फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Budget LIVE: राज्यसभा में PM बोले- हमारी सरकार ने सरदार पटेल का सपना पूरा किया; विपक्ष का वॉकआउट

Thu, 05 Feb 2026 06:28 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

खास बातें

Parliament Budget Session Lok Sabha Rajya Sabha Proceedings LIVE News Updates: संसद के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। पीएम मोदी ने आज राज्यसभा में शाम पांच बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं। लोकसभा में आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य को कथित तौर पर रोके जाने के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा में कार्यवाही आज भी हंगामे की भेंट चढ़ी। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें...
विज्ञापन
संसद का बजट सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:26 PM, 05-Feb-2026

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल को शातिर दिमाग युवराज बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच की घटना का भी जिक्र किया। इस दौरान पीएम मोदी ने राहुल के गद्दार वाले बयान पर निशाना साधते हुए उन्हें शातिर दिमाग युवराज बता दिया। पीएम मोदी ने कहा कि कल जो घटना घटी, इसी सदन के सांसद कांग्रेस के शातिर दिमाग युवराज ने उन्हें गद्दार कह दिया। अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच चुका है उनका। कांग्रेस को छोड़कर कितने लोग निकले हैं। कई लोग दूसरे देशों में गए हैं और किसी को तो उन्होंने गद्दार नहीं कहा है। लेकिन कल उन्होंने सांसद को गद्दार कहा क्योंकि वो सिख थे। उनके अंदर सिखों के लिए जो नफरत भरी है, यह उसका ही उदाहरण था। पढ़ें पूरी खबर...

06:26 PM, 05-Feb-2026

लोकसभा में हंगामे पर क्या बोले प्रधानमंत्री?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में हुए हंगामे पर तीखा बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस ने न केवल राष्ट्रपति और संविधान का अपमान किया, बल्कि पूर्वोत्तर और दलित सांसदों का भी अपमान किया। पढ़ें पूरी खबर...

05:53 PM, 05-Feb-2026

'हमारी सरकार ने सरदार पटेल का सपना पूरा किया'

पीएम मोदी ने कहा कि जब मेरा जन्म नहीं हुआ था, तब सरदार पटेल ने नर्मदा नदी पर बांध बांधने की कल्पना की। नेहरू जी ने इसकी नींव रख दी थी। लेकिन इनका इंप्लीमेंटेशन देखिए कि मैंने प्रधानमंत्री बनने के बाद इसका उद्घाटन किया। मुझे मुख्यमंत्री रहते हुए तीन दिन का अनशन करना पड़ा तब सरकार झुकी और सरदार सरोवर का काम आगे बढ़ा और मैंने यहां (पीएम) आकर उसका उद्घाटन किया।

विज्ञापन
05:46 PM, 05-Feb-2026

पीएम मोदी ने कांग्रेस को याद दिलाई बोफोर्स डील, TMC पर लगाया घुसपैठ का आरोप

पीएम मोदी ने कांग्रेस को बोफोर्स डील की याद दिलाई तो वहीं आप पर शराब घोटाले को लेकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने ममता सरकार पर देश में घुसपैठ करवाने का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हो, टीएमसी हो, डीएमके हो, लेफ्ट हो, ये दशकों से केंद्र में सत्ता में रहे हैं। सत्ता के भागीदार रहे हैं। राज्यों में भी उन्हें सरकार चलाने का अवसर मिला है। लेकिन उनकी पहचान क्या बनी है। आज डील की चर्चा होती है तो गर्व से कहते हैं, तब बोफोर्स डील याद आता था। उन्होंने सिर्फ जेब भरने का काम किया। नागरिकों की जिंदगी में बदलाव उनकी प्राथमिकता नहीं थी। यहां पढ़ें पूरी खबर...

05:25 PM, 05-Feb-2026

विपक्ष का सदन से वॉकआउट

प्रधानमंत्री मोदी राज्यसभा में केंद्र सरकार के कार्यों की उपलब्धियां गिना रहे हैं। इस बीच, विपक्षी सांसदों ने हंगामा तेज कर दिया है। विपक्षी सांसद 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगा रहे हैं। विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर लिया है।

विज्ञापन
05:19 PM, 05-Feb-2026

भारत के प्रति बढ़ा दुनिया का आकर्षण

उन्होंने कहा, दूसरी तरफ मैं देख रहा हूं जिस प्रकार विश्व का भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा है। विश्व भारत के टैलेंट का महत्व समझ रहा है। हमारे पास आज दुनिया का बहुत ही अहम टैलेंट पूल है। युवा टैलेंट पूल है, जिसके पास सपने, संकल्प और सामर्थ्य है। यानी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।

पेयजल को दूषित होने से बचाने के लिए पुराने पाइप-सीवर लाइन जांचें
केंद्र सरकार ने शहरों में पीने के पानी के दूषित होने की घटनाओं को रोकने के लिए राज्यों को अहम सलाह जारी की है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने अमृत योजना के तहत कमजोर क्षेत्रों और पुरानी जल व सीवर संरचनाओं की गहन जांच करने को कहा है। आवास और शहरी मामलों के राज्यमंत्री तोखन साहू ने लोकसभा में एक प्रश्न का जवाब देते हुए बताया कि केंद्र की ओर से यह सलाह मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के कुछ दिन बाद जनवरी 2026 में जारी की गई थी।

राज्यों को जल आपूर्ति और सीवर लाइनों के आपसी संपर्क, खासकर जहां दोनों लाइनें पास-पास हैं, उनकी पहचान करने को कहा गया है। साथ ही अमृत और अमृत 2.0 के तहत तैयार जियो-स्पेशल डाटाबेस की मदद से पानी और सीवर नेटवर्क की डिजिटल मैपिंग करने पर जोर दिया गया है, ताकि स्वास्थ्य जोखिमों से बचा जा सके। मंत्री ने कहा कि पानी और स्वच्छता राज्य का विषय है और पुराने पाइपलाइन व ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत की जिम्मेदारी राज्य सरकारों और शहरी निकायों की है। हालांकि, केंद्र सरकार अमृत जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय और तकनीकी सहायता देती है।

05:16 PM, 05-Feb-2026

पीएम मोदी ने खरगे की उम्र पर कसा तंज

पीएम मोदी ने राज्यसभा में संबोधन शुरू करते हुए कहा ''खरगे जी की उम्र को देखते हुए, अगर वे बैठकर भी नारे बोलना चाहें तो बोल सकते हैं। पीछे कई सारे युवा नेता हैं।' पढ़ें पूरी खबर...

एएआई व तीन विमान नियामक निकायों में 2,645 पद खाली

सरकार ने लोकसभा में बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) व तीन विमानन नियामकों डीजीसीए, बीसीएएस और एईआरए में कुल 2,645 पद खाली हैं। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि एएआई में सीधी भर्ती के 1,667 पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। डीजीसीए में 787 पद खाली हैं, जिसका मुख्य कारण हाल में सृजित नए पद हैं। एक अन्य जवाब में मंत्री ने बताया कि पिछले तीन महीनों में इंडिगो ने 6,936 उड़ानें रद्द कीं, जिससे 10.8 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए। मोहोल ने बताया कि तीन वर्षों में उड़ानों में तकनीकी खराबी के मामलों में कमी आई है। 2023 में 448 मामले दर्ज किए गए थे। 2025 में घटकर 353 रह गए। जनवरी, 2025 से इस वर्ष तीन फरवरी तक 377 विमानों में बार-बार गड़बड़ी का पता चला। इनमें इंडिगो के 148, एअर इंडिया के 137, स्पाइसजेट के 16 विमान हैं।

05:02 PM, 05-Feb-2026

राज्यसभा में पीएम मोदी का संबोधन शुरू

संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, धन्यवाद प्रस्ताव पर समर्थन के लिए इस सदन में अपनी भावनाओं को व्यक्त करना मैं अपना सौभाग्य मानता हूं। 

04:10 PM, 05-Feb-2026

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा पीएम मोदी स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि तीन महिलाएं बेंच के सामने खड़ी थीं। यह कैसा बेतुका तर्क है? सरकार चर्चा नहीं चाहती, इसलिए संसद में कोई चर्चा नहीं हो रही है।
 

03:04 PM, 05-Feb-2026

पीएम के साथ हो सकती थी अप्रत्याशित घटना: लोकसभा स्पीकर

लोकसभा में सांसदों के अप्रिय बर्ताव की निंदा करते हुए स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ अप्रत्याशित घटना हो सकती थी।

