने लगभग 50-100 काम ही किए होंगे। मुझे लगता है कि राष्ट्रपति का अभिभाषण ऐसा नहीं होना चाहिए था जैसा दिया गया है।'
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'सरदार वल्लभभाई पटेल की मृत्यु 1950 में हो गई थी, लेकिन उन्हें भारत रत्न 1991 में दिया गया। एक को छोड़कर बाकी सभी 550 रियासतों को सरदार वल्लभभाई पटेल ने संभाला था। वहां पर कोई समस्या नहीं है। सिर्फ़ एक रियासत कश्मीर को जवाहरलाल नेहरू ने संभाला था और उसे संभालने के लिए पीएम मोदी को आना पड़ा और आज वहां चुनाव हो रहे हैं।'
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'महाकुंभ में हुई घटना की जांच चल रही है। जांच से साजिश की बू आ रही है। जब पूरी जांच हो जाएगी तो घटना के पीछे जो लोग थे, उन्हें शर्म से सिर झुकाना पड़ेगा।'
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर टिप्पणी का मामला उठाया और इसे लेकर परोक्ष रूप से कांग्रेस और सोनिया गांधी पर निशाना साधा। गौरतलब है कि बजट सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति को बेचारी कहा था। जिस पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनकर उभर रहा है और अप्रैल से वहां नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि एयरलाइंस भी वहां से परिचालन शुरू करने और दुनिया भर में कनेक्टिविटी में सुधार करने के लिए उत्साहित हैं।
मंत्री ने उच्च सदन को बताया, 'सब कुछ समयसीमा के अनुसार चल रहा है और बहुत जल्द अप्रैल के महीने में हम जेवर-नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नियमित परिचालन शुरू होते देखेंगे।' उन्होंने कहा, 'हवाई अड्डा नोएडा एक्सप्रेसवे के ठीक बगल में है और हम बहुत जल्द सड़कों की कनेक्टिविटी देखेंगे।' मंत्री ने बताया, 'सरकार देश भर में 100 और हवाई अड्डे जोड़ने पर काम कर रही है।'
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अरविंद केजरीवाल को सीएम आवास के मुद्दे पर घेरा और आरोप लगाया कि बिना नक्शे पास किए सीएम आवास का निर्माण किया गया। बिधूड़ी ने सीएम आवास को शीशमहल कहा और कहा कि उसके निर्माण में नियमों की अनदेखी की गई।
भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान दिल्ली में एशिया का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर, सबसे बड़ा पार्क, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और दिल्ली पुलिस के लिए मुख्यालय बनाने की तारीफ की। साथ ही केंद्र सरकार के नेतृत्व में हो रहे अन्य विकास कार्यों का जिक्र किया। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि दिल्ली की नादिर शाह ने भी लूटा, अंग्रेजों ने भी लूटा और अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी लूटा।
RJD सांसद मनोज झा ने महाकुंभ भगदड़ मामले पर कहा, 'चिंता का विषय यह है कि आखिर कितनी जाने गई हैं? महाकुंभ इनसे(भाजपा) पहले भी था और इनके बाद भी होगा, महाकुंभ निरंतर है लेकिन राजनैतिक दल निरंतर नहीं है। लोग जवाबदेही चाहते हैं। इतनी जाने जाएं और सदन को अनभिज्ञ रखना सारे देश को अनभिज्ञ रखने जैसा है।'
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा जारी है। इस चर्चा में भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने अपनी बात रखी।
महाकुंभ भगदड़ घटना पर सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'जो प्रशासनिक लापरवाही हुई..जिसकी वजह से ये घटना घटी। जो वहां पर उपस्थित थे उन लोगों का कहना है कि हजारों लोगों की मौत हुई है। गंभीर लापरवाही लेकिन अभी तक किसी अधिकारी के खिलाफ या किसी के भी खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है और हम लोग यहां पर आवाज उठाना चाहते हैं तो हमारी नोटिस पर कोई सुनवाई नहीं होती है।'
राज्यसभा से विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट किया। विपक्ष महाकुंभ हादसे पर चर्चा की मांग कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के 'केरल को पिछड़ा राज्य' बताने वाले बयान पर और सुरेश गोपी की टिप्पणी पर सीपीआई सांसद पी संदोष ने कहा, 'जॉर्ज कुरियन का बयान केरल के लिए काफी नुकसानदेह है और एक मंत्री के तौर पर यह अनुचित है। मुझे नहीं पता कि बीजेपी के लोगों की मानसिकता क्या है। उन्होंने केरल को कोई अतिरिक्त फंड आवंटित नहीं किया और वे लगातार इसे सही ठहरा रहे हैं। सुरेश गोपी और जॉर्ज कुरियन ने केरल की चेतना का अपमान किया है। नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें (सुरेश गोपी) मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि यह उनके द्वारा ली गई शपथ का स्पष्ट उल्लंघन है। मैंने इस पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिया है। वह एक केंद्रीय मंत्री हैं और वह लोगों को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। यह एक गंभीर मुद्दा है।'
संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है, लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों ने महाकुंभ हादसे पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया है और सदन में नारेबाजी कर रहे हैं।
वक्फ विधेयक पर बनी JPC के अध्यक्ष व भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने अपनी रिपोर्ट पेश करने पर कहा, 'जब स्पीकर साहब एजेंडा देगें तब हम इसे पेश करेंगे।' जेपीसी की सदस्य भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि वक्फ विधेयक आज या कल संसद में पेश किया जा सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में आज एक विधेयक पेश करेंगे। इस विधेयक में ग्रामीण प्रबंधन संस्थान, आणंद को त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय में बदलने वाला प्रावधान होगा। साथ ही इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान भी घोषित किया जाएगा। वहीं कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर लोकसभा में आज स्थगन प्रस्ताव पेश करेंगे। इस स्थगन प्रस्ताव में तमिलनाडु को मनरेगा योजना का 1056 करोड़ रुपये बकाया जारी न किए जाने पर चर्चा की मांग की गई है।
संसद के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। आज संसद में हंगामे के पूरे आसार हैं। दरअसल आज वक्फ विधेयक पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) अपनी रिपोर्ट संसद में पेश कर सकती है। इसके अलावा आज महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अवसर पर हुई भगदड़ को लेकर भी हंगामा हो सकता है। खासकर समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर खासी हमलावर है।