फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Budget Session LIVE: वित्त मंत्री ने बजट पर चर्चा की; सरकार लाएगी राहुल पर विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव

Wed, 11 Feb 2026 06:39 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Budget Session Lok Sabha Rajya Sabha Proceedings LIVE News Updates: संसद के बजट सत्र का आज 11वां दिन है। लोकसभा में हंगामे के कारण कई दिनों के बाद मंगलवार को आम बजट पर चर्चा शुरू हुई। राज्यसभा में भी बजट 2026 पर चर्चा कराई जा रही है। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें...
विज्ञापन
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:04 AM, 12-Feb-2026

विदेश पढ़ने जाने वालों की संख्या घटी, तीन साल में 9.08 लाख से घटकर 6.26 लाख पर पहुंचा आंकड़ा

उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले भारतीयों की संख्या बीते तीन वर्षों में लगातार घटी है। शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्यसभा में बताया कि वर्ष 2023 में 9.08 लाख से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई के लिए विदेश गए थे। यह संख्या 2024 में घटकर 7.7 लाख रह गई और 2025 में  घटकर 6.26 लाख हो गई। ये आंकड़े केंद्रीय गृह मंत्रालय के आव्रजन ब्यूरो (बीओआई) की ओर से 2023 से 2025 की अवधि के लिए उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित हैं। मजूमदार ने कहा, विदेश में पढ़ाई करना व्यक्ति की इच्छा और चुनाव पर निर्भर करता है। यह निर्णय खर्च उठाने की क्षमता, बैंक ऋण की उपलब्धता, विदेशी समाज का अनुभव और किसी विशेष विषय में रुचि जैसे कई कारकों पर आधारित होता है। सरकार विदेश में सफल भारतीय समुदाय को देश की ताकत मानती है। 14 विदेशी संस्थानों को मंजूरी : मजूमदार ने कहा, देश में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए  14 विदेशी शिक्षण संस्थानों को परिसर खोलने की मंजूरी दी गई है। गुजरात की गिफ्ट सिटी में पांच विदेशी विश्वविद्यालयों को संचालन की अनुमति मिली है।

04:03 AM, 12-Feb-2026

किशोरों पर सोशल मीडिया के प्रभाव पर चिंता

कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य जेबी माथेर ने किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर चिंता जताई और कहा, युवा वास्तविकता और काल्पनिक दुनिया के बीच अंतर नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मामले पर गंभीरता से ध्यान देने का आग्रह किया। शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए माथेर ने कहा कि हाल के सप्ताहों में छात्रों का आत्महत्या के कई मामले सामने आए, जो ऑनलाइन मंचों के अत्यधिक इस्तेमाल से अकेलेपन और अलगाव की भावना के शिकार थे। कोच्चि और गाजियाबाद की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आप अंजादा लगाइए कि सोशल मीडिया युवाओं व किशोरों को किस प्रकार प्रभावित कर रहा है। कोच्चि के चोटनिकारा के पास 16 वर्षीय लड़की ने पिछले दिनों अपने ऑनलाइन दोस्त की मौत के गम में आत्महत्या कर ली थी। वहीं, गाजियाबाद में तीन बहनों ने कोरियाई सामग्री से प्रभावित होकर खुदकुशी कर ली थी।

04:02 AM, 12-Feb-2026

मेरी बात मानी होती तो विपक्ष में नहीं होते राहुलः जगदंबिका पाल

लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली। राहुल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता पाल के अतीत में उनकी पार्टी का सदस्य रहने का उल्लेख कर कहा, मुझे पता है आपका दिल उधर (भाजपा की तरफ) नहीं है। इस पर पाल ने कहा, अगर आप मेरी बात मानते तो आज वहां नहीं बैठे होते। आपको सलाह दे रहा हूं कि आपको सही रास्ता पकड़ना चाहिए, आपके पास अभी भी समय है।

विज्ञापन
04:01 AM, 12-Feb-2026

अल्पसंख्यक आयोग को मिले सांविधानिक दर्जा : द्रमुक

राज्यसभा में द्रमुक ने सरकार से राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को सांविधानिक दर्जा देने और प्रवर्तन अधिकारों को मजबूत करने की मांग की। शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए द्रमुक सदस्य पी विल्सन ने कहा कि हाल के वर्षों में अल्पसंख्यकों के खिलाफ लक्षित हिंसा बढ़ी है। कुछ राज्यों में धर्मांतरण विरोधी कानूनों का दुरुपयोग करके नाबालिगों के खिलाफ भी कई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।

