फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election 2024 Live: नड्डा का दावा- पीएम मोदी ने बदली सियासी संस्कृति; कांग्रेस बोली- BJP की विदाई तय

Sun, 28 Apr 2024 11:35 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। बता दें, सात मई को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होना है। 
 
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:34 PM, 28-Apr-2024

असम सीएम ने किया डांस 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम के कोकराझार में एक सार्वजनिक सभा के दौरान बारिश में नृत्य किया।

11:33 PM, 28-Apr-2024

भाजपा से गुना लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी ने खाया पान
मध्यप्रदेश के शिवुपरी जिले के कोलारस बस स्टैंड से गुजरते समय केंद्रीय मंत्री और भाजपा से गुना लोकसभा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने क्षेत्र के प्रसिद्ध पान और मिठाइयों का आनंद लिया। 

09:51 PM, 28-Apr-2024

कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की सूची
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने ओडिशा में दो उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसके अलावा, पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की है। 

विज्ञापन
09:46 PM, 28-Apr-2024

'बीजेपी नहीं, पांडियन आपको इस चुनाव में खत्म कर देंगे': बिप्लब देब 
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने रविवार को बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भाजपा नहीं बल्कि उनके ही सहयोगी वीके पांडियन इस चुनाव में खत्म कर देंगे। बरहामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के पिता बीजू पटनायक जीवित होते तो वे यह देखकर दुखी होते कि राज्य एक बाहरी व्यकित चला रहा है। ओडिशा के लोगों ने आपको सम्मान दिया है लेकिन आप उनके साथ न्याय नहीं कर रहे। 

08:36 PM, 28-Apr-2024

कांग्रेस पर बरसे हर्ष सांघवी
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि चुनावी सीजन आते ही कांग्रेस को गरीब, आदिवासी, दलित दिखने लग जाते हैं। आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार का कांग्रेस ने विरोध किया था। कांग्रेस ने खूब प्रयास किए कि वे आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनाने रोक लें। जब-जब चुनाव आते हैं तब-तब ये सभी समाजों के मसीहा बनने का प्रयास करते हैं। 

 

विज्ञापन
08:00 PM, 28-Apr-2024

पीएम मोदी की विदाई तय
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए आरोप के संबंध में रविवार को पलटवार करते हुए कहा कि वह सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के लिए पूर्व कांग्रेस प्रमुख के हर बयान को ''दुर्भावनापूर्ण तरीके से तोड़-मरोड़कर पेश'' करते हैं। विपक्षी दल की टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रविवार को राहुल गांधी पर भारत के राजाओं और महाराजाओं का अपमान करने, लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति की खातिर नवाबों, निजामों, सुल्तानों और बादशाहों द्वारा किए गए अत्याचारों पर एक भी शब्द नहीं बोलने का आरोप लगाए जाने के बाद आई।

प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी ने सारी हदें पार कर दी हैं। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वह सांप्रदायिक पूर्वाग्रहों और भावनाओं को भड़काने के लिए राहुल गांधी के हर बयान को दुर्भावनापूर्ण तथा शरारतपूर्ण तरीके से तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं।’’ उन्होंने कहा, "उनकी (मोदी) विदाई तय है तथा इसका एहसास उन्हें और अधिक हताश कर रहा है। उनके प्रचार भाषण वास्तव में शर्मनाक हैं।"

07:51 PM, 28-Apr-2024

बंगाल में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा को किया संबोधित
बंगाल के नादिया में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 80 करोड़ लोगों को 5 किलो गेंहू, 5 किलो चावल और एक किलो दाल देने का निर्णय किया है। भाजपा बंगाल के 6 करोड़ लोगों को यह सुविधा दे रही है। लेकिन TMC के कटमनी वाले कार्यकर्ता, टोलागिरी वाले कार्यकर्ताओं ने आपका चावल चोरी कर लिया।
 

07:35 PM, 28-Apr-2024

ओडिशा में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत में राजनीति की संस्कृति, प्रकृति और परिभाषा बदल दी है।
 

07:05 PM, 28-Apr-2024

कलाकारों के साथ थिरकीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक चुनावी कार्यक्रम में कलाकारों के साथ नृत्य किया। चुनावी कार्यक्रम बंगाल के मालदा उत्तर में आयोजित किया था।
 

04:22 PM, 28-Apr-2024

कांग्रेस ने केरल सरकार पर लगाए कुप्रबंधन के आरोप
कांग्रेस ने रविवार को 26 अप्रैल को हुए मतदान में कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी व्यापक जांच शुरू करने का आग्रह किया। ईसीआई को लिखे पत्र में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीसन ने आरोप लगाया कि केरल में मतदान के दौरान कुप्रबंधन हुआ, जिस वजह से कई बूथों पर मतदान शुरू होने में देरी हुई। मतदाताओं को अपनी बारी के लिए साढ़े चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

04:18 PM, 28-Apr-2024

कांग्रेस-सीपीएम भाजपा की मदद कर रही हैं- ममता बनर्जी 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सीपीआई (एम) राज्य में भाजपा की मदद कर रहे हैं। मालदा जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कांग्रेस के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं है। सीपीएम और कांग्रेस गठबंधन में हैं। दोनों बीजेपी के साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी भाजपा के खिलाफ लड़ रही है। चुनाव के बाद केंद्र में सत्ता हासिल करने के लिए इंडी गठबंधन मुख्य भूमिका निभाएगी। 

02:24 PM, 28-Apr-2024

प्रभु राम के लिए 500 साल तक लड़ाई लड़ी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'मेरे और आपके पूर्वजों ने अयोध्या में प्रभु राम के लिए 500 साल तक लड़ाई लड़ी। ये छोटा काल नहीं है। लाखों लोग मौत के घाट उतार दिए गए। देश आजाद होने के दूसरे ही दिन प्रभु श्री राम का मंदिर बनाने का निर्णय होना चाहिए था... लेकिन उन्होंने नहीं किया। ऐसा काम करने के लिए छप्पन इंच का सीना लगता है। तब जाकर 500 साल का सपना, 500 साल का इंतजार समाप्त होता है। लेकिन ये तब होता है जब आपके वोट की ताकत मिलती है।'

02:23 PM, 28-Apr-2024

भाजपा सरकार 'विकास भी, विरासत भी' मंत्र को लेकर चलती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिर्सि में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आपके आशीर्वाद ने ही 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा-एनडीए की मजबूत सरकार देश में बनाई। हमने देश के विकास के साथ ही स्थानीय अभिव्यक्तियों को पूरा करने के लिए भी पूरी ईमानदारी से काम किया। यहां उत्तर कन्नड़ा में घर, बिजली और पानी जैसी योजनाओं पर एनडीए सरकार ने बहुत काम किया है... भाजपा सरकार 'विकास भी, विरासत भी' इस मंत्र को लेकर चलती है।'

01:52 PM, 28-Apr-2024

यह देश नहीं टूटा बल्कि और मजबूत हुआ: राज्यवर्धन राठौड़
भाजपा नेता व राजस्थान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, 'इस देश में देश को तोड़ने वाली ताकतें हैं और बहुत लंबे समय से वे देश को तोड़ने में लगी हैं लेकिन यह देश नहीं टूटा बल्कि और मजबूत हुआ क्योंकि यहां देशभक्त रहते हैं। देशभक्ति के नाम पर ही माधवी लता असदुद्दीन ओवैसी के गढ़ में उन्हें चुनौती देने निकली हैं।'

01:27 PM, 28-Apr-2024

पूरा का पूरा फायदा मुट्ठी भर लोगों का होता है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'जैसे PM नरेंद्र मोदी ने 22-25 अरबपतियों की सरकार वहां (केंद्र) चलाई वैसे ही यहां नवीन पटनायक चुने हुए लोगों की सरकार चलाते हैं। पूरा का पूरा फायदा मुट्ठी भर लोगों का होता है और बाकी जनता देखती रह जाती है... तेलंगाना में भाजपा और BRS की शादी थी। वहां पर हर रोज उनकी बारात निकलती थी... कांग्रेस पार्टी ने तेलंगाना में दिखाया कि भाजपा और BRS एक हैं और अगर विपक्ष का कोई काम कर रहा है तो वो कांग्रेस पार्टी कर रही है।'

12:51 PM, 28-Apr-2024

यह टुकड़े-टुकड़े पार्टी: शहजाद पूनावाला
दिल्ली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'एक तरफ PM मोदी के नेतृत्व में मिशन और विजन वाली पार्टी और गठबंधन है और दूसरी तरफ एक ऐसा गठबंधन है जिसके भीतर ही विभाजन, असमंजस है और यह टुकड़े-टुकड़े पार्टी है। आज अरविंदर सिंह लवली ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। इन्होंने दिल्ली से ऐसे प्रत्याशियों को उतारा जिनका न ही दिल्ली और न ही उनकी पार्टी से कोई वास्ता था... जिस आम आदमी पार्टी का जन्म कांग्रेस को खत्म करते हुए हुआ... जिनके साथ पंजाब में कुश्ती है उनके साथ दिल्ली में मोहब्बत है... इसे जनता समझ रही थी और अब कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भी इससे तंग आकर अपनी निराशा को बयान कर रहे हैं इसलिए इस गठबंधन में जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कलेश ही चलता है।'

11:31 AM, 28-Apr-2024

कांग्रेस में सब ठीक-ठाक नहीं: आरपी सिंह
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे पर भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा, 'कांग्रेस में सब ठीक-ठाक नहीं है। कांग्रेस में एक परिवार ही सब कुछ चलाना चाहता है और परिवार ही सब कुछ चलाना चाहता है, जिससे जमीनी नेता तंग हैं.... दिखाई देता है कि कल तक वे(कांग्रेस) जिन लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते थे आज वे उन्हीं लोगों के साथ समझौता करके चुनाव लड़ रहे हैं। ये कैसे संभव है? साफ दिखाई दे रहा है कि वहां लोगों को घुटन हो रही है इसलिए वे इस्तीफा दे रहे हैं।'

10:50 AM, 28-Apr-2024

मेरा एक नया जीवन शुरू होने जा रहा: उज्ज्वल निकम
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा उम्मीदवार उज्ज्वल निकम ने कहा, 'मेरा एक नया जीवन शुरू होने जा रहा है जो राजनीतिक जीवन है। अब तक मैं कोर्ट में न्याय के लिए लड़ाई लड़ता था... मैंने सोचा कि संसद ही एक ऐसा मार्ग है जिससे हम आम आदमी की सेवा कर सकते हैं।'

10:45 AM, 28-Apr-2024

भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं: सौगत रॉय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर दिए गए बयान पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, 'क्या वे (जेपी नड्डा) मायने रखते हैं? वे प्रभावी नहीं हैं। वह अपना राज्य नहीं जीत सके। 294 में से सिर्फ एक निर्वाचन क्षेत्र में शेख शाहजहां हैं। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। हम बस इतना कहना चाहते हैं कि इस मामले में कानून को अपना काम करने दें।'

10:28 AM, 28-Apr-2024

अहमदाबाद से सूरत तक कार रैली
भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा, 'आज अहमदाबाद से सूरत तक कार रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें करीब 100 कारें हिस्सा लेंगी। यह रैली रात तक सूरत पहुंचेगी। कई देशों, अमेरिका, कनाडा, यूरोपीय देशों के लोग आए हैं।'
 

10:11 AM, 28-Apr-2024

अरविंदर सिंह लवली ने इस्तीफा दिया
अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। अरविंदर सिंह लवली ने लिखा, 'दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में आप के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।'

10:06 AM, 28-Apr-2024

एनआरआई निकालेंगे कार रैली
विदेशों में रह रहे भारतीयों (एनआरआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अहमदाबाद से गुजरात के सूरत तक एक कार रैली निकालेंगे। रैली का आयोजन भाजपा के विदेश मामलों के विभाग की ओर से किया जा रहा है। 

10:06 AM, 28-Apr-2024

गृहमंत्री अमित शाह यहां करेंगे जनसभा
इटावा और मैनपुरी सीटों पर बीते 12 दिनों से चुनावी घमासान मचा हुआ है। वहीं, इस सबके बीच मैनपुरी की किशनी और इटावा शहर स्थित नुमाइश पंडाल में आज गृहमंत्री अमित शाह जनसभा करके दोनों सीटों के प्रत्याशियों को मजबूती का प्रयास करेंगे।
 

10:06 AM, 28-Apr-2024

यहां गरजेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तर कर्नाटक क्षेत्र में बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में चार रैलियों को संबोधित करेंगे।
 

09:59 AM, 28-Apr-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: नड्डा का दावा- पीएम मोदी ने बदली सियासी संस्कृति; कांग्रेस बोली- BJP की विदाई तय

पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। बता दें, सात मई को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होना है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें