बीएमसी चुनावों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि ठाकरे परिवार के एकजुट होने से पार्टी की ताकत बढ़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले नतीजे उनके पक्ष में होंगे और पार्टी चुनाव में अच्छे प्रदर्शन करेगी।
महाराष्ट्र निकाय चुनावों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र में एक अभूतपूर्व जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी और हमारे गठबंधन सहयोगियों ने मुंबई सहित 29 में से लगभग 25 जगहों पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, और मैं महाराष्ट्र के लोगों और सभी कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी पर महाराष्ट्र के भरोसे का सबूत है। यह जीत हमारे सभी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है, खासकर लोगों ने हमारे विकास एजेंडे का समर्थन किया है।"
भाजपा ने पुणे और पड़ोसी पिंपरी चिंचवाड़ में हुए नगर निगम चुनावों में अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी और एनसीपी (एसपी) सहित विपक्ष को करारी शिकस्त देते हुए निर्णायक बहुमत हासिल किया और दोनों नगर निगमों में सत्ता बरकरार रखी।
पश्चिमी महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी भगवा पार्टी विजयी हुई, जिनमें कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर और सतारा जिले शामिल हैं। पुणे में भाजपा ने 95 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस, एनसीपी और एनसीपी (एसपी) ने क्रमशः 15, 20 और 2 सीटें हासिल कीं। पिंपरी चिंचवाड़ में भाजपा ने 127 में से 84 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी। अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 36 सीटें जीतीं।
महायुति गठबंधन ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इस गठबंधन ने कुल 227 सीटों में से 118 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा ने 89 सीटें जीतीं, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 29 सीटें हासिल की। सत्तारूढ़ गठबंधन ने बहुमत के लिए जरूरी 114 सीटों से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की।
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, जनता ने हमें अगले पांच साल के लिए चुना है। जनता का भरोसा और प्यार हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, हमने कभी जाति, धर्म या भाषा के आधार पर राजनीति नहीं की। हमने पूरी ईमानदारी के साथ विकास किया और किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि 29 नगर निगमों के चुनाव में महायुती की शानदार जीत राज्य सरकार के विकास एजेंडे को जनता की स्पष्ट मंजूरी है। ठाणे में 71 सीट जीतने के बाद शिंदे ने कहा कि यह केवल ठाणे ही नहीं बल्कि मुंबई और अन्य नगर निगमों में भी महायुती के पक्ष में माहौल दिखाता है।
शिंदे ने बताया कि पिछले तीन साल के दौरान मुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की जनता ने सराहना की है। उन्होंने मुंबई को वैश्विक स्तर का वित्तीय हब बनाने का लक्ष्य साझा किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे फिनटेक और ग्लोबल फाइनेंशियल हब बनाने की दिशा में लगातार कहा है। शिंदे ने यह भी कहा कि शिवसेना-भाजपा का गठबंधन अस्थायी नहीं है और दोनों दलों की विचारधारा एक समान है, जिसे भविष्य में भी बनाए रखा जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने शुक्रवार देर शाम राज्य के 29 नगर निकायों की 2,869 में से 2,784 सीट के परिणाम घोषित किए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 1,372 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। यहां एक अधिकारी ने बताया कि शेष 85 सीट के परिणाम देर रात घोषित होने की उम्मीद है।
एसईसी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 1,372 सीट हासिल कीं, उसके बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 394 सीट, कांग्रेस ने 315 सीटे, अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 158 सीट और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) ने 149 सीट जीतीं हैं। मुंबई में एसईसी ने 227 में से 204 वार्ड के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें भाजपा ने 85, शिवसेना ने 25, कांग्रेस ने 19, शिवसेना (उबाठा) ने 60 और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने पांच सीट जीती हैं।
महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने शानदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने राज्य भर में कुल 114 सीटें जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की। खासकर छत्रपति संभाजीनगर में एआईएमआईएम ने 33 सीटों पर कब्जा किया। पार्टी नेता शरक नक्शबंदी ने बताया कि पिछली चुनावों में करीबी हार ने कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय किया। मुंबई, नासिक, अमरावती, नांदेड और धुले जैसे शहरों में भी एआईएमआईएम ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने इस बार चुनाव प्रचार में अधिक समय दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मतभेदों को दूर किया।
महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनाव के नतीजे देर रात जारी किए गए। बीएमसी में 227 में से 204 सीटों के परिणाम के अनुसार:
बीएमसी चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा गठबंधन ने बहुमत के आंकड़े से काफी आगे बढ़ते हुए करीब 130 सीटों तक बढ़त बना ली थी, जिससे सत्ता में वापसी लगभग तय मानी जा रही थी। हालांकि, जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, तस्वीर बदलती गई और अब भाजपा गठबंधन 110 से 114 सीटों के बीच अटका हुआ नजर आ रहा है। बीएमसी में स्पष्ट बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत होती है, ऐसे में मौजूदा स्थिति में गठबंधन को सत्ता बनाने के लिए निर्दलीय या अन्य छोटे दलों के समर्थन पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
मुंबई में अभी तक महापौर पद के लिए आरक्षण की घोषणा नहीं हुई है। पहले महापौर पद का आरक्षण रोटेशन या लॉटरी के माध्यम से चुनाव से पहले तय किया जाता था, ताकि यह साफ हो कि किस वर्ग के उम्मीदवार को मौका मिलेगा, लेकिन इस बार ऐसी प्रक्रिया नहीं हुई है। यह देखना होगा कि दो विकल्पों में से कौन-सा विकल्प चुना जाता है। पहला विकल्प है- क्या पुराने रोटेशन नियम पर ही आरक्षण तय किया जाए? या फिर जीरो रोस्टर करके आरक्षण प्रक्रिया को नई शुरुआत दी जाए?
बीएमसी चुनाव नतीजों में भाजपा गठबंधन बहुमत से अभी थोड़ा दूर नजर आ रहा है। कई रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा गठबंधन 108 से 114 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। ऐसे में मुंबई महानगरपालिका में सत्ता बनाने के लिए भाजपा गठबंधन को अन्य दलों या निर्दलीय पार्षदों का सहारा लेना पड़ सकता है।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव पर भाजपा गठबंधन की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुंबई में जश्न मनाया।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार ने नगर निकाय चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जनता का फैसला सर्वोपरि है और पार्टी उसे पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करती है। अजित पवार ने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि जहां पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली, वहां और अधिक जिम्मेदारी, ईमानदारी और दोगुने जोश के साथ जनता का भरोसा दोबारा जीतने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने जीतने वाले उम्मीदवारों से अपील की कि वे अपने-अपने नगर निगमों में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और विकास व जनकल्याण के कामों को तेज करें। साथ ही, जो उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत पाए, उनसे निराश न होने और जनता की सेवा में लगातार जुटे रहने का आग्रह किया।
पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा 'धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य के गतिशील लोगों ने एनडीए के जनहित और अच्छे शासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया। विभिन्न नगर निगम चुनावों के परिणाम दर्शाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता के साथ एनडीए का संबंध और गहरा हुआ है। हमारा विकास रिकॉर्ड और विज़न लोगों के दिलों को छू गया। महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद। यह वोट प्रगति को गति देने और राज्य की गौरवशाली संस्कृति का उत्सव मनाने के लिए है।''
