07:22 PM, 23-Apr-2024
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने विपक्षी नेताओं की सिंधुदुर्ग में रैली से पहले चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दी तो उसे घर लौटने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी के सांसद संजय राउत पर भी निशाना साधा। कहा कि दोनों पीएम मोदी की आलोचना करते हैं, लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आता कि वह किस बारे में बात कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नारायण राणे ने सोमवार को सिंधुदुर्ग जिले में एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मुझे पता चला है कि विपक्षी दल जल्द ही सिंधुदुर्ग में एक रैली आयोजित करेंगे। यह लोकतंत्र का हिस्सा है, इसलिए उनका यहां स्वागत है। लेकिन, किसी ने भी हमारे नेता पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया तो हम उस व्यक्ति को वापस लौटने नहीं देंगे।
राणे का दावा, सीएम पद के लिए बालासाहेब की पसंद नहीं थे उद्धव
शिवसेना छोड़ने वाले भाजपा नेता राणे ने दावा किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए उद्धव कभी भी अपने पिता बाल ठाकरे की पसंद नहीं थे। अगर, उद्धव उनकी पसंद होते, तो बालासाहेब 1999 में ही उन्हें मेरी जगह सीएम बना देते। कहा कि उद्धव जीरो परफॉर्मेंस वाले व्यक्ति हैं।
उद्धव पर वैक्सीन खरीद में 15 प्रतिशत कमीशन प्राप्त करने की कोशिश का आरोप
केंद्रीय मंत्री राणे ने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के दौरान, तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने वैक्सीन खरीद पर 15 प्रतिशत कमीशन प्राप्त करने की कोशिश की थी। उनकी सरकार के ऐसे भ्रष्टाचार की जांच चल रही थी। बता दें कि 2005 में उद्धव ठाकरे से अनबन के बाद राणे ने शिवसेना छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। वह एक साल से भी कम समय के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं।