गुवाहाटी में महिलाओं के लिए होंगे 100 से अधिक मतदान केंद्र
आगामी आम चुनाव के दौरान गुवाहाटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 100 से अधिक महिला मतदान केंद्र होंगे। गुवाहाटी के रिटर्निंग ऑफिसर सुमित सत्तावन ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाता अधिक हैं। आने वाले दिनों में यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र में तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। यहां कामरूप मेट्रोपॉलिटन, कामरूप और गोलपारा जिलों में 2,181 मतदान केंद्र हैं, जो फैले हुए हैं। उनमें से हमारे पास 102 पूर्ण महिला मतदान केंद्र होंगे। इन बूथों का सारा स्टाफ महिलाएं होंगी। इसके अलावा हमारे निर्वाचन क्षेत्र में 15 मॉडल मतदान केंद्र भी होंगे। गुवाहाटी लोकसभा सीट में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं।
कांग्रेस नेता की पत्नी मोनिदिपा शेरखेल बीजेडी में शामिल
पारादीप-एरास्मा औद्योगिक विकास परिषद की कार्यकारी अध्यक्ष मोनिदीपा शरखेल और पारादीप नगर पालिका की उपाध्यक्ष छबीलता राउत नौ पार्षदों के साथ रविवार को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल(बीजेडी) में शामिल हो गए। मोनिदिपा पारादीप प्रमुख कांग्रेस नेता बापी शार्केल की पत्नी हैं। मोनिदिपा और राउत सैकड़ों भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होने के कार्यक्रम के लिए शहर के बीजेडी कार्यालय आए। मोनिदिपा ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की विकास गतिविधियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुईं। बीजेडी ने कहा कि मोनिदीपा के शामिल होने से पारादीप क्षेत्र में पार्टी मजबूत होगी।
वाम मोर्चा ने पूर्वी त्रिपुरा लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा
वाम मोर्चा ने रविवार को घोषणा की कि पूर्व सीपीआई (एम) विधायक राजेंद्र रियांग पूर्वी त्रिपुरा लोकसभा क्षेत्र के लिए उसके उम्मीदवार होंगे और पूर्व सीपीआई (एम) विधायक रतन दास को रामनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी मैदान में उतारा, जहां दिसंबर में भाजपा विधायक सुरजीत दत्ता की मृत्यु के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था।
पूर्वी त्रिपुरा लोकसभा सीट के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा जबकि रामनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 19 अप्रैल को होगा। वाम मोर्चा के संयोजक नारायण कर ने कहा कि देश में लोकतंत्र बहाल करने के लिए हम 'इंडिया' गठबंधन के बैनर तले लोकसभा चुनाव और उपचुनाव लड़ेंगे।
आरपीआई(ए) को महाराष्ट्र में दो सीटें मिलने की उम्मीद- अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रविवार को कहा कि उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) को महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में दो सीटें मिलने की उम्मीद है लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह राजग नहीं छोड़ेंगे। अठावले, जिनकी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में एक घटक है, नागपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। अठावले ने कहा कि उनकी पार्टी शिरडी और सोलापुर लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने की उम्मीद कर रही है।
असम की 75 से अधिक प्रमुख हस्तियों ने भाजपा को हराने के मकसद से कांग्रेस से आगामी लोकसभा चुनाव में बारपेटा निर्वाचन क्षेत्र से लड़ने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। इसके बजाय, उन्होंने कांग्रेस से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के उम्मीदवार का समर्थन करने का आग्रह किया है।
शनिवार को राज्य के प्रमुख बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और सांस्कृतिक हस्तियों की ओर से हस्ताक्षरित एक पत्र में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष भूपेन कुमार से यह अनुरोध किया गया। इस पत्र की एक प्रति एआईसीसी को भी भेजी गई। मीडिया के साथ साझा किए गए पत्र में भाजपा विरोधी सभी धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक दलों के बीच एकता की जरूरत पर जोर दिया गया है।
आंध्र प्रदेश में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में बड़े निर्णय लिए जाएंगे। 'विकसित भारत' के लिए इस बार एनडीए 400 पार जाएगी। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश को शिक्षा का केन्द्र बनाया जाएगा।
सीडब्ल्यूसी की बैठक 19 मार्च को होगी
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) 19 मार्च को अपनी बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र पर चर्चा करेगी और इसे अंतिम रूप देगी। 19 अप्रैल से शुरू होने वाले सात चरण के चुनावों के लिए पार्टी के शेष उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की भी 19 से 20 मार्च को बैठक होने की संभावना है।
चुनावी बॉन्ड के जरिए ठगी- कार्ति चिदंबरम
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावी बॉन्ड के जरिए चंदा लेकर पैसे ऐंठने के लिए अपनी ताकत का दुरुपयोग किया। यह हास्यास्पद है कि कितनी गैर-लाभकारी कंपनियों ने इतना पैसा दान किया है। इस मामले की जांच के लिए एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक विशेष जांच समिति गठित की जानी चाहिए।
निर्वाचन आयोग आचार संहिता का पर दे जोर- येचुरी