इस माह के अंत तक तैयार होगा भारत का एआई इंजन भारतजेन
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में बताया कि स्वदेशी बहुभाषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंजन भारतजेन इसी माह के अंत तक अपनी टेक्स्ट आधारित सेवाएं पूरी कर लेगा। भाजपा सांसद भुवनेश्वर कालिता के प्रश्न का जवाब देते हुए सिंह ने कहा, अब तक 15 भारतीय भाषाओं में काम पूरा हो चुका है। इस महीने सभी 22 आधिकारिक भाषाओं में टेक्स्ट सेवा पूरी कर ली जाएगी। साथ ही 15 भाषाओं में आवाज और दृश्य मॉड्यूल भी उपलब्ध होंगे। अक्तूबर 2024 में शुरू भारतजेन सरकारी एआई प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं के लिए ऑटोमैटिक स्पीच रिकग्निशन (एएसआर) व टेक्स्ट-टू-स्पीच (टीटीएस) जैसी सेवाएं विकसित करना है।

न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव पर विचार कर रही सरकार
सरकार ने राज्यसभा में बताया कि उच्च न्यायपालिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए मेमोरेंडम ऑफ प्रोसीजर में संशोधन की प्रक्रिया विचाराधीन है। कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी। मेघवाल ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 312 में इसके लिए प्रावधान है और इस पर विचार-विमर्श जारी है। हालांकि, यह मामला वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार न्यायपालिका की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निचली अदालतों में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने और लंबित मामलों को निपटाने में सहयोग देने की बात भी कही। 

02:10 PM, 05-Feb-2026

लोकसभा की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित

हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है।


मौसम परियोजना को वैश्विक स्तर पर पहुंचाएं : सुधा मूर्ति
राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने मौसम परियोजना को वैश्विक स्तर पर ले जाने की वकालत की है। राज्यसभा में उन्होंने कहा कि भारतीय विरासत का लाभ उठाने के लिए देश के महान इतिहास, संस्कृति और संपर्क को संरक्षित किया जाना चाहिए।

2014 में शुरू मौसम परियोजना, संस्कृति मंत्रालय की अनूठी सांस्कृतिक- कूटनीति और समुद्री विरासत पहल है। इसका उद्देश्य हिंद महासागर के देशों के बीच प्राचीन समुद्री मार्गों, मानसूनी हवाओं, सांस्कृतिक-व्यापारिक संबंधों का अध्ययन, प्रलेखन और पुनरुद्धार करना है।

रवनीत बोले-पुरानी कांग्रेस नहीं रही, एक परिवार तक हुई सीमित, इसलिए छोड़ी पार्टी
केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा, मैंने कांग्रेस इसलिए छोड़ी, क्योंकि वह अब असली कांग्रेस नहीं रह गई। जब पार्टी एक परिवार तक सीमित हो गई, पुरानी कांग्रेस नहीं रही, तो लोग पार्टी छोड़ने लगे। अगर कांग्रेस वही पुरानी पार्टी होती, तो राहुल-प्रियंका सबसे पहले मेज पर चढ़कर विरोध करते और निलंबित होते। राहुल ने बुधवार को बिट्टू को गद्दार कहा था। जवाब में उन्होंने राहुल को देश का दुश्मन बताया था।

02:00 PM, 05-Feb-2026

कंगना रनौत ने राहुल पर साधा निशाना

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'उनके शब्दों पर ध्यान दीजिए, जिस तरह से उन्होंने एपस्टीन फाइलों के बारे में भी कहा कि इसमें और 'माल' और 'कबाब' हैं। जिस इंसान की इतनी खराब सोच हो उनके क्या उम्मीद कर सकते हैं।'

12:52 PM, 05-Feb-2026

रवनीत सिंह बिट्टू का कांग्रेस पर हमला

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, 'हम जब कांग्रेस में थे, जीतकर पार्टी को सीट लाते थे, उनपर कभी बोझ नहीं बने। जब लगा कि ये परिवार की पार्टी रह गई, गांधी की पार्टी रह गई तब लोग निकल गए। अगर कांग्रेस रहती तो कांग्रेस में लोग रहते। अगर ये कांग्रेस होती तो सबसे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी निलंबित होते। बंधुआ मजदूरों कि तरह अपने सांसदों को आगे करके उन्हें निलंबित करवा देते हैं और अब मौज से गाड़ी में आते हैं और चले जाते हैं।'

12:49 PM, 05-Feb-2026

राहुल को 'अबोध बालक' कहने पर भड़कीं प्रियंका गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिए राज्यसभा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के 'अबोध' शब्द का इस्तेमाल करने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'यह किस तरह की बातें है। क्या किसी के बारे में बात करने का यह कोई तरीका है? वे किस बात से डर रहे हैं? कि वह किसी किताब से कुछ कोट करेंगे? या वे एपस्टीन फाइलों से डर रहे हैं? या कि हम उनसे इस डील (अमेरिका-भारत व्यापार समझौते) पर सवाल करेंगे?'
 

12:48 PM, 05-Feb-2026

विपक्ष के नेता को बोलने की इजाजत दी जानी चाहिए: वेणुगोपाल

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, 'संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष के नेता को बोलने और बहस शुरू करने का अधिकार होता है, जिसे इस सदन में पूरी तरह से नकार दिया गया है। हमारा एकमात्र एजेंडा यह है कि विपक्ष के नेता को बोलने की इजाजत दी जानी चाहिए।'

12:10 PM, 05-Feb-2026

हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का आज चौथा दिन है। लोकसभा में हंगामे के बीच प्रधानमंत्री चर्चा का जवाब नहीं दे सके। इसी बीच स्पीकर ओम बिरला ने सदन में पेश प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित होने की घोषणा की। गतिरोध बरकरार रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। दोपहर 12 बजे से राज्यसभा में प्रश्नकाल शुरू हुआ और इस दौरान सरकार से कई अहम सवाल पूछे गए।

11:30 AM, 05-Feb-2026

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लिंचिंग शब्द पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने खरगे की तरफ से की गई आलोचना के बाद लिंचिंग जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। सीतारमण ने राजस्थान में हुई दर्जी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे सदन को ऐसे शब्दों के इस्तेमाल की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने सभापति सीपी राधाकृष्णन से अपील की कि ऐसे असंसदीय शब्दों को सदन की कार्यवाही से निकाल देना चाहिए। हंगामे, नारेबाजी और शोक के बीच सदन की कार्यवाही चलती रही। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दलों को अपने आचरण और रवैये पर दोबारा विचार करना चाहिए।

चाबहार : अमेरिकी प्रतिबंधों के असर से निपटने के लिए हो रही बातचीत
सरकार ने कहा कि वह चाबहार परियोजना को लेकर अमेरिकी प्रतिबंधों के असर से निपटने के लिए सभी पक्षों के संपर्क में है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पांच वर्षों में ईरान में इस परियोजना के विकास और संचालन पर सवाल पूछा था। राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन ने बताया, 13 मई, 2024 को हुए समझौते के मुताबिक भारत ने बंदरगाह उपकरणों की खरीद के लिए 120 मिलियन डॉलर का योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी कर ली है।

11:10 AM, 05-Feb-2026

किरेन रिजिजू ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया

राज्यसभा में विपक्षी दलों की तरफ से हंगामे और नारेबाजी के बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जवाब नहीं सुनना चाहती तो उन्हें इसका पूरा अधिकार है, लेकिन अन्य विपक्षी दल और सांसद पीएम मोदी के जवाब को सुनना चाहते हैं। विपक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि राज्यसभा संसद का उच्च सदन है, यहां की कार्यवाही नियमों के मुताबिक होनी चाहिए। खरगे को राहुल गांधी से बात कर उन्हें समझाना चाहिए। बीते चार दिनों से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा कराई जा रही है, लेकिन आज राज्यसभा में लोकसभा की कार्यवाही पर चर्चा नहीं होनी चाहिए।

संसद की कार्यवाही से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-

11:07 AM, 05-Feb-2026

राज्यसभा में भी हंगामा, खरगे ने लोकसभा का मुद्दा उठाया

लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी हंगामा देखने को मिला। सदन के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को न बोलने दिए जाने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मसले पर चर्चा का मुद्दा उठाया। इस पर सभापति सीपी राधाकृष्णन और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि लोकसभा की कार्यवाही के मुद्दे पर राज्यसभा में चर्चा नहीं की जा सकती। अगर खरगे चाहते हैं कि लोकसभा में सुचारू रूप से चर्चा हो, तो उन्हें राहुल गांधी और अपने दल के नेताओं से बात करनी चाहिए।

11:04 AM, 05-Feb-2026

लोकसभा में गतिरोध बरकरार, स्पीकर ओम बिरला हुए नाराज

लोकसभा में गतिरोध बरकरार है। स्पीकर ओम बिरला ने सदन में हंगामे पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि सदन में मर्यादा बनाए रखना सबकी सामूहिक जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा अव्यवस्था की हालत को देखते हुए सदन की कार्यवाही चलाना संभव नहीं है। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

10:54 AM, 05-Feb-2026

राज्यसभा में राहुल गांधी का मुद्दा उठाएगा विपक्ष

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों पर सत्ताधारी पार्टी की आपत्तियों के बाद विपक्षी दल आज राज्यसभा में यह मुद्दा उठाएंगे।

10:50 AM, 05-Feb-2026

विपक्ष की फ्लोर रणनीति पर चर्चा

विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में संसद की कार्यवाही के लिए फ्लोर रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक की। इस बैठक लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बैठक में मौजूद रहे।
 

09:32 AM, 05-Feb-2026

आज राज्यसभा में बोल सकते हैं पीएम मोदी

बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपेक्षित था, लेकिन विपक्षी सदस्यों द्वारा बार-बार व्यवधान डालने और नारेबाजी करने के बाद स्पीकर ने लोकसभा को स्थगित कर दिया। आज राज्यसभा में चर्चा जारी रहने के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिए जाने की संभावना है।

09:30 AM, 05-Feb-2026

'धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा जारी रहेगी

संसद के दोनों सदन गुरुवार को चल रहे बजट सत्र के दौरान 'राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा जारी रखेंगे। लोकसभा में यह प्रस्ताव सरबानंदा सोनोवाल ने पेश किया और तेजस्वी सूर्या ने इसका समर्थन किया। सदन ने इस पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय आवंटित किया है।

09:25 AM, 05-Feb-2026

अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर चर्चा की मांग

विपक्ष ने संसद में अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर विस्तृत जानकारी के लिए चर्चा की मांग की है। 

07:42 AM, 05-Feb-2026

Parliament Budget LIVE: राज्यसभा में PM बोले- हमारी सरकार ने सरदार पटेल का सपना पूरा किया; विपक्ष का वॉकआउट

आज संसद के बजट सत्र का सातवां दिन है। विपक्षी दलों और सरकार के बीच गतिरोध बरकरार रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही बीते तीन दिनों से हंगामे की भेंट चढ़ रही है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में जवाब दे सकते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देने के लिए पीएम मोदी को लोकसभा में चार अप्रैल की शाम पांच बजे से भाषण देना था, लेकिन, विपक्ष के हंगामे के कारण पीएम मोदी का भाषण टल गया। रिपोर्ट्स में ये अनुमान भी लगाया जा रहा है कि लोकसभा में गतिरोध नहीं थमने पर सरकार पीएम मोदी के भाषण के बगैर ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास कर सकती है।

ये भी पढ़ें- Rahul-Naravane Book Row: संसद परिसर में बोले राहुल- पीएम लोकसभा में आएंगे तो किताब भेंट करूंगा, प्रति भी दिखाई

लोकसभा में टला पीएम मोदी का भाषण
इससे पहले छठे दिन की कार्यवाही के दौरान राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। यहां जेपी नड्डा, नेता प्रतिपक्ष खरगे, बिहार से निर्वाचित राजद सांसद मनोज झा, तमिलनाडु के सांसद कमल हासन आदि ने अपनी बातें रखीं। गौरतलब है कि लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला ने इस विषय पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय निर्धारित किया था। राज्यसभा में 16 घंटे चर्चा होनी थी। इसके बाद दोनों सदनों में पीएम मोदी को चर्चा का जवाब देना था।

ये भी पढ़ें- ओम बिरला को राहुल गांधी ने लिखा पत्र: सरकार के इशारे पर आपने बोलने से रोका, यह लोकतंत्र पर काला धब्बा

आठ सांसदों पर निलंबन की गाज
हालांकि, गत दो फरवरी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जब इस चर्चा में भाग लेते समय अपना वक्तव्य एक मैगजीन में छपे पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की कथित किताब के अंशों से शुरू किया तो इस पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पूरे सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। स्पीकर ओम बिरला ने भी राहुल के उद्धरण को नियम विरुद्ध बताया। इसके बाद से लोकसभा में गतिरोध बना हुआ है। हंगामे और संसदीय मर्यादा को तार-तार करने वाले आठ सांसदों को पूरे सत्र से निलंबित कर दिया गया है। तीन फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे निलंबित किए गए सांसदों में सात कांग्रेस और एक सीपीएम के हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें