कांग्रेस ने की शिकायत
कांग्रेस ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई है। वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी और एसएचओ के साथ मुलाकात की और एक विस्तृत लिखित शिकायत दी। शिकायत में दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के बिना किसी आरोप के 24 अकबर रोड पर दफ्तर में प्रवेश करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला करने की अवैध कार्रवाई के बारे में बताया गया।
अब तक 240 लोगों को हिरासत में लिया
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) ने बताया कि नई दिल्ली इलाके से आज करीब 240 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 8-10 वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी हैं। बाकी पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कोई बल प्रयोग नहीं किया। कुछ लोगों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और हमारे साथ हाथापाई भी की। जिससे एक-दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुद लोगों ने टायर भी जलाए।
अब तक करीब 30 घंटे पूछताछ
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए और जांच एजेंसी ने उनसे करीब आठ घंटे पूछताछ की। राहुल गांधी रात करीब साढ़े नौ बजे एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित ईडी मुख्यालय से बाहर निकले। बुधवार को लगातार तीसरे दिन पूछताछ के बाद ईडी अब तक राहुल गांधी से कई सत्रों में करीब 30 घंटे पूछताछ कर चुकी है।
ऑडियो-वीडियो रिकॉडिंग की गई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े कथित धनशोधन के एक मामले में लगातार तीसरे दिन ईडी के समक्ष पेश हुए। जांच एजेंसी ने उनसे ‘एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड’ (एजेएल) और इसका स्वामित्व रखने वाली कंपनी ‘यंग इंडियन’ से जुड़े निर्णयों में उनकी ‘निजी भूमिका’ के बारे में पूछताछ की। राहुल गांधी सीआरपीएफ जवानों की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा के साथ सुबह करीब 11 बजकर 35 मिनट पर मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित ईडी मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं। अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी से दोपहर 12 बजे पूछताछ आरंभ हुई। अधिकारियों का कहना है कि तीन दिनों की पूछताछ के दौरान राहुल गांधी के बयान की ऑडियो एवं वीडियो रिकॉडिंग की गई। उनके बयानों को ए4 आकार वाले कागज पर टाइप किया जा रहा है और मिनट-मिनट के आधार पर उन्हें दिखाया जाता है और हस्ताक्षर करवाया जाता है तथा इसके बाद जांच अधिकारी को इसे सौंपा जाता है।
एनएसयूआई ने किया विरोध
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की जांच के विरोध में एनएसयूआई (NSUI) के दो कार्यकर्ता दिल्ली में पानी की टंकी पर चढ़ गए।
राहुल गांधी के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा: चौधरी
कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोप लगाया कि "ईडी द्वारा पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ अमानवीय व्यवहार और अपमान किया गया।
नकवी ने साधा निशाना
नेशनल हेराल्ड में ED द्वारा राहुल गांधी के पूछताछ वाले मामले पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जो सत्याग्रह के नाम पर इस तरह का हुडदंग, हंगामा कर रहे हैं, वे अपने आप में कांग्रेस की सेहत के लिए ठीक नहीं है। आप भ्रष्टाचार को अपराध का सुरक्षा कवच पहनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये जो हाहाकार हो रहा है, उससे ना तो कांग्रेस का कोई फायदा होने वाला है और न ही कांग्रेस के परिवार का।
असम: कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एसीपी घायल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के दौरान गुवाहाटी एसीपी घायल हो गए। एसीपी हिमांगशु दास ने बताया कि कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन किया, जिसमें हमने कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। उसी दौरान मुझे मामूली चोट लगी, जिसे थोड़े से इलाज के साथ ठीक कर लिया गया।
सचिन पायलट को हिरासत में लिया गया
नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया।
राहुल से ईडी की लगातार पूछताछ से कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल काफी नाराज हो गए हैं। उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के हर मुद्दे को राहुल गांधी ने उठाया है और इसलिए इन्हें परेशान किया जा रहा है। इनका (भाजपा) का जो राष्ट्रवाद है वो आयातित राष्ट्रवाद है, उस राष्ट्रवाद में जो भी विरोध में हो उसे दबा दिया जाए और कुचल दिया जाए... ये होता है।