चंद्रपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 66 में से 28 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बन गई। भाजपा ने 26 सीटें जीती, शिवसेना (UBT) 6, स्वतंत्र उम्मीदवार 2 और अन्य छोटे दलों ने 1-1 सीटें हासिल कीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टिवर ने कहा कि पार्टी 40 से अधिक पार्षदों के समर्थन से निगम में सत्ता में आएगी और मेयर पद पर अपने उम्मीदवार को स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि जनविकास सेना के 3 पार्षद और 2 निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं।
वडेट्टिवर ने आरोप लगाया कि जनता ने भ्रष्टाचार और जनता विरोधी भाजपा प्रशासन को ठुकराया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, पानी की कमी, कचरा प्रबंधन की समस्या, फर्जी भूमि आवंटन और करोड़ों के घोटाले जैसी समस्याओं ने जनता में नाराजगी पैदा की। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर पटाखे जलाए और ढोल की थाप पर नाच-गाना किया।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रतिक्रिया देने का समय नहीं आया है। मतगणना के चल रहे आंकड़ों को सही नहीं माना जा सकता क्योंकि लगभग 100 वार्डों में मतगणना अभी शुरू नहीं हुई है। संजय राउत ने माना कि मुकाबला कड़ा है और परिणाम पास-पास हैं, लेकिन यह कहना कि शिवसेना (UBT) काफी पीछे है, सही नहीं। उन्होंने बताया कि शिंदे गुट में शामिल 60 पार्षदों में से लगभग सभी हार गए, और नतीजे अभी बदल सकते हैं। राउत ने संकेत दिया कि चुनाव का परिणाम तुल्य या ड्रा जैसा भी हो सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की शानदार जीत पर ट्वीट कर अपनी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह जीत दर्शाती है कि देश के हर कोने की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA की विकासनीति पर भरोसा रखती है। शाह ने इस ऐतिहासिक सफलता को महायुति सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए विकास और जनकल्याण के कार्यों पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता का हार्दिक आभार जताया। अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और भाजपा-शिवसेना के सभी कार्यकर्ताओं को इस बड़ी जीत की बधाई दी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इसे जनता का आशीर्वाद और विकास की राजनीति की जीत बताया। भाजपा ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और संगठनात्मक मजबूती को दिया है। पार्टी का कहना है कि यह जनादेश विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति की पुष्टि करता है। राज्य स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत और स्थानीय नेतृत्व की रणनीति को भी निर्णायक बताया गया।
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि 10 नगर निगमों के कुल 65 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया। ये घोषणा 15 जनवरी को हुए मतदान से पहले की गई थी। जानकारी के अनुसार, भाजपा ने सबसे ज्यादा 43 उम्मीदवारों को निर्विरोध जिताया, इसके बाद एकनाथ शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना के 18, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 2, एक स्वतंत्र उम्मीदवार और इंडियन सेक्यूलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र का एक उम्मीदवार शामिल है।
कई प्रमुख नगर निगमों में स्थिति इस प्रकार रही:
मुंबई महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना की रेखा यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार शीतल म्हात्रे को करीब 2,000 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी घोसालकर ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रत्याशी को 10,000 से ज्यादा वोटों से हराते हुए मुंबई नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत हासिल की।
लातूर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 70 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, भाजपा 22 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा–शिवसेना महायुति बढ़त बनाए हुए है। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को फोन कर जीत की ओर बढ़ने पर बधाई दी। इसके अलावा, मुंबई महानगरपालिका चुनावों में भी महायुति की बढ़त पर सीएम फडणवीस ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमीत साटम से बात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के लोगों और पार्टी समर्थकों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों में भाजपा का यह प्रदर्शन पार्टी और उसके सहयोगियों के लिए बड़ी सफलता है। त्रिवेदी ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए को जनता का लगातार बढ़ता समर्थन मिल रहा है।
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने शुक्रवार को राज्य में नगर निगम चुनावों में लोगों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने इसे लोकतंत्र का महापर्व बताते हुए कहा कि मैं यह साफ करना चाहता हूं कि सभी 29 नगर निगमों के चुनावों में वोटरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस लोकतंत्र के महापर्व का समर्थन किया, इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। नतीजे घोषित होने के बाद हम इस पर चर्चा जरूर करेंगे। अब सीएम मैं देवेंद्र फडणवीस से उनके निवास पर मिलने जा रहा हूं।
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम से भाजपा 86 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी ओर एनसीपी (अजित पवार) 33 सीटों पर आगे है, जबकि एनसीपी (शरद पवार) केवल 1 वार्ड में आगे है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज दोपहर 3:30 बजे भाजपा मुख्यालय का दौरा करेंगे। यह दौरा बीएमसी चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए किया जा रहा है।
मुंबई में बीएमसी चुनाव 2026 के शुरुआती नतीजे सामने आए हैं। वार्ड नंबर 10 से भाजपा के जितेन्द्र पटेल को विजेता घोषित किया गया। वार्ड नंबर 3 से भाजपा नेता प्रवीन डरेकर के भाई, प्रकाश डरेकर ने जीत हासिल की। बीएमसी में कुल 227 सीटों के लिए मतगणना जारी है और बाकी वार्डों के नतीजे आने में अभी समय लगेगा।
मुंबई में जारी मतगणना के बीच पूर्व विधायक यामिनी जाधव ने बीएमसी के वॉर्ड नंबर 209 से जीत हासिल की है। वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की उम्मीदवार थीं और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को हराया।
इस जीत से मुंबई नगर निगम में शिंदे गुट की शिवसेना की स्थिति मजबूत हुई है, खासकर दक्षिण मुंबई के अहम इलाकों में। मतगणना जारी है और हर वॉर्ड के नतीजे धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही बीएमसी पर नियंत्रण की लड़ाई और तेज हो गई है।
छत्रपति संभाजीनगर की 115 सीटें पर हुए मतदान के बाद आज सामने आए रुझानों में भाजपा+ 41 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना (यूबीटी)+ 10, कांग्रेस+ 3, एनसीपी+ 2 और अन्य 14 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
हालांकि नासिक में मुकाबला कुछ हद तक बराबरी का दिख रहा है। भाजपा+ 12, शिवसेना (यूबीटी)+ 9, एनसीपी+ 11 और अन्य 4 सीटों पर आगे हैं।
अब तक के रुझानों में नागपुर में भी भाजपा का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। यहां भाजपा गठबंधन 106 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस+ 29 सीटों, शिवसेना (यूबीटी)+ 1, एनसीपी+ 2 और अन्य 5 सीटों पर आगे हैं।
ठाणे में भाजपा गठबंधन 29 सीटों पर आगे है। शिवसेना (यूबीटी)+ 5, एनसीपी+ 4 और अन्य 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
पुणे में भाजपा गठबंधन 92 सीटों पर आगे है। कांग्रेस+ 4 और एनसीपी+ 8 सीटों पर आगे हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी)+ का अब तक खाता नहीं खुला है।
महाराष्ट्र की प्रमुख महानगरपालिकाओं में चुनावी रुझान सामने आ चुके हैं। इन शुरुआती आंकड़ों में भाजपा और उसके सहयोगी दल (भाजपा+) कई शहरों में साफ बढ़त बनाए हुए हैं।मुंबई महानगरपालिका में भाजपा+ 121 सीटों पर आगे चल रही है। शिवसेना (यूबीटी)+ 67 सीटों पर, कांग्रेस+ 10, एनसीपी+ 2 और अन्य 24 सीटों पर आगे हैं।
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में अलग-अलग शहरों में अलग-अलग दल आगे चल रहे हैं।
मुंबई: भाजपा आगे
पुणे: भाजपा आगे
कल्याण-डोंबिवली: शिंदे गुट की शिवसेना आगे
ठाणे: शिंदे गुट की शिवसेना आगे
नवी मुंबई: भाजपा आगे
मीरा-भायंदर: भाजपा आगे
उल्हासनगर: भाजपा आगे
वसई-विरार: भाजपा आगे
भिवंडी: कांग्रेस आगे
पनवेल: भाजपा आगे
नागपुर: भाजपा आगे
पिंपरी-चिंचवड़: भाजपा आगे
नासिक: भाजपा आगे
छत्रपति संभाजी नगर: भाजपा आगे
कोल्हापुर: कांग्रेस आगे
सांगली-मिरज-कुपवाड़: भाजपा आगे
सोलापुर: भाजपा आगे
मालेगांव: शिंदे गुट की शिवसेना आगे
अहिल्यानगर: एनसीपी (अजित पवार गुट) आगे
जलगांव: भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना आगे
धुले: भाजपा आगे
इचलकरंजी: भाजपा आगे
नांदेड़: भाजपा आगे
परभणी: मतगणना जारी
जालना: भाजपा आगे
लातूर: कांग्रेस आगे
अमरावती: भाजपा आगे, कांग्रेस से कड़ा मुकाबला
अकोला: भाजपा आगे
चंद्रपुर: कांग्रेस आगे
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में AIMIM ने मुंबई की बीएमसी में पहली बार सीट जीत ली है। पार्टी की उम्मीदवार मेहजबीन खान ने वॉर्ड नंबर 134 से जीत दर्ज की। यह AIMIM के लिए बीएमसी चुनाव में पहली जीत मानी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि मुंबई का अगला मेयर महायुति गठबंधन से होगा और वह मराठी भाषी होगा। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे 25–30 साल तक सत्ता में इसलिए रहे क्योंकि वह भाजपा के साथ गठबंधन में थे। आठवले ने बताया कि उनकी पार्टी आरपीआई (ए) साल 2012 से उद्धव ठाकरे के साथ थी, इसी वजह से वह सत्ता में बने रहे। लेकिन अब न तो बीजेपी और न ही आरपीआई (ए) उनके साथ है।
रामदास आठवले ने यह भी कहा कि अब उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे के साथ गठबंधन किया है, जिससे कुछ मराठी इलाकों में उन्हें फायदा मिल सकता है, लेकिन ज्यादातर सीटें महायुति गठबंधन को ही मिलेंगी। उन्होंने दोहराया कि मुंबई का मेयर महायुति से ही बनेगा और वह मराठी बोलने वाला होगा।
बीएमसी चुनाव परिणामों की घोषणा लगातार जारी है। अब तक 227 में से 151 वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं। ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा 66 वार्डों में आगे चल रही है। इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) 53 वार्डों, शिवसेना 20 वार्डों, कांग्रेस 5 वार्डों और मनसे 5 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं अन्य उम्मीदवार 2 वार्डों में आगे चल रहे हैं।
पुणे नगर निगम चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार भाजपा 60 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं एनसीपी 7 सीटों पर और कांग्रेस 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना (यूबीटी) और शिवसेना अब तक कोई भी सीट नहीं जीत पाई हैं।
वहीं मुंबई में भाजपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। वॉर्ड नंबर 2 से तेजस्विनी घोसालकर और वॉर्ड नंबर 214 से अजित पाटिल ने जीत दर्ज की। घोसालकर को 16,484 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर शिवसेना (यूबीटी) की धनश्री विलास कोलगे को 5,729 वोट मिले।
मुंबई नगर निगम चुनाव में अब तक छह उम्मीदवारों को विजेता घोषित किया गया है। शिवसेना ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें रेखा यादव ने वॉर्ड नंबर 1 से जीत हासिल की और वह नगर निगम में जीतने वाली पहली उत्तर भारतीय महिला उम्मीदवार बनीं। वहीं वॉर्ड नंबर 51 से वर्षा तांबवलकर और वॉर्ड नंबर 163 से शैला लांडे विजयी रहीं।
मुंबई में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) 53 वार्ड में आगे है, जबकि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) 5 वार्ड में बढ़त बनाए हुए है।
मुंबई के कुर्ला वेस्ट वॉर्ड नंबर 165 में नवाब मलिक के भाई कप्तान मलिक चुनाव हार गए। यह सीट कांग्रेस के अशरफ आजमी ने जीत ली।
कांग्रेस की आशा दीपक काले ने कहा कि उनकी इस जीत में हमारी सांसद वर्षा गायकवाड़ और विधायक ज्योति गायकवाड़ का समर्थन सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि उनके आशीर्वाद से हमने यह सीट जीती है। यह हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है।
नवी मुंबई के नगर निगम चुनाव में शुरुआती रुझानों में भाजपा 111 वार्ड में से 29 वार्ड में आगे चल रही है। शिवसेना दूसरे नंबर पर है और 27 वार्ड में बढ़त बनाए हुए दिख रही है।
बीएमसी में कांग्रेस उम्मीदवार आशा काले ने वॉर्ड 183 से जीत हासिल की।
छत्रपति संभाजी नगर, महाराष्ट्र में मतगणना के दौरान एक घटना हुई है। इस बारे में पुलिस कमिश्नर प्रवीण पवार ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों, पुलिस और शिवसेना नेताओं के बयान को ध्यान में रखते हुए जांच की जाएगी और फिर कार्रवाई की जाएगी। सब कुछ गंभीरता से देखा जाएगा।
छत्रपति संभाजी नगर में मतगणना के दिन महाराष्ट्र मंत्री संजय शिरसाट ने आरोप लगाया कि जब उनके कार्यकर्ता मतदान केंद्र में जा रहे थे, तब लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने उन पर लाठीचार्ज किया और कई घायल हुए। मंत्री ने कहा कि पुलिस अपनी ताकत अपराधियों पर दिखाए, न कि कार्यकर्ताओं पर। शिरसाट ने कगहा कि यह शक्ति का दुरुपयोग है। हम इसके खिलाफ एमएलसी दर्ज कराएंगे।
इस दौरान महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी चुनाव आयोग पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुंबई के चुनाव में वोट देने के बाद अधिकारियों द्वारा लगाए जाने वाले स्याही पेन से अंगुली पर लगने वाला निशान आसानी से सैनिटाइजर से मिटाया जा सकता है। उन्होंने यह बात 227 वार्ड वाले बीएमसी चुनाव में मतदान के बाद प्रेस से कही। हालांकि, राज्य चुनाव आयोग ने राज ठाकरे के आरोप को खारिज कर दिया।
महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। ऐसे में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह कर रहा है, और इसे लोकतंत्र में भरोसे की गिरावट बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि चुनाव आयोग द्वारा जनता को भ्रमित करना हमारे लोकतंत्र में भरोसे की कमी का कारण है। वोट चोरी एक देश विरोधी कृत्य है।
महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों के शुरुआती रुझानों में भाजपा नेतृत्व वाली महायुति 370 वार्ड में आगे चल रही है। इसमें भाजपा अकेले 297 वार्ड में बढ़त पर है, जबकि शिवसेना 73 वार्ड में अपना दबदबा बनाए हुए दिख रही है। इन शुरुआती रुझानों से साफ है कि भाजपा गठबंधन राज्य के कई नगर निगमों में मजबूत स्थिति में है।
बीएमसी समेत महाराष्ट्र के सभी निगमों में चल रही मतगणना के रुझानों भाजपा गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। ऐसे में पुणे महापालिका चुनावों की मतगणना के दौरान महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि लोग उनके किए गए काम को देखकर भरोसा कर रहे हैं, सिर्फ चुनावी भाषणों पर नहीं। उन्होंने कहा कि हमने लोगों के मन में ये सवाल उठाया कि अगर शिवसेना (यूबीटी) विकास करना चाहती थी, तो पहले क्यों नहीं किया? हमनें कोविड-19 के दो और आधे साल के दौरान भी बहुत काम किया।
पाटिल ने आगे कहा कि चाहे ठाकरे भाई एक हों या कांग्रेस और एनसीपी मिलें, ये जनता के हित में नहीं है। लोगों ने समझ लिया है कि ये सब केवल अपने स्वार्थ के लिए है। उन्होंने पार्टी की जीत के रुझान बताते हुए कहा कि मुंबई में भाजपा को 90 और शिवसेना को 40 सीटें मिलेंगी। ये संख्या बढ़ सकती है, लेकिन कम नहीं होगी। पुणे में हम 115 सीटों से कम नहीं पाएंगे।
नागपुर में हुए चुनाव के रुझानों में भाजपा ने 40 सीटों पर अपनी मजबूत बढ़त बनाई है। वहीं कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपनी बढ़त बना रखी है।
बीएमसी चुनाव के रुझानों में भाजपा गठबंधन 50 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी)+ 26 सीटों पर आगे चल रही है।
महाराष्ट्र की नगरपालिका चुनावों की मतगणना शुरू होते ही शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शाइना एनसी ने शुक्रवार को कहा कि एक्जिट पोल केवल ट्रेलर हैं और असली तस्वीर कुछ ही घंटों में सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल सिर्फ ट्रेलर हैं। परिणाम दो घंटे में आ जाएंगे। जनता ने 29 नगर निगमों के लिए विकास और एकनाथ शिंदे के काम को देखकर अपना फैसला किया है।
शाइना ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम वोटर तय करते हैं, किसी कहानी या बयान से नहीं। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को अपना स्क्रिप्ट राइटर बदलना चाहिए और कोई दूसरा बहाना तलाशना चाहिए। जीत और हार का फैसला जनता करती है।
संभाजीनगर में भाजपा 4 सीटों पर आगे है, शिवसेना (यूबीटी) 3 सीटों पर, कांग्रेस 1 सीट पर और अन्य पार्टियों ने 5 सीटों पर बढ़त बनाई है।
पुणे नगर निगम में भाजपा ने 4 सीटों पर बढ़त बनाई है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) और अन्य पार्टियों का फिलहाल कोई कब्जा नहीं है। ठाणे में भाजपा ने 15 सीटों पर बढ़त हासिल की है। नागपुर में भी भाजपा ने 12 सीटों पर बढ़त बनाई है। नासिक में किसी भी पार्टी की बढ़त नहीं देखी गई।
स्थानीय निकाय चुनावों के ताजा रुझानों में भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) की मजबूती दिखाई दे रही है। बीएमसी में भाजपा ने 35 सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) 24 सीटों पर आगे है। कांग्रेस और एनसीपी फिलहाल किसी भी सीट पर नहीं दिख रही हैं।
बीएमसी चुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार को मुंबई के विभिन्न काउंटिंग सेंटरों में शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 12 वार्डों में बढ़त बनाई है। इन नतीजों से 227 सदस्यीय बीएमसी के गठन का फैसला होगा।
ठाणे नगर निगम के शुरुआती रुझान सामने आए, जिसमें भाजपा को बढ़त मिलती हुई दिख रही है।
बीएमसी समेत 29 महानगर पालिकाओं पर मतगणना शुरू
बीएमसी चुनाव के मतगणना के लिए मुंबई में कड़े इंतजाम किए गए हैं। बीएमसी ने बताया कि मतगणना को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कुल 2,299 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसमें 759 सुपरवाइजर, 770 सहायक और 770 क्लास IV कर्मचारी शामिल हैं। सभी कर्मचारियों को पहले से प्रशिक्षण दिया गया है।
मतगणना के नतीजे कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से तैयार किए जाएंगे, ताकि परिणाम सटीक और पारदर्शी रहें। इसके अलावा मतगणना केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। मुंबई के 23 काउंटिंग केंद्रों में इन सभी इंतजामों को पूरा किया गया है ताकि मतगणना प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो सके।
मुंबई नगर निगम चुनाव में इस बार 52.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पिछली बार 2017 में यह मतदान प्रतिशत 55.53 प्रतिशत था। यानी इस बार मतदान की दर पिछले चुनाव की तुलना में थोड़ी कम रही।
बीएमसी चुनावों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि ठाकरे परिवार के एकजुट होने से पार्टी की ताकत बढ़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले नतीजे उनके पक्ष में होंगे और पार्टी चुनाव में अच्छे प्रदर्शन करेगी।
महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि अभी जो सर्वे या एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं, वे सटीक परिणाम नहीं बताते। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में कई बार अलग नतीजे दिखाए जाते रहे हैं और अंत में असली परिणाम कुछ और ही निकलता है। वारिस पठान ने बताया कि कल मतगणना होगी और कल शाम तक सभी नतीजे स्पष्ट हो जाएंगे कि कौन जीता और कौन हारा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता ने उन्हें अपने वोटों से आशीर्वाद दिया है और पार्टी इस चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करेगी।
मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव की मतगणना आज सुबह 10 बजे से 23 निर्धारित केंद्रों पर शुरू हो जाएगी। नगर आयुक्त और जिला चुनाव अधिकारी भूषण गागरानी ने बताया कि मतगणना पूरी तरह से चुनाव आयोग द्वारा जारी नियमों और मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुसार की जाएगी। बीएमसी ने बताया कि 227 वार्डों के लिए 23 रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक रिटर्निंग ऑफिसर के अंतर्गत काउंटिंग केंद्र और स्ट्रांग रूम तैयार किए गए हैं, जिन्हें लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग से अनुमोदन भी मिला है।
मुंबई में बीएमसी चुनावों को लेकर मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है। सायन कोलीवाड़ा स्थित बीएमसी स्कूल के बाहर सुबह से ही हलचल देखने को मिल रही है। यह केंद्र उन 23 मतगणना केंद्रों में से एक है, जहां आज वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। सभी केंद्रों पर सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव नतीजों पर सभी दलों और उम्मीदवारों की नजर बनी हुई है।
महाराष्ट्र में 29 नगर निकाय के 893 वार्डों की 2,869 सीटों पर 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होना है। निकाय चुनाव के लिए मतगणना सुबह 10:30 बजे शुरू होगी।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के बाद जारी हुए अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। बीएमसी चुनाव में भी भाजपा को ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। अगर एग्जिट पोल के आंकड़े नतीजों में बदलते हैं, तो बीएमसी में शिवसेना यूबीटी का किला ढह जाएगा।
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव को लेकर सामने आए ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना (शिंदे) के गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के गठबंधन को बड़ा झटका लगता दिख रहा है। एग्जिट पोल में कांग्रेस और अजित पवार की एनसीपी भी पिछड़ती दिख रही है।