फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Eknath Shinde Oath Live: एकनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, फडणवीस बने डिप्टी सीएम, पवार ने की शिंदे से बात

Thu, 30 Jun 2022 11:09 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

Maharashtra New Chief Minister Swearing in Ceremony Live: महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच बुधवार देर रात उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गुरुवार को एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों को राज्यपाल ने शपथ दिलाई। महाराष्ट्र संकट से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ... 
विज्ञापन
Eknath Shinde Devendra Fadnavis - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:08 PM, 30-Jun-2022

कपिल देव अग्रवाल ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि एकनाथ शिंदे, BJP और वहां के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। आज एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बन गए हैं और उद्धव ठाकरे, जिन्होंने बीजेपी को धोखा देकर सरकार बनाई, उनका गठबंधना टूटा है और जनता के सामने उनका चेहरा आया है।

10:11 PM, 30-Jun-2022

उद्धव ने दी बधाई

पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने नए मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र के नए सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को बधाई देता हूं। मैं आशा करता हूं कि आप दोनों के माध्यम से महाराष्ट्र में अच्छे काम हों।

10:03 PM, 30-Jun-2022

आरे में ही मेट्रो कार शेड बनाया जाएगा: फडणवीस

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के महाधिवक्ता को निर्देश दिया है कि आरे में ही मेट्रो कार शेड बनाया जाएगा। इस संबंध में सरकार का पक्ष कोर्ट के सामने पेश किया जाए। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलयुक्त शिवर योजना को फिर से शुरू करने के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव लाया जाए।

विज्ञापन
09:59 PM, 30-Jun-2022

शिवसेना नेता विकास गोगावले की राउत को चेतावनी

शिंदे गुट के शिवसेना नेता विकास गोगावले ने कहा कि शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि वे रायगढ़ के महाड़ में रैली करेंगे। मैं उन्हें उनके सुरक्षाकर्मियों के बिना महाड़ आने की चुनौती देता हूं, 'शिवसैनिक' (पार्टी कार्यकर्ता) उन्हें 'प्रसाद' देने से नहीं रुकेंगे।

09:32 PM, 30-Jun-2022

शिवसेना विधायक दीपक केसरकर का बड़ा बयान

शिवसेना विधायक दीपक केसरकर ने कहा कि हिंदुत्व को मानने वाली 2 पार्टियां अलग हो गई थी, आज फिर से साथ जुड़ गई है। हमारे 50 साथियों का योगदान महत्वपूर्ण है। वो चाहते थे कि शिंदे साहब को एक बार मुख्यमंत्री पद मिलना चाहिए भाजपा ने इस फैसले को स्वीकार किया। 106 विधायक होने के बावजूद बीजेपी ने (एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने का) यह फैसला लिया। इसका मतलब है कि उन्होंने बड़ा दिल दिखाया है।

विज्ञापन
09:21 PM, 30-Jun-2022

विधानसभा का विशेष सत्र दो और तीन जुलाई को

महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र दो और तीन जुलाई को बुलाया जाएगा। इस दौरान बहुमत परीक्षण और स्पीकर का चुनाव किया जाएगा।

09:04 PM, 30-Jun-2022

शरद पवार ने दी प्रतिक्रिया

NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मैं एकनाथ शिंदे को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में विधायकों को गुवाहाटी ले जाने की ताकत दिखाई। उन्होंने लोगों को शिवसेना छोड़ने के लिए प्रेरित किया। मुझे नहीं पता कि यह पहले हुआ था या नहीं, लेकिन यह बिना तैयारी के नहीं हो सकता।

इससे पहले एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनाने की घोषण के बाद कई घंटे तक एमवीए खेमे में सन्नाटा रहा। हालांकि रात में शपथ ग्रहण के बाद एनसीपी नेता शरद पवार ने बयान दिया कि शायद बागी गुट के दबाव में भाजपा को यह फैसला लेना पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिंदे के मुख्यमंत्री बनने की उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी।

पवार ने कहा कि मैंने एकनाथ शिंदे से बात की और बधाई दी। मैंने अपनी अपेक्षाएं भी व्यक्त कीं कि एक राज्य का मुखिया पूरे राज्य का नेतृत्व करता है, न कि केवल एक पार्टी का। आप किसी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, लेकिन शपथ के बाद आप राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए मुझे उम्मीद है कि वह सभी विभागों के मुद्दों को हल करने के लिए काम करेंगे। मुझे लगता है कि उद्धव ठाकरे एक बार किसी पर भरोसा करने के बाद पूरी जिम्मेदारी दे देते हैं। उन्होंने एकनाथ शिंदे पर वही भरोसा दिखाया और उन्हें विधानसभा और पार्टी की जिम्मेदारी दी। मुझे नहीं पता कि यह राजनीतिक संकट उसी का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम का नंबर 2 का पद खुशी से स्वीकार किया है। यह उसके चेहरे पर देखा जा सकता है। लेकिन वह नागपुर में रहे थे, एक (आरएसएस) स्वयंसेवक के रूप में यह उनका लोकाचार है, इसलिए उन्होंने यह पद स्वीकार कर लिया।

09:02 PM, 30-Jun-2022

नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में राज्य की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की।

08:40 PM, 30-Jun-2022

कांग्रेस ने साधा निशाना
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन पर कांग्रे ने निशाना साधा। पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि महाराष्ट्र में जो हुआ वो भारत जैसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। मोदी-शाह के नेतृत्व में भाजपा किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहती है। वे चाहते हैं कि या तो सत्ता उनके पास रहे या कुर्सी की डोर उनके हाथों में हो।



 

08:27 PM, 30-Jun-2022

शिंदे समर्थकों ने मनाया जश्न
राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने नासिक में जश्न मनाया।
 

08:03 PM, 30-Jun-2022

पीएम ने शिंदे को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी।

08:01 PM, 30-Jun-2022

पीएम मोदी ने फडणवीस को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।'

07:39 PM, 30-Jun-2022

शिंदे-फडणवीस ने शपथ ली
एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके अलावा देवेंद्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद शिंदे ने ट्वीट कर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और साथ शपथ लेने वाले देवेंद्र फडणवीस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि साथ ही मेरे साथी विधायकों को धन्यवाद जिन्होंने हिंदुत्व की खातिर और महाराष्ट्र के लिए बिना किसी डर के मेरे साथ आने का फैसला किया।

07:19 PM, 30-Jun-2022

शपथ ग्रहण के लिए राजभवन पहुंचे शिंदे-फडणवीस
महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन पहुंचे।
 

06:43 PM, 30-Jun-2022

नड्डा बोले- फडणवीस को डिप्टी सीएम बनना चाहिए
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए। 
 

05:35 PM, 30-Jun-2022

शिंदे गुट के विधायकों ने होटल में मनाया जश्न

एकनाथ शिंदे का नाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में घोषित किए जाने के बाद गोवा के एक होटल में ठहरे शिंदे गुट के विधायकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। 
 

05:26 PM, 30-Jun-2022

राज ठाकरे ने कसा उद्धव ठाकरे पर तंज

उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद उनके चचेरे भाई और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने एक ट्वीट के जरिए उन पर कटाक्ष किया। मनसे प्रमुख ने कहा, जब कोई सौभाग्य को अपनी उपलब्धि समझ लेता है, तो उसके पतन की यात्रा शुरू हो जाती है। बता दें कि वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे और पार्टी के अधिकतर विधायकों के विद्रोह के बाद उद्धव ठाकरे ने सीएम पद छोड़ दिया था।

राज ठाकरे ने पिछले महीने उद्धव ठाकरे से लाउडस्पीकर के मुद्दे पर अपनी पार्टी (मनसे) के धैर्य की परीक्षा नहीं लेने के लिए कहा था और उन्हें याद दिलाया था कि सत्ता स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा था कि कोई भी सत्ता का ताम्रपत्र लेकर नहीं आया है। यहां तक कि आपके पास भी नहीं है, उद्धव ठाकरे।
 

05:17 PM, 30-Jun-2022

हम शिकायतें लेकर उद्धव ठाकरे के पास गए थे: शिंदे

एकनाथ शिंदे ने कहा, हम अपने निर्वाचन क्षेत्र की शिकायतों और विकास कार्यों के साथ पूर्व सीएम ठाकरे के पास गए और उन्हें सुधार की जरूरत पर सलाह दी क्योंकि हमें यह एहसास होने लगा था कि हमारे लिए अगला चुनाव जीतना मुश्किल होगा। हमने भाजपा के साथ स्वाभाविक गठबंधन की मांग की। हमने जो निर्णय लिया है वह बालासाहेब के हिंदुत्व और हमारे विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे साथ 50 विधायक हैं। 
 

05:08 PM, 30-Jun-2022

शिंदे बोले- विधायकों के भरोसे को नहीं तोडूंगा

महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना के 40 विधायकों सहित कुल 50 विधायक हमारे साथ हैं। हमने उनकी मदद से अब तक यह लड़ाई लड़ी है। इन 50 लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उसे एक खरोंच भी नहीं आने दूंगा, भरोसे को नहीं तोड़ूंगा। 
 

05:04 PM, 30-Jun-2022

शिंदे बोले, फडणवीस करते रहेंगे मार्गदर्शन

महाराष्ट्र के मनोनीत सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- भाजपा के पास 120 विधायक हैं लेकिन उसके बावजूद देवेंद्र फडणवीस ने सीएम का पद नहीं संभाला। मैं पीएम मोदी, अमित शाह और अन्य भाजपा नेताओं के साथ उनका आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने उदारता दिखाई और बालासाहेब के सैनिक (पार्टी कार्यकर्ता) को राज्य का सीएम बनाया। फडणवीस भले ही सरकार से बाहर रहेंगे लेकिन हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।  

04:53 PM, 30-Jun-2022

मैं सरकार से बाहर रहूंगा: फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान फडणवीस ने कहा कि एक तरफ शिवसेना ने दाऊद इब्राहिम का विरोध किया और दूसरी तरफ उन्होंने एक ऐसे शख्स को कैबिनेट में रखा जो दाऊद की मदद करने के आरोप में जेल गया था। वे सावरकर का अपमान करने वाले के साथ गठबंधन में थे। 2019 में बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन हुआ था और हमें विधानसभा चुनावों में आवश्यक संख्या मिली थी। हमें सरकार बनाने की उम्मीद थी, लेकिन शिवसेना ने उन लोगों के साथ गठबंधन करना चुना जिनके खिलाफ बालासाहेब ने जीवन भर विरोध किया।

उन्होंने कहा कि शिवसेना ने उन लोगों के साथ गठबंधन किया, जो हिंदुत्व और सावरकर के खिलाफ हैं। शिवसेना ने जनादेश का अपमान किया। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे। शपथ समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा। इसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और शिवसेना और भाजपा के नेता शपथ लेंगे। मैं सरकार से बाहर रहूंगा।

04:42 PM, 30-Jun-2022

एकनाथ शिंदे शाम 7.30 बजे लेंगे सीएम पद की शपथ
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे। शपथ समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा।

04:26 PM, 30-Jun-2022

सरकार बनाने का दावा पेश
एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

्र


03:55 PM, 30-Jun-2022

राजभवन पहुंचे फडणवीस-शिंदे
एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस राजभवन पहुंचे। यहां उनकी राज्यपाल से मुलाकात जारी है।

03:52 PM, 30-Jun-2022

आज ही सीएम पद की शपथ लेंगे फडणवीस
महाराष्ट्र में आज शाम 7:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

03:42 PM, 30-Jun-2022

राजभवन रवाना फडणवीस-शिंदे
एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस राजभवन के लिए उनके आवास से रवाना हुए।
 

03:40 PM, 30-Jun-2022

मातोश्री पहुंचे कांग्रेस नेता
महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने आज मुंबई के मातोश्री में शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। उन्होंने कल राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

03:12 PM, 30-Jun-2022

एकनाथ शिंदे भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के घर पहुंचे

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के घर पहुंच चुके हैं। दोनों थोड़ी देर में राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।

02:39 PM, 30-Jun-2022

एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंचे

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंच चुके हैं। यहां से वे भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से मिलेंगे फिर राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। तस्वीरों में भारी बारिश के बीच वे छाता लगाए हैं।

02:11 PM, 30-Jun-2022

भाजपा के पक्ष में 170 विधायकों का समर्थन: गिरीश महाजन

भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरीश महाजन ने कहा कि भाजपा के पक्ष में 170 विधायकों का समर्थन है। बता दें कि महाराष्ट्र में बहुमत के लिए 145 विधायकों का समर्थन जरूरी है। इस बीच बड़ी खबर आ रही है कि भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस कल यानी 30 जून को शपथ ले सकते हैं।

01:35 PM, 30-Jun-2022

कल फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले सकते हैं

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच आज भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से दोपहर तीन बजे मुलाकात करेंगे। एक और बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि कल फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले सकते हैं।

12:56 PM, 30-Jun-2022

भाजपा के अलावा कांग्रेस, एनसीपी ने भी बुलाई बैठक

आज भाजपा के अलावा कांग्रेस, एनसीपी ने भी आगे की रणनीति की बैठकें बुलाई हैं।  इस दौरान कांग्रेस और एनसीपी का जो फोकस रहेगा, वह पार्टी के विधायकों की मौजूदा संख्या को कायम रखना होगा। हालांकि, फडणवीस को एनसीपी-कांग्रेस विधायकों के समर्थन की आवश्यकता नहीं है। उनके पास पर्याप्त नंबर है।  वहीं  2019 में जब फडणवीस ने एनसीपी नेता अजीत पवार के साथ शपथ ली थी, तब एनसीपी के कई विधायक भी पवार के साथ खड़े थे। फडणवीस के प्रति उनकी निष्ठा रही है। 2019 के चुनावों से पहले भी कांग्रेस और एनसीपी के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए थे। कांग्रेस के दिग्गज नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल चुनावों से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें अपने बेटे सुजय को सांसद बनाना था। वे बने भी थे। इससे पहले जब तक वे कांग्रेस में रहे, मुख्यमंत्री पद के तगड़े दावेदारों में से एक थे।

12:44 PM, 30-Jun-2022

कांग्रेस के कुछ विधायकों के टूटकर फडणवीस खेमे में जाने के संकेत

महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के कुछ विधायकों के टूटकर फडणवीस खेमे में जाने के संकेत मिले हैं। शाम तक और स्थिति साफ होगी। कांग्रेस और एनसीपी के सामने अपने विधायकों को बचाए रखने की चुनौती होगी...

12:43 PM, 30-Jun-2022

एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई के लिए रवाना

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। मुंबई पहुंचकर वे राज्यपाल को 49 विधायकों के हस्ताक्षर वाले समर्थन पत्र सौंपेंगे।

11:38 AM, 30-Jun-2022

मंत्री पद को लेकर भाजपा से अभी कोई चर्चा नहीं: शिंदे

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि कौन और कितने मंत्री पद होंगे, इसे लेकर भाजपा से अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है, यह जल्द ही हो जाएगा। तब तक, कृपया मंत्रिस्तरीय सूचियों और इसके बारे में अफवाहों पर विश्वास न करें। 

11:36 AM, 30-Jun-2022

कांग्रेस की संगत में जो जाएगा वो साफ हो जाएगा: नरोत्तम मिश्रा

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि देश में पहली हिंदुत्व के नाम पर सरकार गिरी है, हनुमान चालीसा का असर है कि 40 विधायक चले गए। कांग्रेस की संगत में जो जाएगा वो साफ हो जाएगा।

11:33 AM, 30-Jun-2022

राज्यपाल ने उद्धव का इस्तीफा स्वीकार किया

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव ठाकरे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

11:14 AM, 30-Jun-2022

फडणवीस के घर भाजपा नेताओं की बैठक शुरू

पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हो रही है। जिसमें महाराष्ट्र भाजपा प्रभारी सीटी रवि, पार्टी नेता चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, प्रवीण दरेकर और अन्य कई बड़े नेता मौजूद हैं। वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा है कि मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर अभी भाजपा से कोई चर्चा नहीं हुई है, इसलिए अटकलें न लगाएं।

10:13 AM, 30-Jun-2022

कल जब उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दिया तो हम भावुक हो गए: राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि कल जब उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया तो हम भावुक हो गए। उद्धव ठाकरे पर सभी को भरोसा है। हर जाति और धर्म के लोग उनका समर्थन करते हैं। सोनिया गांधी और शरद पवार को उन पर भरोसा है। 

10:10 AM, 30-Jun-2022

कल ईडी के समक्ष पेश होंगे संजय राउत

महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मैं कल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय जा रहा हूं। बता दें कि ईडी ने राउत को दूसरा समन भेजा था, जिसमें उन्हें पात्रा चॉल भूमि घोटाले के सिलसिले में 1 जुलाई को पेश होने के लिए कहा था।

09:33 AM, 30-Jun-2022

शिंदे गोवा में मौजूद अपने गुट के विधायकों को संबोधित करेंगे

मुंबई रवाना होने से पहले शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे गोवा में मौजूद अपने गुट के विधायकों को संबोधित करेंगे। एकनाथ शिंदे खेमे के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने इसकी जानकारी दी है।

08:55 AM, 30-Jun-2022

अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं: विधानसभा सचिव  

उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद महाराष्ट्र विधानसभा सचिव राजेंद्र भागवत ने सभी राज्य विधायकों को सूचित किया कि राज्यपाल के आदेश के अनुसार, अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है, इसलिए आज का विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा।

08:12 AM, 30-Jun-2022

ठाकरे के इस्तीफे के बाद मुंबई भाजपा का ट्वीट

उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद मुंबई भाजपा ने ट्वीट कर कहा कि ये तो सिर्फ अभी झांकी है, मुंबई महापालिका अभी बाकी है।

07:54 AM, 30-Jun-2022

फडणवीस और एकनाथ शिंदे तय करेंगे अगला कदम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि उनका अगला कदम फडणवीस और एकनाथ शिंदे तय करेंगे।

07:54 AM, 30-Jun-2022

फडणवीस के आवास पर भाजपा की बैठक

उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आज सुबह 11 बजे देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

07:05 AM, 30-Jun-2022

Eknath Shinde Oath Live: एकनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, फडणवीस बने डिप्टी सीएम, पवार ने की शिंदे से बात

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच बुधवार देर रात उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने मंगलवार देर रात ठाकरे को बहुमत परीक्षण के निर्देश दिए थे। शिवसेना ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। लेकिन कोर्ट से राहत नहीं मिली, तो उद्धव ने फेसबुक लाइव पर आकर त्यागपत्र की घोषणा कर दी। वहीं आज देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। महाराष्ट्र संकट से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ... 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें