महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीएम मोदी को 'विकास पुरुष' बताया है। उन्होंने दावा किया कि 2024 का लोकसभा चुनाव नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'खिचड़ी युति' के बीच लड़ाई है। फडणवीस ने कहा कि यह ग्राम पंचायत चुनाव नहीं है। यह लोकसभा के लिए है। यह अगले पांच वर्षों के लिए सरकार चुनने के लिए है और इससे देश की प्रगति का भविष्य का रास्ता तय होगा।
कर्नाटक : पूर्व मुख्यमंत्री बोम्मई और उनके परिवार की कुल 54 करोड़ रुपये की संपत्ति
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और उनके परिवार की कुल संपत्ति 53.95 करोड़ रुपये की है। इसमें हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के तहत विरासत में मिली संपत्ति भी शामिल है। बोम्मई ने सोमवार को हावेरी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र के साथ जमा अपने हलफनामे में यह जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की है कि उनके नाम पर कुल 6.12 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी चन्नाम्मा 1.32 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं।
इसके साथ ही बोम्मई के पास एचयूएफ के तहत भी 1.49 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी बेटी अदिति बोम्मई के नाम 1.53 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। हलफनामा के मुताबिक, बोम्मई के पास 23.45 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और एचयूएफ के तहत 20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनपर निजी तौर पर 5.31 करोड़ रुपये की देनदारी है, जबकि एचयूएफ के तहत 15 लाख रुपये की देनदारी है।
10 साल पहले राजनीति उदासीनता से भरी हुई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मसूरी में सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा, '10 साल पहले राजनीति उदासीनता से भरी हुई थी, सामान्य मानव कहता था कि राजनीति से कुछ नहीं बदलेगा। यहां कुछ बदलने वाला नहीं है। हम भगवान भरोसे हैं। 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की परिभाषा, राजनीति की संस्कृति, राजनीति का तौर-तरीका और राजनीतिक दृष्टि से संकल्प की परिभाषा बदल दी है।'
केरल का ये नया वर्ष, एक नया आरंभ लेकर आया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलक्कड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आप सबका ये जनसमर्थन और प्रेम देख कर मैं विश्वास से कह सकता हूं केरल का ये नया वर्ष, एक नया आरंभ लेकर आया है। ये नववर्ष केरल के विकास का वर्ष होगा, ये नववर्ष नई राजनीति के आरंभ का वर्ष होगा। अब केरल संसद में अपनी मजबूत आवाज भेजेगा। इसलिए आज केरल भी कह रहा है, फिर एक बार, मोदी सरकार।'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कठुआ में जनसभा आज
भाजपा के स्टार प्रचारक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बसोहली के रामलीला मैदान में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राजनाथ सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बसोहली पहुंचेंगे। पुलिस ने जनसभा को लेकर सुरक्षा काफी कड़ी कर दी है।