सीएम खांडू ने व्यक्त किया आभार
अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू ने ट्वीट कर कहा कि मैं अरुणाचल प्रदेश के महान लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। मैं जनता को आश्वस्त करता हूं कि भाजपा सरकार सभी चुनावी वादों को पूरा करने के लिए काम करेगी।
संदेशखाली में फिर झड़प
संदेशखाली में एक बार फिर पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प हो गई। दरअसल, पुलिसकर्मियों पर हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने जब पहुंची तो अगरहाटी गांव में स्थानीय महिलाओं ने रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के कर्मियों के साथ हाथापाई की। लोगों ने क्षेत्र के पेड़ों की टहनियां गिरा दीं और सड़कों को अवरुद्ध कर दिया गया। बशीरहाट पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। हमने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता से मांगा जवाब
भारत के चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश से जवाब तलब किया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर रमेश ने आरोप लगाया था कि गृहमंत्री अमित शाह ने मतगणना से कुछ दिन पहले 150 जिला मजिस्ट्रेटो को फोन किया है। चुनाव आयोग ने रमेश से तथ्यात्मक जानकारी और विवरण मांगा है। आयोग ने उन्हें दो जून की शाम तक का समय दिया है।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं पोल के अनुमानों से आश्वस्त नहीं हूं। कर्नाटक में हमने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले 40 सालों के मेरे अनुभव के अनुसार, कर्नाटक में कोई मोदी लहर नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों, कांग्रेस विधायक दल के नेताओं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, 'पिछली बार भी एग्जिट पोल काफी हद तक ऐसे ही थे, लेकिन भाजपा को हमेशा एग्जिट पोल से ज्यादा सीटें मिली हैं। हमने जो कहा है (400 से ज्यादा) वो हमें मिलेगा।'
पीएम मोदी पर जयराम रमेश का हमला
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को एक बार फिर पीएम मोदी को निशाना बनाया। उन्होंने एक्जिट पोल को सुनियोजित बताया। साथ ही इंडी गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा कि मौजूदा प्रधानमंत्री मोदी तीन दिनों तक 'आत्ममुग्ध' बने रह सकते हैं। उन्होंने एक्स पर कहा, 'जिस शख्स का चार जून को बाहर निकलना निश्चित है, उसने ये एग्जिट पोल सुनियोजित किए हैं। इंडी जनबंधन को निश्चित रूप से न्यूनतम 295 सीटें मिलेंगी, जो स्पष्ट और निर्णायक बहुमत है। प्रधानमंत्री इस बीच तीन दिनों तक आत्ममुग्ध रह सकते हैं। ये सभी मनोवैज्ञानिक खेल हैं जिसके वह मास्टरमाइंड हैं, लेकिन वास्तविक परिणाम बहुत अलग होंगे।'
Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: देश में इन दिनों लोकसभा चुनाव चल रहे हैं। सभी सात चरणों के मतदान हो गए हैं। सातवें और अंतिम चरण का मतदान एक जून को हुआ था। अब सबकी निगाहें चार जून पर बनी हुई हैं। इस दिन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।