04:01 AM, 12-Feb-2026

काम न करने वाले जनप्रतिनिधि को हटाने का मिले अधिकार : चड्ढा

राज्यसभा आप सदस्य राघव चड्ढा ने जनप्रतिनिधि को वापस बुलाने के अधिकार (राइट टु रिकॉल) का मुद्दा उठाया। चड्ढा ने शून्यकाल में कहा, अगर मतदाता अपना नेता चुन सकता है तो काम न करने पर उसे हटाने का हक भी होना चाहिए। उन्होंने कहा, सांसद या विधायक चुने जाने के बाद अगर कोई काम न करे तो पांच साल तक जनता के पास बर्दाश्त करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं होता। एक गलत फैसले का लाखों मतदाता खामियाजा भुगतते हैं।

विज्ञापन
04:00 AM, 12-Feb-2026

लोकसभा में औद्योगिक संहिता संशोधन विधेयक, 2026 पेश

केंद्र सरकार ने बुधवार को लोकसभा में औद्योगिक संबंध संहिता संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रश्नकाल के तुरंत बाद पूरक कार्यसूची के माध्यम से यह विधेयक सदन में रखा। औद्योगिक संबंध संहिता, 2026 ने तीन पुराने कानूनों ट्रेड यूनियन अधिनियम, 1926, औद्योगिक रोजगार (स्थायी आदेश) अधिनियम, 1946 और औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की जगह लेगा। तीनों कानून श्रमिक संगठनों, औद्योगिक रोजगार और औद्योगिक विवादों से जुड़े थे।

04:00 AM, 12-Feb-2026

सेवारत अफसरों के लिए परिवार की परिभाषा के विस्तार को मंजूरी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सरकारी आवास आवंटन के लिए सेवारत अधिकारियों के लिए परिवार की परिभाषा के विस्तार को मंजूरी दे दी है। सरकार ने बताया कि संशोधित परिभाषा में पति/पत्नी और आश्रित बच्चों या सौतेले बच्चों के मौजूदा दायरे के अतिरिक्त माता-पिता, आश्रित भाई-बहन व कानूनी रूप से गोद लिए गए बच्चे भी शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा, विस्तारित परिभाषा से सभी सेवारत अधिकारियों को लाभ होने की उम्मीद है, जिनमें माता-पिता के साथ रहने वाली अविवाहित महिला अधिकारी भी शामिल हैं।

 

06:38 PM, 11-Feb-2026

'सांसदों और विधायकों को वोटर्स द्वारा रीकॉल करने का अधिकार'

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में कहा कि जैसे भारतीय मतदाताओं को किसी नेता को चुनने का अधिकार है, वैसे ही उन्हें उसे हटाने का अधिकार भी होना चाहिए। अगर मतदाता किसी नेता को चुन सकते हैं, तो उन्हें उसे हटाने का भी अधिकार होना चाहिए। रीकॉल का अधिकार एक ऐसा तंत्र है, जो मतदाताओं को यह सुविधा देता है कि अगर उनका निर्वाचित प्रतिनिधि अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करता, तो वे उसे कार्यकाल पूरा होने से पहले हटाने का निर्णय ले सकें… अगर हम राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और न्यायाधीशों को महाभियोग के जरिए हटाने का अधिकार रखते हैं, और निर्वाचित सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं, तो मतदाताओं को यह अधिकार क्यों नहीं होना चाहिए कि अगर उनका सांसद या विधायक काम नहीं कर रहा है, तो उसे हटाया जा सके। (संबंधित खबर यहां पढ़ें) 

05:40 PM, 11-Feb-2026

लोकसभा में बोलीं वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को बजट बहस पर लोकसभा को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ने श्रम प्रधान क्षेत्रों को बजट में प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत बायोफार्मा सेक्टर पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टार्टअप्स के विस्तार के लिए उन्हें बड़े डोमेन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताते हुए वित्त मंत्री ने यह भी साफ किया है कि मेगा टेक्सटाइल पार्कों के विकास के लिए केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर काम करने को पूरी तरह तैयार है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें) 

03:35 PM, 11-Feb-2026

राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी सरकार

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "हम सदन को गुमराह करने और निराधार बयान देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस दाखिल करने जा रहे हैं। लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही और प्रक्रिया के स्पष्ट नियम हैं। जब कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे नोटिस देना होता है और आरोप को प्रमाणित भी करना होता है। मैंने राहुल गांधी को सदन में बुलाकर उनके द्वारा उठाए गए बिंदुओं को प्रमाणित करने का अनुरोध किया है। राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री पर निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने भारत और भारतीय हितों को बेच दिया है। किस आधार पर? उन्होंने बिना नोटिस दिए हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।"


 

03:18 PM, 11-Feb-2026

बजट पर चर्चा के लिए इन सासंदों ने लिया हिस्सा

केरल के कोट्टायम से निर्वाचित कांग्रेस सांसद एडवोकेट फ्रांसिस जॉर्ज, असम की कोकराझार लोकसभा सीट से निर्वाचित सांसद जे बासुमतारी, केरल से निर्वाचित आईयूएमएल सांसद डॉ एमपी अब्दुस्समद ने भी चर्चा में भाग लिया। 

राज्यसभा में बजट पर चर्चा के दौरान महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण, मध्य प्रदेश से निर्वाचित भाजपा सांसद डॉ कविता पाटीदार, पूर्व प्रधानमंत्री और कर्नाटक से निर्वाचित वयोवृद्ध राजनेता एचडी देवेगौड़ा और भाजपा सांसद सुजीत कुमार ने भी चर्चा में भाग लिया।

03:09 PM, 11-Feb-2026

राहुल गांधी को संसदीय भाषा का ज्ञान नहीं: प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर कहा, "जो नियम हैं, यह नियम हमारे या ओम बिरला के आने के बाद नहीं बने हैं। यह नियम पहले से हैं। यह नियम जब संविधान की रचना हुई तब से है। उन नियमों के आधार पर अगर वे किसी पर आरोप लगाते हैं तो उन्हें प्रमाणित करना होगा। अगर वे जिसपर आरोप लगा रहे हैं अगर वह सदन का सदस्य है तो उसे नोटिस देना पड़ता है और अगर वह सदन का सदस्य नहीं है तो वे ऐसे आरोप नहीं कर सकते। सिर्फ बोलने से प्रमाणित नहीं होता, इससे संबंधित दस्तावेज रखने होते हैं, सबूत रखने होते हैं, सिर्फ बोलने से नहीं होगा। इन्हें प्रमाणिकता, नियम का अर्थ नहीं पता इसलिए कुछ भी बोलते हैं। पहले का इतिहास इन्हें पता नहीं है ये बस आरोप लगाते हैं। जब कोई आसन पर होता है तो वह किसी पार्टी का नहीं होता है... उन्हें संसदीय भाषा का ज्ञान नहीं है। उन्होंने बजट के अलावा सब बोला..."

03:08 PM, 11-Feb-2026

राहुल के बयान पर अश्विनी वैष्णव का पलटवार


केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर कहा, "भारत का डाटा बहुत ही सुदृढ़ कानूनी स्वरूप में है, डिजिटल व्यक्तिगत डाटा संरक्षण अधिनियम के तहते है। भारत के जितने संवेदनशील क्षेत्र हैं सबके अपने विनियम हैं और इस तरह के आरोप लगाने से पहले चीजों को प्रमाणित करना चाहिए।"

03:07 PM, 11-Feb-2026

संसद के बाहर क्या बोले राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संबोधन के बाद मीडिया से बात की, जहां उन्होंने कहा कि मेरे पास डाटा है और मैंने कहा कि मैं प्रमाणित कर दूंगा, एप्सटीन में डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस फाइल्स है जिसमें हरदीप पुरी का नाम है, अनिल अंबानी का नाम है, अडानी का केस चल रहा है, प्रधानमंत्री पर सीधे दबाव है यह सब जानते हैं। बिना दबाव के कोई प्रधानमंत्री यह नहीं कर सकता। जो हुआ है, जो किसानों के साथ, डाटा के साथ, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा के साथ हुआ है कोई प्रधानमंत्री सामान्य परिस्थिति में नहीं कर सकता। वह तभी करेगा जब किसी ने जकड़ रखा हो।

02:06 PM, 11-Feb-2026

राहुल गांधी के बयान पर अनुराग ठाकुर का पलटवार

राहुल गांधी के भाषण के बाद अब अनुराग ठाकुर चर्चा में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस राज में अर्थव्यवस्था भ्रष्टाचार में डूबी थी। विपक्ष देश की तरक्की से खुश नहीं है। इसी के साथ उन्होंने बजट को विकसित भारत वाला बजट करार दिया है। 