त्रिपुरा के अगरतला में निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित लोकसभा चुनावों के कार्यक्रम पर सीपीआई-एम महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि चुनाव आयोग के पास अपने खुद के कारण होंगे कि उन्होंने एक लंबे कार्यक्रम की घोषणा की है। उनके पास संवैधानिक अधिकार हैं और जिम्मेदारियां है। हमारा चुनाव आयोग से एक ही अनुरोध है कि इस लंबी अवधि के दौरान आचार संहिता का ध्यान रखें, क्योंकि कुछ जगहों पर मतदान होगा।
आंध्र प्रदेश के चिलकलुरिपेट में टीडीपी नेता नारा लोकेश भाजपा और जनसेना और टीडीपी की बैठक में शिरकत करने पहुंचे।
पूर्व आईपीएस अधिकारी हुए भाजपा में शामिल
पूर्व आईपीएस अधिकारी वी जे चंद्रन रविवार को पुडुचेरी भाजपा के अध्यक्ष एस सेल्वगणपति और गृह मंत्री ए नमस्सिवयम की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए हैं। चंद्रन पिछले साल 31 मई को पुडुचेरी के पुलिस महानिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में 19 अप्रैल को होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ने का मेरा कोई इरादा नहीं है। भाजपा की प्राथमिकता देशभक्ति के साथ-साथ राष्ट्र सेवा भी है, जो उन्हें काफी आकर्षित करती है।
राजेंद्र भंडारी ने थामा भाजपा का दामन
कांग्रेस नेता और बद्रीनाथ विधानसभा राजेंद्र भंडारी भाजपा में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा का दामन थामने के बाद राजेंद्र भंडारी ने कहा कि मैंने पीएम मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है। जिस तरह से वो देश को आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं, उससे मुझे प्रेरणा मिली है। मुझे भाजपा की नीतियों में विश्वास है।
भाजपा नेता और केरल भाजपा के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि 'पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वामपंथी पार्टियां जीरो हो गई हैं और अब केरल में भी वो दिन दूर नहीं है। केरल के लोग शांति, समृद्धि और तरक्की चाहते हैं। केरल की वामपंथी सरकार घोटालों के लिए जानी जाती है। वहीं यूडीएफ भी भ्रष्ट पार्टी है। सीपीएम के गुंडे केरल की शिक्षा व्यवस्था को तबाह कर रहे हैं। सिद्धार्थ और साजी की मौत एक हत्या थीं। केरल के लोगों ने अब फैसला कर लिया है कि अब वे अलग सोचेंगे और पीएम मोदी को वोट करेंगे।'
तेलंगाना में बीआरएस को झटका लगा है। पार्टी के एक सांसद और एक विधायक ने आज कांग्रेस की सदस्यता ले ली। चेवेल्ला बीआरएस सांसद रंजीत रेड्डी और खैराताबाद से बीआरएस विधायक दनम नागेंद्र ने आज कांग्रेस की सदस्यता ले ली।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि परसों कांग्रेस की कार्य समिति की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के घोषणा पत्र पर चर्चा होगी। उसके बाद पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया जाएगा।
कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र का कहना है कि कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में है, लेकिन अभी तक वे लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं ढूंढ सके हैं। वे अपने मंत्रियों को चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता का मूड भाजपा और पीएम मोदी के पक्ष में दिख रहा है।
राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सात चरणों में चुनाव कराने पर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि 'वे (चुनाव आयोग) भाजपा के प्रति अपनी वफादारी दिखा रहे हैं और सात चरणों में चुनाव इसलिए कराए जा रहे हैं ताकि उन्हें (भाजपा) अपने प्रचारकों और संसाधनों का अच्छी तरह से इस्तेमाल के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। चुनाव आयोग की वफादारी हर चरण में दिखाई देती है। आयोग ने कहा है कि वे आम चुनाव के बाद जम्मू कश्मीर में चुनाव कराएंगे, लेकिन वो केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव होंगे न कि राज्य के चुनाव। राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाना असंवैधानिक है और मुझे लगता है कि वहां कोई चुनाव नहीं होंगे।'
मुंबई कांग्रेस नेता चरण सिंह सपरा ने आज मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन की रैली को लेकर कहा कि 'विपक्षी गठबंधन आज शिवाजी पार्क मैदान पर विशाल रैली का आयोजन कर रहा है, जिसमें दो लाख से ज्यादा लोग आएंगे। इसमें विभिन्न राज्यों के सीएम और विपक्षी गठबंधन के नेता भी शामिल होंगे। इस रैली से विपक्षी गठबंधन आम चुनाव का बिगुल फूंकेगा।'
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा है कि 'अगर कांग्रेस नहीं होती तो देश को आजादी नहीं मिली होती। देश के पास नेतृत्व नहीं होता और हमने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में इतनी तरक्की भी नहीं हुई होती। कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें भाजपा कभी नहीं समझेगी क्योंकि वे देश के लिए नहीं सोचते। वे सिर्फ कारोबारियों के बारे में सोचते हैं।'
विपक्ष मुंबई में दिखाएगा ताकत
कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन की आज मुंबई में विशाल रैली आयोजित होगी। यह रैली मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में होगी, जिसमें विपक्षी गठबंधन के कई शीर्ष नेता भी शामिल होंगे। इनमें डीएमके चीफ एमके स्टालिन, उद्धव ठाकरे, शरद पवार, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव जैसे शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं। साथ ही आप के नेता सौरभ भारद्वाज, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारुख अब्दुल्ला, सीपीआई के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, झारखंड सीएम चंपई सोरेन और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली में शामिल हो सकती हैं।