01:23 PM, 11-Feb-2026

बजट में आज की चुनौतियों पर बात ही नहीं: राहुल गांधी

उन्होंने आगे कहा कि हमारी दूसरी ताकत हैं हमारे किसान, जो खाना देते हैं। हमारे पास खाना प्रचुर मात्रा में है। तीसरा- हमें देश को चलाने के लिए ऊर्जा की जरूरत है।  इन तीनों को बचाना आधुनिक समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बजट इन चीजों की पहचान तो करता है। वह कहता है कि हम खतरनाक समय में जा रहे हैं। वह जानता है कि भू-राजनीतिक स्थिति खतरनाक हो रही है। ऊर्जा और वित्त को हथियार बनाया जा रहा है। लेकिन बजट में इसके लिए कोई हल नहीं है। बजट सिर्फ किसी आम बजट की तरह ही है। इसमें इनकी सुरक्षा के लिए कुछ नहीं दिया गया है। बजट में आज की चुनौतियों पर बात ही नहीं है।

01:22 PM, 11-Feb-2026

हम डाटा के मामले में ताकतवर हैं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं सदन को कहना चाहता हूं कि सेक्टरों की जो ताकत है , वह हमारे अपने लोग हैं। 1.4 अरब लोग शानदार हैं, ऊर्जावान हैं, बुद्धिमान हैं। वे किसी को भी चुनौती दे सकते हैं। लेकिन यह सिर्फ लोग नहीं हैं। हमारे पास डाटा का भी बड़ा पूल है। सभी लोग एआई के बारे में बात करते हैं, लेकिन एआई के बारे में बात करना किसी इंजन के बारे में बात करना है, इसके पेट्रोल यानी डाटा के बारे में बात करना भी जरूरी है। यानी अगर आपके पास पेट्रोल- डाटा नहीं है, तो एआई भी बेकार है। इस वक्त दुनिया के पास डाटा के दो पूल हैं- भारत का डाटा पूल (1.4 अरब लोगों का) और चीन (वहां भी इतनी ही जनसंख्या है)। यानी हम डाटा के मामले में ताकतवर हैं।

01:21 PM, 11-Feb-2026

हम एआई के समय में जा रहे हैं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि दूसरी तरफ डॉलर को चुनौती मिल रही है। अमेरिकी सुप्रिमेसी को चुनौती मिल रही है। अब हम दो सुपर पावर या कई सुपर पावर वाले दौर में जा रहे हैं। आर्थिक सर्वे की बात सही है। इन सबके केंद्र में एआई का समय है। सभी कह रहे हैं कि हम एआई के समय में जा रहे हैं। एआई का एक परिणाम यह हो रहा है कि कांग्रेस ने जो आईटी इकोसिस्टम बनाया, वह चुनौती की स्थिति में रहेगा। इसे चुनौती मिलेगी। कई इंजीनियरों को एआई हटा देगा।

01:20 PM, 11-Feb-2026

हम स्थिरता से अस्थिरता की तरफ जा रहे: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि दूसरा- हम ऐसी दुनिया में रह रहे हैं, जहां ऊर्जा और वित्त को हथियार बना लिया गया है। हम स्थिरता वाली दुनिया से अस्थिरता वाली दुनिया में जा रहे हैं। प्रधानमंत्री और एनएसए ने कुछ समय पहले चौंकाने वाले रूप से कहा था कि युद्ध का समय अब खत्म हो चुका था। लेकिन यूक्रेन में संघर्ष जारी है, ईरान में संघर्ष हो रहा है। यानी हम स्थिरता से अस्थिरता की तरफ जा रहे हैं।

01:19 PM, 11-Feb-2026

अमेरिका आधारित सिस्टम को मिल रही चुनौती: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने मार्शल आर्टिस का जिक्र करते हुए कहा कि जिजित्सु में ग्रिप दिखती है, राजनीति में नहीं दिखती। चोक कहां हो रहा है, जोर कहां पड़ रहा है, राजनीति में नहीं दिखता। मैं आर्थिक सर्वे को देख रहा था। दो बिंदु मुझे दिखे। पहला बिंदु- हम ऐसी दुनिया में रह रहे हैं जहां भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बढ़ती जा रही है। यानी जो अमेरिका आधारित सिस्टम था, उसे चुनौती मिल रही है। उसे अब रूस और चीन फिर से चुनौती दे रहे हैं। 
 

01:17 PM, 11-Feb-2026

राहुल गांधी की बजट पर चर्चा

लोकसभा में बजट पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पुराने सिस्टम को चैलेंज किया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि आज दुनिया में अमेरिकी दबदबे को चुनौती दी जा रही है। दुनिया युद्ध की ओर जा रही है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि आज एनर्जी-फाइनेंस को हथियार बनाने का युग है।

01:12 PM, 11-Feb-2026

लोकसभा में राहुल गांधी का संबोधन

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बजट पर चर्चा में भाग रह हैं। इस दौरान उन्होंने मार्शल आर्ट्स का जिक्र किया।

01:04 PM, 11-Feb-2026

 राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

लोकसभा में बजट पर चर्चा जारी है, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है।

12:31 PM, 11-Feb-2026

भाजपा सांसद शशांक मणि ने कांग्रेस को घेरा

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, "ओम बिरला ने अपनी कर्तव्य को जिम्मेदारी से निभाई है, और विपक्ष ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं। वे उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नोटिस लाए हैं। स्पीकर के साथ इस बर्ताव के लिए विपक्ष को माफी मांगनी चाहिए।"

12:21 PM, 11-Feb-2026

विपक्ष पर बरसे किरेन रिजिजू

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "कम से कम 20-25 कांग्रेस MP लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उन्हें गालियां दीं। मैं भी वहीं था। स्पीकर बहुत नरम इंसान हैं, नहीं तो सख्त कार्रवाई होती। प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत सीनियर कांग्रेस नेता भी अंदर मौजूद थे, और वे उन्हें लड़ने के लिए उकसा रहे थे।"

12:17 PM, 11-Feb-2026

कंगना रनौत का बयान

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि ओम बिरला सदन में आ नहीं रहे। पूरा माहौल अंदर बहुत कड़वा होता जा रहा है, ये इतना शोर मचा रहे हैं। कल जब संसद ठीक चली तो आज कह रहे हैं कि ये 6 लाइने क्यों? जबकि वंदे मातरम् पर चर्चा हो चुकी है, इन्होंने भी इसमें हिस्सा लिया था। एक कड़वापन हैं इनमें कि हम कैसे हार सकते हैं?'

12:02 PM, 11-Feb-2026

थोड़ी देर में लोकसभा में बोल सकते हैं राहुल गांधी

लोकसभा में अब से थोड़ी देर में राहुल गांधी बोल सकते हैं। राहुल गांधी बजट पर चर्चा में हिस्सा लेंगे।

11:55 AM, 11-Feb-2026

संसद के गेट पर विपक्ष का प्रदर्शन

संसद परिसर में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन जारी है।  मकर द्वार पर सांसदों ने विरोध जताया। जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। 
 

11:39 AM, 11-Feb-2026

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिया जवाब

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में काम न करने वाले वाई-फाई हॉटस्पॉट के संबंध में जवाब किया। 
 

11:37 AM, 11-Feb-2026

प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दिया जवाब

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान डेडिकेटेड ग्रीन एनर्जी जोन के बारे में सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए।

11:13 AM, 11-Feb-2026

सदन की कार्यवाही शुरू

राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। 

10:09 AM, 11-Feb-2026

आज राज्यसभा से इस्तीफा देंगी सुनेत्रा पवार 

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी सांसद सुनेत्रा पवार आज राज्यसभा से इस्तीफा देंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनेत्रा पवार गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी।

09:34 AM, 11-Feb-2026

नगर निगमों के निजीकरण पर चर्चा का नोटिस

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में शून्यकाल का नोटिस दिया है, जिसमें नगर निगमों के निजीकरण के कारण सफाई कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय पर चर्चा की जाएगी।

09:32 AM, 11-Feb-2026

लोकसभा में बोलेंगे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज सदन में बजट पर बहस में हिस्सा लेंगे। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी दोपहर 12 बजे सदन में चर्चा में भाग लेंगे।

08:25 AM, 11-Feb-2026

Parliament Budget Session LIVE: वित्त मंत्री ने बजट पर चर्चा की; सरकार लाएगी राहुल पर विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव

आज संसद के बजट सत्र का 11वां दिन है। दोनों सदनों में बजट पर चर्चा जारी रहेगी। लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य को कथित तौर पर रोके जाने के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के बीच लंबे समय से बरकरार गतिरोध मंगलवार को दूर हुआ।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें